सिल्ली : प्रखंड कार्यालय में देवेंद्रनाथ महतो की पहल पर जन समस्या समाधान शिविर आयोजित

 

41 संवेदनशील मामलों का त्वरित निष्पादन, कई शिकायतें प्रक्रियाधीन 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो की पहल पर मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सिल्ली में जन समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों की विभिन्न जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं, अन्य मामलों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रक्रियाधीन किया गया। 

शिविर में मुख्य रूप से राशन कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जमीन विवाद, मनरेगा, पेयजल, साईकिल वितरण तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं पर सुनवाई की गयी। संबंधित अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों और शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए कुल 41 मामलों का त्वरित निष्पादन किया। 

अंचल कार्यालय के सभागार में आयोजित इस शिविर में बीडीओ अनिल कुमार, अंचल निरीक्षक दीपक मिंज, प्रखंड खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी अशोक कुमार, हल्का कर्मचारी भुवनेश्वर सींह तथा ब्लॉक को-आॅर्डिनेटर सुमित कुमार लाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जन समस्या समाधान शिविर में सिल्ली प्रखंड के लगभग सभी 20 पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। 

सभागार में देर शाम तक जनसुनवाई का सिलसिला जारी रहा। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की गयी। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी कृष्णा महतो, जाकिर खान, हरे कृष्णा महतो, महावीर प्रसाद साहू, चंडी प्रसाद, खुदीराम महतो, गुहीराम संवासी, कार्तिक महतो सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। 

मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि संगठन जनसमस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालय में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा तथा लाभुकों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse