एबीएन डेस्क, रांची। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शनिवार को सिमडेगा पहुंचेंगे। इस दौरान कोलेबिरा थाना क्षेत्र के बेसराजारा जाएंगे और बीजेपी कार्यकर्ता संजू प्रधान के परिजनों से मुलाकात करेंगे। बता दें कि पिछले दिनों बीजेपी कार्यकर्ता संजू प्रधान की मॉब लिंचिंग कर दी गई थी। ग्रामीणों ने भाजपा कार्यकर्ता को जिंदा जला दिया थी। इस घटना के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भी पहुंचे थे और उन्होंने संजू के परिजनों को ढाढ़स बंधाया था। अब पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पहुंचेंगे। रघुवर दास के साथ पूर्व मंत्री विमला प्रधान, बीजेपी जिलाध्यक्ष लक्ष्मण बड़ाईक, जिला सांसद प्रतिनिधि सुशील श्रीवास्तव, नगर परिषद उपाध्यक्ष ओम प्रकाश साहू आदि कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
एबीएन डेस्क। राजस्थान से उठा साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तर से आ रही हवाओं का असर झारखंड पर भी पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ भी इसमें अपनी भूमिका निभाएगा। इससे जल्द ही झारखंड का मौसम के बदलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने इसके चलते 9 से 12 जनवरी तक राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रांची सहित राज्य में 8 जनवरी के बाद ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर दिशा से हवा चलेगी। इससे रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। इससे ठंड में थोड़ी राहत मिलेगी। रांची मौसम केंद्र ने एक पूर्वानुमान जारी कर बताया है कि आठ जनवरी से राज्य के विभिन्न जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं 9 जनवरी से राज्य में बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिकों का मानना है कि राजस्थान में साइक्लोन बन रहा है और वहां 8 से 9 जनवरी तक सुबह कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। पिछले 24 घंटे में झारखंड में मौसम शुष्क रहा है। इस दौरान 24 जिलों के तापमान का आकलन करें तो सबसे अधिक उच्चतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में रिकॉर्ड किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान बोकारो में 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। रांची में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.8, जमशेदपुर में 13.4, डालटेनगंज 11.7, बोकारो 10.1. चाईबासा में 13.6, देवघर में 10 .9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो रांची में 26.5, जमशेदपुर में 27.6, डालटेनगंज में 26.2, बोकारो में 26.1, चाईबासा में 28.4 और देवघर में 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रांची। रातू थाना क्षेत्र में आपसी विवाद में पिता ने अपने ही पुत्र इकराम खान की हत्या कर फरार हो गया। घटना हुरहुरी में शुक्रवार देर रात की बतायी जा रही है। हत्या का आरोप रफीक खान पर है। आपसी विवाद में रफीक खान ने 20 वर्षीय पुत्र एकराम खान की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर रातू थाना की पुलिस पहुंच कर शव को कब्जे में लिया है। फिर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक हुरहुरी का रहने वाला रफीक खान शुक्रवार की देर रात शराब पीकर अपना घर आया था। इसी दौरान पिता और पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने पुत्र के ऊपर किसी ठोस वस्तु से वार किया। जिसके बाद पुत्र एकराम खान घायल हो गया। आनन-फानन में उसे हॉस्पिटल ले जाया गया जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की ख़बर मिलने के बाद से आरोपी पिता घर छोड़ कर फरार हो गया है।
एबीएन डेस्क। 7 महीने के बकाया वेतन की मांग को लेकर 36 दिनों से हड़ताल कर रहे एचईसी मजदूरों का हड़ताल खत्म हो गया है। प्रबंधन की ओर से वेतन को लेकर मिले आश्वासन के बाद एचईसी मजदूर काम पर वापस हो गए हैं। बता दें कि 7 महीने के बकाया वेतन की मांग को लेकर मजदूर 36 दिनों से हड़ताल कर रहे थे। शुक्रवार (7 जनवरी) को प्रबंधन और एचईसी के मजदूरों के बीच हुई वार्ता के बाद प्रबंधन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि उन्हे अगले एक-दो दिनों में डेढ़ महीने का वेतन दिया जाएगा। जिसके बाद प्रबंधन की अपील पर मजदूरों ने एचईसी के प्लांट में काम शुरू कर दिया है। एचईसी में हड़ताल खत्म होने के बाद भी कई ऐसे मजदूर हैं जो अब तक काम पर नहीं लौटे हैं। इस बारे में एचईसी प्रबंधन ने जानकारी देते हुए कहा कि 2 से 3 दिनों के अंदर सभी मजदूर काम पर वापस लौट जाएंगे। एचईसी प्रबंधन ने जल्द ही एचईसी के प्लांट में काम शुरू होने की उम्मीद जताई हैम
एबीएन डेस्क। लोहरदगा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन ने बीते दन जमकर उत्पात मचाया। हार्डकोर नक्सली और मोस्ट वांटेड रविंद्र गंझू के दस्ते ने एक दर्जन वाहनों को फूंक डाला। वहीं सभी वाहन चालक डरकर मौके से फरार हो गए। यह घटना माइंस एरिया की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लोहरदगा-गुमला जिले के सीमावर्ती गुरदरी थाना क्षेत्र के कुजाम माइंस में नक्सलियों ने शुक्रवार शाम 7.30 बजे जमकर उत्पात मचाया। लोहरदगा-गुमला जिले के सीमावर्ती गुरदारी थाना क्षेत्र के कुजाम माइंस में चार नंबर खंते में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन का हथियारबंद दस्ता पहुंच गया और एक-एक कर दर्जन भर वाहनों को फूंक डाला। नक्सलियों ने यहां पर माइनिंग से जुड़े एनकेसीपीएल कंपनी के वाहनों को आग के हवाले किया है, जिससे कंपनी को 10 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका है। सूचना के अनुसार घटना को अंजाम भाकपा माओवादी के रीजनल कमांडर और 15 लाख के इनामी रविंद्र गंझू के दस्ते ने लेवी के के लिए किया है। रविंद्र गंझू की तलाश न सिर्फ लोहरदगा-गुमला और लातेहार जिले के पुलिस कर रही है, बल्कि झारखंड पुलिस के इस मोस्ट वांटेड की तलाश दूसरी एजेंसियों को भी है। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों का दस्ता वहां से जंगल के रास्ते निकल गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत है। पुलिस की ओर से क्षेत्र में घेराबंदी का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। नक्सलियों ने बॉक्साइट माइन्स में लगे हुए माइनिंग से संबंधित वाहनों को आग के हवाले करने के बाद माइंस और माइनिंग से जुड़े हुए कर्मचारियों को धमकी दी कि बिना इजाजत के काम शुरू करने पर और भी बुरा अंजाम होगा। इस घटना की पुष्टि हिंडाल्को कंपनी के माइनिंग से जुड़े एनकेसीपीएल कंपनी के अधिकारियों ने की है, लेकिन उन्होंने यह कहा है कि उन्हें सिर्फ सूचना मिली है। अभी वास्तविकता के बारे में कोई भी जानकारी उन्हें भी नहीं है। इस मामले में ट्रक ऑनर एसोसिएशन के पदाधिकारी भी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। जानकारी यह भी मिल रही है कि आदित्य बिरला ग्रुप की हिंडाल्को कंपनी के रेजिंग और ट्रांसपोर्टिंग कांट्रेक्टर एनकेसीपीएल कंपनी के जिन वाहनों को जलाया गया है, उसमें 1.20 करोड़ मूल्य की दो ड्रिल मशीन, 80 लाख की दो जेसीबी वाहन, 1.70 करोड़ रुपये के चार हाइवा वाहन, 3.60 करोड़ रुपये के छह एक्सरावेटर आदि शामिल हैं। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि घटनास्थल पुलिस पिकेट से महज कुछ दूरी पर है, जहां नक्सलियों ने बेखौफ तरीके से घटना को अंजाम दिया है। नक्सलियों ने जिस प्रकार से घटना को अंजाम दिया है, उसके बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद जिन वाहनों को जलाया गया है, उसके सभी चालक मौके से फरार हो गए हैं। इस दौरान जिन वाहनों को जलाया गया। उनके टायर के जलने और फटने की आवाज दूर तक सुनाई देती रही, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा।
एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड में कोरोना की तीसरी लहर विकराल रूप धारण करते जा रही है। नए वर्ष के 07 दिनों में ही झारखंड में कोरोना ने 17 लोगों की जान ले ली है, इनमें से आठ लोगों की मौत सात जनवरी को ही हुई है। एक जनवरी 2022 को जहां राज्य में कोरोना से कुल मौत का आंकड़ा 5144 था, वह 07 जनवरी को बढ़कर 5161 हो गया। बता दें कि झारखंड में शुक्रवार 07 जनवरी को सभी जिलों में कोरोना के नए केस मिले हैं, जिसकी संख्या 3825 है। हालांकि 866 संक्रमित कोरोना से मुक्त भी हुए हैं। इसके बावजूद राज्य में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 17206 हो गई है। झारखंड के सभी 24 जिलों में शुक्रवार को कोरोना के केस मिले। इस दिन यानी 7 जनवरी को झारखंड में कोरोना के 3825 नए संक्रमित मिले हैं, जिसमें से रांची सहित सात जिलों में 100 से ज्यादा नए मामले मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सात जनवरी को रांची में जहां 1543 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं बोकारो में 216, चतरा में 95, देवघर में 168, धनबाद में 93, जमशेदपुर में 593, गिरिडीह में 17, गोड्डा में 34, गुमला में 38, हजारीबाग में 153, जामताड़ा में 70, खूंटी में 104, कोडरमा में 48, लातेहार में 28, लोहरदगा में 55, पलामू में 67, पाकुड़ में 05, रामगढ़ में 83, सिमडेगा में 74, पश्चिमी सिंहभूम 175, दुमका में 76, गढ़वा में 26, साहिबगंज में 14 और सरायकेला में 50 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसी के साथ झारखंड में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 17206 पहुंच गई है। Covid19 से सात जनवरी को बोकारो में 03, जमशेदपुर में 02, रांची में 02 और सरायकेला में 01 मौत होने के साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या 5161 हो गई है। झारखंड में बड़ी संख्या में मिल रहे नए केस की वजह से राज्य कोरोना इंडिकेटर्स में लगातार खराब स्थिति की ओर बढ़ रहा है। राज्य में 7 डेज ग्रोथ रेट 0.65% ,7 डेज डबलिंग रेट 107.4 दिन, रिकवरी रेट 93.93% और मोर्टेलिटी रेट 1.39% है। मोर्टेलिटी रेट छोड़ सभी इंडिकेटर्स पर झारखंड का औसत राष्ट्रीय औसत से खराब है।
टीम एबीएन, रांची। कोविड संक्रमण को देख चर्च प्रशासन ने अगले आदेश तक चर्च को बंद करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में रांची पेरिश प्रिस्ट जेएम तोपनो ने शुक्रवार को पत्र जारी किया। जिसमें कहा कि झारखंड सरकार के दिशा-निर्देश के अनुसार रविवार को चर्च में आराधना संपन्न करना असंभव है। इसलिए नौ जनवरी रविवार से संत पॉल्स कैथेड्रल चर्च और रांची के सभी आराधनालय, यूनिट अगले आदेश तक बंद रहेंगे। धार्मिक अनुष्ठान की विधि का प्रसारण रविवार सुबह आठ बजे से चर्च के यू ट्यूब चैनल पर किया जाएगा। 16 और 23 को होने वाली आमसभा व चुनाव स्थगित दूसरी ओर चर्च प्रशासन ने 16 जनवरी को होने वाली वार्षिक आमसभा व 23 जनवरी को होने वाले पास्तरेत चुनाव सत्र 2021-22 को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। इस संबंध में सीएनआई चर्च छोटानागपुर डायसिस के बिशप बीबी बास्के ने सभी पेरिश पुरोहितों, सचिव के नाम से पत्र जारी करते हुए सभी तरह के धार्मिक आयोजन व कार्यक्रम को स्थगित करने का दिशा-निर्देश भी जारी किया।
टीम एबीएन, रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा है कि बकाए वेतन भुगतान की मांग को लेकर विगत एक माह से भी अधिक से टूल डाउन स्ट्राइक कर रहे एचईसी के कामगारों ने कारखाना के हित में हड़ताल वापस लेने का ऐतिहासिक कदम उठाया है। एचईसी प्रबंधन को कामगारों के इस निर्णय की सराहना करते हुए उनका समुचित सम्मान करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मजदूरों ने प्रबंधन की अपील को स्वीकार करते हुए कारखाना के अस्तित्व को बचाने के लिए अपना काम शुरू कर दिया है। अब प्रबंधन भी कामगारों से किए गए वायदे के प्रति संवेदनशील रहे। एचईसी के कामगारों में इतनी क्षमता है कि वह उत्पादन लक्ष्य को भी हासिल करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेगा। उन्होंने एचईसी प्रबंधन को भी आगाह किया कि कामगारों ने प्रबंधन की अपील को सहर्ष स्वीकार करते हुए जिस प्रकार हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया, उसी प्रकार कामगारों से किए गए वायदे से प्रबंधन कभी पीछे न हटें।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse