झारखंड

View All
Published / 2021-12-12 12:17:39
खुलासा : ट्रेन से कटने वाला व्यक्ति निकला टाटा स्टीलकर्मी

जमशेदपुर। जुगसलाई में जिस व्यक्ति की ट्रेन से कटने से मौत हुई थी उस व्यक्ति का नाम बनारसी सिंह है। वह मानगो के सहारा सिटी निवासी और टाटा स्टील में कर्मचारी थे। वे शाम में घर से निकले थे उसके बाद उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। उनके दो बेटों को सूचना मिलते ही वे दिल्ली से जमशेदपुर पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस जाकर शव की पहचान की। पिछले कुछ दिनों से वे बीमार थे और उसकी दवा चल रही थी। उनके बेटों ने बताया कि अक्सर उन्हें लम्बी दूरी तक चलने की आदत थी और संभवत: उसी लिए वे जुगसलाई की तरफ चले गए होंगे। जुगसलाई थाना के एएसआई गोपाल पांडेय ने बताया कि बेटों ने पहचान की है। शव के पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Published / 2021-12-12 12:14:31
झारखंड : शहरों में चार तो ग्रामीण क्षेत्रों में सात घण्टे कट रही बिजली से लोग परेशान

रांची। सूबे में एक बार फिर बिजली संकट पैदा हो गया है। मांग की तुलना में बिजली की आपूर्ति 330 से 370 मेगावाट तक कम होने से शहर से लेकर गांव तक लोड शेडिंग की नौबत आ रही है। स्थिति बिगड़ने के कारण राजधानी रांची में भी लोड शेडिंग करनी पड़ रही है।जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में सात घंटे या इससे भी अधिक और शहरों में चार घंटों तक की बिजली कटौती से लोग परेशान हो रहे हैं। झारखंड बिजली वितरण निगम (जेबीवीएनएल) के निदेशक केके वर्मा का कहना है कि बिजली संकट की स्थिति अस्थाई है और इसे जल्द दूर कर लिया जाएगा। राज्य में बिजली संकट कई कारणों से बन गया है और यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में कनकनी बढ़ने पर रूम हीटर, गीजर का उपयोग बढ़ने से बिजली की मांग बढ़ेगी। ऐसी स्थिति में आपूर्ति और उपलब्धता में सुधार नहीं होने पर राज्य में बिजली संकट और गहरा सकता है। इस समय राज्य में बिजली की मांग 1500 मेगावाट तक पहुंच रही है। दिन के वक्त बिजली मांग की तुलना में करीब 370 और शाम में 330 मेगावाट कम उपलब्ध हुई। एनटीपीसी के ओडिशा स्थित एक संयंत्र से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण राज्य को बिजली कम मिल रही है।

Published / 2021-12-12 12:08:05
जनवैज्ञानिक डॉ सव्यसाची चटर्जी का कोडरमा आगमन

कोडरमा। अखिल भारतीय जन विज्ञान नेटवर्क के अध्यक्ष सह जाने माने जन वैज्ञानिक डॉ सव्यसाची चटर्जी (जो इण्डियन स्कूल ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स्क बैंगलोर में अध्यापक के रुप में अपनी सेवा दिए हैं) का आगमन कोडरमा जिला में हो रहा है। डॉ चटर्जी इन्टरनेशनल सेंटर फॉर थ्योरीटीकल फिजिक्स में नोवल पुरस्कार बिजेता अब्दुल सलाम के साथ काम कर चुके हैं। इस उपलक्ष्य में जन विज्ञान नेटवर्क के घटक भारत ज्ञान विज्ञान समिति झारखंड के कोडरमा इकाई के द्वारा किए गए कार्य का अवलोकन करेंगे। अंतिम कार्यक्रम शाम के 5 बजे से अवध्या क्लासेस झुमरी तिलैया में आजादी के 75 वर्ष आत्मनिर्भरता और हमारे समक्ष भविष्य की चुनौतियों विषय पर व्याख्यान देंगे। इनके साथ भारत ज्ञान विज्ञान समिति के राष्ट्रीय महासचिव और भूतपूर्व मनरेगा लोकपाल काशीनाथ चटर्जी भी रहेंगे। उक्त जानकारी ज्ञान विज्ञान समिति कोडरमा जिला के अध्यक्ष रामरतन अवध्या और सचिव जयप्रकाश यादव ने दी।

Published / 2021-12-12 11:09:30
चाईबासा : सीआरपीएफ ने नक्सलियों के बारूदी सुरंग को किया निष्क्रिय, बड़ा हादसा टला

चाईबासा। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल की सीमा से लगे ओडिशा के केवलंग थाना अन्तर्गत पुर्णापानी-सोयम्बा ग्रामीण सड़क मार्ग पर भाकपा माओवादी नक्सलियों द्वारा 15 किलोग्राम की बारूदी सुरंग लगाई गई। वहीं केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने शनिवार को बारूदी सुरंग बरामद करके निष्क्रिय कर दी जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नक्सलियों ने 15 किलोग्राम की बारूदी सुरंग सड़क पर मिट्टी के नीचे लगा रखी थी। उन्होंने बताया कि यह बारूदी सुरंग सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नीयत से जंगल के रास्ते में जमीन के नीचे लगाई गई थी। उन्होंने बताया कि बारूदी सुरंग को गुरुन्डिया कैंप (राउरकेला) में तैनात सीआरपीएफ की बी एंड सी क्वाई, 19 वीं बटालियन के जवानों ने एक अभियान के दौरान बरामद करके उसे निष्क्रिय कर दिया। उन्होंने कहा कि इससे नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि सारंडा से सटे उक्त जंगल क्षेत्र में नक्सली नेता अनमोल उर्फ समर का दस्ता निरंतर सक्रिय रहता है। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की सक्रियता की सूचना के बाद सीआरपीएफ की उक्त टीम ओडिशा पुलिस के साथ उक्त जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगाई गई बारूदी सुरंग का पता चला जिसे बम निरोधक दस्ता ने सावधानीपूर्वक निकाल करके जंगल में ही नष्ट कर दिया। सूत्रों ने बताया कि इस शक्तिशाली बारूदी सुरंग से नक्सली सीआरपीएफ और पुलिस को भारी नुकसान पहुंचा सकते थे लेकिन समय रहते इसका पता चल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Published / 2021-12-12 11:06:09
बाल सुधार गृह रांची : छापामारी में मोबाइल सहित कई सामान बरामद

रांची। राजधानी रांची के बाल सुधार गृह में रेड किया गया है। इस इंटरनल में कर्नल जेके सिंह ने हर वार्ड की तलाशी ली। इस छापेमारी में पांच मोबाइल और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं, जिसे जब्त कर लिया गया है। डुमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में सैफ जवानों की तैनाती है, इसके बावजूद लगातार बाल कैदियों के मोबाइल प्रयोग और आपस में मारपीट की बातें सामने आ रहीं थीं। रविवार की सुबह सैफ कमांडेंट कर्नल जेके सिंह के नेतृत्व में अचानक बाल सुधार गृह में छापेमारी की गई, इस दौरान अलग-अलग वार्ड से पांच स्मार्ट फोन, चार्जर, लाइटर, स्क्रूड्राइवर और कुछ नशे के सामान बरामद किए गए। कर्नल जेके सिंह और सदर थाने की टीम ने छापेमारी के बाद बाल सुधार के एक बाल कैदी के साथ हुई मारपीट की घटना की जानकारी भी ली। साथ ही बाल सुधार गृह के सुरक्षाकर्मियों बाल सुधार के लिए के भीतर की व्यवस्था को और मजबूत बनाने की हिदायत दी। अपने बेटे के खिलाफ हुई मारपीट को लेकर, एक महिला ने शनिवार को बाल सुधार के गृह के बाहर जमकर हंगामा किया था। हंगामे की सूचना मिलने पर सदर थानेदार श्याम किशोर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस और महिला के साथ नोकझोंक भी हुई। महिला ने पुलिस को बताया कि बाल सुधार गृह से बाहर निकले एक बच्चे ने उन्हें बंदियों के साथ मारपीट की जानकारी दी। साथ ही मारपीट का एक वीडियो भी उन्हें दिखाया। महिला के अनुसार उसका बेटा एक मामले में रिमांड होम में बंद है। उसने भी उसे मारपीट की बात बतायी। उसने उन्हें यह भी बताया कि बाल बंदी उनसे पैसे और अन्य सामान की डिमांड करते हैं। इंकार करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। महिला ने पुलिस को मारपीट का एक वीडियो भी सौंपा है। मामले में पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Published / 2021-12-12 08:28:58
ग्रिजली कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न

कोडरमा। ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन झुमरी तिलैया में 10 से 11 दिसम्बर के दौरान बीएड एवं डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन झुमरी तिलैया नगर परिषद के निवर्तमान अध्यक्ष प्रकाश राम ने फीता काट कर किया एवं अपने संबोधन में प्रशिक्षुओं को खेलकूद को जीवन का अभिन्न अंग बताया। कहा कि खेलकूद से ही झारखंड में लोग राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इसलिए शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी खेलकूद आवश्यक है। प्रतियोगिता के दौरान 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में सूरज प्रथम, राहुल द्वितीय, पंकज कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार 100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में भारती कुमारी प्रथम, प्रियंका रानी द्वितीय, सोनाली तृतीय स्थान पर रहे। स्पून रेस में बालक वर्ग में मोचन दयाल प्रथम, राहुल कुमार द्वितीय। इसी प्रकार स्पून रेस बालिका वर्ग में सबातिनी प्रथम, अल्बीना द्वितीय, श्वेता और कुसुम तृतीय स्थान पर रहे। मैथमेटिकल रेस के बालक वर्ग में पवन प्रथम, धीरज द्वितीय, पंकज तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार मैथमेटिकल रेस बालिका वर्ग में लक्ष्मी प्रथम, रुखसार द्वितीय, श्वेता तृतीय स्थान पर रहे। सुई धागा रेस बालक वर्ग में पवन प्रथम, राहुल द्वितीय, सुधीर तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार सुई धागा रेस बालिका वर्ग में भारती कुमारी प्रथम, सबातिनी द्वितीय, जागृति तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर रिले रेस बालक वर्ग में सूरज प्रथम, राहुल द्वितीय, पवन तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार 400 मीटर रिले रेस बालिका वर्ग में सोनम, दिव्या, सबातिनी, प्रियंका रानी प्रथम स्थान पर, सोनाली, रिंकी, लक्ष्मी, भारती द्वितीय स्थान पर, सोनाली, रंजू, रीना सोरेन, निशा तृतीय स्थान पर रहे। कैरम में शमा परवीन एवं संजू कुमारी प्रथम, सोनाली मींज एवं सबातिनी द्वितीय, लक्ष्मी कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी तृतीय स्थान पर रही। बैडमिंटन बालिका वर्ग में सोनाली मींज एवं प्रियंका रानी प्रथम, सोनाली लकड़ा एवं आकांक्षा प्रिया द्वितीय, संजु कुमारी एवं निशा किस्कु तृतीय स्थान पर रही। बैडमिंटन बालक वर्ग में सूरज कुमार एवं राहुल कुमार प्रथम, पवन कुमार दास एवं दयानंद कुशवाहा द्वितीय, सुधीर कुमार एवं धीरज कुमार तृतीय स्थान पर रहे। शतरंज में प्रथम संजय, द्वितीय रुखसार फातमा, तृतीय लक्ष्मी कुमारी रही। खेलकूद प्रतियोगिता के समापन सत्र के दौरान महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संजीता कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया। ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन के निदेशक अविनाश शेठ ने अपने संबोधन में जीवन के पहले सुख निरोगी काया के द्वारा खेलकूद को जोड़ते हुए वर्तमान समय की महामारी के दौरान इम्युनिटी बढ़ाने के लिए योग्य, प्राणायाम एवं खेलकूद के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रवीण कुमार ने विजेता प्रतियोगिता को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर उत्साहवर्धन किया उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बी.एड. प्रशिक्षुओं को भविष्य में शिक्षक बनना है इसलिए खेलकूद के नियमों एवं इसके महत्व से परिचित होना चाहिए साथ ही साथ कोडरमा जिले में शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से सभी को अवगत कराया । इस मौके पर निदेशक मनीष कपसिमे, बचपन प्ले स्कूल की प्रधानाध्यापिका नीरजा, प्रशासक अशोक कुमार लाल, प्राध्यापकगण वागीश दुबे, मृदुला भगत, सौरभ शर्मा, मनीष पासवान, कृष्ण कुमार सिंह, अजय गुप्ता, नीरज कुमार, रोहित कुमार, अभिजीत आनंद, मनी दत्ता उपस्थित रहे। महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी गण उपस्थित रहे। समस्त कार्यक्रम क्रीड़ा प्रभारी अमित कुमार दास के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन मोहित तिवारी ने किया।

Published / 2021-12-11 17:10:54
पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में कई राउंड चली गोली, कोई हताहत नहीं

सेन्हा (लोहरदगा)। सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु चौपाल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की सूचना आ रही है। जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ शनिवार शाम अतिनक्सल प्रभावित क्षेत्र का है। सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु चौपाल में शनिवार देर शाम पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ होने की बात सामने आ रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों ओर से कई राउंड गोलीबारी होने की बात कही जा रही है। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस नक्सलियों की धरपकड़ में सर्च अभियान चला रही है। हालांकि सर्च अभियान अभी भी जारी है। बता दें कि नक्सलियों की सूचना पर अभियान चलाया गया था। जानकारी के मुताबिक पुलिस के वरीय अधिकारी को सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी संगठन के नक्सली सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुन्दरू चौपाल में जुटे हुए हैं। माओवादी के हार्डकोर नक्सली रविंद्र गंझू का भी इस दस्ते में होने की संभावना जतायी जा रही है। जिसके बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इसी दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चली हैं। समाचार भेजे जाने तक घटने में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिल रही है।

Published / 2021-12-11 16:58:14
झारखंड में गुमला, रांची, धनबाद, बोकारो, दुमका, खूंटी होकर गुजरेंगे 3 एक्सप्रेसवे

रांची। केंद्र सरकार पूरे देश में ढांचागत बदलाव को लेकर एक तरह से अभियान चला रही है। इसी कड़ी में झारखंड में दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण कराए जाएंगे। यह भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत होगा। पहला ओडिशा के संबलपुर से रांची तक एक्सप्रेसवे बनेगा। इसकी कुल लंबाई 146.2 किलोमीटर है। दूसरा छत्तीसगढ़ के रायपुर से गुमला-रांची होते हुए धनबाद तक सड़क बनाने की योजना है। इसके तहत ओरमांझी से गोला होते हुए बोकारो तक की एक्सप्रेसवे बनाने की योजना है। इसकी लंबाई करीब 700 किलोमीटर होगी। इसके अतिरिक्त एक रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे भी है, जो बिहार से चलकर झारखंड में प्रवेश कर पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक जाएगा। भारत सरकार द्वारा जारी जानकारी के हवाले से प्रकाशित विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार झारखंड की कनेक्टिविटी को नया आयाम देने वाली ये सड़क परियोजनाएं ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के रूप में तैयार होंगी। इसके तहत फोर लेन सड़कें बनेंगी, जो खेतों-खलिहानों से गुजरेंगी। इस सड़क में कम से कम घुमावदार मोड़ होंगे।संबलपुर से रांची तक की ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट की लंबाई 146.2 किलोमीटर है। यह एक्सप्रेसवे ओड़िशा के लिट्टीबेड़ा में यह सड़क शुरू होगी, जो झारखंड के खूंटी जिला होते हुए रांची के आउटर रिंग रोड में आकर मिलेगी। सड़क में घुमाव कम हो इसके लिए खेतों से होते हुए नई सड़क निकाली जाएगी। इस सड़क को फोर और छह लेन बनाने की योजना है।

Page 1559 of 1655

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse