झारखंड टी-20 लीग : संथाल स्ट्राइकर्स को जमशेदपुर स्टीलर्स ने 15 रनों से हराया

 

देवब्रत व साहिल की धमाकेदार बल्लेबाजी 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्कक (रांची।)। झारखंड टी-20 लीग के बेहद रोमांचक मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने संथाल स्ट्राइकर्स को 15 रनों से शिकस्त दे दी है। इस मुकाबले में जमशेदपुर के बल्लेबाजों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के आगे संथाल स्ट्राइकर्स की टीम लक्ष्य हासिल करने से चूक गयी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमशेदपुर स्टीलर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 180 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में संथाल स्ट्राइकर्स की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी। 

जमशेदपुर स्टीलर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज मणिकांत मिश्रा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गये। इसके बाद कप्तान कुमार देवब्रत और साहिल राज ने मोर्चा संभाला और मैदान के चारों तरफ रनों की बरसात कर दी। कुमार देवब्रत ने महज 49 गेंदों में 5 चौकों और 6 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 74 रनों की कप्तानी पारी खेली।  

वहीं दूसरे छोर से साहिल राज ने उनका भरपूर साथ निभाते हुए 39 गेंदों में 56 रन बनाये, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। मध्यक्रम में मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने भी 16 रनों का उपयोगी योगदान दिया। संथाल स्ट्राइकर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रत्युष कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और 4 ओवर में 27 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जबकि शादाब हुसैन को 3 सफलताएं मिलीं। 

181 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी संथाल स्ट्राइकर्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम के शीर्षक्रम के बल्लेबाज विवेक कुमार (0), कुमार सूरज (0) और विभोर पांडेय (8) सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए। संकट की घड़ी में अनमोल राज ने एकतरफा संघर्ष करते हुए 50 गेंदों में 92 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 9 चौके और 5 शानदार छक्के जड़े।  

अनमोल राज के अलावा निचले क्रम में मनीषी ने 15 गेंदों में 27 रन बनाकर जीत की उम्मीदें जगायीं, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य से दूर रह गयी। जमशेदपुर स्टीलर्स के लिए प्रतीक रंजन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 3 विकेट लिये, जबकि हर्ष राणा को 2 और साहिल राज और अनुराग सिंह सेंगर को 1-1 विकेट मिला। आॅलराउंड प्रदर्शन करने वाले साहिल राज और शानदार पारी खेलने वाले कप्तान कुमार देवब्रत इस जीत के मुख्य सूत्रधार रहे। 

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse