एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद में एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर की दो अलग-अलग गाड़ियां मिलने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। मामला सामने आने के बाद वाहन मालिक ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। यदि आरोप सही साबित होता है तो यह फर्जी नंबर प्लेट, वाहन दस्तावेजों में हेराफेरी या किसी बड़े वाहन रैकेट का मामला भी हो सकता है।
जानकारी के अनुसार झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा को-आॅपरेटिव कॉलोनी निवासी मुकेश कुमार सिंह को उनके चालक ने सूचना दी कि पुटकी थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई बैंक के पास एक ऐसी कार खड़ी है जिस पर उनकी गाड़ी का ही रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ है। यह जानकारी मिलते ही मुकेश कुमार सिंह हैरान रह गये और उन्होंने तत्काल पास के जोड़ापोखर थाना से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
शिकायत मिलने के बाद जोड़ापोखर थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुटकी थाना को सूचित किया। पुलिस ने दोनों वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, वाहन के चेसिस और इंजन नंबर सहित अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू करने की बात कही है।
इस संबंध में मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि उनकी गाड़ी का नंबर किसी दूसरी गाड़ी पर इस्तेमाल किया जाना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने आशंका जतायी कि यदि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम दिया जाता है तो उसकी जिम्मेदारी उनके ऊपर भी आ सकती है। इसलिए उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पायेगा कि यह फर्जी नंबर प्लेट का मामला है, दस्तावेजों में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है या फिर वाहन पंजीकरण से जुड़ी कोई तकनीकी त्रुटि है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse