झारखंड

View All
Published / 2021-11-26 09:35:58
500 करोड़ करोड़ क्या, पांच अन्ना का भी नहीं किया घोटाला : रामदास

मेदिनीनगर। धान खरीद मामले में पांच सौ करोड़ क्या पांच अन्ना का भी घोटाला नहीं हुआ है। उक्त बातें पांकी विधानसभा क्षेत्र के नेता सह समाजसेवी रामदास साहू ने कही। वे अपने ऊपर लगे घोटाले के आरोपों को लेकर प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रख रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरी पारदर्शिता के धान खरीद में घोटाला नहीं भ्रम फैलाया जा रहा है। भारतीय खाद्य निगम धान की खरीदारी करती है। जिसका प्रति वर्ष औडिट भी सरकार कराती है। जहां तक हमारा मामला है तो मेरा राईस मिल है जिसका सरकार के साथ अनुबंध है। अनुबंध के अनुसार एफसीआई का 30% धान की कुटाई कर चावल लौटाना पड़ता है। साथ ही राईस मिल चलाने के लिये करार के मुताबिक एफसीआई से धान खरीदी करना पड़ता है। इसलिए किसानों से धान क्रय में मेरा कोई संबंध दूर- दूर तक नहीं है। जहां तक धान बिक्री का मामला है तो व्यवसायी होने के साथ-साथ मैं एक किसान भी हूं और धान सहित सभी फसल पैदा करता हूं। हमारे जमीन का सारा विवरण सरकारी रिकॉर्ड में है। तो जब हम धान पैदा करते हैं, तो सरकार के पास बेचते भी हैं। धान बेचना गुनाह कैसे हो सकता है? जहां तक दूसरे प्रखंड के विक्रय केन्द्र पर धान बेचने की बात है तो यह एफसीआई तय करती है और एफसीआई का गोदाम जहां खाली रहता है एफसीआई संबंधित किसानों को उक्त केंद्र पर अपनी उपज धान बेचने के लिए बुलाती है। साथ ही सरकारी निर्देशानुसार अपना धान कुटाई के लिए राइस मिल में भेजती है। एक क्विंटल धान के बदले 68 kg चावल हम एफसीआई को देते हैं। एफसीआई धान एवम चावल लाने ले जाने के लिए भाड़ा देती है फिर घोटाला कहां हुआ? पांकी विधानसभा में हमारी बढ़ती लोकप्रियता से कुछ लोगों को ईर्ष्या होने लगी है। ऐसे ही लोग घबराकर कुछ लोगों के साथ मिलकर साजिश कर हमारी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। मौके कामेश यादव, नौशाद खान, भोला पांडेय, जगदीश पांडेय, राजा गुप्ता, राजेन्द्र दूबे, ललन साहू, अजय साहू व कमलेश सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Published / 2021-11-26 08:07:10
शराब के नशे में धुत युवक ने कार से चार को कुचला, एक की मौत

रांची। राजधानी रांची में भीषण सड़क हादसा हुआ है। नामकुम रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को कुचल दिया है। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। कहा जा रहा है कि कार चालक नशे में धुत था इसी दौरान उसने सड़क पर से गुजर रहे चार लोगों को कुचल दिया। गुरुवार की देर रात नामकुम रेलवे क्रॉसिंग के पास एक तेज रफ्तार कार की वजह से पचिया देवी (45) असमय काल की गाल में समा गई। गुरुवार की देर रात पचिया देवी अपने एक परिचित के साथ घर लौट रही थी। इसी बीच सिल्ली की तरफ से आ रही एक कार ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। कार सवार इस कदर नशे में चूर था कि उसने महिला को कुचलने के बाद दो बाइक सवार को भी अपने चपेट में ले लिया। कार की स्पीड इतनी अधिक थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 3 लोग सड़क पर ही खून से लथपथ पड़े हुए थे। मामले की जानकारी मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। नामकुम थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि घायलों में दो की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।वहीं, चार लोगों को कुचलने के बाद भाग रहे कार चालक थोड़े ही दूर आगे जाकर एक पोल से टकरा गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कार चालक मनोरंजन कुमार और कार में बैठी उसकी प्रेमिका की जमकर पिटाई कर दी। हालांकि इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसे बचा कर थाने ले आई। हिट एंड रन केस में कार चालक मनोरंजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मनोरंजन ने बताया है कि वह और उसकी प्रेमिका दोनों रांची से शादी की खरीदारी कर सिल्ली लौट रहे थे। रास्ते में उसने शराब भी पी थी। शराब के नशे में ही बस खाली सड़क देखकर अपनी प्रेमिका को कार की स्पीड दिखा रहा था, उसी दौरान हादसा हो गया।

Published / 2021-11-26 08:00:10
कोडरमा : सेक्रेड हार्ट स्कूल में मना संविधान दिवस कार्यक्रम

कोडरमा। सेक्रेड हार्ट स्कूल में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया गया। मौके पर विद्यालय के शिक्षकों और छात्रों ने संविधान की शपथ ली और संविधान द्वारा प्राप्त दिशा निर्देश के अनुसार जीवन पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। विद्यालय के प्राचार्य नवीन कुमार ने छात्रों को संविधान की शपथ दिलाई। विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव प्रमोद कुमार और प्राचार्य नवीन कुमार ने कहा कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है। हमें इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें असंवैधानिक भाषा तथा कार्यों से स्वयं को मुक्त रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सब संविधान के नियमों से किसी न किसी रूप में बंधे हुए हैं। हमें संविधान के नियमों का अनुपालन करते हुए जीवन पथ पर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम सीसीए इंचार्ज प्रवीण कुमार की देखरेख में हुआ। इसमें वर्ग 6 से 9 के लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम कोविड-19 के निर्देशानुसार हुआ। मौके पर शिक्षकों में राजन कुमार, किशोर कुणाल, सुभय कुमार, प्रवीण कुमार, संजय तिवारी, जेपी सिंह, सुनील सिंह, रमेश कुंज, फैयाज कैसर, शंकर कुमार, राशिद हुसैन, पीटीआई शिक्षक राहुल कुमार, संजय सिन्हा, संजय मिश्रा, कविता झा, पायल सिंह, विशाल आनंद समेत अन्य शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मी मौजूद थे।

Published / 2021-11-26 05:23:22
गुमला : छोटू खेरवार के दस्ते ने ली नवनिर्मित थाना भवन उड़ाने की जिम्मेवारी, पर्चा छोड़ कहा- गिरफ्तारी के विरोध में की गई है कार्रवाई

गुमला। गुमला जिला के कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र में एक नवनिर्मित भवन को नक्सलियों ने बम लगा कर उड़ाते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। घटना को छोटू खेरवार के दस्ते ने अहले सुबह अंजाम दिया है। करीब 150 से 200 की संख्या में आये नक्सलियों ने पूरे घटना को अंजाम दिया है।नक्सलियों ने घटना को अंजाम देने के बाद थाना के बाउंड्री पर एक पर्चा छोड़ा है। सूचना मिलने के बाद एसपी एहतेशाम वकारीब घटनास्थल के लिए रवाना हो गए है। इस घटना में थाना का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद से पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। आसपास इलाके में पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।सूत्रों के अनुसार छोटू खेरवार का दस्ता पिछले दो दिन से इलाके में घूम रहा है। इस बात की सूचना कुछ वरीय अधिकारियों को भी थी। छोटू अपने कुछ साथियों के साथ इलाके में आया था। सबसे पहले उसने इलाके के कुछ लोगों को अपने दस्ते में लिया, फिर घटना को अंजाम दिया है। छोटू खेरवार के इलाके में प्रवेश करने की पुष्टि नहीं रहने के कारण अधिकारी ने मामले को हल्के में लिया। जिसके बाद छोटू खेरवार के दस्ते ने थाना भवन उड़ा कर अपनी उपस्थिति दर्ज करा ली। 23 से 25 नवंबर तक चार राज्यों में नक्सलियों में बुलाया था बंद नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने 23 से 25 नवंबर तक चार राज्य झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बंद बुलाया था। चार दिनों के अंतराल में नक्सलियों की ओर से दूसरी बार बंद बुलाया गया था। इसके पहले 20 नवंबर को बुलाये बंद के दौरान झारखंड में नक्सलियों ने लातेहार और चक्रधरपुर में रेल की पटरियां उड़ा दी थी। सुरक्षा बलों की चौकसी और सतर्कता की बदौलत नक्सलियों के इस बंद के दौरान आम तौर पर विधि व्यवस्था कायम रही। हालांकि, आज फिर बंद खत्म होने के दूसरे दिन घटना को अंजाम देकर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है।

Published / 2021-11-25 12:44:38
झारखंड हाईकोर्ट परिसर में सुबह 6:30 से दस दिनों तक लगेगा योग कैंप

रांची। आज (गुरुवार) से झारखंड हाई कोर्ट, रांची में दस दिनों का योग स्वास्थ्य प्रबंधन शिविर का आयोजन स्वामी मुक्तरथ के सान्निध्य में प्रारंभ हुआ है। हाईकोर्ट परिसर में प्रात: 6:30 से 7:30 तक माननीय न्यायमूर्ति अप्रेस कुमार सिंह सहित वरीय न्यायाधीश, रजिस्ट्रार और उच्च न्यायालय के कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में योगाचार्य मुक्तरथ जी के निर्देशन में योगाभ्यास किया। श्री मुक्तरथ ने बताया कि कोविड के बुरे वक्त में योग ही व्यक्ति का शक्तिशाली उपाय बन कर उभरा, जो कोरोना से बचाव में लोगों की इम्युनिटी बढ़ायी। कोरोना से ग्रसित हो जाने पर जल्द ठीक होने में सहायक सिद्ध हुआ और कोरोना से मुक्त होने के बाद उसके साईड इफेक्ट को दूर करने में तथा स्फूर्ति लाने में शक्तिशाली साधन साबित हुआ। न्यायिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए माननीय न्यायमूर्ति अप्रेस कुमार सिंह ने अपने स्वयं के अनुभव को साझा करते हुए योग के महत्ता को बताये। उन्होंने कहा योग न्याय व्यवस्था में आप को सहयोग करेगा क्योंकि प्राणायाम, ध्यान और सूक्ष्म यौगिक क्रिया (पवन मुक्तासन भाग-1) मन और मष्तिस्क पर सकारात्मक प्रभाव छोड़ता है। यह क्रिया दिन भर आपको चुस्त और दुरुस्त रखेगा तथा तरोताजा बनाये रखता है। जस्टिस अप्रेस सिंह ने कहा कि मैं अपने फ्रोजन सोल्डर के दर्द से काफी परेशान था जो मुक्तरथ जी के निर्देशन में मात्र पंद्रह दिनों में ठीक हो गया साथ ही योग करके दिन भर मैं तरोताजा अनुभव करता हूं जो जिम या अन्य व्यायाम से नहीं आ पाता है। जिम से शरीर को मजबूती जरूर मिलती है पर मन का हल्कापन या शरीर की लोच क्षमता योग से ही आती है। योग का दूसरा पक्ष यह है कि इसका प्रभाव इंडोक्राइन ग्लैंड पर जबर्दस्त रूप से पड़ता है जिससे थायराईड,पट्यूटरी, प्रोस्टेट या अन्य ग्रंथियां स्वस्थ बनी रहती है। उन्होंने कहा, मैं विगत चार महीने से मुक्तरथ जी के सानिध्य में योग का अभ्यास कर रहा हूं। मैं खुद के अनुभव को आप के बीच साझा किया है। भस्त्रिका प्राणायाम से मुझे साइनस में बहुत लाभ मिला, वहीं नाड़ीशोधन मन को स्फूर्त रखने में बहुत मददगार साबित हुआ। पवनमुक्तासन शरीर के ग्लैंड को समाप्त करने, जोड़ों में लचीलापन लाने और ब्लॉकेज को खोलने में बहुत शक्तिशाली है। योग कक्षा का संचालन रजनीश कुमार और अवनीश कुमार ने किया।

Published / 2021-11-25 11:44:33
ग्रिजली कॉलेज आफ एजुकेशन में मना सांप्रदायिक सौहार्द सप्ताह

कोडरमा। ग्रिजली कॉलेज आॅफ एजुकेशन झुमरी तिलैया की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में सांप्रदायिक सौहार्द सप्ताह मनाया गया। मौके पर स्वयंसेवक ने अपना विचार प्रस्तुत किए। कॉलेज परिसर और परिसर के बाहर स्वयंसेवकों ने गोद लिए गांव इंदरवाटांड़ में लोगों को सांप्रदायिक सौहार्द के बारे में बताया। मौके पर कॉलेज के कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ शर्मा ने सभी स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों को सांप्रदायिक सौहार्द सप्ताह के विषय में अपने विचारों को प्रस्तुत किया। कॉलेज के स्वयंसेवक सुष्मिता सिंह ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए हम सबको मिल जुल कर रहना जरूरी है। कॉलेज के प्राध्यापक मोहित तिवारी ने इकबाल की पंक्तियां सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तां हमारा से प्रेरणा लेने की बात कही एवं समाज में सांप्रदायिक सौहार्द से रहने की बात कही। मौके पर कॉलेज के स्वयंसेवक मोचन दयाल, शमा परवीन अनुपम कुमार सिंह, भारती, कोमल शर्मा, कल्पना सिंह, रंजू टूडू, सुधीर, अनुराधा, सोनम, खुशबू, दयानंद कुशवाह, पवन, कालीचरण मुर्मू, आदि एवं कॉलेज के प्राध्यापक गण वागीश दुबे, मृदुला भगत, कृष्ण कुमार सिंह, अजय गुप्ता, मनीष कुमार, पासवान, रोहित कुमार उपस्थित थे। संपूर्ण कार्यक्रम कॉलेज के कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ शर्मा की देखरेख में संपन्न हुआ।

Published / 2021-11-25 11:42:47
कोडरमा : स्वास्थ्य विभाग की बैठक में डीडीसी ने ली कार्यों की जानकारी

कोडरमा। समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की बैठक की गयी। बैठक में सर्वप्रथम पूर्व की बैठक में लिये गये निर्णयों की कार्यवाही पर विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए सिविल सर्जन कोडरमा के अधूरे कार्यों का यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिये। डीडीसी ने कोविड वैक्सीनेशन हेतु किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि बीडीओ व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों को वैक्सीनेशन से आच्छादित करें। कुपोषण उपचार केंद्र को लेकर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को सीडीपीओ व महिला पर्यवेक्षिका से समन्वय स्थापित करते हुए कुपोषित बच्चों को सेंटर में भेजने का निर्देश दिया गया ताकि अधिक से अधिक कुषोषित बच्चों का ससमय उचित उपचार किया जा सकें। परिवार नियोजन हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए कैंप लगाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त टी.वी, मलेरिया, अनमोल एप्प इत्यादि के प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त किये। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ डीपी सक्सेना, दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शरद, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य मौजूद थे।

Published / 2021-11-25 10:34:07
हथियार सप्लाई : एटीएस की कार्रवाई में बीएसएफ के कांस्टेबल सहित 4 गिरफ्तार

रांची। झारखंड में नक्सलियों व अपराधियों को हथियार और गोली की सप्लाई करने वाले गिरोह के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी में बीएसएफ के कॉन्स्टेबल कार्तिक बेहरा, कुमार गुरलाल ओचेवारे, शिवलाल धवन सिंह चौहान और हिरला गुमान सिंह ओचवारे शामिल है। इनकी गिरफ्तारी बिहार, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र व पंजाब से हुई है। उक्त जानकारी आईजी अभियान अमोल वेणुकान्त होमकर ने प्रेसवार्ता में दी।उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है। इनलोगों के पास से एटीएस की टीम ने 14 पिस्टल, 21 मैगजीन, 8304 गोली, खाली खोखा, डेटोनेटर, बाइक और मोबाइल जब्त किया है। बताया जाता है कि पूर्व में हथियार और गोली की सप्लाई करने वाले सीआरपीएफ जवान सहित तीन लोगों को एटीएस ने मंगलवार (16 नवंबर) को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार लोगों में सीआरपीएफ जवान अविनाश कुमार उर्फ चुन्नू शर्मा (29), ऋषि कुमार (49) और पंकज कुमार सिंह (48) शामिल थे।बइनकी निशानदेही पर 5.56 एमएम की 450 राउंड गोली जब्त की गयी थी। इसके बाद एटीएस ने 18 नवंबर को धनबाद में कारवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के चिरकुंडा के रहने वाले कामेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके पास से दो पिस्टल, 14 कारतूस और तीन मैगजीन भी बरामद किया गया था। गिरफ्तार हुए इन सभी आरोपियों के दिए सूचना के आधार पर एटीएस ने कार्रवाई करते हुए चार अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अविनाश उर्फ चुन्नू सीआरपीएफ 182 में आरक्षी के रूप में पुलवामा में पदस्थापित था। वह छुट्टी पर घर आने के बाद चार माह से कार्य से अनुपस्थित था। वह वर्ष 2011 में मोकामा ग्रुप सेंटर में सीआरपीएफ में बहाल हुआ था। पूर्व में वह 112 बटालियन सीआरपीएफ लातेहार और 204 बटालियन कोबरा जगदलपुर में पदस्थापित रहा था।पूछताछ में यह बात सामने आयी है कि आरोपियों द्वारा नक्सलियों को भारी संख्या में एके- 47 और इनसास राइफल उपलब्ध कराये गये हैं। इसके अलावा विभिन्न आपराधिक गिरोह, जिसमें अमन साहू गिरोह भी शामिल है, को भी हथियार और गोली उपलब्ध करायी गयी है। सीआरपीएफ जवान अविनाश अमन साहू के अलावा शेरघाटी जेल में बंद अपराधी हरेंद्र यादव और गया जेल में बंद लल्लू खान के संपर्क में था।

Page 1534 of 1609

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse