टीम एबीएन, रांची। भीषण गर्मी और उमस से परेशान झारखंडवासियों को शुक्रवार सुबह बड़ी राहत मिली। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। तेज और ठंडी हवाओं के साथ हुई रिमझिम बारिश ने राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों का मौसम पूरी तरह सुहाना बना दिया।
आसमान में छाये बादलों और हल्की फुहारों ने लोगों को शिमला-मनाली जैसी ठंडक का एहसास कराया। लंबे समय से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल लोग इस खुशनुमा मौसम का जमकर आनंद लेते नजर आये। सुबह करीब आठ बजे के बाद कई इलाकों में हल्की बारिश शुरू हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गयी।
सड़कों, पार्कों और बाजारों में लोगों के चेहरे पर राहत साफ दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मौसम के इस बदले मिजाज का आनंद लिया। कई लोग घरों की छतों और बालकनियों में खड़े होकर बारिश का आनंद लेते दिखे, जबकि कुछ लोग गर्म चाय और पकौड़ों के साथ मौसम का लुत्फ उठाते नजर आये।
इधर, मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 29 और 30 मई को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके साथ गरज-चमक, बारिश और वज्रपात की भी संभावना जतायी गयी है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, धनबाद, देवघर, दुमका, गिरिडीह और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम समेत कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े नहीं होने की सलाह दी है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
प्रशासन ने संभावित आपदा से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। मौसम में अचानक हुए बदलाव को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीमों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse