एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड में कोरोना वायरस तेजी से पांव पसार रहा है। हर दिन संक्रमण के मामले रिकॉर्ड बनाते नजर आ रहे हैं। 3 जनवरी को झारखंड में 1481 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि जमशेदपुर में एक मरीज की मौत हुई है। वहीं धनबाद में बढ़ते मरीजों को लेकर टेलीमेडिसिन सेवा शुरू कर दी गई है। बता दें 3 जनवरी के सैंपल जांच की रिपोर्ट 4 जनवरी को जारी हुई है। इसके मुताबिक सेकंड वेव के बाद सोमवार को रांची में सबसे ज्यादा 619 मरीज मिले हैं। इसके बाद जमशेदपुर में 128, धनबाद में 109, देवघर में 102 और पश्चिमी सिंहभूम में 100 मरीजों की पहचान हुई है। अब झारखंड में एक्टिव मरीजों की संख्या 5218 हो गई है। सबसे चिंता की बात यह है कि 37343 सैंपल की जांच के बाद इतने लोग संक्रमित मिले हैं, जबकि 1 दिसंबर को 27759 सैंपल की जांच के बाद सिर्फ 12 लोग संक्रमित मिले थे। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि झारखंड में कोरोना कितनी तेजी से फैल रहा है। छह जिलों में बिगड़ रहे हालात : फिलहाल 6 जिले ऐसे हैं जहां सबसे ज्यादा एक्टिव मरीज हैं। रांची में 2217, जमशेदपुर में 569, कोडरमा में 403, धनबाद में 343, बोकारो में 330 और पश्चिमी सिंहभूम में 286 एक्टिव मरीज हैं। झारखंड का 7 डेज ग्रोथ रेट 0.21% है। 3 जनवरी को रिकवरी रेट 97.07% और डेथ रेट 1.44% रिकॉर्ड किया गया। वैक्सीनेशन की रफ्तार धीमी : सबसे चिंता वाली बात यह है कि झारखंड में 18 साल से ज्यादा आयु वर्ग के महज 47% लोगों को ही कोरोना वैक्सीन की दोनों रोज लग पाई है। इतना तेजी से संक्रमण फैलने के बावजूद 3 जनवरी को 94689 लोगों का वैक्सीनेशन हो पाया। इस दौरान 15 साल से 18 साल आयु वर्ग के 19039 किशोरों-युवाओं को कोरोना की पहली डोज लगाई गई। धनबाद में नए मरीजों की संख्या हर रोज 100 पार : धनबाद में कोरोना के बढ़ते संक्रमण से इन दिनों हालात बिगड़ रहे हैं। एक जनवरी से तीन जनवरी तक रोजाना यहां 100 से अधिक संक्रमित मिले हैं। शनिवार को यहां 113, रविवार को 110 और सोमवार को 109 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। इनमें से ज्यादातर ऐसे लोग हैं जो दूसरी जगहों से धनबाद वापस लौट रहे हैं। इसमें पश्चिम बंगाल से लौटने वाले लोगों की संख्या अधिक है। इससे प्रशासन की नींद उड़ी हुई है। इसको लेकर धनबाद उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के साथ बैठक भी की है। जिले में बंद पड़े टेलीमेडिसिन सेवा को भी फिर से शुरू कर दिया गया है। जामताड़ा में एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 31 है।
एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड सरकार द्वारा पर्यटन स्थलों को बंद करने की घोषणा के बाद मंगलवार को काफी संख्या में पर्यटक हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल और सीता फॉल घूमे बगैर लौट गए। बंगाल, बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से पर्यटक इन जलप्रपातों में घूमने और पिकनिक मनाने आए थे। सभी जलप्रपातों में नो इंट्री का बोर्ड लगाकर बैरियर लगा दिया गया था। पर्यटकों को गेट से ही वापस कर दिया गया, इससे पर्यटक मायूस दिखे। झारखंड पर्यटन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि सरकार के फैसले का सख्ती से पालन किया जाएगा। हालांकि पर्यटक कोविड गाइडलाइन के अनुसार घूमने देने की मांग कर रहे थे। बंगाल के हावड़ा से घूमने आए सुशांतो ने बताया कि काफी खर्च और तैयारी कर सपरिवार हुंडरू फॉल घूमने आए थे, परंतु बगैर घूमे लौट रहा हूं। इधर, स्थानीय दुकानदार भी पर्यटन स्थल बंद होने से मायूस दिखे। दुकानदार संतोष प्रसाद ने कहा कि अभी पीक सीजन है। लोन आदि लेकर स्थानीय दुकानदार अपनी दुकानदारी करते हैं। लेकिन फॉल 15 जनवरी तक बंद होने से आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गई है।
लोहरदगा। सेन्हा प्रखंड निवासी दिलीप साहू के आवास में युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार लोहरदगा के तत्वाधान में मां राधा आॅप्टिकल पावरगंज चौक, लोहरदगा एवं श्रीगणेश आई हॉस्पिटल के सहयोग से नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सर्वप्रथम मां गायत्री के समक्ष वरिष्ठ गायत्री परिजन सुमित्रा माताजी, लाल राजेन्द्र प्रताप देव, प्रतिमा बहन के द्वारा दीप प्रज्वलन कर शिविर का उद्घाटन किया। नेत्र सहायक डॉ बी कुमार संचालक मां राधा हॉस्पिटल द्वारा 30 लोगों का नेत्र जांच किया गया। जांच शिविर में युवा प्रकोष्ठ के संयोजक रितेश कुमार ने बतलाया कि आज के दौर में अधिकांश लोगों की आंखे खराब हो गई है ऐसे में लोकसेवा के रूप में ऐसे जांच शिविर का आयोजन करके दुखियों के दुख को दूर किया जा सकता है,इससे पूर्व युवा प्रकोष्ठ द्वारा गायत्री शक्तिपीठ लोहरदगा में 26 दिसंबर को रक्तदान महायज्ञ का भी शिविर लगाया गया था। नेत्र सहायक डॉ बी कुमार द्वारा अपने शहर के अनेकों गांवों में मात्र 50/रुपए के रजिस्ट्रेशन फीस में उचित जांच करते हुए लागत मूल्य पर फ्रेम एवं चश्मे का नंबर दवाई इत्यादि दिया जा रहा है,साथ ही मोतियाबिंद के नि:शुल्क आॅपरेशन भी कराया जा रहा है। युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार के सह संयोजक रामविलास महतो, राखी कुमारी,पूजा कवर, दिलीप साहू, अजय साहू, विजय सिंह रावत ने शिविर को बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लोहरदगा। उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेन्हा में स्थापित पीएसए आॅक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। कुडू प्रखंड के चिरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त द्वारा पीएसए आॅक्सीजन प्लांट, अस्पताल परिसर, चिकित्सा कर्मियों के आवासीय परिसर का अवलोकन किया। उपायुक्त ने विद्युत प्रमण्डल लोहरदगा को अस्पताल परिसर में ट्रांसफार्मर लगाये जाने का निदेश दिया। साथ ही, संवेदक को अस्पताल परिसर के जमीन का समतलीकरण करने, पानी निकास या वाटर हार्वेस्टिंग ट्रीटमेंट/ सॉकपिट की व्यवस्था, परिसर के अंदर चहारदिवारी की ओर फुटपाथ, फूल व पौधों का पौधरोपण कराने, परिसर का सौंदर्यीकरण कराने, सौर उर्जा से विद्युत व्यवस्था बहाल करने, अस्पताल परिसर के चारों को स्ट्रीट लाईट लगाने समेत अन्य निदेश दिये गये। मेडिकल अफसर व चिकित्सा कर्मियो को अस्पताल परिसर में ही रात्रि ठहराव सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। सेन्हा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त द्वारा पीएसए आॅक्सीजन प्लांट में आवश्यक तकनीशियन रख कर प्लांट का ड्राई रन कराने का निदेश प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिया। साथ ही, प्रतिदिन टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने और मेडिकल अफसरों को आवासीय परिसर में ही रात्रि विश्राम करने का निदेश दिया। निरीक्षण में उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा और संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी आदि मौजूद थे।
चाईबासा। गोइलकेरा थाना क्षेत्र के झीलरुवां में मंगलवार शाम नक्सलियों ने मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमला कर दिया। इस हमले में पूर्व विधायक की जान बाल-बाल बची। जैसे ही नक्सलियों ने हमला किया एक बॉडीगार्ड के साथ किसी तरह पूर्व विधायक घटना स्थल से निकलने में सफल रहे। सोनुआ थाना पहुंच कर उन्होंने पुलिस को पूरी जानकारी दी। नक्सलियों ने जिस समय हमला किया। उस समय पूर्व विधायक के साथ तीन बॉडीगार्ड थे। एक बॉडीगार्ड पूर्व विधायक को सुरक्षित निकालने में सफल रहा। वहीं दो बॉडीगार्ड नक्सलियों के घेराबंदी में फस गए। दोनों बॉडीगार्ड को नक्सलियों ने कब्जे में ले लिया। अबतक दोनों बॉडीगार्ड को लेकर सूचना नहीं मिली है। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने बॉडीगार्ड से हथियार लूट लिया होगा। लेकिन इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। अब तक दोनों बॉडीगार्ड नक्सलियो के कब्जे में है। पूर्व विधायक गुरुचरण नायक एक फुटबॉल टूनार्मेंट के समारोह में भाग लेने के लिए गए थे। इसकी सूचना पहले से नक्सलियों को थी। अचानक नक्सलियों ने हमला कर दिया. खेल मैदान के आसपास नक्सली पहले से घात लगाए बैठे हुए थे। जैसे ही पूर्व विधायक भीड़ से बाहर निकले, उन पर नक्सलियों ने हमला कर दिया।
कोडरमा। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव व रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार कोविड टेस्टिंग किया जा रहा है ताकि संक्रमित होने पर उन्हें सामुचित इलाज किया जा सके। जिला मलेरिया पदाधिकारी सह सर्विलांस पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार द्वारा बताया कि कोरोना जांच में 152 लोग पॉजिटिव पाये गये हैं। इसमें ट्रू नेट जांच में 34, आरटीपीसीआर जांच में 101 एवं एंटी जेन जांच में 17, कुल 152 लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। साथ ही 02 संक्रिमत डीसीएचसी में भर्ती हैं और 522 संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं दूसरी तरफ होम आइसोलेशन में रह रहे 32 व डीसीएचसी में भर्ती 01 मरीज स्वास्थ्य हो गये हैं। जिले में कुल सक्रिय मामले 524 है।
चौपारण, हजारीबाग। शराब माफियाओं के खिलाफ उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक राजीव नयन और थाना प्रभारी स्वपन्न कुमार महतो के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम के थाना क्षेत्र के रेनबो करमा में चल रहे अवैध देसी महुआ शराब भट्?ठी की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए पुलिस ने अवैध शराब की छह भट्टीयों को ध्वस्त किया। उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक राजीव नयन द्वारा बताया गया कि अवैध भट्ठियों को नष्ट करते हुए करीब 3000 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट किया गया। इसके साथ ही वहां से करीब 200 लीटर निर्मित देसी महुआ शराब को भी जब्त किया गया है। वहीं सभी तस्कर भगने में सफल रहे। अवैध रूप से संचालित भट्ठियों में संलिप्त लोगों को पता लगाया जा रहा है। उनके खिलाफ कोर्ट में केस दर्ज की जाएगी। छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक राजीव नयन, चौपारण थाना प्रभारी स्वपन कुमार महतो के अलावे उत्पाद विभाग के सिपाही एवं चौपारण सशत्र बल के जवान शामिल थे।
बड़कागांव। गोंदलपुरा कोल ब्लॉक के ग्रामीणों की स्वीकृति के लिए निर्धारित आमसभा ग्रामीणों के हो हंगामा के कारण स्थगित हो गया। आम सभा गोंदलपुरा शिव मंदिर के प्रांगण में पूर्व मुखिया श्रीकांत निराला की अध्यक्षता में की गई, जहां अंचल निरीक्षक अनोज कुमार, राजस्व कर्मचारी अशोक कुमार पांडे, अंचल अमीन ब्रह्मदेव रबानी, कंपनी की ओर से डीजीएम संजय कुमार, शुभम अरमलिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम चरण में वन भूमि के लिए ग्रामीणों को मिले पट्टा अथवा मिलने के कगार से संबंधित अधिकार संरक्षित के लिए कंपनी के पोषक क्षेत्र के गांव में आम सभा की जा रही थी। लेकिन ग्रामीण बिना बात सुने ही विरोध प्रदर्शन करने लगे। जिन ग्रामीण रैयतों के पास वन भूमि पर दखल एवं पट्टा प्राप्त है उस आंकड़े को वन भूमि के पास दावा पेश किया जाता ताकि रैयतो को मुआवजा मिल सके। वही ग्रामीणों का कहना है कि जब हम लोग कोयला खदान खोलने के पक्ष में है ही नहीं तो फिर आम सभा का औचित्य ही क्या। अंत में हो हंगामा के बाद आम सभा स्थगित हो गई। ज्ञात हो कि बड़कागांव प्रखंड के गोंदलपूरा कोल ब्लॉक के नाम से अडानी कंपनी को आवंटन हुआ है। कंपनी के लोग लगातार क्षेत्र में कई तरह के कार्यक्रम चलाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के साथ बैठक, सर्वेक्षण कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन ग्रामीणों द्वारा इसका पुरजोर विरोध किया जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse