एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। पतरातु स्थित पतरातु विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) का दौरा कर सीईओ, एचआर एवं उनकी टीम के साथ परियोजना की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में जानकारी दी गई कि पीवीयूएनएल की दूसरी यूनिट का कमिशनिंग कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इससे 800 मेगावाट विद्युत उत्पादन शुरू हो जाएगा।
वहीं तीसरी यूनिट का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है, जिसके अगले वर्ष तक पूर्ण होने का लक्ष्य है। इससे अतिरिक्त 800 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उत्पादित बिजली का लगभग 85% हिस्सा झारखंड को प्राप्त होगा, जो राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
बैठक के दौरान पर्यटन चौक से पतरातु बाजार होते हुए रेल फ्लाईओवर तक सड़क के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी गयी। साथ ही पतरातु परियोजना से एक किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। प्रथम चरण में लगभग 1350 स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव है।
पतरातु प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में एक सुव्यवस्थित सामुदायिक भवन के निर्माण पर भी चर्चा हुई। अब तक पांच सामुदायिक भवन बन चुके हैं, चार का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा शेष पंचायतों में भी ऐसे भवनों के निर्माण की योजना है, जिससे स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स्थानीय युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के विषय पर भी गंभीर चर्चा हुई। विशेष रूप से ट्रांसफॉर्मर प्रशिक्षण कार्यक्रम सहित विभिन्न कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को जोड़ने तथा स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया। बाहरी लोगों की नियुक्ति संबंधी शिकायतों पर भी गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता बतायी गयी।
इसके अतिरिक्त पतरातु कॉलेज में निर्माणाधीन लाइब्रेरी की प्रगति की भी समीक्षा की गयी। यह पूरी परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं सहयोग तथा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है, जिसने झारखंड को ऊर्जा के क्षेत्र में नयी पहचान और नयी शक्ति प्रदान की है। पतरातु बदल रहा है, और आने वाले समय में विकास की यह रफ्तार और भी तेज दिखाई देगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse