झारखंड

View All
Published / 2022-01-04 12:55:37
जागरूकता ही डायबिटीज से बचाव है : डॉ पवन

कोडरमा। रोटरी क्लब आॅफ कोडरमा और इनरव्हील क्लब आॅफ कोडरमा के द्वारा रोटरी भवन के सभागार में स्वस्थ जीवन शैली जीने के लिए डायबिटीज जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में रांची से आए मधुमेह विशेषज्ञ डॉक्टर विनय कुमार ढाढणिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने वहां पर आए मधुमेह रोगियों की जांच की और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। डॉ विनय कुमार ने कहा कि आज देश में कोविड और डायबिटीज सुनामी की तरह चल रहा है। पूर्व के पोलियो बीमारी की तरह देश में डायबिटीज की बीमारी भी बढ़ती जा रही है। पहले बड़ी उम्र के लोगों को डायबिटीज की बीमारी होती थी, परंतु आजकल छोटी उम्र के लोगों, बच्चों को भी यह बीमारी हो रही है। इस पर कंट्रोल करना जरूरी है। डायबिटीज से धीरे-धीरे कई परेशानी होती है। जागरूकता की कमी के कारण डायबिटीज पेशेंट को करोना के समय ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। गलत खानपान और जागरूकता के अभाव में डायबिटीज होने पर मरीज की किडनी,आंख खराब हो जाते हैं। हृदय रोग और कैंसर जैसे रोग भी लग जा रहे हैं। परंतु मरीज को बहुत बाद में इस रोग का मरीज को पता चलता है कि उन्हें डायबिटीज है। शारीरिक मेहनत नहीं करने से भी डायबिटीज होती है। बार-बार पेशाब का होना, हमेशा थकान महसूस करना, घाव का ठीक नहीं होना, शरीर का ज्यादा वजनी होना, मानसिक परेशानी, और फैमिली हिस्ट्री, डायबिटीज के कारण है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही बचाव है। रांची से आए टेक्निशियन महेंद्र कुमार ने जांच शिविर में अपना सहयोग दिया। अध्यक्ष रितु सेठ ने स्वागत संबोधन किया। मुख्य अतिथि और मंच पर बैठे सभी लोगों ने दीप प्रज्वलन किया। कार्यक्रम के पीडी रोटेरियन महेश दारूका ने मुख्य अतिथि को बूके देकर स्वागत किया। रोटरी आई हॉस्पिटल की डॉक्टर संगीता प्रसाद को भी बूके देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्व. दुर्गा प्रसाद दारूका रोटरी पूर्व अध्यक्ष की पुण्य स्मृति में किया गया। मंच संचालन इनरव्हील आईपीपी दीपाली भदानी ने किया। मुख्य अतिथि का परिचय रोटेरियन अजय अग्रवाल ने दिया। इनरव्हील की अध्यक्ष माला दारुका ने भी संबोधन दिया। रोटेरियन महेश दारूका ने मोमेंटो देकर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन रोटरी सचिव नवीन जैन ने किया और कहा कि आने वाले दिनों में रोटरी कोडरमा इस तरह के स्वास्थ्य शिविर का और अधिक से अधिक आयोजन करेगी। मौके पर पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सुरेश जैन, कैलाश चौधरी,जयकुमार गंगवाल ,कुमार पुजारा,, रोटेरियन कमल सेठी, सुरेश शेट्टी, पवन दारूका, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष विश्वनाथ दारूका,धर्मेंद्र प्रसाद, अश्विनी राजगढ़िया, संदीप सिन्हा, रोहित कुमार, अमर कुमार, विकास सेठ, नवीन आर्य, इनरव्हील की सचिव आशा गुप्ता, आरती आर्य, संतोष चौधरी अमरजीत कौर, रितु तर्वे,कंचन भदानी, वीणा भदानी, सुधीर कुमार आदि मौजूद थे।

Published / 2022-01-04 12:31:16
गुमला : डीटीओ और सड़क सुरक्षा टीम ने चलाया जागरूकता सह वाहन चेकिंग अभियान

गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी विजय सिंह बिरूआ की अगुवाई में पटेल चैक, बस स्टैंड में मास्क चेकिंग जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन संचालकों एवं यात्रियों को बताया गया कि वर्तमान में एक बार फिर कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए हम सभी को अत्यंत सजग व सावधान रहने की आवश्यकता है। इसके लिए आवश्यक है कि चालक/संचालक एवं पैसेंजर सभी लोग साफ-सफाई, मास्क, सेनेटाईजर एवं सामाजिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करें एवं दूसरों को भी ऐसा करने हेतु प्रेरित करें। इससे हम कोरोना वायरस से स्वयं एवं अपने परिवार का बचाव कर सकते हैं। हमारी थोड़ी सी भी लापरवाही हमारे लिए व हमारे समाज के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। इसलिए लोगों को जागरूक करने व मास्क पहनकर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है ताकि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क पहने घर से बाहर न निकलें एवं इसकी अहमियत को समझें। इसमें सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है। साथ ही कहा गया कि वर्तमान में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, ऐसे में हम सभी को एक बार फिर से सावधानी एवं सतर्कता बरतने की जरूरत है। लोगों को कोविड के बढ़ते मामलों एवं दुष्प्रभाव से अवगत कराया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी, गुमला विजय सिंह बिरूवा की अगुवाई एवं सड़क सुरक्षा के टीम द्वारा रायडीह थाना के सामने ट्रक, पिकअप, टेंपो, कार एवं मोटर साइकिल वाहनों का कागजात, सीट बेल्ट एवं मास्क का जांच किया गया। इस क्रम में वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात नहीं प्रस्तुत करने पर 06 टेंपो वाहनों को जब्त किया गया एवं 03 बाइक को जप्त किया गया। जिसमें 25 वाहनों से 27,000 रुपए वसूली की गई। यह जांच अभियान दोपहर 12:00 बजे से शाम 03:00 बजे तक चलाया गया। वाहन जांच अभियान में मुख्य रुप से रोड सेफ्टी मैनेजर कुमार प्रभास, आईटी असिस्टेंट मंटू रवानी एवं रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट प्रणय कांसी शामिल थे।

Published / 2022-01-04 12:30:07
गुमला-लोहरदगा को जोड़ने वाला नवडीहा पुल के सारे सरिये निकले बाहर, कई जगह बना गड्ढा

गुमला। कहा जाता है कि जान है तो जहान है... लेकिन घाघरा प्रखंड के नवडीहा पुल की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि एक दिन न तो जान रहेगी और न ही जहान बचेगा। पुल की स्थिति इतना दयनीय है कि पुल की ढलाई में लगा सारा सरिया बाहर निकल गया है। जगह-जगह पुल का सरिया बाहर निकलने से गड्ढे बन गये हैं। भगवान भरोसे ही पुल भारी भरकम वाहनों का बोझ संभाल रहा है। स्थिति तो यह है कि कंक्रीट पर पुल टिका हुआ है और कभी भी ध्वस्त हो सकता है। पुल की स्थिति देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि एक दिन यह जीवन लीलने वाला राक्षस साबित हो सकता है। जिसपर शायद न तो पथ निर्माण विभाग का ध्यान जा रहा है और न ही प्रशासन की। जबकि लगातार इस पुल के उपर से सैकडों वाहनों का आना जाना लगा है। पुल के हर चार कदम पर ढ़लाई के दौरान लगाये गये सरिया बाहर आ गया है और कई स्थानों से तो सरिया गायब है। वहां गड्ढा बन गया है। पुल पर अत्याधिक दबाव पड़ने पर उसके बैठ जाने की आशंका स्थानीय लोग जता रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन पुल की इस दूरदर्शा पर संज्ञान भी नहीं ले रही है। शायद जीवन जाने के बाद प्रशासन जागेगी। वहीं दूसरी ओर पुल के बैठ जाने पर गुमला-लोहरदगा मार्ग बंद हो जाएगा। क्योंकि यह पुल सीधे दो जिलों को आपस में जोड़ती है। वहीं पुल पर बना गड्ढा दुर्घटना को भी आमंत्रित कर रहा है। देखने से शायद पुल कंडम घोषित हो सकता है। जिसे इंजिनियरों द्वारा जांच करने की आवश्यकता है।

Published / 2022-01-04 12:29:16
कोविड अनुरूप व्यवहार का अनुपालन करें लोग : डॉ नीरा यादव

कोडरमा। बिरसा सांस्कृतिक भवन में जिला प्रशासन के सौजन्य से एक दिवसीय दिव्यांग कर्मशाला/कैंप का आयोजन किया गया। माननीय विधायक डॉ नीरा यादव, उपायुक्त आदित्य रंजन, जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता व जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कर्मशाला का शुभांरभ किया। विधायक डॉ नीरा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड से बचाव एवं रोकथाम के लिए कोविड जांच का कार्य किया जा रहा है और सदर अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मियों द्वारा बेहतर कार्य किये जा रहे हैं, जो धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कोडरमा जिला में बोर्डर एरिया होने के कारण अतिरिक्त दो स्थानों पर जांच कैंप लगाने की बात कही। माननी? विधायक ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि कोविड अनुरुप व्यवहार का अनुपालन करें। मास्क पहने व सामाजिक दूरी का अनुपालन करें। बहुत जरुरी होने पर ही घर से बाहर निकले। उपायुक्त आदित्य रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की योजना, सरकार आपके द्वार एक अच्छी योजना रही, जिसमें कैंप लगाकर आमजनों की समस्याओं का निदान किया गया। प्रशासन खुद आपके पास पहुंच कर आपकी समस्याओं का निदान किया। कैंप के माध्यम से कई दिव्यांग लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने कहा कि कैंप के माध्यम से चिकित्सकों के टीम के द्वारा जांच करते हुए आॅन द स्पॉट दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्गत किया जा रहा है, जो प्रसंशनीय है। जिला समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी व कर्मी के साथ-साथ चिकित्सकों को बधाई देते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के कैंप का आयोजन कर दिव्यांगों को प्रमाण पत्र निर्गत करना अपने आप में बड़ी बात है। इससे दिव्यांगजन सरकार की कई योजनाओं से जुड़ कर लाभांवित होंगे। जिला परिषद् अध्यक्ष श्रीमति शालिनी गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से संवेदनशील होकर हर तबके के बारे में सोच रहा है और आज उसी का नतीजा है कि हमारे विकलांग जनों को कहीं भटकने की जरूरत नहीं पड़ रही है। एक जगह पर सुनियोजित तरीके से आपको सर्टिफिकेट मिल रहा है। आपको किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसको ध्यान में रखा गया है। जिला प्रशासन आपके प्रति संवेदनशील होकर कार्य कर रही है। सर्टिफिकेट के अलावा छात्रवृत्ति, पेंशन इत्यादि भी देने का कार्य किया जा रहा है, इसके अलावा सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ पूरा उठाएं, हम आपका सहयोग करने में साथ देंगे। माननीय विधायक डॉ नीरा यादव, उपायुक्त आदित्य रंजन, जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ डीपी सक्सेना, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने दिव्यांगजनों के बीच दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरण किया। कैंप के माध्यम से कुल 10 दिव्यांगजनों का प्रमाण पत्र आॅन द स्पॉट बनाया गया। साथ ही मानसिक रूप से ग्रासित, कान व मुंह से संबंधित करीब 20 दिव्यांगों को रांची रेफर किया गया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ डीपी सक्सेना, उपाधीक्षक डॉ अमरेंद्र, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ मनोज, जिला कुष्ठ निवारक पदाधिकारी डॉ रमण व अन्य मौजूद थे।

Published / 2022-01-04 12:28:24
उपायुक्त के साप्ताहिक जनता दरबार में फरियादियों ने आवेदन देकर लगायी समस्या समाधान की गुहार

गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय वेश्म में किया गया। जनता दरबार में सिसई प्रखंड के सिसई बस्ती निवासी पंचमुनी कुमारी ने आवेदन पत्र समर्पित कर बताया कि विगत 26 अक्तूबर 2017 को उनकी माता की हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद उसके पिता भी गंभीर बीमारी से ग्रसित रहने लगे और वर्ष 2018 के दिसंबर माह में उनकी भी मृत्यु हो गई। माता-पिता के निधन के बाद पंचमुनी अनाथ हो गईं। वर्तमान में अपने पड़ोसी के घर पर आश्रित हैं और किसी प्रकार अपना जीवन यापन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने इंटर तक पढ़ाई की है, किंतु जीवन यापन करने में उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अत: उन्होंने सिसई प्रखंडांतर्गत अवस्थित उनके पिता के पैतृक जमीन के हिस्से की बची हुई जमीन को स्वयं के नाम पर हस्तांतरित कराने तथा जीवन यापन करने हेतु नौकरी दिलाने की गुहार लगाई। इसपर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एक अन्य मामले में गुमला डीएसपी रोड निवासी प्रमीला देवी ने आवेदन समर्पित करते हुए बताया कि विगत 04 अक्तूबर 2015 को उनकी पुत्री की मृत्यु के पश्चात उनकी दोनों पोतियों परिधि कुमारी एवं आस्था कुमारी को अपने संरक्षण में रखकर उनका भरण-पोषण वे स्वयं ही कर रही हैं। वर्तमान में परिधि कुमारी कक्षा 04 में तथा आस्था कुमारी कक्षा 03 में अध्ययनरत हैं। इनके बेहतर शिक्षा के निमित्त उन्होंने बच्चियों का नामांकन केंद्रीय विद्यालय गुमला में करने हेतु गुहार लगाई है। इसपर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जनता दरबार में दिव्यांगता के कारण पानी भरने में असमर्थ होने पर घर के पास तापाकल की सुविधा उपलब्ध कराने, खतियानी जमीन हस्तांतरण, पैतृक जमीन हस्तांतरण सहित अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु फरियादियों द्वारा आवेदन समर्पित कर उपायुक्त से समस्या के निदान हेतु गुहार लगाई गई। जिसपर उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को पत्र अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चत करने का निर्देश दिया।

Published / 2022-01-04 12:27:03
पोषण सखियों को मिले अतिरिक्त सेविका का दर्जा : संजय पासवान

कोडरमा। आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत पोषण सखी को 10 माह से मानदेय नहीं मिलने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को आंगनबाड़ी पोषण सखी समन्वय समिति (सीटू) के बैनर तले उपायुक्त के समक्ष पोषण सखियों ने विक्षोभ प्रदर्शन किया। इससे पूर्व परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के निकट अंबेडकर पार्क से एक जुलूस निकाला गया, जिसमें पोषण सखी का बकाया मानदेय देना होगा, नियमितीकरण करना होगा, हेमंत सरकार होश में आओ, पोषण सखी को नौकरी से हटाने की साजिश बंद करो आदि नारे लगाये जा रहे थे। समाहरणालय परिसर में प्रदर्शन स्थल पर अंजुम प्रवीण की अध्यक्षता व पिंकी कुमारी के संचालन में हुई सभा को संबोधित करते हुए सीटू राज्य कमिटी सदस्य और मजदूर नेता संजय पासवान ने कहा कि पिछले 10 माह से पोषण सखी को मानदेय नहीं मिल रहा है। जिसके कारण इनके सामने भूखमरी की स्थिति हो गई है। कई बार आंदोलन के माध्यम से आवाज उठाया गया है, सरकार पर कोई असर नहीं पड़ा है। वहीं दूसरी तरफ केन्द्र सरकार के द्वारा परियोजना को समाप्त कर राज्यों पर बोझ लाद दिया है। राज्य सरकार द्वारा इनका समायोजन कर इन्हें अतिरिक्त सेविका का दर्जा दिए जाने की मांग सीटू करता है। सीटू नेता रमेश प्रजापति ने कहा कि एक तरफ हेमन्त सरकार दो वर्ष पुरा होने का जश्न मना रही है, दूसरी तरफ पोषण सखी को मानदेय नहीं दिया जा रहा है और पोषण सखी को नौकरी से हटाने की साजिश कर रही है। जिसके खिलाफ बड़ी लड़ाई होगा। कर्मचारी महासंघ के संयुक्त सचिव दिनेश रविदास ने कहा कि कोरोना काल में लाखों लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है, ऐसे समय में पोषण सखी को हटाने के बारे सोचना मानवता के खिलाफ है। हेमन्त सरकार रोज घोषणा कर रही है कि लाखों रिक्त पदों पर जल्द बहाली होगी, सरकार के इस कदम से 10 हजार 388 पोषण सखी बेरोजगार हो जाएगी। प्रदर्शन में गायत्री देवी, सुलेखा वर्मा, जरीना खातुन, गुलनाज प्रवीण, पुजा कुमारी, सुषमा देवी, प्रीति कुमारी, सुनीता देवी, सोनम कुमारी, निशा भारती, संगीता देवी, अंजु देवी, पार्वती, पायल, कविता, रजनी, शोभा, राखी रजक, उर्मिला देवी, विद्या देवी, सुमन, उर्मिला, नैन्सी, ललिता देवी, आरती देवी, शांति, पुनम, अंजु, अनु, रूपा देवी, सलमा खातुन, बिनीता देवी, गुड़िया देवी, देवन्ती देवी, चंचल, पिंकी, सुशीला, जैनब प्रवीण, आशा, बबीता, कविता सिंह, राखी सिंह, पिंकी, फूलकुमारी, किरण, बंटी देवी, बेबी, सरिता, सिमरन देवी, राधा, आरती देवी, पिंकी, डोली देवी, रेणु देवी, बेबी, ललिता देवी, अनीता देवी, संजू कुमारी सहित दर्जनों लोग शामिल थे।

Published / 2022-01-04 09:47:45
सिर्फ सुरक्षा ही नहीं कई भूमिका निभा रहा आरपीएफ, 2021 में 25 बालक बालिकाओं को बरामद कर चाइल्डलाइन को सौंपा

कोडरमा। खाकी वर्दी पहनने वाले आरपीएफ यात्रियों को सिर्फ सुरक्षा देने का कार्य ही नहीं कर रहे, बल्कि बाल मित्रों की भूमिका भी बखूबी निभा रहे है। पिछले 3 वर्षों में खाकी का अर्थ बहुत हद तक बदला-बदला सा देखने को मिला है। जिससे उनकी विश्वसनीयता में काफी इजाफा हुआ है। जहां अकेली महिला और बालिकाओं को रेलवे सफर के दौरान अपने गंतव्य स्टेशन तक पहुंचाने में आरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका मेरी सहेली के अंतर्गत निभा रही है। धनबाद रेल मंडल के आरपीएफ कमांडेंट हेमंत कुमार ने बताया कि धनबाद रेल मंडल के धनबाद कोडरमा के रास्ते होकर चलने वाली ट्रेनों में यदि कोई महिला और युवती सफर कर रही हो और उन्हें समस्या आ रही हो तो वह तत्काल आरपीएफ के टोल फ्री नंबर या किसी भी पोस्ट में सूचना दें। उन्हें शुरुआत के स्टेशन से गंतव्य स्टेशन तक मेरी सहेली के तहत सुरक्षा दी जा रही है। वही बीते वर्ष 2021 में रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षित व सुखद यात्रा को लेकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। यही नहीं समय-समय पर नशा खुरानी गिरोह के अलावे शराब तस्करी करने वाले को भी नहीं बख्शा। यही कारण है कि कोडरमा के बाद बिहार की सीमा प्रारंभ होती है और यहां से ट्रेनों के माध्यम से शराब की तस्करी जोरों पर होती है। गत वर्ष 571 अंग्रेजी बोतल एवं 1059 लीटर देसी शराब बरामद किया गया, साथ ही संलिप्त 15 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई कोडरमा उत्पाद विभाग को जब्त शराब सुपुर्द किया गया। जब्त किए शराब की कीमत 334218 आंकी गई। वह 1 वर्ष के दौरान कोडरमा स्टेशन से 25 लड़के एवं लड़कियों को रेस्क्यू करते हुए बरामद कर चाइल्डलाइन को सौंपा गया। यही नहीं आरपीएफ की महिला कर्मियों द्वारा सफर कर रही गर्भवती महिलाओं को सफर के दौरान प्रसव पीड़ा होने के पर उन्हें अविलंब अस्पताल पहुंचाया गया जहां सुरक्षित बच्चे का जन्म हो सका। तस्करी में ले जा रहे 118 जीवित कछुए को छापामारी के दौरान बरामद कर उन्हें वन विभाग को सौंपने की कार्यवाही आरपीएफ कोडरमा ने की। जब्त कछुए की कीमत दो लाख 53 हजार बताई जाती है। वहीं ट्रेनों एवं प्लेटफार्म पर लोगों को यह शिकायत पर अमल करते हुए 52 लगेज, मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य सामग्री को संबंधित यात्री तक पहुंचाने का कार्य भी किया गया। कोडरमा आरपीएफ ने सीसीटीवी कैमरा एवं गस्ती एवं छापेमारी के दौरान मादक पदार्थ गांजा 94.31 किलोग्राम के साथ दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया था जिसकी कीमत 9.5 लाख आंकी गई है। धनबाद रेल मंडल के कोडरमा और हजारीबाग में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस से गांजा बरामदगी का मामला दो बार हो चुका है। वही आरपीएफ द्वारा सुरक्षा और संरक्षा के लिए कई अभियान भी चलाए जा रहे हैं। 1122 लोगों से विभिन्न मामलों में 5 लाख 69 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ ने वाणिज्य विभाग के साथ कोडरमा स्टेशन एवं विभिन्न ट्रेनों में चेन पुलिंग करने, बिना टिकट यात्रा करने, महिला एवं दिव्यांग बोगी में सामान्य लोगों के सफर करने, पायदान पर बैठकर सफर करने वाले तथा सिगरेट पीने के जुर्म में कुल 1122 लोगों को विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पकड़ा गया और इन्हें धनबाद तथा गया रेल न्यायालय भेजा गया। बिना बिना टिकट यात्रा एवं अन्य मामलों में यात्रा कर रहे लोगों को यात्रियों को जुर्माना लेकर छोड़ दिया गया। वही 5 लोग पूरे साल में जेल भेजे गए। इससे रेलवे को जुर्माना के रूप में 5 लाख 69 हजार 5 सौ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। आरपीएफ के कोडरमा निरीक्षक प्रभारी जवाहरलाल ने बताया कि सुरक्षा व संरक्षण के साथ-साथ एक मित्र के रुप में जवान काम कर रहे हैं। रेल आईजी सर्वप्रिय मयंक एवं सीनियर कमांडेंट हेमंत कुमार के निर्देश पर बीते वर्ष अपराधिक घटनाओं के रोकथाम के लिए रेलवे में विशेष रूप से कार्य किया गया। वहीं नए वर्ष 2022 में आरपीएफ का सुरक्षित यात्रा सुखद यात्रा अभियान अनवरत जारी रहेगा। उन्होंने कोविड-19 के नियम कानून का पालन करने सामाजिक दूरी, मास्क लगाने, समय-समय पर सेनीटाइजर का उपयोग करने का भी आह्वान किया।

Published / 2022-01-04 05:10:45
झारखण्ड में कोरोना का कहर : स्वास्थ्य मुख्यालय पहुंचा संक्रमण, झासा ने सीएम से की ओपीडी बंद करने की अपील

रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण की लहर जारी है। बड़ी संख्या में हर दिन कोरोना संक्रमित राज्यभर में मिल रहे हैं। तेजी से पांव पसार रहे संक्रमण ने नामकुम स्थित स्वास्थ्य मुख्यालय में भी दस्तक दे दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के परिवार नियोजन के हेड डॉ अनिल, NHM के चार्टर्ड अकाउंटेंट और एनजीओ कंसलटेंट की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में बडी संख्या में डॉक्टरों के कोरोना संक्रमित रिपोर्ट आने के बाद झासा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों के ओपीडी बंद करने की मांग की है। कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट आने के बाद एनएचएम के तीनों अधिकारी होम आइसोलेशन में चले गए हैं। उनके कॉन्टेक्ट में आए लोगों की पहचान की जा रही है। नामकुम स्थित RCH और IPH के साथ-साथ एक ही कैंपस में औषधि नियंत्रक, आयुष निदेशालय, ड्रग एंड फूड टेस्टिंग लैब और वैक्सीन का स्टेट वेयर हाउस का संचालन होता है। स्वास्थ्य मुख्यालय में ही एनएचएम के निदेशक का भी कार्यालय है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार इस बार इतनी तेज है कि न सिर्फ आम लोग, बल्कि बड़ी संख्या में पुलिस के अधिकारी, जनप्रतिनिधि के साथ-साथ मरीजों की सेवा कर रहे डॉक्टर्स भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को रांची सदर अस्पताल के चार डॉक्टर्स डॉ बीनू वंदना, डॉ मुज्जमिल, डॉ संतोष और डॉ शशि टोप्पो कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। वहीं रिम्स के कई डॉक्टर्स के साथ-साथ बड़ी संख्या में मेडिकल के छात्र भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।

Page 1515 of 1651

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse