एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। मैथन डैम में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पर्यटकों से भरी एक नाव पानी के भीतर मौजूद चट्टान से टकराने के बाद डूबने लगी। नाव पर सवार दो बच्चों समेत करीब 8 लोग कुछ ही पलों में मुश्किल में फंस गये, लेकिन पास से गुजर रहे स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना ने एक बार फिर डैम में सुरक्षा व्यवस्था और घटते जलस्तर के कारण बढ़ रहे जोखिम की ओर ध्यान खींचा है।
मिली जानकारी के अनुसार बंगाल के मजूमदार निवास घाट से सबुज दीप की ओर जा रही पर्यटकों से भरी नाव अचानक पानी के भीतर मौजूद एक बड़े पत्थर से टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें तेजी से पानी भरने लगा। कुछ ही देर में नाव डूबने की स्थिति में पहुंच गयी, जिससे सवार पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गयी।
उधर, बाबू बोट घाट के स्पीड बोट चालक ताजुद्दीन की नजर जैसे ही डूबती हुई नाव पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किये अपनी स्पीड बोट घटनास्थल की ओर मोड़ दी। खतरे की परवाह किये बिना उन्होंने एक-एक कर सभी पर्यटकों को अपनी नाव में बैठाया और सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। उनकी त्वरित कार्रवाई और बहादुरी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की खबर मिलते ही डैम किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गयी। स्थानीय नाविकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से डैम का जलस्तर लगातार कम हो रहा है। इसकी वजह से कई बड़े पत्थर अब पानी के करीब या ऊपर दिखाई देने लगे हैं, जिससे बोटिंग के दौरान दुर्घटना की संभावना बढ़ गयी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि डैम के खतरनाक हिस्सों को चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड लगाये जायें और नौकायन के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किये जायें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse