टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद झारखंड सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि 10 जून 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 कार्य दिवस पूरे करते हुए भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। उपलब्ध सार्वजनिक सूचनाओं के अनुसार उन्होंने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के लगातार निर्वाचित कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
संजय सर्राफ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2019 और 2024 के आम चुनावों में लगातार जनादेश प्राप्त कर उन्होंने तीसरी बार देश की बागडोर संभाली। इस प्रकार उनका यह कार्यकाल लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के निरंतर विश्वास और समर्थन का प्रतीक माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शासनाध्यक्ष के रूप में प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन 24 वर्षों से अधिक का हो चुका है, जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री तथा भारत के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी लंबी प्रशासनिक यात्रा शामिल है। इस दौरान उन्होंने सुशासन, आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल परिवर्तन, जनकल्याणकारी योजनाओं, आत्मनिर्भर भारत, वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने तथा सामाजिक-आर्थिक विकास के अनेक प्रयासों का नेतृत्व किया है।
संजय सर्राफ के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता उनकी निरंतर सक्रियता, अनुशासन, निर्णय क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां और मील के पत्थर स्थापित किए हैं तथा आज भी पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र सेवा में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की निरंतरता, जनविश्वास और सशक्त नेतृत्व का भी प्रतीक है। देश और विदेश के अनेक गणमान्य व्यक्तियों तथा विभिन्न संगठनों द्वारा भी इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही हैं।
संजय सर्राफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास, समृद्धि और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse