एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज वात्सल्य धाम का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां रह रहे बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उनकी दिनचर्या, आवश्यकताओं तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
आयुक्त ने यहां रह रहे विशेष बच्चों संग कुछ पल बिताये, उनसे बातचीत की, खुशियां बांटी और उनका विशेष ख्याल रखने का भरोसा दिया। बच्चों के बीच लूडो, गर्मी के मद्देनजर बिस्किट, फल एवं पेयजल (पानी बोतल) एवं स्लीपर(चप्पल) सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने बाल संरक्षण पदाधिकारी मो. जिसान अहमद, अधीक्षक शिलवी शालवी एवं गृहपति राकेश कुमार से विशेष बच्चों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं, भोजन एवं नाश्ते की गुणवत्ता, नियमितता तथा मेन्यू के पालन की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराया जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आयुक्त ने विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि मेडिकल टीम द्वारा सभी बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं थेरेपिस्ट से समय-समय पर जांच करायी जाए, ताकि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में कोई बाधा नहीं आए।
आयुक्त ने बच्चों के आवासीय परिसर, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, बच्चों के रहने की सुरक्षित व व्यवस्थित व्यवस्था तथा उनकी देखभाल में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वात्सल्य धाम में रह रहे प्रत्येक बच्चे को बेहतर देखभाल, पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों को एक सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण मिल सके। निरीक्षण में सामाजिक सुरक्षा के उपनिदेशक श्री पीयूष भी उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse