रांची। मंगलवार को एचईसी फैक्ट्री के नाम पर ली गई भूमि में गैरकानूनी स्मार्ट सिटी निर्माण रद्द करने, एचईसी की सरप्लस भूमि रैयतों को वापस करने एवं विस्थापितों के संपूर्ण पुनर्वास की मांग के साथ 11 बजे बिरसा चौक में संयुक्त विस्थापित जनसंगठनों ने मानव शृंखला बनायी। इस दौरान हेमंत सरकार से कहा कि पूर्व की सरकार के गलत निर्णय को सुधार कर नये सिरे से हेमंत सरकार जनता की हित में काम करे। पिछली सरकार ने अपने चहेते लोगों के लिए जबरन फैक्ट्री एरिया में शिलान्यास किया। स्मार्ट सिटी बनाने पर तत्काल रोक लगायी जाए। सरकार कारखाना की जमीन को छोड़ कहीं अन्यंत्र शहर के बाहर रिंग रोड एरिया में स्मार्ट सिटी का निर्माण करे, ताकि पूरे इलाके का विकास हो। एचईसी में नौकरी और रोजगार की संभावना नहीं है। विस्थापित रैयतों को उनकी जमीन वापस कर दी जाए, ताकि लोग आराम से खेती कर अपने परिवार का भरण पोषण कर सकें। साथ ही एयरपोर्ट के विस्थापित, रेलवे, सेना एवं अन्य विस्थापितों को संपूर्ण पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध करायी जाये। इसी सत्र में विस्थापित आयोग के गठन की घोषणा सदन से पारित हो। झारखंड की नौकरी में विस्थापितों के लिए 30 प्रतिशत स्थान उपलब्ध करायी जाए। सभी लोग विस्थापितों के हक में प्ले कार्ड लेकर खड़े दिखे, जिसमें स्मार्ट सिटी का निर्माण बंद करो, विस्थापितों का संपूर्ण पुनर्वास करो, सरकार जमीन दलाली बंद करो, बची जमीन वापस करो, विस्थापितों को नौकरी दो, विस्थापन आयोग का गठन करो, उद्देश्य के अनुसार काम करो, वादाखिलाफी बंद करो, जमीन की दलाली बंद करो आदि नारे लिखे थे। उक्त प्ले कार्ड लेकर विस्थापित, महिला-पुरुष मानव शृंखला में शामिल हुए। आज के कार्यक्रम का सामूहिक नेतृत्व, झारखंड पड़हा समिति के अध्यक्ष अजीत उरांव, एचईसी विस्थापित जन कल्याण समिति के सचिव मोखतार अंसारी एयरपोर्ट विस्थापित मोर्चा के प्रकाश तोप्पो, निकोलस एक्का ने किया। उक्त कार्यक्रम में पड़हा राजा बुधवा मुंडा, सुभाष मुंडा, मनोज तिवारी, लाल तार्केश्वर शाहदेव, सुरेश गोप, प्रकाश तोप्पो, मंजूर आलम, इमरांन होदा, अनवारुल हक, सफीउल्लाह अंसारी, सरिता मिंज, सुमिता सांगा, सबनम कछप, कर्मा लिनडा, इब्रहिम अंसारी, कोल्हा अंसारी, एहतेशाम अली, राजेश लिंडा, पूनम लिंडा, डेविड आइंद्, सोमा सांगा, पी पी एक्का उपस्थित थे।
कोडरमा। उपायुक्त आदित्य रंजन अपने कार्यालय कक्ष में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये आम-जनों की समस्याओं से रुबरु हुए। उपायुक्त द्वारा सभी के शिकायतों को बारी-बारी से सुना जा रहा था...ऐसे में रोती बिलखती महिला उपायुक्त के पास आयी और अपनी गुमशुदा बेटी की खोजबीन करने को लेकर गुहार लगायी। रामनगर वार्ड नं-24 झुमरी तिलैया की रहने वाली बंसती देवी ने बताया कि मेरी बेटी डोली कुमारी, जिसकी उम्र 18 वर्ष है, पिछले 15 दिसंबर 2021 को सुबह करीब 10.15 बजे घर से टियुशन पढ़ने को बोल कर गयी और फिर वापस लौट कर नहीं आयी है। हमलोगों के द्वारा अपने आस-पड़ोस और रिश्तदोरों में खोज की गयी लेकिन युवती का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। युवती के न आने से परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले को उपायुक्त ने गंभीरता से लेते हुए झुमरी तिलैया थाना प्रभारी से फोन पर वार्ता कर युवती को तत्काल खोजबीन करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी को सामाजिक संगठनों से समन्वय स्थापित करते हुए युवती को ढंढूने की बात कही। उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि उक्त युवती के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन को सूचित करें ताकि उस बच्ची को ढूंढ कर सुरक्षित उसके अभिभावक को सौंपा जाये। सूचना देने वाले को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जायेगा। इसके अतिरिक्त अवैध निर्माण, खतियानी जमीन को जबरन कब्जा करने, जमीन विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों का नाम पुन: जोड़ने के संबंध में आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया।
बेरमो /जरीडीह बाजार। बेरमो के टेंपो चालक के पुत्र अभिषेक ने राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में हरियाणा को हराकर गोल्ड पर कब्जा जमा कर बेरमो सहित झारखंड का नाम रोशन किया है ।अंडर 15 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में पहली बार बेरमो के टेंपो चालक के पुत्र अभिषेक कुमार ने स्वर्ण पदक झारखंड को दिलाया। अभिषेक के स्वर्ण जीते जाने पर बेरमो के युवाओं में काफी खुशी की लहर देखी जा रही है। दोस्तों एवं युवाओं के द्वारा अभिषेक सहित उनके माता-पिता को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। मंगलवार को बेरमो कोयलांचल के पुराना एक्सिवेशन स्थित 4 नंबर शिफ्टिंग एरिया के सनत कुमार, पुष्पा देवी सहित दर्जनों लोगों ने एक कार्यक्रम आयोजित का अभिषेक के पिता गोरख सिंह और माता रेखा देवी को शॉल ओढ़ाकर और मुंह मीठा करा कर सम्मानित किया। स्थानीय सनत कुमार और पुष्पा देवी ने कहा की मामूली पैसा कमाने वाले एक टेंपो चालक के पुत्र ने रांची में तीन दिवसीय अंडर 15 राष्ट्रीय बालक, बालिका कुश्ती प्रतियोगिता में हरियाणा को हराकर बेरमो सहित पूरे झारखंड का नाम रोशन कर झारखंड में धमाल कर दिया है। अभिषेक के माता पिता धन्यवाद के पात्र हैं जिन्होंने इस मुकाम तक पहुंचाने में अपने पुत्र को सहयोग किया है।
पाकुड़। झामुमो के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर पाकुड़ झामुमो जिला उपाध्यक्ष समद अली एवं जिला उपाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने मुख्यमंत्री कक्ष में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं है। मुख्यमंत्री श्री सोरेन जी से पाकुड़ के लिए कई मुद्दों पर बात चीत हुई। झामुमो संगठन पर भी मुख्यमंत्री से विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी। पाकुड़ जिले में स्वास्थ्य विभाग में डॉक्टर की कमी डॉक्टर भेजने का प्रस्ताव रखा गया। मुख्यमंत्री ने समस्या को सुनकर जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दी। जिला उपाध्यक्ष समद अली एवं जिला उपाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि झारखंड के युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में विकास का रफ्तार में झारखंड अव्वल रहा। कोरोना काल में हेमंत सोरेन जो कर दिखया अन्य राज्यों को सोचना पड़ेगा।
कोडरमा। बिजली विभाग के द्वारा बिजली चोरी को रोकने के लिए इन दिनों लगातार छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को झुमरी तिलैया, कोडरमा और डोमचांच के अलग-अलग 81 स्थानों पर छापामारी की गई, जहां बिजली चोरी को लेकर संबंधित थानों में 21 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इन सबों पर 147000 रुपये का जुमार्ना भी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि झुमरी तिलैया के 20 स्थानों पर छापामारी हुई, जहां बिजली चोरी के आरोप में चार लोग पकड़े गए। इन पर 38000 रुपये का जुमार्ना लगाया गया। वहीं कोडरमा के 29 स्थानों पर छापामारी हुई, जहां बिजली चोरी को लेकर 8 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन सब पर 35000 रुपये का जुमार्ना लगाया गया। जबकि डोमचांच के 32 स्थानों पर छापामारी हुई। यहां बिजली चोरी के आरोप में 9 लोग पकड़े गए। इन सबों पर 72000 रुपये का जुमार्ना लगाया गया है। जबकि इन शब्दों पर पहले से 1,33,545 रुपये बाकी था। उन्होंने बताया कि बकाया और जुमार्ना राशि को मिलाकर इन सबों पर 2,80,545 रुपये का बकाया है।
गुमला। जनता दरबार में सदर प्रखंड के बसुआ पतराटोली निवासी बसिया उराँव ने राशन कार्ड होते हुए विगत चार वर्षों से राशन नहीं मिलने केलसंबध में आवेदन समर्पित करते हुए राशन दिलाने की गुहार लगाई। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन आइटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में किया गया। जनता दरबार में राशन कार्ड होते हुए राशन नहीं मिलने की समस्या से अवगत कराते हुए सदर प्रखंड के बसुआ पतराटोली निवासी बसिया उरांव ने बताया कि पहले चार बार राशन कार्ड के माध्यम से राशन मुहैया कराया गया। किंतु उन्होंने बताया कि विगत चार वर्षों से उन्हें राशन नहीं मिल रहा है तथा पीडीएस डीलर से पूछने पर लिखित में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को बताने की बात कही गई। उन्होंने उपायुक्त के समक्ष राशन उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। जिसपर उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एक अन्य मामले में घाघरा प्रखंड के कुगांव पंचायत के कुरगी ग्राम निवासी दिव्यांग महादेव महतो ने बताया कि दिव्यांग होने के कारण मुझे चलने-फिरने में काफी दिक्कत होती है। अत: उन्होंने उपायुक्त के समक्ष दिव्यांग साइकिल उपलब्ध करानेकी गुहार लगाई है। इसपर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एक अन्य मामले में झारखंड सहायक पुलिस की महिला कर्मियों ने सामूहिक रूप से 06 माह के मातृत्व अवकाश स्वीकृत कराते हुए उन्हें मातृत्व अवकाश का लाभ दिलाने हेतु गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उन्हें मातृत्व अवकाश नहीं मिलता है जिससे महिला कर्मियों को शिशुओं के जन्म के पश्चात् उनके पालन-पोषण में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इस निमित्त महिला कर्मियों द्वारा अधिनियम 1961 के तहत 06 माह के मातृत्व अवकाश की स्वीकृति दिलाने हेतु गुहार लगाई। जिसपर उपायुक्त ने आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पुलिस अधीक्षक को पत्र अग्रसारित किया। इसके अलावा जनता दरबार में अनुकंपा के आधार पर नौकरी दिलाने तथा टाना भगत समुदाय के लोगों द्वारा जमीन विवाद से संबंधित समस्या के निराकरण हेतु आवेदन समर्पित कर उपायुक्त से समस्या के निदान हेतु गुहार लगाई गई। जिसपर उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चत करने का निर्देश दिया।
कोडरमा। ट्रेड लाइसेंस को लेकर झुमरी तिलैया नगर परिषद ने मंगलवार से कार्रवाई शुरू कर दी है। नप के ईओ विनीत कुमार के निर्देश पर मंगलवार को शहर की दुकानों में ट्रेड लाइसेंस को लेकर दुकानों की जांच की गई। इसमें ट्रेड लाइसेंस नहीं होने की स्थिति में शहर की छह दुकानों को सील कर दिया जबकि अतिक्रमण को लेकर एक फुटपाथी दुकानदार पर दो हजार रुपये का जुमार्ना लगाया है। इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार ट्रेड लाइसेंस के अभाव में जिन दुकानों को सील किया गया है उनमें झंडा चौक स्थित जैन इलेक्ट्रॉनिक्स, वार्ड 12 में संचालित तेजस कलेक्शन, मनोहर प्रेस, ब्लॉक रोड में संचालित वीरू फर्नीचर, एके डिजिटल के नाम शामिल हैं। जबकि पुराना बस स्टैंड स्थित विवाह भवन को सील किया गया। इसके साथ साथ अतिक्रमण को लेकर इरशाद परवेज फुटपाथ जूता दुकान पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बता दें कि पिछले क ई महीनों से नप के द्वारा लोगों को ट्रेड लाइसेंस लिए जाने के लिए कहा जा रहा था। समय सीमा बीत जाने के बाइ यह कार्रवाई की गई। बाजार में दुकानदारों पर कार्रवाई होते देख वैसे कई दु कनदानदार जिनके पास ट्रेड लाइसेंस नहीं था उनके बीच भगदड़ मच गई और लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर अपना बचाव किया। कार्रवाई के दौरान नप के इओ विनीत कुमार, थाना प्रभारी अजय सिंह, सिटी मैनेजर प्रशांत भारती, टैक्स दारोगा महादेव यादव, रितिका पिंटेक कंपनी के प्रबंधक विनोद रवानी, सुदर्शन श्रीवास्तव, लखन सिंह, भोला दास, रौशन कुमार, अजय कुमार के अलावा पुलिस के कई जवान मौजूद थे।
गुमला। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज भरनो प्रखंड के सुपा, बसिया प्रखंड के तेतरा तथा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में पंचायतस्तरीय/ निकाय स्तरीय शिविर लगाया गया। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज भरनो प्रखंड के सुपा, बसिया प्रखंड के तेतरा तथा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में पंचायतस्तरीय/ निकाय स्तरीय शिविर लगाकर सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ योग्य लाभुकों से योजना संबंधित आवेदन प्राप्त करते हुए उनका त्वरित निष्पादन किया गया। आज आयोजित पंचायतस्तरीय शिविरों में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगा के जॉब कार्ड हेतु आवेदन प्राप्त करने तथा प्रवासी श्रमिकों के लिए प्राथमिकता के आधार पर जॉब कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत हड़िया बिक्री के रोजगार में संलग्न महिलाओं की पहचान कर उन्हें वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराया गया। शिविर में श्रम विभाग द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन सुनिश्चित कराया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को पोषण से संबंधित जानकारियां दी गई। सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच कंबल वितरण किया गया। सोना-सोबरन धोती/लुंगी-साड़ी योजना के तहत लाभुकों के बीच वस्त्र वितरण किया गया। इसके साथ ही शिविर में चिकित्सा अनुदान योजनांतर्गत आवेदकों से आवेदन पत्र प्राप्त किए गए। बसिया प्रखंड के तेतरा पंचायत में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में लाभुकों के बीच सरकार के जनकल्याणकारी य़ोजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें कोरोना का टीका लगवाने हेतु प्रेरित भी किया गया। शिविर में लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओ के लाभांश का वितरण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर 34 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। वहीं भरनो प्रखंड के सुपा पंचायत में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में पंचायतवासियों से जाति/ आय/ आवासीय/ वनाधिकार पट्टा/ राशन कार्ड/ पेंशन/ केसीसी आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं के त्वरित निष्पादन का कार्य किया गया।नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद ने सहभागिता कर लोगों को सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य रूप से जन्म/ मृत्यु प्रमाण पत्र, होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स, वार्डों की साफ-सफाई, ट्रेड लाईसेंस, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायतों, स्वयं सहायता समूहों का क्रेडिट लिंकेज, ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित कामगारों का निबंधन आदि कार्यों/ शिकायतों का निष्पादन किया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse