कोडरमा। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में आगामी 11 दिसम्बर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के प्रकोष्ठ में जिले के विभिन्न विभागों के नीलाम पत्र अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार विरेन्द्र कुमार तिवारी ने की। प्रधान जिला जज ने उपस्थित अधिकारियों से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन की दिशा में आवश्यक पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर मामलों के निष्पादन से विभाग को राजस्व की वसूली करने में सहायता होती है वहीं दूसरी ओर न्यायालय से मुकदमों का बोझ कम होता है। उन्होंने विभागों के अधिकारियों से अपने स्तर से भी पक्षकारों को सूचित करने तथा उनको अपने मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराने के प्रति जागरुक करने की भी अपील की। साथ ही साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने स्तर से पक्षकारों को नोटिस करें ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा सके । प्रधान जिला जज ने सभी विभागों के अधिकारियो को ऋण धारको की सूची उपलब्ध कराने की अपील की ताकि न्यायालय द्वारा भी अपने स्तर से उन्हें अपने मामले के निष्पादन के लिए सूचित किया जा सके। मौंके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रभारी सचिव सह सीजेएम शेखर कुमार, एसडीजेएम सह न्यायाधीश प्रभारी रोहित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला निलामपत्र पदाधिकारी प्रमोद राम, वाणिज्य कर पदाधिकारी मौकिम अहमद, उत्पाद अधीक्षक प्रदीप कुमार सिन्हा, श्रम अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अंचल निरीक्षक अनंत कुमार बक्शी, नसीम रब्बानी, प्रवीण कुमार न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह व संतोष कुमार आदि मौजूद थे।
चैनपुर। युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए शुक्रवार को चैनपुर के सिलफडी गांव में चाइल्ड फंड इंडिया एवं वाटर पॉइंट संस्था के सौजन्य से युवा महोत्सव मनाया गया। मौके पर झामुमो के जिला उपाध्यक्ष सह चैनपुर के उपप्रमुख सिशील दीपक मिंज, समाजसेवी फरीद खान, फरडीनन्द मिंज, संस्था के कार्यक्रम अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने युवाओं के शारीरिक मानसिक व शैक्षणिक विकास के लिए परिचर्चा के मौके पर युवक-युवतियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला उपाध्यक्ष सुशील दीपक नेगी ने कहा कि युवा महोत्सव के माध्यम से सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाओं को अवसर मिलता है। कलात्मक प्रतिभा समाज के सामने उभरती है। युवा महोत्सव के आयोजन से युवक-युवतियों में प्रतिभा निखरती है। इसलिए हम तमाम व्यक्तियों से आग्रह करते हैं कि समय-समय पर हर काम में युवा महोत्सव आयोजन कर युवाओं को विकास का अवसर देने की पहल करें। वहीं संस्था के कार्यक्रम पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार ने कहा कि संस्था की ओर से हर साल इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रोत्साहित करना है और उन्हें समाज के प्रति उत्तरदाई बनाना है। उन्होंने कृतियों को उनके अधिकारों को कर्तव्य के प्रति जागरूक किया। कहा कि देश भक्ति केवल सीमाओं पर रखकर में नहीं की जाती, बल्कि गांव में रहकर भी देशहित और समाज के लिए काम किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। युवा महोत्सव में चित्रांकन प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, संगीत प्रतियोगिता, नाटक प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें शामिल होकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसे सफल बनाने में चाइल्ड फंड इंडिया के कार्यकर्ता उत्तम कुमार पांडेय, निरंजन मिंज, सीताराम मुंडा, रजनी केरकेट्टा सहित कई लोग शामिल थे।
चैनपुर। प्रखंड के छतरपुर गांव में आए दिन जमीन माफियाओं द्वारा भोले भाले ग्रामीणों को ठग फुसलाकर जमीन अपने कब्जे में करने का मामला प्रकाश में आया है। जिसके बाद गांव में बैठक कर ग्रामीण जमीन नहीं बेचने व जमीन दलालों को गांव में नहीं घुसने देने की बात कह रहे हैं। बैठक में महिलाओं ने नारा लगाते हुए कहा है कि छतरपुर गांव की जमीन बिकाऊ नहीं है। जमीन माफिया यहां के भोले भाले ग्रामीणों बेवकूफ बनाना बंद करें। ग्रामीणों ने बताया कि जमीन माफिया भोले भाले ग्रामीणों को ठग फुसला कर ओने पौने दाम देकर जमीन अपने कब्जे में कर लेते हैं। जिसके बाद बाहर से आए लोगों को जमीन अधिक दामों पर बेच देते हैं। चिंता देवी, कानको देवी, देवंती देवी ने कहा कि जमीन माफिया जबरदस्ती करते हैं तो उनको लाठी डंडे से पीटा जाएगा। वे काफी आक्रोशित हैं। वही चैनपुर के उप प्रमुख सह जेएमएम के जिला उपाध्यक्ष सुशील दीपक मिंज ने कहा कि छतरपुर गांव की जमीनों पर जमीन माफियाओं की नजर जमी हुई है। यहां के लोगों से ठग कर जमीन अपने नाम पर कर लेते हैं। जिसके बाद जमीन को बाहरी लोगों को अधिक दामों पर बेच देते हैं शराब पिलाकर माफियाओं द्वारा ग्रामीणों से जमीन अपने नाम करा लिया जाता है। जिसके बाद उनके घरों में विवाद होता है। वहां से मारपीट की नौबत आ जाती है। ऐसी परेशानी न हो इसलिए छतरपुर गांव की जमीन माफियाओं को बिक्री नहीं की जाएगी। छतरपुर गांव के ग्राम प्रधान भारत रौतिया ने कहा कि भू माफियाओं द्वारा छतरपुर गांव के लगभग 50 एकड़ जमीन को ठग कर अपने कब्जे में कर लिया गया है। अभी भी भूमाफिया गिद्ध की तरह छतरपुर गांव के जमीनों पर अपनी नजर गड़ाए बैठे हैं। ग्रामीणों को जागरूक होने की आवश्यकता है। कोई भी इस तरह की सूचना ग्राम सभा में दे। बैठक में हीरानाथ रौतिया, रोशन खलखो, शंकर रौतिया, रामशेवक रौतिया, रामप्रसाद रौतिया, लोचनाथ रौतिया, कुलदेव रौतिया, बैजनाथ रौतिया, देवनाथ रौतिया, सुशील रौतिया, अशोक रौतिया, गोपाल रौतिया, दिलीप बड़ाईक, सुरेंद्र रौतिया, देवंती देवी सम्पति देवी, इन्द्रमुनि देवी सहित भारी संख्या में छतरपुर के ग्रामीण उपस्थित थे।
कोडरमा। मॉडर्न पब्लिक स्कूल में झारखंड गतका संघ के तत्वधान में विद्यालय के छात्र छात्राओं को गतका खेल का प्रशिक्षण दिया गया। भारत का विरासती मार्शल आर्ट गतका को इस बार हरियाणा पंचकूला में खेलो इंडिया यूथ गेम में शामिल किया गया है। गतका प्रशिक्षण विद्यालय के प्रशिक्षक अविनाश कुमार की देखरेख में हुआ। मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्राचार्य शैलेश कुमार के हाथों इस खेल का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य शैलेश कुमार ने गतका खेल को बेहतर मार्शल आर्ट बताते हुए कहा कि गतका लड़कियों की आत्म सुरक्षा के लिए कारगर हथियार हैं। छात्र-छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ गतका में भी भविष्य बना सकते हैं। गतका को भारत सरकार द्वारा खेल कोटे में भी जगह दिया गया है। इस अवसर पर झारखंड गतका संघ के महासचिव प्रिंस मिश्रा, प्रशिक्षिका खुशी सिंह उपस्थित थीं। महासचिव प्रिंस मिश्रा ने बताया कि अगले माह कोडरमा जिला स्तरीय गतका प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कोडरमा। तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय मे आॅनलाइन किचन गतिविधि के तहत कार्यक्रम आयोजित किये गए जिसमें प्री-प्राईमरी के छात्रों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। विद्यालय के छात्रों को आॅनलाइन किचन गतिविधि के तहत सैंडविच बनाने की कार्यक्रम आयोजित की गयी जिसमें कुमारी काव्या, सान्वी, अनोखी वर्मा, पार्थ प्रतिम, लिपि गुप्ता, उज्जवल कुमार, अपराजिता वर्मा, प्रखर शर्मा, सुजोस्तुती पालित, नव्या आदि ने भाग लिया और बेहतरीन तरीके से शिक्षकों तथा अपने अभिवावकों के मार्गदर्शन में सैंडविच बनाया और अपने परिवार के संग इसका लुत्फ उठाया। कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। मौके पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने कार्यक्रम में शामिल बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होती है। इसे सफल बनाने में संयोजक तुषार रॉय चौधरी, प्रीति जगनानी, शिक्षिका नेहा बरनवाल, उषा सिंह, अनमोल, डॉली कुमारी, सिल्की प्रिया आदि का योगदान रहा।
गुमला। गुमला झारखंड की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय संस्था बदलाव मंच ग्लोबल फाउंडर सह अध्यक्ष दीपक क्रांति की मंच पर रविवार रात्रि गूगल मीट के माध्यम से संविधान विषय पर राष्ट्रीय काव्य सम्मेलन सह विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत मां शारदे की वंदना से हुई, जिसे रूपा व्यास ने प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि साहित्य के उत्थान के लिए बदलाव का भी विशिष्ट संविधान है। 26/11 की दर्दनाक घटना के कारण उस दिन कार्यक्रम नहीं किया गया। मौके पर विशिष्ट अतिथि गौतम गाजीपुरी और कार्यक्रम अध्यक्ष दीपक क्रांति ने संविधान विषय पर क्रांतिकारी विचार प्रस्तुत किए। संविधान दिवस एक दिवस का मोहताज नहीं ब्लकि देशवासियों के हर दिन संवैधानिक होना चाहिए... उन्होंने अपने क्रांतिकारी अंदाज में कहा कि जब ईमानदार बेईमान हो जाता है, तब भ्रष्ट हिंदुस्तान हो जाता है। कानून के जानकार करते हैं कानून तार-तार और बदनाम संविधान हो जाता है। इस अवसर पर साक्षी, नई दिल्ली, निर्मल जैन नीर ऋषभदेव राजस्थान, नगेंद्र बाला बारेठ, दिल्ली, सुशीला कुमारी इटखोरी, चतरा (झारखंड), राजेश तिवारी मक्खन झांसी उप्र, प्रो डॉ दिवाकर दिनेश गौड़ गोधरा गुजरात, मिथिलेश कुमार सिंह वाराणसी, डॉ जयप्रकाश नागला नांदेड़, महाराष्ट्र जुगल किशोर पुरोहित बीकानेर राजस्थान, डॉ दीप्ति गौड़ दीप कवयित्री ग्वालियर मध्यप्रदेश आदि ने संविधान विषय पर अपनी अपनी शानदार प्रस्तुति दी।
गुमला। उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देश पर डीडीसी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को दिलाए जाने वाले छात्रवृत्ति योजनांतर्गत प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आईटीडीए भवन के सभागार में आयोजित इस बैठक में बैंकवार विद्यार्थियों के खातों का लंबित एनपीसीआई मैपिंग, तथा 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों का छात्रवृत्ति हेतु नया खाता खोलने आदि विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि गुमला जिलांतर्गत सरकारी एवं सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा 01 से 10 तक में अध्ययनरत अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान हेतु प्राप्त सूची कुल 75271 में से कुल 69043 छात्र-छात्राओं का एनपीसीआई मैपिंग की जांच में 27927 विद्यार्थियों का एनपीसीआई मैपिंग नहीं पाया गया, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का भुगतान नहीं किया जा सका है। इसके साथ ही कई विद्यार्थियों के खाता संख्या अप्राप्त होने के कारण भी छात्रवृत्ति राशि भुगतान की प्रक्रिया लंबित है। इसपर उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को वैसे सभी विद्यार्थियों जिनकी एनपीसीआई मैपिंग नहीं हुई है, की सूची पुन: सभी बैंकों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने बैंकों द्वारा छात्रवृत्ति भुगतान हेतु बेहद धीमी गति से किए जाने वाले कार्यों तथा बैंको द्वारा छात्रवृत्ति संबंधी कार्यों में रूची नहीं लिए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए बैंको को अपने कार्य प्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया। बैठक में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों द्वारा बैंक आॅफ इंडिया द्वारा छात्रवृत्ति भुगतान, एनपीसीआई मैपिंग एवं खाता खोलने आदि कार्यों में सहयोग नहीं किए जाने की समस्या से उप विकास आयुक्त को अवगत कराया गया। इसके साथ ही रायडीह प्रखंडांतर्गत नवागढ़ा बैंक आॅफ इंडिया के शाखा प्रबंधक द्वारा ग्राहकों से बुरा बर्ताव किए जाने की भी शिकायत की गई। इसपर उप विकास आयुक्त ने कार्य प्रणाली में सुधार करने अन्यथा संबंधित बैंकों के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने सभी शाखा प्रबंधकों से उनके बैंकों में सुदूरवर्ति एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों के साथ विनम्रतापूर्वक उनका सहयोग करने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों के नए खाता खोले जाने की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने सभी बैंकों को प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 12 बजे तक 10 वर्ष से कम आयुवर्ग के विद्यार्थियों के नए खाता खोलने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, परियोजना निदेशक आईटीडीए इंदु गुप्ता, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, डीपीओ यूआईडी सैफुल्लाह, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी जारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी गुमला/ सिसई/ घाघरा/ पालकोट/ बसिया/ कामडारा/ रायडीह/ चैनपुर/ डुमरी/ जारी, बैंक समन्वयक बैंक आॅफ इंडिया गुमला/ बैंक आॅफ बड़ौदा गुमला/ कैनरा बैंक गुमला सहित अन्य उपस्थित थे।
कोडरमा। उपायुक्त आदित्य रंजन जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये आम-जनों की समस्याओं से अवगत हुए। सभी के शिकायतों को बारी-बारी से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जनता दरबार में आंगनबाड़ी केंद्र चैनपुर मंधौतीमहुआ कोड संख्या-122 में सेविका पद की नियुक्ति को लेकर अनिमियता बरतने की शिकायत उपायुक्त के जनता दरबार में प्राप्त हुई। शिकायतकर्ता ने आवेदन के माध्यम से बताया है कि अवैध तरीके से सेविका पद पर अंजु कुमारी को नियुक्त कर दिया। योग्यता एवं मेधासूची को ताख पर रख कर नियुक्ति किया गया है। प्राप्त आवेदन के आलोक में उपायुक्त महोदय ने उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन कर त्वरित जांच प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिये। उत्क्रमित उच्च विद्यालय पोखरडीहा प्रखंड सतगावां के प्रभारी द्वारा कक्षा 9वीं एवं 10वीं के बच्चों से नामांकन शुल्क, पंजीयन शुल्क, प्रैक्टिकल शुल्क, परीक्षा शुल्क एवं फार्म भरने का शुल्क निर्धारित शुल्क से कई गुना ज्यादा वसूली करने की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायतकर्त्ता द्वारा बताया गया है कि विद्यालय के प्रभारी का आचरन गलत है और उनके द्वारा मुझे मानसिक रूप प्रताड़ित किया जाता है। शिकायतकर्त्ता ने उपायुक्त से गुहार लगायी है कि इन परिस्थितियों में मेरे साथ कभी भी अप्रिय घटना घट सकती है, जिसका अविलंब निराकरण करें। उपायुक्त ने जीआरसी को निर्देश दिया कि जांच टीम के द्वारा स्कूल का स्थलीय जांच करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त पेंशन, आवास, राशन कार्ड, जमीन विवाद से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त द्वारा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse