एबीएन सोशल डेस्क। 25 मई से सूर्य देव के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ ही नौतपा प्रारंभ हो गया है, जो 2 जून तक रहेगा। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार इस अवधि में सूर्य की किरणें अत्यंत तीव्र होती हैं, जिससे धरती पर भीषण गर्मी पड़ती है तथा तापमान में लगातार वृद्धि होती है। नौ दिनों तक चलने वाले इस काल में लू एवं हीट वेव का खतरा काफी बढ़ जाता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, भारत सरकार द्वारा जारी हीट वेव एडवाइजरी के अनुपालन हेतु झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता सह झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री संजय सर्राफ ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी मानव स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं तथा बीमार व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी और बेहोशी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।संजय सर्राफ ने कहा कि भारत सरकार एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर लोग स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रख सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढंककर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। शरीर में पानी की कमी न हो इसके लिए ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, लस्सी एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों को धूप में खेलने से बचाना चाहिए तथा खुले स्थानों पर काम करने वाले मजदूरों एवं श्रमिकों को समय-समय पर विश्राम एवं पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनना गर्मी से बचाव में सहायक होता है। बासी भोजन एवं अत्यधिक मसालेदार खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए।
उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं, विद्यालयों एवं आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे जरूरतमंद लोगों को पानी, छाया एवं प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक जागरूकता एवं सावधानी से ही नौतपा और हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है। जनता को सजग एवं सतर्क रहकर सुरक्षित रहने की आवश्यकता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse