गुमला। घाघरा प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता बुधवार को रन्हे खेल मैदान में की गयी। टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि प्रखंड विकास पदाधिकारी विष्णु देव कच्छप विशिष्ट अतिथि उप प्रमुख कृष्णा कुमार लोहरा, विधायक प्रतिनिधि संजीव उरांव, शिक्षक विजय साहू, राजस्व कर्मी सुशील कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मैच का शुभारंभ किया। बालिका वर्ग में फाइनल मैच घाघरा बनाम शिवराजपुर पंचायत के बीच हुआ। जिसमें एक गोल से घाघरा पंचायत की टीम ने जीत हासिल की। वहीं बालक वर्ग में चुंदरी बनाम शिवराजपुर पंचायत के बीच हुआ जिसमें शिवराजपुर पंचायत की टीम भी एक गोल से जीत हासिल की। मौके पर उपस्थित खिलाड़ियों को संबोधित करते प्रखंड विकास पदाधिकारी विष्णु देव कच्छप ने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेले और अनुशासन में रहकर बच्चे खेल को खेलें ।खेल से शारीरिक मानसिक और बौद्धिक विकास होता है प्रखंड स्तरीय इस तरह का कार्यक्रम होने से खिलाड़ियों में छुपी हुई प्रतिभा निखारने का एक मंच प्रदान होता है वहीं विशिष्ट अतिथि उप प्रमुख कृष्णा कुमार लोहरा और विधायक प्रतिनिधि संजीव उराव ने खिलाड़ियों को अपने आपको नशा पांन से दूर रहकर खेलने की बात कही ।साथ ही यह भी कहा कि खेल में भी लोग अपना कैरियर बना रहे हैं ।वही शुशील कुमार ने बताया कि दोनों विजेता टीम को जिला स्तर पर होने वाले जिला स्तरीय मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल होंगे और प्रखंड स्तर से खेलेंगे। वहीं अतिथि ने विजेता उपविजेता बालक और बालिका वर्ग की टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मौके पर उपस्थित लोगों में डेविड तिर्की, बबलू उराव, बासु उरांव, रोहित उरांव, मोहित राजेश सहित कई खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित थे।
गुमला। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज सदर प्रखंड के टोटो, चैनपुर प्रखंड के बारडीह, जारी प्रखंड के गोविंदपुर, सिसई प्रखंड के उत्तरी बरगाँव, पालकोट प्रखंड के नाथपुर तथा कामडारा प्रखंड के रेड़वा पंचायतों में शिविर लगाकर सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ योग्य लाभुकों से योजना संबंधित आवेदन प्राप्त करते हुए उनका त्वरित निष्पादन किया गया। आज आयोजित पंचायतस्तरीय शिविरों में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगा के जॉब कार्ड हेतु आवेदन प्राप्त करने तथा प्रवासी श्रमिकों के लिए प्राथमिकता के आधार पर जॉब कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत हड़िया बिक्री के रोजगार में संलग्न महिलाओं की पहचान कर उन्हें वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराया गया। शिविर में श्रम विभाग द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन सुनिश्चित कराया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को पोषण से संबंधित जानकारियां दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए स्टॉल के माध्यम से संबंधित पंचायतवासियों के साथ-साथ सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए ग्रामीणों का आॅन-द-स्पॉट स्वास्थ्य जाँच की गई तथा उन्हें कोविड टीकाकरण का डोज दिलाते हुए उन्हें कोविड टीकाकरण के प्रति प्रेरित किया गया। साथ ही उनसे शिविर में धान अधिप्राप्ति, पेंशन, केसीसी, आॅनलाइन लगान रसीद/ दाखिल खारिज/ सीमांकन/ मकान क्षति/ फसल क्षति संबधी आवेदन प्राप्त किए गए।सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच कंबल वितरण किया गया। सोना-सोबरन धोती/लुंगी-साड़ी योजना के तहत लाभुकों के बीच वस्त्र वितरण किया गया। इसके साथ ही शिविर में चिकित्सा अनुदान योजनांतर्गत आवेदकों से आवेदन पत्र प्राप्त किए गए। शिविरों में वनाधिकार पट्टा, जाति आवासीय, राशन कार्ड, विधवा/ वृद्धावस्था/ दिव्यांग पेंशन, ग्रीन कार्ड आदि का लाभ दिलाने हेतु संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त करते हुए कार्यों का निष्पादन भी किया गया। पालकोट प्रखंड के नाथपुर पंचायत में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में 20 लाभुकों को वृद्धावस्था पेंशन तथा 02 लाभुकों को विधवा पेंशन का लाभ दिलाया गया। वहीं 02 लाभुकों के बीच 50 हजार की राशि का केसीसी वितरित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में 90 लाभुकों को कोविड-19 का टीका लगाया गया। इसके साथ ही 20 लाभुकों के बीच जॉब कार्ड का वितरण किया गया तथा जॉब कार्ड नवीकरण हेतु 50 लाभुकों से आवेदन प्राप्त किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 05 लाभुकों के बीच प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजन के तहत 05-05 हजार की राशि प्रदान की गई। इसके अलावा 21 लाभुकों से नए योजनाओं में जोड़ने हेतु आवेदन भी प्राप्त किए गए। सिसई प्रखंड के उत्तरी बरगाँव में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा के द्वारा परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। चैनपुर प्रखंड के बारडीह पंचायत में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में लाभुकों के बीच सोना सोबरन धोती/ साड़ी-लुंगी योजना के तहत वस्त्रों का वितरण किया गया। शिविर में श्रम अधीक्षक एतवारी महतो द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों को ई-श्रम कार्ड हेतु ई-श्रम पोर्टल पोर्टल पर निबंधन कराने हेतु प्रोत्साहित किया गया। साथ ही आॅन-द स्पॉट लाभुकों का ई-श्रम पोर्टल पोर्टल पर निबंधन भी कराया गया।
गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। बैठक में कोविड-19 टीकाकरण, टीकाकरण के डाटा की आनलाइन प्रविष्टियों की स्थिति तथा लंबित प्रविष्टियों की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने 02 दिसंबर के पूर्व के टीकाकरण की स्थिति, टीकाकरण के डाटा की आनलाइन प्रविष्टि तथा लंबित आनलाइन प्रविष्टियों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों से प्रतिदिन टीकाकरण हेतु किए जाने वाले अनुश्रवण की जानकारी प्राप्त की गई। रायडीह प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी द्वारा विगत 16 जनवरी 2021 से प्रखंड में प्रारंभ हुए टीकाकरण के डाटा की आनलाइन प्रविष्टियों में पाए जाने वाले अंतरों का सटीक विश्लेषण नहीं किए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बीपीएम को फटकार लगाई। वहीं चैनपुर बीपीएम द्वारा लगातार कार्य के प्रति उदासीनता एवं संवेदनहीनता दिखाए जाने, आनलाइन डाटा प्रविष्टियां लंबित रखने तथा टीकाकरण से संबंधित आंकड़े समर्पित नहीं करने पर उपायुक्त ने संबंधित बीपीएम को कार्य से बर्खास्त करने हेतु प्रस्ताव तैयार कर समर्पित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। उपायुक्त ने अब तक प्राप्त कोवीशील्ड तथा कोवैक्सीन के कुल वायल की संख्या, कुल टीकाकरण की संख्या, टीकाकरण के डाटा का शत-प्रतिशत आनलाइन प्रविष्टि तथा लंबित डाटा प्रविष्टियों की जानकारी प्रतिवेदित करने का निर्देश सभी बीपीएम को दिया। उन्होंने सभी बीपीएम को 13 दिसंबर तक कोविड टीकाकरण के सभी लंबित डाटा की प्रविष्टि सुनिश्चित करने अन्यथा संबंधित बीपीएम के विरूद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने शत-प्रतिशत आनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त कंप्यूटर आपरेटरों को प्रतिनियुक्त कर युद्धस्तर पर लंबित डाटा की प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने छूटे हुए डाटा का भी आंकलन कर उनकी भी प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने संबंधित एएनएम तथा वीएलई के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रविष्टि के कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। डीडीसी कर्ण सत्यार्थी ने प्रतिदिन टीकाकरण के उपरान्त आनलाइन डाटा प्रविष्टियों का अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। बीपीएम द्वारा कार्य के प्रति उदासीनता दिखाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने फटकार लगाते हुए टीकाकरण के कार्यों को गंभीरता से लेने, कार्य पद्धति में सुधार लाने तथा लंबित डाटा की शत-प्रतिशत आनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बीपीएम को उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों का प्रतिदिन मूल्यांकन करते हुए लंबित डाटा के साथ-साथ प्रतिदिन होने वाले टीकाकरण के आंकड़ों/ डाटा का भी ससमय आनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में अपर समाहर्त्ता ने 02 दिसंबर से पहले तक के टीकाकरण की स्थिति, आॅनलाइन प्रविष्टि का लेखा जोखा तथा 03 से 07 दिसंबर तक लंबित प्रविष्टियों की प्रखंडवार समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में लगभग 31000 डाटा प्रविष्टि लंबित पाए गए। इसपर उन्होंने सभी बीपीएम को अपने संबंधित एएनएम द्वारा संधारित पंजी की जाँच कर लंबित डाटा का आंकलन करने का निर्देश दिया। साथ ही आंकलन करते हुए 13 दिसंबर तक सभी लंबित डाटा को शत-प्रतिशत आॅनलाइन प्रविष्ट करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उनहोंने दिसंबर माह से पूर्व के लंबित डाटा की प्रविष्टियां भी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, अप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, अपर समाहर्त्ता सुधीर कुमार गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, डीपीएम स्वास्थ्य जया रेशमा खाखा, डीपीसी यूनिसेफ अपूर्वा सेन, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी गुमला सदर (शहरी/ ग्रामीण)/ घाघरा/ पालकोट/ बसिया/ कामडारा/ बसिया/ सिसई/ भरनो/ बिशुनपुर/ चैनपुर/ डुमरी, सीएससी मैनेजर रंजन नंदा व अन्य उपस्थित थे।
कोडरमा। ई रिक्शा जिला एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विनय शांडिल्य के नेतृत्व में ई रिकशा प्रतिनिधि मंडल के द्वारा कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव के आवास पर भेंटवार्ता की। जहां एसोशिएशन के जिला अध्यक्ष ने मांगपत्र के माध्यम से कहा की ई -रिकशा चालकों को रुट मैप के तहत झुमरी तिलैया नगर पालिका क्षेत्र के अन्तर्गत वार्ड नम्बर 1 से 28 तक सीमा क्षेत्र निर्धारित किया जाना सुनिश्चित करना चाहिए। वहीं नेताजी सुभाषचन्द्र बोस चौक एवं महाराणा प्रताप चौक के निकट टेम्पो स्टैंड का पड़ाव होना जरूरी है। रेलवे परिसर के अंदर टेम्पो का परिचालन होने से ई-रिक्शा के चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिससे ई रिक्शा चालक की दैनिक मजदूरी पर भी असर पड़ता है। वहीं विधायक डॉ नीरा यादव ने सभी प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही टेम्पो स्टैंड के प्रतिनिधियों तथा ई -रिकशा प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर समुचित निराकरण किया जाएगा। जिससे टेम्पो स्टैंड के लोगों को तथा ई-रिक्शा चालकों के आपसी सौहार्द बना रहे। वहीं ई रिक्शा कोडरमा जिला एसोशिएशन के महामंत्री पंचम महतो, उपाध्यक्ष बैजू प्रसाद गुप्ता,कोषाध्यक्ष रामजी मोदी, मंत्री अर्जुन कुमार, कार्यकारिणी सदस्य जितेंद्र कुमार केसरी, मो अमानत, दीपक विश्वकर्मा, सिकंदर पासवान, संतोष यादव, तेजस्वी कुमार, विकास कुमार साव, दिनेश साव, गोल्डन कुमार, सुमित राज, राजकुमार पंडित, प्रदीप कुमार गुप्ता, संजय कुमार साव, संतोष पंडित, सौरभ कुमार केशरी, रवि कुमार, मुस्ताक, सवरन कुमार ने मांग पत्र सौंपा।
कोडरमा। एआईएलआरएसए के केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर 7 दिसंबर से 9 दिसंबर तक कोडरमा लॉबी में सभी लोको पायलट एवं सहायक लोको पायलट एआई एलआरएसए के बैनर तले त्रिदिवसीय रिले हंगर फास्ट कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलाया जा रहा है। बुधवार को इसकी अध्यक्षता आशुतोष कुमार ने की। मौके पर उपस्थित शाखा सचिव कपींद्र कुमार एवं शाखा सह सचिव एस यादव के साथ सैकड़ों रनिंग स्टाफ धरना पर मौजूद रहे। धरना 7 सूत्री मांगों को लेकर दिया जा रहा है। इनकी मांगों में एनपीएस समाप्त कर फिर से ओपीएस लागू करने, निजी करण व निगमीकरण को रोकने, रात्रि भत्ता सीलिंग 43600 को समाप्त कर अविलंब पूर्व की भांति लागू करने, एएलपी को 820 का वरीयता अभिलंब देने, पायलट का दर्जा अभिलंब देने, प्रत्येक विभाग में रिक्त पड़े पदों को यथाशीघ्र भरने आदि मांगे प्रमुख हैं। आयोजन को सफल बनाने में रंजीत कुमार, रोशन कुमार, सुजीत कुमार, प्रदीप कुमार, राकेश कुमार, सतीश कुमार, रवि रंजन, मोहम्मद रिजवान, दिनेश कुमार, दिनेश कुमार, संजय कुमार सिंह, उमाशंकर प्रसाद, गौतम कुमार, जुल्फीकार अली, उपेंद्र कुमार यादव, सुधीर कुमार, सुनील कुमार सिंह, विनोद कुमार, अजीत कुमार, नितीश कुमार, आशुतोष कुमार, पंकज कुमार और दिलीप दास का योगदान रहा।
एबीएन डेस्क। रांची जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता अभियान का असर कहें या फिर कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का भय। एक सप्ताह में वैक्सीन लेने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई है। लोगों में वैक्सीन लेने की होड़ मची है। पहले से ज्यादा दूसरे डोज के लिए सेंटर में भीड़ उमड़ रही है। रविवार तक जिले में 13 लाख 56 हजार 870 लोगों ने वैक्सीन का पहला और सात लाख 33 हजार 412 लोगों ने दूसरा डोज लिया था। इसमें 30 नवंबर को जहां 10 हजार 942 लोगों ने वैक्सीन का पहला और दूसरा डोज लिया था। वहीं, पांच दिसंबर को 18 हजार 897 लोगों को वैक्सीन का पहला व दूसरा डोज लिया। सूचना के अनुसार, दिसंबर में सबसे कम वैक्सीनेशन एक दिसंबर को हुआ था। जिले में सिर्फ 4640 लोगों ने वैक्सीन लिया था। वहीं, दो दिसंबर को 6436 और तीन दिसंबर को 7556 लोगों को टीका लगा था। हालांकि वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। फोन करने से वैक्सीन मोबाइल वैन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ मोबाइल पर दूसरे डोज का वैक्सीन लेने के लिए एसएमएस भेजा जा रहा है। बावजूद वैक्सीन का पहला और दूसरा डोज लेने वालों में रविवार तक करीब छह लाख का अंतर है।
एबीएन डेस्क। झारखंड के बिजली उपभोक्ताओं पर अगले साल से बिल का बोझ बढ़ सकता है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने वित्तीय वर्ष 2022-23 से बिजली की दर में 30 फीसदी तक की वृद्धि का प्रस्ताव दिया है। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (जेएसईआरसी) को भेजे गए इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही जेबीवीएनएल के 40 लाख से उपभोक्ताओं की जेब बर बोझ बढ़ेगा। जानकारी के अनुसार जेबीवीएनएल ने 2022-23 के लिए एनुअल रेवन्यू रिक्यावरमेंट (एआरआर) के साथ बिजली टैरिफ का प्रस्ताव झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (जेएसईआरसी) को भेज दिया है। आयोग में अध्यक्ष के साथ दोनों सदस्यों का पद रिक्त होने के कारण प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई रुकी हुई है। इसी कारण से मौजूदा वित्तीय वर्ष में बिजली की दर में वृ्द्धि नहीं हो सकी। जबकि 20-21 में कोरोना की मार के कारण बिजली की दर में बदलाव नहीं हुआ था। माना जा रहा है कि आयोग में अध्यक्ष और दो सदस्यों के रिक्त पदों पर अगले माह नियुक्ति हो जायेगी और दो वर्षों बाद जेबीवीएनएल के उपभोक्ताओं पर बिजली की बढ़ी हुई दर की मार पड़ेगी। जेबीवीएनएल के अधिकारियों के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं पर कम लेकिन औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं की बिजली दर में अपेक्षाकृत अधिक बढ़ोत्तरी होगी। हालांकि जेबीवीएनएल की ओर से अभी उपभोक्ताओं की श्रेणी के आधार पर टैरिफ स्ट्रक्चर आयोग को नहीं भेजा गया है। जानकारी के अनुसार जेबीवीएनएल के घरेलू उपभोक्ताओं की दर कम बढ़ाई जाएगी।
कोडरमा। अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में अस्पताल प्रबंधन सदर अस्पताल कोडरमा की बैठक की गयी। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि मरीजों का अधिक से अधिक गोल्डेन कार्ड बनायें। उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी है, जिसपर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन को प्राथमिकता के आधार पर ज्यादा से ज्यादा करें। सदर अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का ईलाज बेहतर हो इसकी विशेष ध्यान रखें। कोविड के नये केस मिलने पर जांच अभियान में तेजी लायें। सदर अस्पताल में जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध हो इसका ख्याल रखे। कुपोषण उपचार केंद्र में बच्चों का उपचार सही से करें। कुपोषण से शिकार बच्चों का चिन्हित एवं जांच में तेजी लाये। नो कॉस्ट, लो कॉस्ट के आधार पर सभी अस्पताल मॉडल अस्पताल के रुप में विकसित करें। सभी अस्पताल मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया कराने में अपना पूरा प्रयास दें। सरकार द्वारा जारी किये गये कोरोना गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सभी अस्पतालों में हो, यह सुनिश्चित करें। इस मौके पर दंत चिकित्सा प्रभारी डॉ शरद, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, आयुष्मान कॉडिनेटर डॉ अभिजीत, आयुष्मान मित्र एवं अन्य मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse