कोडरमा। चिल्ड्रेन आफ इंडिया फेडरेशन के द्वारा बुधवार को होटल तारा टॉवर में माइका परिवार से जुडे़ बच्चों को स्कूलों से जोड़ने के लिए पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया गया। इसमें कोडरमा के 10 गांव और गिरिडीह के 5 गावों का चयन किया है। यहां बच्चों को पुस्तकों के अलावा पढ़ाई में आनेवाले साभी प्रकार के पाठ्य सामग्री, साइकिल उपलब्ध कराई दी जाएगी। अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के द्वारा सामन उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ जिप प्रधान शालिनी गुप्ता, श्रम अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मनोज दांगी, दिल्ली से आए मुख्य तकनीकी सहायक अधिकारी घीओनी, विशेष तकनीकी अधिकारी निजाम इंसाफ, नरसिपन, मार्कडेय मिश्रा और जे. वीर बंधु ने संयुक्त रुप से उदघाटन किया। इस मौके पर संस्था के अधिकारियों ने कहा कि संस्था 2018 से 2020 तक कोडरमा के 31 गावों में सतत शिक्षा के चार हजार बच्चों को नियमित किया। साथ ही 150 परिवारों को स्वयं सहायता समूह के द्वारा आजीविका उपलब्ध कराया। कृषि से भी लोगों को जोड़ा गया। आनेवाले मार्च तक पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस कार्य को बेहतर बनाने की योजना है। वहीं मुख्य अतिथि जिप प्रधान शालिनी गुप्ता ने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता का मूल मंत्र है। राष्ट्र की उन्नति के लिए बच्चों की पढाई जरुरी है। बच्चे दश के भविष्य हैं। इसलिए यह जरुरी है उनकी शिक्षा और कल्याण पर विशेष जोर दिया जाए। राष्ट्र के निर्माण में आज के बच्चे ही कल के भारत का निर्माण करेंगे। वहीं श्रम अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि सामाजिक संगठन से जुड़कर बाल श्रम को रोकना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग भी असंगठित श्रमिक और निर्माण श्रमिक के बच्चों को 5 हजार से 50 हजार रुपए तक की राशि छात्रवृति के रुप में दी जाती है। मौके पर प्रोजेकट की शुरूआत केक काट कर की गई। कार्यक्रम में मुखिया महेश यादव, सुरेश दास, अनिता देवी, यशोदा देवी, रेणु देवी, संतोष साव सहित आंगनबाउी की सेविका और बाल मंच के बच्चे मोजूद थे।
सतबरवा पलामू। पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के बकोरिया गांव निवासी अकबर अली ने अपने कठिन परिश्रम और लगन से ड्रोन बनाकर उड़ा कर दिखाया है। अकबर अली ड्रोन को करीब 90 फीट ऊपर उड़ाकर दिखाया और बताया कि इससे अधिक भी ऊपर ड्रोन को उड़ाया जा सकता है। अकबर ने बताया कि ड्रोन बनाने की प्रेरणा मुझे इंटरनेट से मिली है। मेरे मन में एक जिज्ञासा था कि क्यों नहीं मैं भी अपने प्रयास से ड्रोन बनाऊं। उसने बताया कि इसके पूर्व करीब 1 वर्ष पहले प्लेन बनाया था। वह प्लेन उड़ा तो था लेकिन लैंड नहीं होकर क्रैश कर जाता था। प्लेन को लैंड कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन मुझे सफलता नहीं मिली। इसके बाद मेरा ध्यान ड्रोन की ओर गया और प्लेन में लगाये गये पार्ट्स से ड्रोन बनाने लगा, जिसमें मुझे सफलता मिली। ड्रोन का फे्रम होममेड है बाकी उसमें लगने वाले पार्ट्स को महाराष्ट्र, गुजरात और कोलकाता से मंगवाया गया है। बताया कि 26 जनवरी 2022 को गणतंत्र दिवस के मौके पर निर्मित ड्रोन के माध्यम से झंडोत्तोलन किया जायेगा और लोगों पर पुष्प की वर्षा करायी जाएगी। अकबर की शिक्षा जीएलए कॉलेज मेदिनीनगर से स्नातक तक की है। वह फिलहाल प्रज्ञा केंद्र चलाता है। उसने सरकार से सहयोग की अपेक्षा रखते हुए कहा कि अगर मुझे सरकार के सहयोग से इस प्रकार के निर्माण के लिए प्रशिक्षण दिलाया जाता तो मैं देशहित में कुछ अच्छा कर सकूंगा।
कोडरमा। इंडियन रेलवे कैटरिंग टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड भारत सरकार ने पर्यटकों की मांग पर कोडरमा होते हुए स्टैच्यू आफ यूनिटी एवं शिरडी ज्योतिर्लिंग दर्शन के साथ पश्चिम भारत दर्शन के लिए आस्था सर्किट स्पेशल पर्यटन ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। इस ट्रेन का प्रतिदिन का किराया 900 रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की दर से लिया जाएगा। यह ट्रेन 17 दिसंबर को धनबाद से खुलेगी और गोमो, कोडरमा, गया, तिलैया, राजगीर, नालंदा, बिहार शरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर, दिलदारनगर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए स्टैच्यू आॅफ यूनिटी, महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग आदि तीर्थ स्थलों का दर्शन कराते हुए 29 दिसंबर को वापस लौटेगी। यह पूरी यात्रा 12 रात और 13 दिन की होगी। इसका कुल किराया सभी कर सहित 12,285 रुपये है। उपरोक्त तीर्थ स्थल तीर्थ यात्रियों के लिए कोरोना के निदेर्शों का पालन करते हुए दर्शन करने के लिए खुल चुका है। स्लीपर क्लास में होगी यात्रा : इस यात्रा में पर्यटकों के लिए स्लीपर क्लास से यात्रा, शाकाहारी भोजन, घूमने के लिए बस, रहने के लिए धर्मशाला की व्यवस्था तथा प्रत्येक कोच में सिक्योरिटी गार्ड, मास्क और सैनिटाइजर की उपलब्धता एवं टूर एस्कॉर्ट की व्यवस्था की गई है। यह जानकारी आईआरसीटीसी पटना के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने दी है।
कोडरमा। झुमरी तिलैया नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार के मामले को लेकर निवर्तमान वार्ड पार्षद बालगोविंद मोदी बुधवार को नगर परिषद कार्यालय के सामने एक दिन ही धरना पर बैठे। धरना के बाद उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विनीत कुमार को 13 सूत्री मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। प्रमुख मांगें : वार्ड पार्षद बालगोविंद मोदी ने कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपे गये मांग पत्र में शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, केएमएसडब्ल्यू ने कचरा संग्रह में अनियमितता बरतने को लेकर इसका भुगतान रोकने और सफाईकर्मी की बहाली के लिए सरकार को पत्र लिखने, शहर के विभिन्न इलाकों में खराब पड़े स्ट्रीट लाइट की मरम्मति शीघ्र करवाने, लोगों के द्वारा दिए गए आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई करने, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र को एक महीना के अंदर बनवाने, जब तक चुनाव नहीं होता तब तक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों के द्वारा दिए गए आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने, सरकार द्वारा आवंटित राशि का जनप्रतिनिधियों से राय लेकर निविदा निकालकर स्थानीय संवेदक को निविदा देने, वार्ड नंबर 23 के गैस गोदाम गली में 15वें वित्त आयोग से आवंटित राशि से निकालकर जल निकासी की व्यवस्था करने, वार्ड नंबर 9 में नाली हेतु निविदा निकालने, वार्ड नंबर 7 स्थित दीनानाथ सिंह कैंपस में लगाए जा रहे पेवर ब्लॉक में की जा रही गड़बड़ी की जांच कर कार्रवाई करने, वार्ड नंबर 3 में डंप के बाहर फेंका जा रहा कचरा को साफ कर भविष्य में फेंकने पर रोक लगाने, वार्ड नंबर 11 में तालाब सौंदर्यीकरण के नाम पर घोटाले की जांच करा कर कार्रवाई करने, पूर्व की तरह प्रत्येक वार्ड में दो-दो सफाई कर्मी को देने और पीएम आवास योजना के अंतर्गत लाभुकों के दूसरे, तीसरे और चौथे राशि जो पिछले 6 महीने से लंबित पड़ा है उसका भुगतान करने आदि शामिल हंै। कार्यपालक को सौंपा गए ज्ञापन में पूर्व अध्यक्ष प्रकाश राम, नीरज कुमार, घनश्याम तुरी, वसंत सिंह, नरेंद्र सिंह चंदेल, पप्पू सोनी, महावीर साव, वंशी साव, फुलवंती देवी, किरण देवी, भुनेश्वर यादव, चेतलाल समेत अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं।
इटखोरी। वन विभाग की टीम ने बुधवार को इटखोरी थाना क्षेत्र के गुरिवा टांड़ जंगल में अवैध रूप से संचालित एक मिनी कत्था फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर से कत्था बनाने के प्रयोग में लाये जाने वाले चार बड़े बर्तन और लगभग पचास किलो ताजा बना गीला कत्था के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सिमरिया थाना क्षेत्र के केदार भुइयां पिता विनय भुइयां के रूप में हुई है। वनपाल प्रभात कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गुरिवाटांड़ जंगल में कुछ तस्कर सक्रिय हैं जो अवैध रूप से मिनी कत्था फैक्टरी चला रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए वन रक्षकों की टीम के साथ जब मैंने छापेमारी की तब उस मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन हुआ। वन विभाग की टीम ने वहां के चूल्हे-चौके को ध्वस्त किया और बरामद सामानों को जब्त कर वन कार्यालय लाया गया। छापामारी अभियान में कमल किशोर मृत्यंजय कुमार प्रकाश कुमार, राजेश तिवारी, कार्तिक कुमार, तारकेश्वर माहतो, आशीष, धर्मेंद्र कुमार शामिल थे।
इटखोरी। जिले के चर्चित और प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना के लिए प्रसिद्ध भोजपुरी लोक गायिका देवी बुधवार की सुबह करीब आठ बजे पहुंची। आधा घंटे तक पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने माता से क्षेत्र की सुख समृद्धि व शांति की प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने पंचमुखी हनुमान, सहस्त्रशिवलिंगम का दर्शन किया। मंदिर के अवलोकन के बाद कहा कि भद्रकाली माता का दर्शन कर अभिभूत हूं। माता के दर्शन के बाद असीम शांति मिली। उन्होंने कहा कि वह दूसरी बार यहां पहुंची हैं। जब तक देवी मंदिर में रही, परिसर में जबर्दस्त भीड़ रही। लोग देवी के साथ सेल्फी लेने को बेताब दिखे। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से कार्यालय में सुरेन्द्र सिंह देवी को माता भद्रकाली की प्रतीक चिह्न भेंट किये। मौके पर सुरेंद्र सिंह, अजित सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद थे।
कोडरमा। बिरसा सांस्कृतिक भवन में अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। उन्होंने सभी सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल अधिकारी से मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत किये जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त किये। उन्होंने सुपरवाइजर एवं बीएलओ के द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु एकत्रित किये गये फार्म-06 के बारे में जानकारी ली। एसडीएम ने सुपरवाइजर व बीएलओ को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि डोर-टू-डोर भ्रमण कर फॉर्म-6 एकत्रित करते हुए छुटे हुए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ेंगे। साथ ही मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते वहां की व्यवस्थाओं व कमियों पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने की बात कही। सभी सुपरवाइजर व बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं का पहचान पत्र में सादा फोटो है, उसे हटाते हुए नया रंगीन फोटो लगायें। वोटर हेल्पलाइन नंबर ऐप डाउनलोड करने का निर्देश दिया। सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी व सुपरवाइजर को दिव्यांग मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का निर्देश दिया गया। मौके पर बीडीओ सतगावां वैद्यनाथ उरांव, मरकच्चो सीओ राम सुमन प्रसाद, नगर प्रशासक नगर पंचायत कोडरमा जितेंद्र कुमार जैसल, नगर प्रशासक नगर परिषद झुमरी तिलैया विनित व अन्य मौजूद थे।
एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड में पंचायत चुनाव जनवरी-फरवरी 2022 में ही होने की संभावना है। इस वर्ष नवंबर-दिसंबर तक राज्य सरकार पंचायत चुनाव के लिए जमीन तैयार करेगी। इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार सभी जिला, प्रखंड, नगर निकाय समेत 4351 पंचायतों के लोगों के घर-घर तक पहुंचेगी। इस दौरान पंचायतों में कैंप लगाकर लोक कल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित किया जाएगा । अब नई मतदाता सूची के आधार पर राज्य में हो सकेगा पंचायत चुनाव : जनवरी-फरवरी 2022 में पंचायत चुनाव होने पर नई मतदाता सूची के अनुसार चुनाव हो सकेंगे। जनवरी के पहले सप्ताह में नई मतदाता सूची का प्रकाशन होता है। अगर मतदाता सूची के प्रकाशन के पूर्व अधिसूचना जारी की जाती है तो चुनाव उस आधार पर होंगे, नहीं तो नई मतदाता सूची के आधार पर चुनाव आयोजित किए जाएंगे। नई मतदाता सूची के आधार पर चुनाव होने पर निर्वाचन विभाग का काम बढ़ जाएगा और फिर से मतदाताओं की सूची तैयार करनी होगी। वर्तमान में निर्धारित पंचायत चुनाव जनवरी 2021 की मतदाता सूची के आधार पर होना था, लेकिन जनवरी 2022 नई मतदाता सूची आने पर उसी आधार पर चुनाव की तैयारी करनी होगी। सभी जगहों पर नई मतदाता सूची देनी होगी, जिसके आधार पर नया वोटर लिस्ट निकलेगा, तभी चुनाव हो सकेगा। इसमें मतदान केंद्रों का भी गठन नए सिरे से करना होगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse