गढ़वा। जिले के कदवा मोड़ से रंका तक बनने वाली 40 किलोमीटर लंबी सड़क की कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है। कदवा मोड़ से तहले, चिनिया, रबदा होते हुए रंका मुख्य सड़क को जोड़ने वाली इस सड़क का निर्माण लगभग 115 करोड़ की लागत से झारखंड पथ निर्माण विभाग कराएगा। जल्द ही निविदा की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कार्य प्रारंभ की जाएगी। जानकारी देते हुए गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से धुरकी, चिनिया, रंका, डंडई आदि प्रखंड एक दूसरे से जुड़ जायेंगे। साथ ही छत्तीसगढ़ एवं उत्तर प्रदेश की दूरी भी इन प्रखंडों से काफी कम हो जाएगी। चिनिया प्रखंड के डोल, बिलैतीखेर, चिनिया, हेताड़कला, बरवाडीह एवं रंका के ग्राम लुकुम्बार एवं रबदा सीधे लाभान्वित होंगे। इस क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी। ज्ञात हो कि रंका प्रखंड को मेदिनीनगर से जोड़ने वाली सलतुआ से करसो होते हुए मतौली मोड़ तक सड़क निर्माण की स्वीकृत गत सप्ताह ही प्रदान कर दी गई है। इसकी निविदा भी आमंत्रित की जा चुकी है। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि नकारात्मक राजनीति करना उनका उद्देश्य नहीं है। गढ़वा सहित पूरे पलामू प्रमंडल के विकास के लिए वे अपनी जी-जान लगा देंगे। आरोप प्रत्यारोप और झूठा श्रेय लेने जैसी नकारात्मक राजनीति में अपनी ऊर्जा गंवाए बिना मैं लगातार क्षेत्र के विकास में जुटा हूं। उन्होंने कहा कि जनता ने जो मौका दिया है उस पर शत-प्रतिशत खरा उतरना ही मेरा लक्ष्य है। मंत्री ने कहा कि विपक्ष सकारात्मक विरोध की राजनीति करे। नकारात्मक राजनीति करना क्षेत्र व जनता के हित के लिए नहीं है। सकारात्मक विरोध का में स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि किसी की भी नकारात्मक राजनीति से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है। जनता सब देख रही है। जनता से बेहतर मूल्यांकन और कोई कर नहीं सकता। सड़क की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मंत्री श्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
पलामू। पांकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने पांकी-मेदिनीनगर भाया नीलांबर-पीताम्बर पुर पथ के 31 करोड़ 35 लाख 39 हजार की लागत से मजबूतीकरण/राईडिंग क्वालिटी में सुधार कार्य को कैबिनेट में प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने हेतु पूरे विधानसभा क्षेत्र के निवासीयों की तरफ से झारखंड के मुख्यमंत्री माननीय हेमन्त सोरेन का आभार प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि मार्च 2021 को संपन्न हुए विधानसभा के बजट सत्र में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की सूचना के माध्यम से उन्होंने काफी प्रमुखता से इस अत्यन्त आवश्यक सड़क के जर्जर होने के कारण लोगों को हो रही असुविधा एवं इस पथ की अत्यन्त उपयोगिता के मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया था। जिसके उत्तर में सरकार की ओर से माननीय मंत्री बादल पत्रलेख ने जल्द ही इस पथ का सुदृढ़ीकरण/मजबूतीकरण कार्य कराने का वक्तव्य दिया था। इसके लिए माननीय मंत्री को भी धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने बताया वह लगातार सरकार एवं पथ निर्माण विभाग के उच्च पदाधिकारियों से प्रतिमाह इस कार्य की प्रगति की मॉनिटरिंग करते रहे। कुछ सप्ताह पूर्व भी मॉनसून में सड़क की स्थिति अत्यन्त जर्जर हो जाने के कारण लोगों की असुविधा को देखते हुए उन्होंने अपने प्रयास से पथ निर्माण विभाग के आकस्मिक मद से पथ की मरम्मत कार्य करवाया। उन्होंने बिना नाम लेते हुए कहा कि 15 वर्ष किसी भी जनप्रतिनिधि को विधानसभा क्षेत्र का विकास करने के लिए मिला हुआ बहुत बड़ा समय होता है। परन्तु पूर्व के परिवारवादी सोच के ठेकेदार प्रतिनिधियों ने सिर्फ विकास कार्यों में ठेकेदारी की है, और आज ग्रामीण क्षेत्र में कराए गए उनके विकास कार्यों का ही परिणाम है कि पक्की सड़क में चलना, कच्ची सड़क में चलने से भी दूभर हो गया है। ये उनकी ही विकासशील सोच का नतीजा है कि आज भी विधानसभा क्षेत्र में अधिकांशत: ऐसे गांव-टोले हैं जहां के लोग आजादी से पूर्व की स्थिति में जीने को मजबूर हैं। पुल ढह जा रहे हैं। सड़कें साल भर में उखड़ जा रही हैं। लोग बिजली पानी के लिए त्राहिमाम करते हैं। ठेकेदार प्रतिनिधि होने के कारण उन्हें योजनाओं की जानकारीयाँ विभाग से मिल जाया करती हैं, जिससे कार्य का श्रेय लेने की होड़ में ससमय उपस्थित हो जाते हैं। यह सड़क पिछले छह-सात साल से जर्जर थी, तब उन्होंने सुध लेना जरुरी नहीं समझा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार प्रतिनिधि को भविष्य में श्रेय लेने में सुविधा हो इसके लिए यह आज ही बता देना चाहता हूं कि नीलाम्बर-पीताम्बरपुर से पांकी होते हुए बगरा तक 64 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का कार्य भी निकट भविष्य में होगा। इस सम्बन्ध में माननीय केन्द्रीय मंत्री आदरणीय नितिन गडकरी का आश्वासन प्राप्त हुआ है। जहां तक बात है कोरोना काल की तो यह ठेकेदार प्रतिनिधि स्पष्ट करें कि उनके द्वारा संक्रमण काल में लोगों की सहायता के लिए क्या किया गया।
रांची। राज्य सरकार ने डीएसपी स्तर के पांच अधिकारियों का तबादला किया है। इससे संबंधित अधिसूचना बुधवार को गृह विभाग ने जारी कर दी है। शशि प्रकाश को विशेष शाखा से जैप – 10 (होटवार), सुमित प्रसाद को डीएसपी साइबर क्राइम (सीआईडी) से जैप- 5 (देवघर), नेहा बाला को जैप-5 (देवघर) से डीएसपी साइबर क्राइम (सीआईडी), अनूप कुमार बड़ाइक को डीएसपी एससीआरबी को आईटीएस और सुमन आनन को डीएसपी विशेष शाखा से डीएसपी जैप- 5 (देवघर) हवाई अड्डा में तबादला किया गया है।
पलामू/रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची, झारखंड का एमबीबीएस बैच 2016 - 2021 का फाइनल परीक्षा परिणाम कल देर शाम घोषित हुआ, जिसकी परीक्षा रांची विश्वविद्यालय, रांची झारखंड ने आयोजित की थी। मेदिनीनगर, सूदना निवासी रामानुज प्रसाद और श्रीमती अंजू वर्मा के पुत्र स्वप्निल आर्यन ने इस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। आर्यन शुरू से ही मेधावी छात्र रहा है। इसने एमकेडीएवी पब्लिक स्कूल, मेदिनीनगर में पहली कक्षा से नौवीं कक्षा तक अध्ययन करते हुए वहीं से दसवीं सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा 2014 में 9.6 CGPA के साथ पास की। आईएससी (बायोलोजी) 12वीं सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा एलीट पब्लिक स्कूल, मेदनीनगर से 91% के साथ पास किया, जिसमें उसने पलामू प्रमंडल में पांचवां स्थान प्राप्त किया था। आर्यन कोटा, राजस्थान में रहकर एलेन कोचिंग इंस्टिट्यूट से नीट मेडिकल परीक्षा की तैयारी की थी। आर्यन ने आईएससी परीक्षा पास करते ही पहली बार में नीट 2016 की परीक्षा उत्तीर्ण कर रिम्स, रांची, झारखंड में एमबीबीएस कोर्स में दाखिला लिया।एमबीबीएस का कोर्स पुरा करने के दौरान सभी सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षा में उसने लगातार सफलता हासिल की ।इस पर हर्ष व्यक्त करते हुए शिक्षक पिता-श्री रामानुज प्रसाद और शिक्षिका माता-श्रीमती अंजू वर्मा ने कहा की उसकी यह सफलता परिवार और पूरे समाज को समर्पित है ।स्वप्निल आर्यन ने अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उसकी सफलता में माता पिता और परिजनों के साथ खासकर अपने नाना स्व रामदास वर्मा तथा दादाजी सत्यनारायण प्रसाद का अहम योगदान है।सबको धन्यवाद देते हुए उसने कहा कि उसकी इच्छा इसके बाद एमडी/एमएस का नीट पीजी की परीक्षा पास कर इसको पूरा करने के बाद डीएम बनना है।उसने कहा कि उसके जीवन का असली लक्ष्य एक सफल चिकित्सक बनकर समाज के सभी वर्गों के जरूरतमंद लोगों को चिकित्स्यीय सेवा प्रदान कर राष्ट्र की सेवा करना है।
रांची। रांची पुलिस ने राजेश मुंडा अपहरण मामले को 24 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। रांची पुलिस की टीम ने राजेश को सकुशल बरामद करते हुए 5 अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। एसएसपी सुरेन्द्र कुमार झा को मिली सूचना के आधार पर गठित टीम को यह सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अपहरणकर्ताओं को हजारीबाग के बरकागवान से पकड़ा है। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी अपहृत राजेश मुंडा का दोस्त विक्की अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। रांची पुलिस की एक टीम विक्की की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आज शाम प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।बलालपुर थाना क्षेत्र से राजेश मुंडा नामक एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया था। सोमवार को राजेश का अपहरण हुआ था, जबकि मंगलवार को अपहृत के पिता मोहन मुंडा ने लालपुर थाना को सूचना दी थी। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से फोन कर 1 करोड़ की फिरौती मांगा था।परिजनों के अनुसार कई बार अपहरणकर्ताओं ने फोन कर पैसों की मांग किया था। परिवार वालों ने आशंका जताई थी कि विक्की नाम का व्यक्ति राजेश मुंडा के साथ हर समय रहा करता था। राजेश मुंडा और विक्की दोनों दोस्त हैं। विक्की खूंटी जिले का रहने वाला है। परिवार वालों ने आशंका जताई थी कि दोस्त ने ही राजेश मुंडा का अपहरण कराया है।
गढ़वा। जिले की रंका पुलिस ने सोमवार की रात्रि छापामारी कर गोदरमाना से चार पेटी (600 पीस) प्रतिबंधित नषीला दवा कोरेक्स सिरप तथा 150 पत्ता टैबलेट बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने कोरेक्स सिरप खरीदने के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रंका थाना क्षेत्र के कंचनपुर निवासी अनिरूद्ध सिंह का पुत्र शषि भूषण सिंह, जोगीखुरा निवासी नबीजान अंसारी का पुत्र इरषाद अंसारी तथा गोरमाना निवासी अरविंद कष्यप का पुत्र सूरज कष्यप का नाम शामिल है। जानकारी देते हुए एसपी अंजनी कुमार झा ने बताया कि उन्हें कोरेक्स सिरप का अवैध खरीद बिक्री करने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आलोक में रंका एसडीपीओ सुदर्षन कुमार आस्तिक के नेतृत्व में टीम गठित कर छापामारी की गई। छापामारी के दौरान अभियुक्त रंगे हाथ पकडे़ गये। छापामारी टीम में एसडीपीओ सहित रंका पुलिस इंस्पेक्टर रामजी महतो, थाना प्रभारी नीतीष कुमार सिंह, शाबाज अंसारी, अवधेष उपाध्याय, महादेव उरांव, विरेंद्र राम, चंद्रमणि राम, रामवृक्ष उरांव, धीरज कुमार शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा एवं रामदेव उरांव का नाम शामिल है।
राजमहल/साहिबगंज। राजमहल प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सखीबगीचा गांव की 4 महिला धान के खेत में केरौनी का काम कर घर लौटने के क्रम में रूपा चौक के समीप वज्रपात होने से के वजह से चारों महिला गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी अनुसार स्थानीय ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस को दूरभाष के माध्यम से बुलाया गया था। परंतु एंबुलेंस देर होने के कारण ग्रामीणों ने आनन फानन में निजी वाहन के मदद से उक्त चारों महिलाओं को राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया जहां तीन महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई जिसमें एक महिला की हालत गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि उक्त चारों महिला बिंदु देवी, करुणा देवी, कुंती देवी, काबी देवी सभी सखीबगीचा गांव की बताई जा रही है, जिसमें से बिंदु देवी, करुणा देवी, कुंती देवी, की मौत हो गई है। वहीं गंभीर रूप से झुलसे काबी देवी की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया वही सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी प्रनीत पटेल अस्पताल में पहुंचकर मामले की जानकारी ली खबर लिखे जाने तक मृत तीनों महिला का पोस्टमार्टम प्रक्रिया चल रहा था।
चतरा। समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की अध्यक्षता अफीम, पोस्ता की खेती, प्रोसेसिंग व बिक्री पर रोकथाम हेतु बैठक की गयी। बैठक में सबसे पूर्व वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी और दक्षिणी ने उक्त विषय पर पूर्व के अनुभव को साझा करते हुए अब तक की गयी कार्रवाई की जानकारी दी। वहीं बैठक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने एक एक कर अनुमंडल पदाधिकारी चतरा और सिमरिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, सभी सीओ से अफीम, पोस्ता की खेती, प्रोसेसिंग व बिक्री पर रोकथाम हेतु अब तक किए कार्रवाई एवं विभिन्न मामलों की जानकारी लिया। साथ ही कार्रवाई के दौरान आने वाली समस्याओं एवं आवश्यकताओं को साझा करने को कहा गया। बैठक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर वैसे लोगों को चिन्हित करने को कहा गया जो जिले में अफीम की खेती कर अपने आने वाली पीढ़ियों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करने की बात कही गई। साथ ही जमीन मालिक एवं अफीम की खेती दोनो के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। एसपी ने अफीम की खेती की रोकथाम हेतु मीडिया से भी सहयोग करने की अपील की। अफीम की खेती से होने वाले नुकसान एवं अफीम की खेती करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बातों को समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों के माध्यम से अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया। जिससे युवा पीढ़ी को इस प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रखा जा सके। इसे लेकर एसपी ने सभी थाना में बैठक करने का भी निर्देश दिया जिससे अफीम की खेती से होने वाले नुकसान एवं इसके विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई से आमजनों को जागरूक किया जा सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse