एबीएन डेस्क, कोडरमा। झारखंड में कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र से पुलिस द्वारा पिस्तौल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने मंगलवार को बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गझंडी रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन से करीब 500 मीटर की दूरी पर टाईप-1 कॉलोनी के पास दो मोटरसाइकिल एवं एक स्विफ्ट डिजायर कार से एक आपराधिक गिरोह का सरगना संजय यादव अपने 6-7 सहयोगियों के साथ आए हुए हैं। ये लोग कोई बड़ी घटना का अंजाम देने के फिराक में है। तत्पश्चात तिलैया थाना प्रभारी अजय सिंह के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। गौरव ने बताया कि छापेमारी दल जब गझंडी रेलवे स्टेशन के समीप टाईप-1 कॉलोनी पहुंची तो पुलिस गाड़ी को देखते ही अपराधी भागने लगे। इसी दौरान सशस्त्र बल के सहयोग से दीपक कुमार (22) ग्राम गझंडी एवं अजीत कुमार (29), ग्राम पिसपिरो, थाना जयनगर को गिरफ्तार कर लिया गया। इन दोनों के पास से अवैध आर्म्स, मोटरसाइकिल, कार एवं अन्य सामानों को बरामद किया गया। जिसके आधार पर तिलैया थाना में मामला दर्ज किया गया। वहीं अन्य नामजद अभियुक्तों के विरूद्ध छापामारी किया जा रहा है। युवकों के पास से एक देसी पिस्टल, एक करबाईननुमा देसी कट्टा समेत अन्य सामान मिले हैं।
टीम एबीएन, गोड्डा। झारखंड की गोड्डा जिला पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ छह धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। गोड्डा पुलिस को आठ दिनों से इसकी सुचना मिल रही थी गोड्डा एसपी वाई एस रमेश ने टीम बनाकर 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक वाई एस रमेश ने मंगलवार को बताया कि सूचना के आधार पर एक ठिकाने से छह लोगों को ब्राउन सुगर के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान सुमित कुमार झा, विशाल कुमार यादव, गुजंन कुमार मंडल, कुन्दन कुमार मंडल, निशु खान और बादल कुमार साह के रूप में की गयी है। सभी गोड्डा शहर के रहने वाले हैं। रमेश ने बताया कि पड़ोसी राज्य बिहार के भोजपुर जिले से ब्राउन सुगर को लाकर शहर में खपाया जाता है। इसे स्कूल एवं कालेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दिया जाता है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली है।
मेदिनीनगर। झामुमो नेता ओंकार नाथ जायसवाल ने प्रदेश की समाज कल्याण एवं बाल विकास मंत्री सह पलामू प्रभारी जोबा मांझी से मुलाकत कर डॉ कलाम की पुस्तक सौंपी और पलामू में उनका स्वागत किया। श्री जायसवाल ने मंत्री को पांकी विधानसभा क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया, जिसमें पांकी, तरहसी, लेस्लीगंज को नगर पंचायत का दर्जा देने एवं पिरी जलाशय योजना से भी अवगत कराया। कहा कि पलामू की प्रभारी मंत्री होने के नाते उक्त सभी समस्याओं से अवगत कराया है, जिसपर मंत्री ने संबंधित विभागीय सचिव से इसका समाधान का आश्वासन दिया है। श्री जायसवाल ने बताया कि सरकार के सफलतापूर्वक दो वर्ष पूर्ण होने के बाद आयोजित जिला के कार्यक्रम में मंत्री शामिल होने आई थी। उन्होंने कहा कि वे पांकी विधानसभा क्षेत्र की समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसके लिए वे मुख्यमंत्री से भी जल्द मिलेंगे। मौके पर प्रवीण कुमार पाल, अमित शर्मा, अरुण मेहता समेत पांकी के कई लोग शामिल थे।
सतबरवा, पलामू (जीवन)। युवा कल्याण संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति के सदस्य सह पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने कहा है कि मलय डैम पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। रांची मेदनीनगर मुख्य सड़क से 6 किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा जो मलय डैम को मुख्य सड़क से जोड़ने का कार्य करेगा। सड़क निर्माण के लिए सरकार के पर्यटन विकास विभाग के द्वारा प्रस्ताव पारित कराकर सतबरवा एनएच 39 से मलय डैम तक 6 किलोमीटर सड़क को स्वीकृत करा लिया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि सरकार के पास मलय डैम को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने के लिए प्रस्ताव दिया गया था। सरकार ने पर्यटन क्षेत्र के लिए दिए गए प्रस्ताव को मान लिया है।मलय डैम को पर्यटन क्षेत्र से जोड़ने की पहल शुरू हो चुकी है। रोजगार को बढ़ावा देने के लिए डैम के अंदर पानी में बोट तथा मोटरबोट देने का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। विधायक ने कहा कि जगह- जगह पर लाइटिंग की व्यवस्था होगी। डैम के परिधि में पार्क बनाने का निर्णय पर्यटन विभाग ने लिया है। कैंटीन, शौचालय और शेड का भी निर्माण कराया जाएगा ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। वहीं विधायक श्री मेहता ने बताया कि विभाग के पास ये सभी प्रस्तावो को भेजा गया है बहुत जल्द स्वीकृत होकर कार्य शुरू किए जाएंगेे। इधर मेदिनीनगर ग्रामीण विकास विभाग पथ प्रमंडल के असिस्टेंट इंजीनियर ने बताया कि मलय डैम को पर्यटन स्थल से जोड़ने के लिए 6 किलोमीटर सड़क बनाने का प्रस्ताव पत्र के द्वारा पर्यटन विभाग से प्राप्त हुआ है। जल्द ही विभाग सर्वे कराकर सड़क बनाने के लिए प्रस्ताव भेजकर स्वीकृत कराएगी। एई ने आगे बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों के घरों तक एनएच सड़क से जोड़ने का प्रस्ताव सरकार के यहां से भी मिला है। स्वतंत्रतासेनानियों के बारे में विभाग जानकारी एकत्रित करने के लिए सर्वे करा रही है।
हुसैनाबाद, पलामू (नवनीत)। हुसैनाबाद का मुरली पहाड़ी का प्राकृतिक छटा लोगों को अपनी ओर आकर्षित करता है। प्राकृतिक दृश्य के अलावा आध्यात्मिक का भी केंद्र है यह स्थल। काफी संख्या में लोग पहाड़ी के ऊपर महाकालेश्वर मंदिर में पहुंचकर माथा टेक नव वर्ष की शुरुआत करते हैं। साथ-साथ प्राकृतिक छटा का आनंद उठाते हैं। अनुमंडल मुख्यालय से तकरीबन तीन किमी दूर जपला-हरिहरगंज पथ के लंगरकोट गांव के समीप इस पहाड़ी के ऊपर महाकालेश्वर धाम में साल में श्रावण माह व शिवरात्रि के अवसर पर भव्य मेला का भी आयोजन होता है। जहां श्रद्धालु उपस्थित होकर पूजा पाठ करते है। वर्ष की शुरुआत में काफी संख्या में लोग पहुंचते हैं। घाघरा गांव से सटे कुंड बांध का नजारा देखने योग्य होता है। तकरीबन 40 फिट की उच्चाई से गिरता पानी का दृश्य अवलोकनीय होता है। यह स्थान हुसैनाबाद प्रखंड मुख्यालय से तकरीबन 10 किमी दक्षिण में स्थित है। चारो ओर से पहाड़ की वादियों का मनुहारी दृश्य बार-बार घूमने को आमंत्रित करता है। यहां अन्य दिनों के अलावा एक जनवरी को काफी संख्या में पिकनिक मनाने लोग पहुंचते हैं। पिकनिक के साथ चारो ओर से घिरे प्राकृतिक दृश्य का आनंद उठाते हैं। वैसे तो अनुमंडल क्षेत्र में काशिसोत डेम, भीमचुल्हा, भीम बराज, भीमचुल्हा पार्क, कररबार नदी तट समेत दर्जनों पिकनिक स्पॉट हैं। सोन नदी का देवरी व दंगवार का तट भी पिकनिक मनाने वालो का मनपसंद स्पॉट माना जाता है। सोन नदी में स्नान, सूर्यमन्दिर परिसर में पूजा के साथ नौकायान का लुत्फ उठाते हैं। झारखण्ड-बिहार के सीमावर्ती दंगवार में सोन व कररबार नदी का संगम स्थल का नजारा भी देखने योग्य होता है। उक्त स्थल से बालू का डीला, काशिवन, रोहतास मन्दिर का दृश्य, बंजारी की फैक्टरी क्षेत्रों को अवलोकन पिकनिक के आनंद में चार चांद लगा देता है।
एबीएन डेस्क। झारखंड में कोरोना के मरीज लगातार बढ़ रहे है और पिछले 24 घंटे के दौरान इसके 24 मरीज ठीक हुए है जबकि कोरोना के 155 नए मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रांची से 53,बोकारो से आठ, चतरा से चार, देवघर से चार, धनबाद से 20, दुमका से पांच, पूर्वी सिंहभूम से 14, गिरिडीह से तीन, गुमला से एक, हजारीबाग से 12, जामताड़ा से एक, खूंटी से एक, कोडरमा से 23, पलामू से दो, सरायकेला से एक और पश्चिमी सिंहभूम से तीन मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में कोरोना से एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है। वहीं, राज्य में कुल कोविड-19 का मामला अब 350160 हो गया हैं और अबतक टोटल 17938571 सैंपल की जांच की गई है। राज्य में कोरोना के 608 सक्रिय मामले हैं और प्रदेश में कोरोना के 344410 मरीज अब तक ठीक हुए हैं। अब तक राज्य में 5142 मरीज की मौत कोरोना से हुई हैं।
एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र की भाजपानीत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि केन्द्र सरकार कभी-कभी अपने नियम, कायदे, कानूनों का पाठ पढ़ाते-पढ़ाते छोटे राज्यों की सरकारों के हाथ मरोड़ देती है, जिसका उन्हें मजबूरी में जवाब देना पड़ता है। अपनी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर विशेष बातचीत में सोरेन ने कहा, केन्द्र सरकार झारखंड जैसे छोटे राज्यों में बड़ा स्टेक होल्डर है। जब राज्यों को कुछ देने की बारी आती है तो वह हमें नियम, कायदे, कानून का पाठ पढ़ाते हैं, ऐसे में हमें भी उनके लिए अपने नियम, कायदे, कानूनों की किताब निकालनी पड़ती है। लेकिन कभी-कभी केन्द्र सरकार की बड़ी टीम छोटे राज्यों के हाथ मरोड़ देती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ऐसा होने पर हम भी उस दर्द को बर्दाश्त नहीं करते... यानि अपने तरीके से प्रतिक्रिया देते हैं। गौरतलब है कि 22 अक्टूबर 2020 को दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) की देनदारी में झारखंड की बकाया राशि के 1,417 करोड़ रुपये की किस्त भारतीय रिजर्व बैंक में झारखंड के खाते से सीधे काट लिये जाने पर सोरेन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर केन्द्र सरकार पर राज्य सरकार का हाथ मरोड़ने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री सोरेन से जब यह पूछा गया कि डीवीसी, जीएसटी, एनटीपीसी, कोल इंडिया, सेल आदि के मुद्दों पर केन्द्र सरकार के साथ राज्य के विवाद के समाधान के लिए कोई कदम उठाया जा रहा है, उन्होंने कहा, प्रदेश के व्यवसाय, उद्योग, सार्वजनिक क्षेत्र आदि की गतिविधियों में सबसे बड़ा पक्ष (स्टेक होल्डर) भारत सरकार है। आप राज्य में कहीं भी जाएं, भारत सरकार का उपक्रम लिखा बोर्ड मिल जाएगा। राज्य में केन्द्र सरकार की कंपनियों की संख्या सर्वाधिक है। लिहाजा यहां के विकास में सबसे बड़ी भूमिका भी उन्हीं की होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार का रूख राज्य के प्रति सकारात्मक नहीं है, इसलिए राज्य सरकार को अपने संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। यह पूछे जाने पर कि क्या केन्द्र सरकार से तल्खी बहुत बढ़ गयी है या उनकी सोच अलग है, मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा, वह पूरी तरह पारदर्शी हैं और जो उनके मन में है, वहीं जुबान पर भी है। गौरतलब है कि हाल में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सोरेन ने भाजपा नीत केन्द्र सरकार को रावण की सरकार कह दिया था जिस पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।
एबीएन डेस्क। झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने साल 2023 की मैट्रिक-इंटर की परीक्षा में शामिल होने जा रहे स्टूडेंट्स के रजिस्ट्रेशन की तिथि को बढ़ा दी है। अब स्टूडेंट्स तीन जनवरी तक बिना किसी लेट फाइन के रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं। जैक की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से जारी नोटिफिकेशन के तहत मैट्रिक इंटर परीक्षा में शामिल होने जा रहे सभी रेगुलर और प्राइवेट के विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स विषय के स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जारी नोटिफिकेशन के अनुसार झारखंड में मैट्रिक इंटर परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने और डीइओ के पास ऑनलाइन आवेदन जमा करने की तिथि बिना लेट फाइन तीन जनवरी 2022 तक है। वहीं लेट फाइन के साथ छह जनवरी से 11 जनवरी तक फॉर्म जमा किये जा सकते हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से फॉर्म एप्रूव चार जनवरी तक किया जायेगा। वहीं चालान जेनरेट करने की तिथि पांच जनवरी और चालान के माध्यम से बैंक में फीस जमा सात जनवरी तक किया जा सकता है। लेट फाइन के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से फॉर्म एप्रूव छह से 12 जनवरी तक किया जायेगा। चालान जेनरेट 13 जनवरी और चालान के माध्यम से बैंक में फीस जमा लेट फाइन के साथ 17 जनवरी तक किया जा सकता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse