एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। सरस्वती विद्या मंदिर सिनीडीह, धनबाद में विश्व हिंदू परिषद के 10 दिवसीय और बजरंग दल के 7 दिवसीय प्रांतीय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय प्रन्यासी मंडल के सदस्य माननीय जगन्नाथ शाही, अतिथि के रूप में उपस्थित बीसीसीएल के अधिकारी सत्यकाम आनंद, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र, प्रांत सहमंत्री मनोज पोद्दार, प्रांत बजरंग दल संयोजक रंगनाथ महतो, वर्ग प्रमुख द्वारिका तिवारी, जिला अध्यक्ष विपिन मंडल एवं विभाग सह मंत्री विकास गिरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
बजरंग दल के शिक्षार्थियों ने 7 दिनों की कठिन साधना के साथ शारीरिक और बौद्धिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षणार्थियों द्वारा समापन समारोह में दंड, नियुद्ध, यष्टि, बाधा और सामूहिक योग के आकर्षक एवं शौर्यपूर्ण प्रदर्शन ने उपस्थित जनमानस को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जगन्नाथ शाही ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद भगवान राम और कृष्ण की प्रेरणाओं पर चलने वाला संगठन है, इसीलिए विहिप का ध्येय वाक्य धर्मो रक्षति रक्षित: है। वहीं, बजरंग दल सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ता है। रामकाज कीन्हें बिना मोहि कहां विश्राम हम सभी कार्यकर्ताओं का मूल ध्येय होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार भगवान श्री राम ने बिना किसी बड़े साधन के वन जाकर, अपने कुशल नेतृत्व से वनवासियों और जीव-जंतुओं को संगठित कर दुराचारी शक्तियों का विनाश किया, वही प्रेरणा हमें आज भी समाज को संगठित करने के लिए लेनी चाहिए। उन्होंने रामराज के आदर्शों, केवट और निषाद राज से मित्रता, गिलहरी के योगदान, जटायु के बलिदान और भरत-मिलाप के प्रेम व त्याग का उदाहरण देते हुए कार्यकर्ताओं को धर्म के मार्ग पर चलते हुए राष्ट्ररक्षा का संकल्प दिलाया।
वन गमन कर अपने त्यागमय जीवन का आदर्श प्रभु श्रीराम ने रखा। सद्भाव और समरसता का मार्ग बताया। श्री शाही ने कहा प्रभु श्रीराम और श्री कृष्ण एक कुशल संगठन कर्ता थे। संगठनकर्ता को राष्ट्र के सुख में अपना सुख और राष्ट्र के दुख में अपना दुख दिखता है। परंतु यह दुख देखकर वह निराश नहीं होता बल्कि पूरी शक्ति के साथ दुख और बाधा मिटाने के काम में लगता है। प्रभु श्रीराम ने धरती को निशाचर विहिन करने का संकल्प लिया था और उसे पूर्ण किया।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष अलग-अलग जिलों में आयोजित किया जाता है जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर कार्यकर्ता राष्ट्र एवं धर्म की रक्षा तथा समाज सेवा के कार्य में सक्रिय योगदान देते हैं। परिषद वर्ग पालक एवं प्रांत सहमंत्री मनोज पोद्दार तथा प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो ने वर्गों में उपस्थिति तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विवरण रखा। समारोह का कुशल संचालन प्रांत गोरक्षा प्रमुख कमलेश सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन वर्ग के सह व्यवस्थाप्रमुख धनबाद विभाग सहमंत्री सोनू गिरी ने किया।
मौके पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, प्रांत सेवा सहप्रमुख विनय कुमार, प्रांत विशेष संपर्क सह प्रमुख संतोष प्रसाद, धनबाद विभाग संयोजक अजीत पांडे, धनबाद ग्रामीण जिला मंत्री विकास कुमार, धनबाद महानगर मंत्री आनंद कुमार, जिला सहमंत्री लल्लु झा, प्रांत बलोपासना प्रमुख रवि वर्मा, प्रांत विद्यार्थी प्रमुख अमित पासवान, सहप्रमुख अमर प्रसाद, चंदन कुमार, अशोक कुमार, हरे राम सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद, झारखंड के प्रचार प्रसार प्रांत प्रमुख प्रकाश रंजन ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse