रांची। झारखंड में अभी तक ओमीक्रोन के एक भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन राज्य में जिस प्रकार अचानक कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है, विशेषज्ञ उसे ओमीक्रोन की आहट जरूर मान रहे हैं। राज्य में कोरोना के संक्रमण की स्थिति यह है कि पिछले दो सप्ताह में राज्य में मरीजों की संख्या में लगभग चार गुणा (3.64 गुणा) बढोतरी हुई है। आंकड़ों की बात करें तो दो सप्ताह पहले 6-12 दिसंबर के बीच राज्य में महज 89 कोरोना मरीज मिले थे। जबकि, बीते छह दिनों (20-25 दिसंबर) में ही राज्य में 324 मरीज मिल चुके हैं। कोडरमा के बाद रांची और अब धनबाद में भी बढ़ी रफ्तार इस सप्ताह राज्य में कोरोना के नये मरीजों के बढ़ने का सिलसिला सबसे पहले कोडरमा में शुरू हुआ। इसके बाद मरीज राजधानी रांची में भी बढ़ने लगे। अभी इन दोनों जिलों में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी पर बात चल ही रही थी कि धनबाद में भी मरीजों के बढ़ोतरी शुरू हो गयी। राज्य में 6 से 12 दिसंबर के बीच महज 89 मरीज मिले थे। जबकि, बीते छह दिनों (20 से 25 दिसंबर) में 324 मरीज मिल चुके हैं। इन 324 में 133 मरीज कोडराम, रांची और धनबाद में ही मिले हैं। राज्य में मिले 324 मरीजों में से कोडरमा में सर्वाधिक 103 मरीज मिले हैं जबकि रांची में 96, धनबाद में 24 और पूर्वी सिंहभूम में 22 मरीज मिले हैं।
रांची। HEC कर्मचारियों की हड़ताल पिछले 28 दिनों से जारी है। पिछले 7 महीने के बकाये वेतन की मांग को लेकर ये लोग हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दौरान कर्मचारी आए दिन HEC मुख्यालय के सामने धरना देते हैं और अपने वेतन की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रबंधन और केंद्र सरकार मजदूरों को वेतन देने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। इनके समर्थन में अब राजनीतिक दल भी आगे आने लगे हैं। विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने बताया कि जिस तरह से केंद्र सरकार बहरी और गूंगी हो गई है। इसको देखते हुए कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में 30 और 31 दिसंबर को विशाल विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। 31 दिसंबर को एचईसी क्षेत्र के सभी लोग अपने अपने घरों में रहकर 7 बजे शाम में ताली और थाली बजाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध करेंगे। वहीं 30 दिसंबर को एचईसी मुख्यालय के सामने खिजड़ी विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में एक व्यापक धरना प्रदर्शन किया जाएगा। क्योंकि उसी दिन एचईसी कारखाने का स्थापना दिवस भी है। इसीलिए 30 दिसंबर को HEC मुख्यालय के सामने महाधरना का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें यह चर्चा की जायेगी कि एचईसी के मजदूरों को कैसे जल्द से जल्द वेतन दिलाई जाए और किस प्रकार एचईसी कारखाना को बचाया जाए। वहीं आपको बता दें कि सोमवार को भी देर शाम क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने यूनियन के नेताओं और HEC प्रबंधन को वार्ता के लिए बुलाया है, जिसमें यह चर्चा की जाएगी कि किस प्रकार से मजदूरों की मदद करते हुए हड़ताल समाप्त कराई जाए। गौरतलब है कि एचईसी के मजदूरों को वेतन पिछले 7 महीनों से नहीं मिला है, जिसको लेकर मजदूरों की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। इसी को देखते हुए विभिन्न राजनीतिक पार्टियां मजदूरों की मदद के लिए आगे आ रही हैं। अब देखने वाली बात होगी कि कांग्रेस के नेतृत्व में 30 दिसंबर और 31 दिसंबर को किया जाने वाला विरोध प्रदर्शन कितना असरदार होता है।
रांची। राजधानी रांची के खेल गांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में पिछले कई दिनों से चल रहे मुख्यमंत्री आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता 2021 का समापन हो गया। इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच रामगढ़ और ईस्ट सिंहभूम के बीच खेला गया। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे। प्रतियोगिता 2021 के समापन समारोह का आयोजन बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में किया गया। इस टूर्नामेंट में पूर्वी सिंहभूम की महिला टीम और पुरुष वर्ग में भी ईस्ट सिंहभूम की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया और खिताब अपने नाम किया। मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए बधाई दी है। सीएम ने कहा कि एक महीने से यह खेल पूरे राज्य में आयोजित हुए हैं। 15 नवंबर से इसका आयोजन चल रहा था। खिलाड़ी खेल का हुनर लगातार दिखा रहे हैं। झारखंड के खेल और खिलाड़ियों के लिए यह आयोजन बेहतर साबित होगा। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 3 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया। वहीं उप विजेता टीम को ट्रॉफी और दो लाख का चेक दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इस राज्य में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार लगातार चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है।।खेल से जुड़ी तमाम योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। गांव, प्रखंड, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड के खिलाड़ी अपना लोहा मनवा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय पटल पर झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा है।
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में आज सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। घने कोहरे की वजह से रांची में विजिबिलिटी काफी घट गई है। 50 मीटर के बाद कुछ नहीं दिख रहा है। जानकारी के अनुसार एनएच पर गाड़ियां फॉगलाइट के साथ धीरे धीरे चल रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के पूर्वानुमान में बताया है कि 31 दिसम्बर तक पूरे राज्य में सबसे अधिक ठंड मैस्कुलीगंज में पड़ सकती है। यहां के तापमान में पांच से छह डिग्री की कमी आ सकती है। वहीं राज्य के दूसरे जिलों पलामू, चतरा, रांची, कोडरमा, रामगढ़ आदि जिलों में भी ठंड में बढ़ोतरी होगी। इन जिलों में भी रात के तापमान में कमी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 दिनों में झारखंड में बारिश भी होगी। इधर, रांची और इसके आसपास धुंध कुछ इस तरह छाया रहा कि सड़कों पर 20 मीटर पर भी वाहन साफ नहीं दिख रहे थे। हाईवे पर धुंध की वजह से विजिब्लिटी कम हो गई। इससे वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई। वहीं, मौसम में इस परिवर्तन के बाद ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञ नीतीश प्रियदर्शी का कहना है कि सापेक्षिक आर्द्रता शत प्रतिशत होने पर हवा में जलवाष्प की मात्रा स्थिर हो जाती है। इससे अतिरिक्त जलवाष्प के शामिल होने से या तापमान के कम होने से संघनन शुरू हो जाता है। जलवाष्प से संघनित छोटी पानी की बूंदे वायुमंडल में कोहरे के रूप में फैल जाती हैं। जब कोहरे का धुएं के साथ मिश्रण होता है तो उसे धुंध (स्मॉग) कहते हैं। रांची में घने कोहरे की वजह रफ्तार पर भी ब्रेक लगी है। ऐसे समय में गाड़ी चलाते वक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। क्योंकि कई बार ऐसा लगता है कि कोहरा खत्म हो गया है। कोहरा खत्म होने से विजिबिलिटी बढ़ जाती है। लेकिन इस दौरान विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होती है क्योंकि थोड़ी दूरी पर अचानक घना कोहरा मिलने की संभावना रहती है।
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर देश में गैर दोहरे इंजन वाली राज्य सरकारों के प्रति अलग विचार रखने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि यदि उनके राज्य ने अपने वैध बकाये की मांग शुरू कर दी तो केंद्र घुटनों पर आ जाएगा। हेमंत सोरेन ने सोमवार को अपने आवास पर चुनिंदा मीडिया से बातचीत में कहा कि 29 दिसंबर को उनकी सरकार के सत्ता में आए दो साल हो जाएंगे। वर्तमान केंद्र और राज्य संबंधों के परिदृश्य के तहत यह बिल्कुल स्वाभाविक है कि जहां कोई डबल इंजन सत्ता में नहीं होगी तो समस्याएं होगी, जबकि जहां भी डबल इंजन होगा, वे राज्य ह्यअधिक लाभकारी और घटित होंगे। उन्होंने कहा, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि डबल इंजन वाली सरकार राज्यों की सत्ता में हैं या नहीं, लेकिन लोकतंत्र में कुछ चीजें हैं जिन्हें बदला नहीं जाना चाहिए, उन्होंने कहा कि केंद्र को विभिन्न राज्यों को अलग तरह से नहीं देखना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में केंद्रीय एजेंसियां और एनटीपीसी, डीवीसी और कोल इंडिया जैसे सार्वजनिक उपक्रम ज्यादातर काम कर रहे हैं, इसलिए जाहिर है कि केंद्र से राज्य की और मांगें होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उनका समाधान एक साथ खोजना होगा, जिसमें राज्य सरकार निष्पादन निकाय की भूमिका निभा सकती है।
हजारीबाग। हेमन्त सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर आजसू पार्टी 28 दिसम्बर 2021 को विश्वासघात दिवस के रूप में मनायेगी। आजसू पार्टी के हजारीबाग जिला अध्यक्ष विकास राणा ने कहा कि वर्तमान सरकार दो वर्षों में अपने एक भी वादे पुरा नहीं कर सकी है। पिछड़ी जाति को 27 प्रतिशत आरक्षण की बात हो, 5 लाख नौकरियों की बात हो, किसानों के ऋण माफी की बात हो, शिक्षित बेरोजारों को बेरोजगारी भत्ता देने की बात हो, स्थानीय नीति बनाने की बात हो, नौकरी में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण की बात हो एक भी वादे जो अपने घोषणा पत्र में इन्होंने कहा था वो पूरा नहीं किया। इसीलिए आजसू पार्टी 28 दिसंबर को आजसू पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष सह झारखण्ड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो के निदेर्शानुसार सभी जिला मुख्यालय एवं सभी प्रखंड मुख्यालय में जन पंचायत लगाकर सरकार के 2 वर्षों के कार्यकाल के पदार्फाश करते हुए विश्वासघात दिवस मनाएगी। हजारीबाग जिलाध्यक्ष विकास राणा ने कहा कि आजसू पार्टी झारखण्ड के मुख्यमंत्री और सत्ताधारी सभी पार्टियों को उनके वादों को याद दिला रही है कि झारखंड की जनता को ठगने का काम मत कीजिये। झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने जो वादे आप किये हैं उसे उनके वादे को निभाना होगा नहीं तो आजसू पार्टी सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगी। आजसू पार्टी के हजारीबाग जिलाध्यक्ष विकास राणा ने कहा कि सभी प्रखंड मुख्यालयों में विश्वासघात दिवस के माध्यम से जनता को उनके वादों को बताने का काम करेगी। मुख्यमंत्री जी ने विधानसभा चुनाव से पूर्व जनता से जो वादे किए थे उन वादों को जनता को सुनाकर याद दिलाने का काम करेगी।
चौपारण, हजारीबाग। नव भारत जागृति केंद्र बहेरा ने सीबीएम इंडिया ट्रस्ट बेंगलुरु के सहयोग से प्रखंड के दिव्यांगों के बीच सोमवार को कोविड-19 रिलीफ के लिए सूखा राशन दिया गया। उक्त जानकारी संस्था बीपीएम बीरेंद्र सिन्हा एवं डीपीओ अध्यक्ष भीम सिंह चंद्रवंशी ने बताया। उन्होंने बताया कि सीबीएम इंडिया ट्रस्ट बेंगलुरु ने चौपारण में 100 से अधिक दिव्यांगों को सहयोग के रूप में फूड सप्लाई में 50 किलो चावल, 10 किलो आटा, एक किलो चना दाल एवं 4 किलो मसूर दाल दे रही है। मौके पर संस्था बीपीएम बीरेंद्र सिन्हा, बृजनंदन सिंह, माया मिश्रा, पूनम कुमारी, नवरत्न पांडेय, नारायण रजक, भीम सिंह चंद्रवंशी सहित अन्य उपस्थित थे।
कोडरमा। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने अंतर जिला अंडर 14 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए कोडरमा जिला अंडर 14 टीम का चयन कर लिया गया है। चयनित 15 सदस्यीय टीम में पीयूष कुमार सिंह, (कप्तान), प्रियस कुमार, साकिब अंसारी, कुश कुमार, हिमांशु कुमार सिंह, अनुज कुमार, प्रिंस कुमार, रोहन कुशवाहा, विक्रम कुमार साव, शौर्य प्रताप सिंह, सोनू कुमार, प्रिंस केसरी, कौशल कुमार, संदीप कुमार, सागर कुमार साव हैं। वहीं टीम का मैनेजर अजय राणा को बनाया गया। उल्लेखनीय हो कि कोडरमा जिला की टीम 29 दिसंबर को चतरा के लिए रवाना होगी, जहां अन्य जिलों से उसे अपना मैच खेलने को मिलेगा। उक्त जानकारी केडीसीए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा और सचिव दिनेश सिंह ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse