मजदूरों के अधिकारों से नहीं होगा समझौता : धीरज साहू

 

झारखंड इंटक महाधिवेशन में संगठन विस्तार का संकल्प 

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची स्थित पुराना विधानसभा सभा भवन में शनिवार को झारखंड प्रदेश इंटक महाधिवेशन सह कार्यकारिणी बैठक का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सर्वप्रथम ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके उपरांत इंटक के दिवंगत वरिष्ठ नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। 

इसके बाद दीप प्रज्वलित कर महाधिवेशन का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सत्र के पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। महाधिवेशन में संगठन की मजबूती, मजदूर हितों की रक्षा, सदस्यता विस्तार और श्रमिकों के अधिकारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी। 

मौके पर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, इंटक के राष्ट्रीय महासचिव एनजी अरुण, मणिका विधायक रामचंद्र सिंह, कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, इंटक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आर. एन. चौबे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सच्चिदानंद चौधरी, छोटानागपुर बॉक्साइड एंड कोल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल, अरुण साहू, कुलदीप रवि सहित झारखंड इंटक के सभी पदाधिकारी, विभिन्न जिलों से आये प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। 

महाधिवेशन को संबोधित करते हुए इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मजदूरों की सेवा और उनके अधिकारों की रक्षा उनके सार्वजनिक जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य रहा है। 

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बड़े भाई स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू के सपनों को मजदूरों के बीच रहकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया है और अब उनका संकल्प इंटक के महान नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे के अधूरे सपनों को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब हर कार्यकर्ता और हर मजदूर स्वयं को इंटक परिवार का हिस्सा समझे। उन्होंने श्रमिकों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए इंटक का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। 

धीरज प्रसाद साहू ने बैठक की अध्यक्षता कर रहे झारखंड इंटक प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू की सराहना करते हुए कहा कि वे केवल उनके मित्र ही नहीं बल्कि उनके विश्वसनीय सलाहकार भी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में झारखंड इंटक नयी ऊर्जा, नयी सोच और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ आगे बढ़ेगा तथा राज्य के प्रत्येक जिले में मजदूरों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठायेगा। 

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूर देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू हमेशा मजदूरों के हितों की लड़ाई लड़ते रहे हैं और राज्य सरकार हर उस प्रयास में उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी जो श्रमिकों के कल्याण के लिए होगा। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है तथा उनके हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा। 

झारखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास श्रमिकों और किसानों के संघर्ष से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि इंटक को जब भी कांग्रेस के सहयोग की आवश्यकता होगी, पार्टी पूरी ताकत के साथ उसके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि धीरज प्रसाद साहू के नेतृत्व में झारखंड इंटक संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बनेगा तथा मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा मिलेगी। 

बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान को तेज करने, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को संगठन से जोड़ने, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक श्रमिक तक पहुंचाने तथा औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। वक्ताओं ने कहा कि इंटक आने वाले समय में राज्य के प्रत्येक जिले में संगठन को मजबूत करते हुए मजदूरों की आवाज को और बुलंद करेगा। 

महाधिवेशन के अंत में सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं ने एकजुट होकर संगठन को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन संगठन की एकजुटता, मजदूर हितों के प्रति प्रतिबद्धता और झारखंड में इंटक को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse