झारखंड

View All
Published / 2021-12-07 14:16:38
कोडरमा : अपराध की योजना बनाते तीन अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद

कोडरमा। सतगावां पुलिस ने अपराध को अंजाम देने की योजना बनाते तीन आरोपियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों में सतगांवा थाना क्षेत्र नैयाचक निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ धारो, गलवाती निवासी सचिन कुमार भागलपुर थाना सतगांवा निवासी, बसन्त कुमार के नाम शामिल हैं। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं एक मोबाइल बरामद किया है। उपरोक्त जानकारी डीएसपी संजीव कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि सतगांवा थाना क्षेत्र के भागलपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ आपराधिक तत्व हथियार से लैश होकर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे है। सूचना के आधार पर एसपी ने सतगांवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया, जिसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने छापामारी कर उपरोक्त तीनों आरोपियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। डीएसपी श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में कहा है कि उनका 8-10 लोगों का गिरोह है, जो जंगली क्षेत्रों में शराब, ईंट भट्ठा तथा अन्य व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का काम करता है। डीएसपी ने बताया कि उक्त गिरोह का मुख्य सरगना धर्मेंद्र उर्फ धारो है। इन लोगों का एक संगठित गिरोह है, जिसमे सतगांवा के अलावे बिहार के गोविंदपुर के अपराधी शामिल हैं। गिरोह के लोग सतगांवा के बॉर्डर एरिया के अलावे बिहार के गोविंदपुर, कौआकोल आदि जंगली क्षेत्रों में शराब बनाने वाले, ईंट भट्ठा के संचालक तथा अन्य व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने का काम करता है। गिरोह के एक सदस्य चन्दन कुमार कौआकोल में रंगदारी वसूलने का काम करता है। वहीं डीएसपी ने बताया कि गतदिन सतगांवा के ईंट भट्ठा संचालक रौशन कुमार ने 15 लाख रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए थाना में मामला दर्ज करवाया था, उक्त मामले के छानबीन के क्रम में उक्त गिरोह का नाम सामने आया था। उन्होंने बताया कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले को लेकर सतगावां थाना कांड संख्या 116/21 दर्ज कर गिरफ्तार अपराधियों को जेल भेज दिया गया।

Published / 2021-12-07 14:15:12
लातेहार : जेजेएमपी उग्रवादी गिरफ्तार, जेल

बरवाडीह। जिले के पुलिस कप्तान अंजनी अंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरवाडीह पुलिस ने जेजेएमपी संगठन के एक उग्रवादी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस सम्बंध में प्रेस वार्ता कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलु लोहरा ने बताया कि पुलिस कप्तान को गुप्त सूचना मिली कि जेजेएमपी उग्रवादी संगठन के एरिया कमांडर सूरज जी के दस्ता के कुछ सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए खुरा हाई स्कूल के आसपास हथियार लेकर घूम रहे थे। सूचना के आधार पर बरवाडीह एसडीपीओ दिलू लोहार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापामारी की गई। इस टीम में मौजूद सर्किल इंस्पेक्टर सीएस चौधरी एवं थाना प्रभारी श्रीनिवास सिंह के अथक प्रयास से एक जेजेएमपी उग्रवादी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। जबकि कुछ उग्रवादी भागने में सफल रहे। वही गिरफ्तार उग्रवादी विपिन कुमार के पास से एक देसी कट्टा, पांच जिंदा गोली, एक प्लेट, एक खोखा और एक इंसास राइफल का खाली मैगजीन बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी विपिन हथियार सप्लाई का भी काम करता था। वहीं पुलिस अन्य उग्रवादियों के धर पकड़ के लिए भी छापेमारी कर रही है।

Published / 2021-12-07 12:40:14
देश स्तरीय प्रतियोगिता में डीएवी की छात्रा ताश झा को तीसरा स्थान, डीसी-डीडीसी ने किया सम्मानित

गुमला। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के छठे स्मरण दिवस के उपलक्ष्य में डॉ एपीजे अब्दुल कलाम इंटरनेशनल फाउंडेशन रामेश्वरम द्वारा जुलाई माह में आयोजित आनलाइन भाषण प्रतियोगिता में डीएवी स्कूल की कक्षा अष्टम की छात्रा ताश झा ने पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। जिसे मंगलवार को परमवीर अलर्ब्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, डीडीसी कर्ण सत्यार्थी व एसडीओ रवि आनंद ने मेडल व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। उक्त प्रतियोगिता में देश भर से करीब एक हजार प्रतिभागियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता का विषय बियॉन्ड इंडिया विजन 2020 चुनौतियां और अवसर था। उपायुक्त ने ताशा झा का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि तुम्हें रूकना नहीं है,जीवन में आगे बढते जाना है और गुमला का नाम पूरे विश्व में रौशन करना है। साथ ही कहा कि यह एक होनहार बच्ची है। डीईओ श्री सुरेंद्र कुमार पांडेय ने ताशा की उपलब्धि पर उसके माता पिता और विद्यालय को बधाई दी है। ताशा की मां श्रीमती सोनाली त्रिपाठी तथा पिता श्री अभिजीत झा शिक्षक हैं। डीएवी गुमला के प्रधानाचार्य डॉ रामाकांत साहु, सुपरवाइजरी हेड श्री पवित्र कुमार मोहंती एवं श्री जीवन कुमार पांडेय तथा अन्य शिक्षकों ने भी ताशा को राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी है।

Published / 2021-12-07 12:36:16
कोई ग्रामीण सरकारी योजना से वंचित न रहे, सरकार की यही सोच : आराधना पटनायक

कुडू। कैरो प्रखंड के हनहट बुनियादी विद्यालय मैदान में मंगलवार को आपका अधिकार सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि वाणिज्य कर सचिव सह लोहरदगा प्रभारी आराधना पटनायक, उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो एवं उपविकास पदाधिकारी अखौरी शशांक शेखर द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में ई श्रम निबंधन, रासन कार्ड निबंधन, मजदूरी कार्ड, शिक्षा विभाग, जेएसएलपीएस, आपूर्ती विभाग, वृद्धा-विधवा, विकलांग पेंसन सहित ग्रामीणों की जरूरत के सभी योजनाओं को लेकर शिविर का आयोजन कर समस्या का निराकरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार वाणिज्य कर सचिव आराधना पटनायक ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा आम जनता की समस्या को दूर करने को लेकर आपका अधिकार सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम आयोजित की गई है। जिसमें आम जनता की सभी तरह की समस्याओं को जानने और दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि कोई भी ग्रामीण सरकार की योजनाओं से वंचित न रह जाये। उन्होंने कहा कि जब मैं लोहरदगा में उपयुक्त के रूप में पदस्थापित थी उस समय महिलाओं को समूह में जोड़ना प्रारम्भ किया था। कृषि के क्षेत्र में जो भी उत्पादन होता है उसका उचित मार्किट नही मिलने से किसानों को उचित लाभ नही मिल पाता इसके लिए किसान थोड़ा जागरूक होकर अगर गेहूं का उत्पादन को आंटा बना ले तो ज्यादा मुनाफा मिलेगा इसी तरह बहुत सारी उत्पादन है जिसको थोड़ा रूप बदल दें तो मुनाफा ज्यादा हो सकता है। उन्होंने महिलाओं व किसानों से सीधे रूप में समस्याओं को जानने का प्रयास भी किया। सचिव ने महिलाओं का गोद भराई व अन्नप्राशन भी कराया। इसके बाद सभी अतिथियों ने स्टोल का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से हड़िया दारू नही बेचने व नही पीने की अपील करते हुए कहा कि यह हमारे समाज को बर्बाद कर रहा है इससे सबको बचने की जरूरत है, इसके जगह में कई योजनाएं है जिनसे जुड़कर लाभ कमा सकते हैं। साथ ही मास्क पहनने, हाथ धोने, लोगों के बीच दूरी बनाकर रहने की अपील की। उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है कि आज भी जिला व प्रखंड कार्यालय में लाचार किस्म के लोग आज भी घूमते रहते हैं, इसके तहत अगर आज भी कोई आदमी का रासन कार्ड नही बना है वे तत्काल आवेदन कर, यूनिवर्स योजना के तहत 60 वर्ष से ऊपर के महिला पुरुष को वृद्धा पेंसन देना, आज भी काफी ग्रामीण ऐसे हैं जो कि कई कारणों से जिला या ब्लॉक जाकर अपनी समस्या को दूर नही कर पा रहे हैं जिनके लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के आयोजित कर समस्याओं को दूर करने का हर संभव प्रयाश किया जा रहा है जिसमें हर ग्रामीणों की उपस्थिति अनिवार्य है ताकि कोई भी ग्रामीण किसी लाभ से वंचित न रह जाये। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अखौरी सशांक शेखर ने कार्यक्रम से संबंधित सभी तरह की जानकारी से अवगत कराते हुए कहा कि सरकार की सोच है कि कोई भी ग्रामीण सरकार की योजनाओ जे वंचित न रहे इसी कारण यह योजना किया गया है। कार्यक्रम में वाणिज्य कर सचिव आराधना पटनायक, उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, उप विकास आयुक्त अखौरी संशांक शेखर, अनुमंडल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, जिला उद्यान पदाधिकारी एमलेन पूर्ती, जिला कृषि पदाधिकारी शिवकुमार राम, दिनेश चंद रवि, प्रह्लाद कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकार पवन कुमार महतो, अंचल अधिकारी कमलेश उरांव, डॉ राकेश कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी सुनील चंद्र कुंवर, प्रमुख मुन्नी उराईन, दिलीप कुमार सिंह, मुखिया सूर्यमणि भगत, विनीता तिर्की, सीएससी से मोहमद इरफान, सुधीर कुमार, एम तिवारी, नौशाद, राजेश, अमित कुमार, विनोद रविदास सहित सीएससी संचालक, जेएसएलपीएस, प्रज्ञा केंद्र संचालक, पशुपालन, चिकित्सा, शिक्षा विभाग, आत्मा, कृषि सहित सभी विभाग के स्टॉल लगाकर समस्या का निराकार किया गया। सभी अतिथियों का स्वागत जेएसएलपीएस के महिलाओं द्वारा पारंपरिक अंदाज में किया गया। कार्यक्रम में नारी उत्पीड़न, नशामुक्ति अभियान, डायन प्रथा पर नाटक के रूप में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा जिला कृषि विभाग सह आत्मा द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान में गेंहू व निशुल्क में चना का वितरण किया गया वही वृधो के बीच कम्बल वितरण किया गया।

Published / 2021-12-07 12:31:48
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह की महिला सरगना समेत 6 गिरफ्तार

रांची। रांची के बुढ़मू पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह की महिला सरगना लवली सिंह सहित 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। लवली पटना के पाटलिपुत्र स्थित बोरिंग रोड इंद्रपुरी की रहने वाली हैं। उसका नेटवर्क देश की राजधानी समेत कई शहरों में फैला हुआ है अन्य आरोपियों में हजारीबाग के इचाक निवासी शिवकुमार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अशफाक अंसारी, मोहम्मद अजहर, मुस्ताक और चान्हो निवासी फरीद खान उर्फ मुन्ना शामिल है। गिरोह के पास से एक स्विफ्ट डिजायर, ब्रेजा और क्रेटा कार, कई वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, कार का फर्जी आरसी बुक, 6 मोबाइल और 34500 पुलिस ने बरामद किए। यह जानकारी ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। ग्रामीण एसपी ने बताया कि लवली सिंह इंजन व चेचिस नंबर को हटाकर, उसमें दूसरा नंबर पंच कर देती है। उसके पास पंच मशीन है। इंजन में चेचिस नंबर बदल कर फर्जी आरसी बुक बना वह वाहन बेच देती है। नंबर प्लेट का दो सेट पुलिस को मिला है।

Published / 2021-12-07 12:15:48
छात्राओं का सर्वांगीण विकास ही कस्तूरबा संगम का मुख्य उद्देश्य : उपायुक्त

गुमला। आजादी का अमृत महोत्सव श्रृंख्ला में आज जिला स्तरीय कस्तूरबा संगम 2021 कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद तथा सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया गया। मौके पर उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छात्राओं का सर्वांगीण विकास ही कस्तूरबा संगम का मुख्य उद्देश्य है। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं की प्रतिभाओं को और बेहतर तरीके से निखारने तथा सकारात्मक प्रतिस्पर्धाओं के माध्यम से गुणात्मक सुधार लाने की दिशा में जिला प्रशासन आपका भरपूर सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि जिस भी क्षेत्र में आपकी रूची हो, उस क्षेत्र में आप बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करें। उन्होंने सफल प्रतिभागियों से कहा कि वे जिला व राज्य स्तर पर जिला का नाम रोशन करें। इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को दृष्टिपथ करते हुए छात्राओं से निरंतर मास्क पहनने, सामाजिक दूरी के नियमों का अनुपालन करने तथा हाथ धुलाई की आदतों को अपनाने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने 18 प्लस छात्राओं को कोरोना का टीका लगवाने हेतु प्रेरित किया तथा उनसे अपने आस पड़ोस में रहने वाले 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लोगों को भी टीका लगवाने हेतु उत्प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने जिन केजीबीवी विद्यालयों में घोष वादन हेतु बैगपाईपर उपलब्ध नहीं हैं, उक्त विद्यालयों में बैगपाईपर की आपूर्ति हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी को प्राक्कलन समर्पित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में जिले के सभी कस्तूरबा गाँधी बालिका आवासीय विद्यालयों की छात्राओं द्वारा घोष वादन प्रतियोगिता में भाग लिया गया। बैगपाईपर, फ्लूट तथा ड्रम की ताल पर घोष दलों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इसी तरह कस्तूरबा संगम में चित्रांकन, निबंध, क्विज, वाद-विवाद, समूह नृत्य, भाषण, विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्ग 06-08 के चित्रकला प्रतियोगिता में घाघरा केजीबीवी की रौशनी कुमारी को प्रथम, सिसई केजीबीवी की ममता कुमारी को द्वितीय तथा भरनो केजीबीवी की पूनम कुमारी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ग 09-12 के चित्रकला प्रतियोगिता में रायडीह केजीबीवी की करूणा खलखो को प्रथम, गुमला केजीबीवी की दीपा कुमारी को द्वितीय तथा भरनो केजीबीवी की चांदनी कुमारी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ग 06-08 के निबंध प्रतियोगिता में घाघरा केजीबीवी की रिंकी कुमारी को प्रथम, बिशुनपुर केजीबीवी की सोनम टोप्पो को द्वितीय तथा भरनो केजीबीवी की अर्पणा कुमारी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ग 09-12 के निबंध प्रतियोगिता में रायडीह केजीबीवी की आरती कुमारी को प्रथम, घाघरा केजीबीवी की शम्भु नाथ को द्वितीय तथा सिसई केजीबीवी सहाना परवीन को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ग 09-12 के वाद-विवाद प्रतियोगिता में घाघरा केजीबीवी की खुशबु कुमारी को प्रथम, रायडीह केजीबीवी की रूपा कुमारी तथा बिशुनपुर केजीबीवी की किरण उराँव को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में भरनो केजीबीवी की खुशबु कुमारी एवं रिया कुमारी ने प्रथम, बसिया केजीबीवी की दीपिका कुमारी एवं जिज्ञासा कुमारी ने द्वितीय तथा रायडीह केजीबीवी की सीता कुमारी एवं अनीता कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। घोष वादन प्रतियोगिता में केजीबीवी सिसई को प्रथम, केजीबीवी भरनो को द्वितीय तथा केजीबीवी डुमरी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सभी सफल प्रतिभागियों को उपायुक्त द्वारा मेमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सफल संचालन सरस्वती शिशु मंदिर के आचार्य स्वपन कुमार राय एवं माया सिन्हा ने संयुक्त रूप से किया। जिलास्तरीय कस्तूरबा संगम में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, अप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, सिविल सर्जन डॉ.राजू कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, एडीपीओ पीयुष गुप्ता, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी/ शिक्षक-शिक्षिकाएं, केजीबीवी की छात्राएं व अन्य उपस्थित थे।

Published / 2021-12-07 09:46:18
चान्हो का विवादित एकलव्य विद्यालय : ग्रामसभा करने आई प्रशासन की टीम पर ग्रामीणों का हल्लाबोल, पुलिस के लाठी चार्ज से माहौल तनावपूर्ण

चान्हो। जिला प्रशासन की तरफ से मंगलवार को सिलगाई में ग्रामसभा का आयोजन किया गया था। इसमें पुलिस ग्रामीणों से वहां स्कूल का निर्माण कराने और नहीं कराने को लेकर मंतव्य लेने वाली थी, लेकिन यहां भी ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी लाठियां चटकानी पड़ी। इसमें दोनों तरफ से लगभग एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायल होने वालों में 5 से ज्यादा पुलिस कर्मी भी शामिल हैं। फिलहाल स्थिति तनावपू्र्ण बनी हुई है। एहतियातन प्रशासन की तरफ से वहां 10 थानों की लगभग 100 से ज्यादा जिला बल को बुला लिया गया है। ग्रामसभा के आयोजन के लिए जिला मुख्यालय से SDM खुद मोर्चा संभाल रहे हैं। वे खुद घटना स्थल पर मौजूद हैं और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन फिलहाल पूरे मामले पर कुछ भी बयान देने से बच रहा है। प्रशासन ने ग्रामसभा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया था। गांव हर एंट्री प्वाइंट पर बैरिकेडिंग की गई थी। प्रशासन की कोशिश थी कि गांव से बाहर के किसी विरोधी को इस सभा में शामिल नहीं की जाए। लेकिन विरोधी गुट के लोग नहीं माने और सभा में शामिल होने के लिए पहुंच गए। इसके बाद विवाद बढ़ गया। वहीं 15 दिन पहले उग्र ग्रामीणों ने निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय की बाउंड्री को गिरा दिया था। निर्माण स्थल पर मौजूद तीन मिक्सचर मशीन को आग के हवाले कर दिया था। साथ ही पानी के टैंकर को उलट दिया था। इसके बाद से स्कूल का निर्माण कार्य रुक गया था। प्रशासन की कोशिश यहां स्कूल निर्माण कराने की है। आदिवासी संगठन अमर शहीद वीर बुधु भगत के स्मारक स्थल पर विद्यालय निर्माण का विरोध कर रहे हैं। उनकाकहना कि इस स्थान से शहीद वीर बुधु भगत की आस्था जुड़ी है। सरकार जहां चाहे स्कूल का निर्माण करा ले। यहां स्कूल का निर्माण नहीं होने देंगे। विद्यालय के निर्माण के विरोध में दो महीने पहले विभिन्न आदिवासी संगठनों ने चक्का जाम कर दिया था। ये NH-75 रांची-डालटनगंज मार्ग पर दिन के करीब 12 बजे से रात के 12 बजे तक धरने पर बैठ गए थे। प्रशासन के आग्रह और आश्वासन के बाद उन्होंने हाई-वे को खाली किया था।

Published / 2021-12-07 08:12:33
छंटने लगे हैं बादल, आज से बढ़ेगी ठंड, मंद हवा में रहेगी कनकनी

एबीएन डेस्क, रांची। चक्रवाती तूफान "जवाद" के बादल छंटते ही सोमवार को लौहनगरी में ज्यादा ठंड का अहसास हुआ। तापमान में गिरावट तो नहीं आई, लेकिन वातावरण में नमी और पूर्वइया वायु प्रवाह से कनकनी महसूस हुई। मंगलवार से तापमान में गिरावट और हवाएं चलने से ठंड में वृद्धि होगी। घाटशिला में ज्यादा बारिश : मौसम विभाग के मुताबिक, कोल्हान में तूफान के असर से सबसे ज्यादा बारिश घाटशिला में रिकॉर्ड की गई। 24 घंटे में घाटशिला में 15.4 मिमी और चाईबासा में 14.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। जमशेदपुर में 12.4 मिमी, चक्रधरपुर में 12.2 मिमी, नीमडीह में 5.6 मिमी और चांडिल में 5.2 मिमी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बादल छाने से न्यूनतम तापमान में गिरावट कम हुई। पूर्वइया हवाएं चलने से कनकनी का अहसास हुआ। हवा का रुख मंगलवार से बदलने के आसार हैं। उत्तरी हवाएं आने से सर्दी में वृद्धि आएगी। अगले 48 घंटे में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क : तूफान कमजोर होकर पश्चिम बंगाल के समुद्री तट पर खत्म होने के बाद पांच दिन मौसम शुष्क रहेगा। 10 दिसंबर से तापमान में गिरावट के साथ ज्यादा सर्दी का अहसास होगा। उत्तराखंड और उत्तरी भारत में बर्फबारी और भारी वर्षा के प्रभाव से सर्द लहरों के प्रवेश से कनकनी के साथ ठंड बढ़ेगी।

Page 1523 of 1611

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse