झारखंड

View All
Published / 2021-12-11 04:32:44
झारखंड हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान : सरकार बताए, ओमिक्रोन से बचाव की क्या है तैयारी

रांची। ओमिक्रोन की आहट को गंभीरता से लेते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने सरकार और रिम्स से इससे निपटने के लिए की गयी तैयारी की रिपोर्ट मांगी है। चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन और जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत ने स्वत: संज्ञान लिए मामले की सुनवाई करते हुए यह निर्देश दिया है। अदालत ने कहा है कि कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन ने दस्तक दे दी है। देश के कई राज्यों में इसके मरीज मिले हैं। झारखंड में इससे निपटने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए अस्पताल कितने तैयार हैं और जरूरी संसाधन उपलब्ध हैं या नहीं। सात जनवरी तक कोर्ट ने रिम्स और सरकार को रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। सुनवाई के दौरान रिम्स की ओर से बताया गया कि जीनोम सिक्वेसिंग मशीन खरीदने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही मशीन खरीद लिए जाने की संभावना है। इसपर कोर्ट ने कहा कि ओमीक्रोन अब पहुंच गया है। ऐसे में अभी रिम्स मशीन खरीदने की तैयारी ही कर रहा है यह उचित नहीं है। कोर्ट ने रिम्स और सरकार को स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तेजी से काम करने का निर्देश दिया। अदालत ने रिम्स और सरकार से कहा कि समय रहते पूरे इंतजाम किए जाएं ताकि जरूरत के समय मरीजों को परेशानी न हो। रिम्स की ओर से बताया गया कि अस्पताल तैयार है। सभी को अलर्ट पर रखा गया है। दवाएं भी हैं। जबकि सरकार की ओर से बताया गया कि ओमीक्रोन से निपटने के लिए सरकार तैयार है। सरकार ने एक गाइड लाइन जारी की है। इसके तहत विदेशों से आने वाले सभी लोगों की जांच की जा रही है। निगेटिव आने के बाद भी सात दिनों तक क्वारंटाइन किया जा रहा है। विदेश से आने वाले लोगों को साइट पर ट्रैवल हिस्ट्री अपलोड करने का निर्देश दिया गया है। एयरपोर्ट, रेलवे, स्टेशनों पर सतर्कता बढ़ा दी गयी है।

Published / 2021-12-11 04:28:57
झारखंड : ओमिक्रोन से निपटने के लिए 20 जनवरी तक शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य

रांची। कोविड-19 के नए स्वरूप ओमीक्रोन के संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने राज्य में हर स्तर पर अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया है और पूरे राज्य में 20 जनवरी तक शत प्रतिशत टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बृहस्पतिवार को बताया गया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज यहां कोविड-19 के ओमीक्रोन स्वरूप से निपटने के लिए बैठक हुई, जिसमें राज्य में 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों का शत प्रतिशत टीकाकरण का कार्य 20 जनवरी 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी कोविड टीकाकरण कार्य में हर हाल में तेजी लाने का प्रयास करें। उन्होंने राज्य के हर पंचायत मुख्यालय में स्थायी टीकाकरण केन्द्र स्थापित करने का भी निर्देश दिया।

Published / 2021-12-10 15:05:16
गुमला : सिसई थाना में जब्त वाहन से बिना किसी दस्तावेज के वाहन मालिक ले गया प्लाईवुड

गुमला। सिसई थाना पुलिस के द्वारा सड़क हादसे के बाद प्लाईवुड लदे एक वाहन को जब्त किया गया था। वाहन कई दिनों से सिसई थाना परिसर में लगा हुआ था। जिसमें प्लाईवुड भारी संख्या में लदा हुआ था। उक्त वाहन से अचानक प्लाईवुड दूसरे वाहन में लादकर थाना से एक व्यक्ति ले गया। इसी दौरान जानकारी मिलने पर कुछ पत्रकार थाना परिसर पहुंचे और बिना किसी अनुमति के जब्त वाहन से प्लाईवुड ले जाते देख समाचार हेतु वीडियो बनाने लगे। पत्रकारों द्वारा वीडियो बनाते देख प्लाईवुड ले जा रहा व्यक्ति भड़क गया और उनसे अभद्रता करने लगा। जबकि प्लाईवुड वाहन से उतारने के लिए न तो किसी तरह का परमिशन उनके पास था और न ही कोई कागज वे दिखा रहे थे। इधर घटना की जानकारी पत्रकारों ने सिसई थाना प्रभारी को दी तो वे पत्रकारों को ही कानून का ज्ञान बांटने लगे और थाना परिसर से प्लाईवुड दूसरे वाहन में लादकर ले जाने दिये। इधर जानकारों का कहना है कि बिना किसी अनुमति के थाने में जब्त वाहन से सामग्री ले जाना गैर कानूनी है। जबकि उक्त वाहन से जोरदार सड़क दुर्घटना घटी है।

Published / 2021-12-10 15:04:29
लातेहार : सीएसआर फंड से 15 लेबर रूम बनवायेगी सीसीएल

बालूमाथ। बालूमाथ में सीसीएल द्वारा संचालित मगध कोलियरी के सीएसआर फंड से एक करोड़ पांच की लागत से 15 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लेबर रूम का निर्माण कराएगी। शुक्रवार को सीसीएल के महाप्रबंधक सीएसआर लाड़ी बालाकृष्णा एवं लातेहार सिविल सर्जन हरेंद्रचंद्र महतो के बीच एमओयू किया गया। उपरोक्त जानकारी देते हुए मगध कोलियरी सीएसआर फंड के नोडल प्रभारी मौसीन रजा ने बताया कि प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्रों में जो लेबर रूम का निर्माण कराया जाएगा। वह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रहेगी एवं प्रत्येक लेबर रूम में सात लाख की लागत का प्राक्कलन बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मगध कोलियरी के सीएसआर फंड से कई तरह के लाभकारी योजनाएं चलाई जा रही है। कोरोना काल मे भी सीएसआर फंड से जिला प्रशासन को फंड दी गई थी। भविष्य में भी इस तरह के लाभकारी योजनाएं सीसीएल द्वारा दी जाएगी। इस मौके पर एसएस लाल सी केरकेट्टा समेत कई सीसीएल कर्मी मौजूद थे।

Published / 2021-12-10 15:03:09
हजारीबाग : 33 हजार वोल्ट लाइन ले जाने को लेकर खपरियावां ग्राम वासियों और बिजली विभाग के बीच तनातनी

कटकमदाग। प्रखंड के ग्राम पंचायत खपरियावां में घनी आबादी के बीच बिजली विभाग द्वारा 33 हजार वोल्ट का तार ले जाने को लेकर खपरियावां के ग्रामीण और बिजली विभाग के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है। इसकी सूचना मिलने पर शुक्रवार को हजारीबाग सदर विधायक मनीष जायसवाल खपरियावां पहुंचे और दोनों पक्षों से वार्ता कर इसके समाधान का प्रयास किया। बिजली विभाग के इस रवैया को लेकर जहां ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है वही विभाग अपने अड़ियल रवैया पर काम करना चाहता है। सदर विधायक मनीष जायसवाल ने दोनों पक्षों से वार्ता कर इसके समाधान का प्रयास किया लेकिन यह वार्ता सफल नहीं हो सका। विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि घनी आबादी के बीच से 33,000 वोल्ट का बिजली तार लेकर जाना कहीं से भी जायज नहीं है। बिजली विभाग को अपने अड़ियल रवैया पर कायम नहीं रहते हुए जनहित में आबादी को प्रभावित नहीं करने वाले बाहरी हिस्सों से यह लाइन ले जाना चाहिए। विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि पुन: इस गंभीर मामले को लेकर आगामी सोमवार को बिजली विभाग के महाप्रबंधक से वे वार्ता करेंगे और इसके सकारात्मक समाधान का सतत प्रयास करेंगे।

Published / 2021-12-10 13:39:34
12 दिसंबर से बजरंग दल मनायेगा शौर्य दिवस पखवाड़ा : विहिप

रांची। विश्व हिंदू परिषद झारखंड प्रांत कार्यकारिणी की ई-बैठक आज पूर्वाह्न 11:00 बजे किया गया। बैठक में झारखंड प्रांत के सभी जिला केंद्रों में 12 दिसंबर से 26 दिसंबर तक के शौर्य संचलन आयोजन करने का निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्र संगठन मंत्री आकारपु केशव राजू ने कहा 1992 में गीता जयंती के पावन दिवस पर हिंदुओं के माथे पर बाबरी ढांचा नुमा लगे कलंक को धो डाला गया था। इस वर्ष गीता जयंती 14 दिसंबर को है। 14 दिसंबर के साथ साथ 15 दिनों तक बजरंग दल के तत्वाधान में सभी जिला केंद्रों पर शौर्य संचलन का आयोजन करके अयोध्या में हो रहे भव्य मंदिर निर्माण के निमित्त किए गए सहयोग हेतु समाज के प्रति कृतज्ञता के साथ प्रसन्नता व्यक्त करेंगे। प्रांत मंत्री डॉ बिरेंद्र साहु ने बताया बजरंग दल के तत्वाधान में 12 दिसंबर से 26 दिसंबर तक झारखंड के सभी जिला केंद्रों में बजरंग दल के तत्वाधान में शौर्य संचलन का आयोजन किया जायगा। बैठक में 12 दिसंबर को रांची महानगर, रामगढ़, हजारीबाग, दुमका व गुमला, 14 दिसंबर को चाईबासा, पलामू सरायकेला व धनबाद ग्रामीण, 6 दिसंबर को गढ़वा, 18 दिसंबर को साहेबगंज, 19 दिसंबर को धनबाद महानगर, खुंटी, चतरा, गिरिडीह, जमशेदपुर, घाटशिला, जामताडा, पाकुड़ व गोड्डा, 20 दिसंबर को सिमडेगा, 22 दिसंबर को लोहरदगा, 24 दिसंबर को रांची ग्रामीण, 25 दिसंबर को बोकारो ग्रामीण व देवघर, 26 दिसंबर को बोकारो महानगर, कोडरमा व लातेहार जिला में शौर्य संचलन कार्यक्रम करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत उपाध्यक्ष सुभाष नेत्रगांवकर, सहमंत्री मनोज पोद्दार, रंजन सिंहा, रामनरेश सिंह, बजरंग दल प्रांत संयोजक दीपक ठाकुर, बजरंग दल प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख रंगनाथ महतो, देवेंद्र गुप्ता, मनोज चंद्रवंशी, विनय कुमार, संजय चौरसिया, जनार्दन पांडे, कालीचरण मंडल, निखिलेश्वर मिश्र, गौरव कुमार, अमर प्रसाद, दीपक मंडल, हरेराम ओझा, सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त जानकारी विहिप के प्रांत मंत्री डॉ बिरेंद्र साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।

Published / 2021-12-10 12:56:30
झारखंड : स्वास्थ्य विभाग का नया भवन बनाने में इन शर्तों का करना होगा पालन, नहीं तो...

रांची। राज्य में अब मानव संसाधन की व्यवस्था किये बगैर अस्पतालों (स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य) के भवन तब तक नहीं बनाए जाएंगे, जब तक उसके लिए आइपीएचएस के मानक के अनुसार मानव संसाधन की व्यवस्था नहीं कर ली जाती। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि अब स्वास्थ्य संरचनाएं-भवन निर्माण की स्वीकृति से पहले इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड (आईपीएचएस) के अनुसार मानव संसाधन की व्यवस्था के लिए पद सृजित करा लिया जाएगा। झारखंड में बड़ी संख्या में ऐसे सरकारी भवन हैं जो बनकर तैयार तो हैं पर उसका इस्तेमाल नहीं हो रहा। ऐसे भवनों में बड़ी संख्या स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य उपकेंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य भवनों की है, जिसका निर्माण तो सरकारी राशि से करा लिया गया। पर उसका इस्तेमाल आज तक इसलिए नहीं हुआ, क्योंकि उन स्वास्थ्य उपकेंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को चलाने के लिए मानव संसाधन की व्यवस्था नहीं की गई थी। भवन की उपयोगिता भी देखी जाएगी : स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य उपकेंद्र से लेकर सीएचसी-पीएचसी के भवन निर्माण से पहले जिस क्षेत्र में नया भवन बनना है उसकी स्थानीय निवासियों के लिए उपयोगिता को भी देखा जाएगा। सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि पहले से निर्मित /निर्माणाधीन अस्पताल भवनों के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही पद सृजन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह के द्वारा गुरुवार को इस बाबत संकल्प जारी कर कहा गया है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को संचालित करने के लिए आईपीएचएस (भारतीय लोक स्वास्थ्य मानक) के अनुसार न्यूनतम मानव बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बाद स्वास्थ्य विभाग से अनुमति लेकर ही भवन निर्माण किया जायेगा।

Published / 2021-12-10 12:46:09
चतरा : अफीम की फसल को पुलिस ने किया नेस्तनाबूद, एक गिरफ्तार

चतरा। एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस एवं वन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बेरियों गांव से सटे जंगली इलाको में वृहद पैमाने पर अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। मौके से दो पंप सेट व एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बेरियों गांव निवासी अमेरिका गंझू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के बेरियों गांव से सटे जंगली इलाको में वृहद पैमाने पर अफीम की खेती होती है। उक्त कार्रवाई के विषय में जानकारी देते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बेरियों गांव से सटे जंगली इलाको में भारी मात्रा में अफीम की खेती लगी हुई है। उन्होंने कहा कि इसी सूचना के आधार पर वन विभाग के अधिकारियों एवं सदर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चला कर अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आगे भी अफीम की खेती को नष्ट करने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Page 1519 of 1612

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse