एबीएन सोशल डेस्क। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया जायेगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का विशेष संगम देखने को मिलेगा।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुजी श्री मंगल दासजी महाराज, श्रीश्री 108 संत गुरु राधिका दासजी महाराज एवं परमहंस डॉ. संत सदानंदजी महाराज का विधिवत पूजन एवं वंदन किया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया जायेगा।
महोत्सव के तहत श्री राधा रानी का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ ही दीप प्रज्वलन, भजन-कीर्तन एवंआध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर होगा। मौके पर भगवान श्री राधा-कृष्ण को 51 किलो केसरिया खीर का भोग अर्पित किया जायेगा।
पूजा-अर्चना एवं भोग के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जायेगा। ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सफल बनाने का आग्रह किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse