मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मुहोल्ला में बुधवार की रात चोरों ने तीन घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया। वही चोर का विरोध कर रही एक महिला की चोर से झड़प हो गई। इस दौरान चोर ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चोरी की घटना की सूचना पाते ही शहर थाना पुलिस ने पहले सुबह घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ितों ने शहर थाना में आवेदन दिया। पीड़ित नौशाद खान ने कहा कि मेरे घर बुधवार रात करीब 2 बजे चोर घुसे थे। जब मै पानी पीने के लिए जगा तो देखा कि कोई अनजान व्यक्ति घर में है जैसे ही पूछा कि कौन हो तो वह वहां से भाग गया। जब मैंने अपने घर की तलाशी ली तो पता चला कि उसके दो मोबाइल फोन गायब है। कुछ देर बाद पता चला कि पास के ही आफताब आलम के घर में भी चोरी की गई है। तब मैं अपने घर को पूरी तरह से देखा तो चोरों ने घर में रखा अटैची तोड़ 25000 कैश की चोरी कर ली है। वही बगल गीरदुनू खान के घर उसकी पत्नी गुलशन प्रवीण से चोरो की झड़प हो गई। जिसमें चोरों ने गुलशन प्रवीण पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे उसके गर्दन के ऊपर काफी टांके लगे हैं। चोरों ने उसे जान से मारने की नियत से ही चाकू चलाया था। लेकिन महिला ने अपने आप को संभाल ली। और चाकू उसके मुंह पर होते हुए गर्दन के समीप कट गया ।और चोरो ने चाकू व एक चोरी की गई मोबाइल को वहीं छोड़ कर भाग गए। गुलशन प्रवीण को घायल अवस्था में इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले की तहकीकात टीओपी एक के प्रभारी रेवा शंकर राणा ने किया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल को देखने से ऐसा लगता है कि आस पास के व्यक्ति का ही हाथ है तभी घटना को अंजाम दिया गया है। तहकीकात की जा रही है जल्दी चोर पकड़ा जायेगा।
लातेहार। जेएएसएलपीएस द्वारा चयनित महिला समूहों को कृषि विभाग के द्वारा आज मंगलवार को ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र का वितरित किया गया। जिला कृषि कार्यालय के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त अबु इमरान,विधायक लातेहार बैद्यानाथ राम के द्वारा संयुक्त रूप से 9 महिला समूहों को ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र का वितरित किया गया। कार्यक्रम में लोगों को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त लातेहार अबु इमरान ने कहा किसान देश के अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं एवं किसानों की उन्नति से ही देश समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि किसानों के विकास को लेकर केन्द्र एवं राज्य सरकार के द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही है। किसान भाई उन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें । विधायक लातेहार बैद्यनाथ राम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को समृद्ध बनाने को लेकर कृतसंकल्पित है। विधायक श्री राम ने कहा कि महिला समूह के सदस्य सरकार द्वारा दिये गये ट्रैक्टर एवं कृषि यन्त्रों का उपयोग कर कृषि पैदावार को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि आधुनिक यंत्रो के उपयोग से लागत में कमी आती है तथा कृषि कार्य में मुनाफा बढ़ता है। उन्होंने लातेहार जिला के किसानों से दलहान, तिलहन, सब्जी इत्यादि की खेती कर अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी राम शंकर प्रसाद के द्वारा केन्द्र एवं राज्य सरकार से संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। मौके पर उप विकास आयुक्त सुरेन्द्र कुमार वर्मा,जिप सदस्य विनोद उरांव समेत किसान मौजूद थे।
डोमचांच (कोडरमा)। पुलिस कप्तान कुमार गौरव के निर्देश पर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंचाल पहाड़ी के समीप मसमोहना रोड से थाना प्रभारी श्यामलाल यादव के नेतृत्व में अवैध ढिबरा लदा दस चक्का ट्रक जेएच 10 जी 5525 को जब्त किया। जब्त ट्रक में लगभग 25 टन ढिबरा लदा होने की बात कही गई। इस मामले को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ढिबरा लदा ट्रक को मसमोहना रोड से लावारिस हालत में जप्त किया गया। वहीं जप्त ढिबरा लदा ट्रक की सूचना अग्रेत्तर कारवाई हेतु वन विभाग को दे दी गई है।
जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने मंगलवार को सरदूल आटो वर्क्स प्राईवेट लिमिटेड का दौरा किया और कंपनी प्रबंधक सरदूल सिंह एवं कर्मचारियों से मिलकर वहाँ की समस्याओं की जानकारी हासिल की। कंपनी मालिक सरदूल सिंह ने बताया की यह कंपनी विगत 30 वर्षों से आजादनगर रोड नम्बर 12 में संचालित हैं। पूर्व में कंपनी के आस पास केवल मैदान थे। धीरे-धीरे क्षेत्र की आबादी में बढ़ोतरी होने के बाद अगल बगल कई घर और आवास का निर्माण हो गया। कंपनी अपने स्थापना काल से आज तक निर्बाध रूप से उत्पादन कर रही है और इस उद्योग में 400-500 कर्मचारी तीन शिफ्ट में कार्य करते हैं और वे क्षेत्र के सैकड़ों परिवार का जीविका का माध्यम हैं। विगत कुछ दिनों से क्षेत्र में रहने वाले कुछ दबंग प्रवति के लोगों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण सहित अन्य मुद्दों के नाम पर कंपनी प्रबंधन को भयभीत किया जा रहा है और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारियों की मिलीभगत से कंपनी को प्रदूषण के मापदंड के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा है। कंपनी प्रबंधन ने बताया की कंपनी द्वारा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के आधार पर सभी तरह के मापदंडों को अपनाया गया है, लेकिन जब भी अधिकारियों से क्लीयरेंस रिपोर्ट की माँग की जाती है तो उनके द्वारा वह उपलब्ध नहीं कराया जाता है और इसके विपरीत तरह-तरह के हथखंडे अपना कर कंपनी को डराया-धमकाया जाता है और स्थानीय शिकायतकर्ता से समझौता करने के लिए दबाव बनाया जाता है। प्रबंधन ने बताया कि उनकी मंसा से साफ प्रतीत होता है की वे कंपनी को ब्लैकमेल कर कंपनी को जमीन को खाली कराकर स्थानीय जमीन कारोबारियों को बिकवाना चाहते हैं। विधायक सरयू राय ने कंपनी को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्राप्त पत्र एवं अन्य दस्तावेजों को गहनता से देखा और सभी तकनीकी बिंदुओं से अवगत हुए। श्री राय ने कंपनी प्रबंधन को आश्वस्त किया किसी भी सूरत में कंपनी एवं सैकड़ों कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। कंपनी भयमुक्त वातावरण में निर्बाध रूप से संचालित हो वे इसके लिए उचित और ठोस कदम उठाएंगे। इस दौरान भाजमो के जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नु, प्रवक्ता आकाश शाह, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष संतोष भगत , उलीडीह मंडल महामंत्री प्रेम सक्सेना सहित अन्य उपस्थित थे।
बरही। धर्मांतरण का खेल जोरो से चल रहा है, ग्रामीण महिलाओं को बहला-फुसलाकर मिशनरियों द्वारा ईसाई धर्म अपनाने को बाध्य कर रहे है। ऐसा ही एक मामला बरही प्रखण्ड अंतर्गत बेन्दगी से प्रकाश में आया है, जहां भोले भाले ग्रामीणों को बहला फुसलाकर ईसाई धर्म अपनाने को बाध्य किया जा रहा था। सूचना मिलने पर विहिप के सदस्यों ने ग्रामीणों के सहयोग से मंगलवार को 3 लोगो से पुन: हिन्दू धर्म स्वीकार करवाया। जानकारी के अनुसार बरही हरला निवासी सुरेंद्र यादव पिता जगदीश महतो अपनी पत्नी के साथ एवं विजय कुमार पिता जिबलाल साव क्रिश्चन धर्म का प्रचार प्रसार करने को लेकर सत्संग करने के लिए बेन्दगी पहुंचे थे। जहां ग्रमीणों द्वारा उन्हें घेर लिया गया और काफी देर समझाने पर उक्त लोगो को अपनी गलती का एहसास हुआ। सभी लोगो ने पुन: हिन्दू धर्म को स्वीकार कर लिया। उक्त बातें सुरेंद्र यादव व विजय कुमार द्वारा लिखित शपथ पत्र के माध्यम से बताया। इस बाबत विहिप के जिला सह मंत्री गुरुदेव गुप्ता ने बताया कि वे लोग कायर होते है, जो अपने धर्म को छोड़कर दूसरे धर्म के शरण में जाते है, जो लोग अपने धर्म के नही हो सकते। वे लोग किसी के नही हो सकते। उन्होंने सभी लोगो से अपील किया है कि किसी भी हालत में आप अपने धर्म का साथ न छोड़े। धर्म है तो आप है, समाज है और देश है। मौके पर विहिप जिला सह मंत्री गुरुदेव गुप्ता, प्रखण्ड अध्यक्ष नंदकिशोर कुमार, रघुनंदन गोप, दशरथ यादव, मुकेश यादव, सुधीर राणा सहित दर्जनों लोग शामिल थे।
हजारीबाग। शहर की सड़कों और मोहल्लो की सफाई की अब नगर निगम के सफाई कर्मचारी नहीं बल्कि स्पीपिंग मशीन से होगी। 1.50 करोड़ की दो स्पीपिंग मशीन नगर निगम के द्वारा खरीदगी की गयी है। इसका उद्घाटन नगर निगम आयुक्त गरिमा सिंह ने बड़े धूम-धाम से मंगलवार को किया। हालांकि जहां एक तरफ निगम के अधिकारी इस मशीन को लेकर वाह-वाही लूट रहें हैं। वहीं नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपने रोजगार को लेकर सशंकित हैं। इस संबंध में भारतीय कर्मचारी मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष व नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के नेता विवेक वाल्मीकि ने कहा कि नगर निगम के द्वारा सड़को की सफाई करने के लिए जो मशीन लायी गयी है उसका संगठन विरोध करती है। इस मशीन से जहां सफाई कर्मचारियों का आर्थिक हनन होगा वही निगम के द्वारा बेफिजूल का लगभग 3 करोड़ रुपया बर्बाद किया गया है। क्योंकि इस मशीन से सिर्फ नेशनल हाइवे जैसे सड़को की ही सफाई की जा सकती है। शहर की वार्डो गलियों की सफाई नही की जा सकती है। मशीन को लाकर शहर वासियों को ठगने का काम किया गया है। नगर निगम सफाई कर्मचारियों की तीन महीने का बकाया पैसा, मृत कर्मचारियों का बकाया राशि देने में असमर्थ है। वही करोड़ो की मशीन ला कर सिर्फ अपना जेब भरने का काम किया है। जो बकाया पैसा सफाई कर्मचारियों को मिलना चाहिए था उनके हक के पैसों को बर्बाद कर दिया गया है। इस संबंध में जानकारी लेने पर नगर निगम महापौर रौशनी तिर्की ने कहा कि उनकी जानकारी के बगैर मशीन की खरीदगी की गयी है। पार्षदों ने बैठक में इस मशीन का विरोध किया था। यह मशीन पूर्व नगर आयुक्त माधवी मिश्रा के समय में लिया गया है। सीटी मैनेजर महफूज ने बताया कि एक मशीन की कीमत 1.50 डेढ करोड़ रूपये है। ट्रायल करके देख लेते हैं कि मशीन की कितनी उपयोगिता है। अगर उपयोगी रहा तो ठीक नहीं तो वापस भेज दिया जाएगा।
गुमला। शहर के कुम्हार टोली मुहल्ले के लोग मिशन बदलाव के नेतृत्व में नाली व सड़क की समस्या को लेकर मंगलवार को गुमला-लोहरदगा मुख्य मार्ग को कुम्हार टोली के पास घंटो जाम कर दिया। नगर परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के अश्वासन के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। लंबे समय से अधूरे नाली के कारण गंदे पानी का जमाव कुम्हार मोड़ पर हो रहा है। जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी तो हो रही थी। गंदा पानी घरों में भी प्रवेश कर जा रहा था। जामकर्ताओं का मांग था कि उन्हें अश्वासन नहीं एक्शन चाहिए और तत्काल रोड व नाली की समस्या का समाधान करने की मांग कर रहे थे। जाम कर्ता जाम स्थल पर एसडीओ को बुलाने की मांग भी कर रहे थे लेकिन एसडीओ वहां नहीं गये। मुहल्ले के लोगों का कहना था कि नाली व सड़क के निर्माण की मांग को लेकर कई बार नगर परिषद में आवेदन दिया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक हार कर जन समस्याओं को लेकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। इधर जाम की सूचना पर पहुंचे नगर परिषद अध्यक्ष दीपनारायण उरांव व उपाध्यक्ष मो. कलीम अख्तर के अश्वासन के बाद जाम हटाया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि 15 दिनों के अंदर लोहरदगा रोड कुमार मोड़ का नाली और सड़क की समस्या का निदान हो जाएगा। इसके बाद महिला संगठन एवं मुहल्ले वासियों ने सड़क जाम हटाया और कहा कि अगर 15 दिन में नाली और सड़क का निर्माण नहीं होता है तो मजबूरन उन्हें फिर से सड़क पर उतरना पड़ेगा। मिशन बदलाव के भूषण भगत ने कहा कि जनहित की समस्याओं के समाधान की दिशा में मिशन बदलाव काम कर रहा है और इन मुद्दों को लेकर उसे जेल भी जाना पडेगा तो कोई परवाह नहीं है। लेकिन जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में वे हमेशा लोगों के साथ खडे रहेंगे। जाम स्थल पर थाना प्रभारी भी पहुंचे और लोगों से जाम हटाने की अपील की।
बोकारो। हाल के दिनों में बोकारो जिला पुलिस में सबसे बड़ा तबादला हुआ है। इस तबादल से पुलिस कप्तान चंदन झा ने संदेश दिया है कि काम में कोताही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। तबादले के मार्फत पुलिस कप्तान ने ताकीद की है कि जिला पुिलस को पब्लिक फेंडली होना होगा। कार्यप्रणाली में सुघार लाना होगा। जिसमें केस डायरी अपडेट, निष्पक्ष-पारदर्शी अनुसंधान, त्वरित केस निषपादन आदि करने के प्रति संजिदगी बरतना होगा। जिससे आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वसनीयता में इजाफा हो। इस तबादले सूची में एसपी ने मुख्यालय के इस आदेश पर क्रियांन्वयन की है जिसमें इस बात का उल्लेख था कि थानों में सिपाही की जगह एएसआई को बतौर मुंशी तैनात किया जाए। इसी के निमित पुलिस कप्तान ने जिले के अलग-अलग थानों में 31 एएसआई को बतौर मुंशी तैनात किया है। पुलिस अघीक्षक कार्यालय, दिनांक 30 अगस्त, बोकारो जिलादेश संख्या 820/2021 के तहत जिले के 265 सब इंस्पेक्टर व एएसआई को इधर से उधर किया है। इस सूची में 125 सब इंस्पेक्टर व 140 सहायक अवर निरिक्षक शामिल है। 140 सहायक निरिक्षकों को अलग-अलग थानों में बतौर मुंशी तैनात किया गया है। अवर निरिक्षकों को पुलिस कप्तान ने थानों में सिरिस्ता का काम करने का आदेश दिया है। थानोदारों को भी का ताकीद की गई है कि बतौर पुलिस मुंशी तैनात किए गये पुलिस अधिकारियों से ही वो सिरिस्ता का काम कराए। जांच के दौरान ऐसा नहीं मिला तो थानेदार के अलावा संबंधित एएसआई पर कार्यवाई होगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse