टीम एबीएन, रांची। रांची पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के स्टेट चीफ और 10 लाख के इनामी उग्रवादी अमृत होरो उर्फ मेचो उर्फ सूर्या को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक स्वचालित पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और पीएलएफआई के पर्चे बरामद किये गये हैं।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि अमृत होरो अपने साथियों के साथ लापुंग थाना क्षेत्र के महुगांव जंगल के आसपास मौजूद है और किसी बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
इसी सूचना के बाद ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के निर्देशन और डीएसपी बेड़ो दीपक कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गयी। पुलिस टीम ने गुरुवार देर रात महुगांव के जंगल इलाके में घेराबंदी कर अमृत होरो को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने खुद को पीएलएफआई का स्टेट चीफ बताया। पुलिस के मुताबिक, झारखंड में पिछले 16 वर्षों से वह सक्रिय था और रांची समेत कई जिलों में नक्सली घटनाओं, फायरिंग, आगजनी और रंगदारी वसूली की वारदातों को अंजाम देता रहा है।
एसपी राकेश रंजन ने बताया कि अमृत होरो और उसके संगठन के सदस्य व्यवसायियों, ठेकेदारों और प्रतिष्ठित लोगों को फोन और सोशल मीडिया ऐप के जरिए धमकी देकर लेवी की मांग करते थे। उसके खिलाफ रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
इनमें हत्या, रंगदारी, फायरिंग, लेवी वसूली और उग्रवादी गतिविधियों के कई गंभीर आरोप शामिल हैं। रांची पुलिस ने इसे बड़ी कामयाबी बताते हुए कहा है कि अमृत होरो की गिरफ्तारी के साथ ही प्रतिबंधित पीएलएफआई संगठन के नेतृत्व का लगभग पूरी तरह सफाया हो गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse