झारखंड

View All
Published / 2022-01-08 12:58:47
उपायुक्त ने की केंद्र प्रायोजित योजनाओं के अद्यतन स्थिति की समीक्षा

गुमला। उपायुक्त गुमला शिसिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में की गई। बैठक में उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की समीक्षा की। योजना की जानकारी देते हुए एलडीएम ने बताया कि इस योजनांतर्गत 18 वर्ष से 50 वर्ष आयु वर्ग तक के व्यक्तियों को आच्छादित करने का प्रावधान है। जहां 330 रुपए वार्षिक प्रीमियम पर जीवन बीमा किया जाता है। इस योजना के बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर योजनांतर्गत 02 लाख रुपए की बीमित राशि मरने वाले व्यक्ति के आश्रित को दिए जाने का प्रावधान है। उपायुक्त ने गुमला जिलांतर्गत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से एलडीएम को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा सभी हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से आच्छादित करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की समीक्षा के क्रम में एलडीएम ने बताया कि इस योजना का लाभ 18 से 70 वर्ष आयुवर्ग के लोग ले सकते हैं। जिसमें बीमित व्यक्ति के दुर्घटना में मृत्यु होने पर 02 लाख तथा आंशिक क्षति होने पर 01 लाख तक की बीमित राशि दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि गुमला जिला में अबतक इस योजनांतर्गत लगभग 52 प्रतिशत लोगों को आच्छादित किया जा चुका है। इसपर उपायुक्त ने जनवरी माह के अंत तक इस योजना के तहत भी अधिक से अधिक लोगों को आच्छादित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पेंशन) के अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। श्रम अधीक्षक द्वारा बताया गया कि फरवरी 2019 से प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एक पेंशन योजना है जो असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए वृद्धावस्था सुरक्षा देती है। असंगठित क्षेत्र के गरीब मजदूरों के लिए न्यूनतम 18 वर्ष से अधिकतम 40 वर्ष की आयु वर्ग के लाभुकों के लिए यह एक सामाजिक कल्याण योजना है। जिसमें वैसे असंगठित कामगार जिनकी उम्र 60 साल हो जाती है वे बुढ़ापे में अपना जीवन यापन कर सके तथा अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा कर सके, इसके लिए योजना के तहत उन्हें प्रति माह 3000 रुपए की राशि दी जाती है। हालांकि योजना का लाभ उठाने के लिए, श्रमिकों को 55 रुपये का मासिक योगदान देना होगा और यह उम्र के अनुसार बदलता रहता है। उक्त योजना के तहत गुमला जिला में 06 जनवरी 2022 तक 6772 लोगों का पंजीकरण करा दिया गया है। इसपर उपायुक्त ने इस माह के अंत तक इस आंकड़े में वृद्धि करते हुए 10 हजार लोगों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश श्रम अधीक्षक को दिया। इसके साथ ही जिन असंगठित क्षेत्र के कामगारों का निबंधन प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना (पेंशन) के तहत किया जाता है उनका निबंधन ई-श्रम पोर्टल पर भी सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। विदित हो कि अबतक ई-श्रम पोर्टल पर लगभग 02 लाख 10 हजार असंगठित क्षेत्र के कामगारों का पंजीकरण करा दिया गया है। नगर परिषद द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2016-21 में निर्धारित लक्ष्य 3873 के आधार पर सभी लाभुकों को आवास की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जिसमें से 2813 लाभुकों द्वारा आवास निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस प्रकार 72 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति कर ली गई है। वहीं वित्तीय वर्ष 2021-22 में निर्धारित लक्ष्य 1462 के आधार पर सभी लाभुकों को आवास की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जिसमें से 116 लाभुकों द्वारा आवास निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2016-21 में 43995 निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध 35768 आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। वहीं वित्तीय वर्ष 21-22 में निर्धारित लक्ष्य 9542 के विरूद्ध लगभग 9300 आवासों की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उपायुक्त ने शेष बचे हुए लक्ष्य को भी शत-प्रतिशत प्राप्त करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की समीक्षा क गई। समीक्षा के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि योजनांतर्गत अबतक 01 लाख 21 हजार 306 सुयोग्य लाभुकों के आवेदन प्राप्त किए गए। जिसमें से 93000 आवेदन सही पाए गए। इनमें से 92348 लाभुकों को उज्जवला गैस कनेक्शन दिलाया गया। इसपर उपायुक्त ने शत-प्रतिशत गैस कनेक्शन दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही जिले के सभी गैस वितरकों के पास अबतक कितने सिलिंडर/ चूल्हे बाकी हैं, इसकी जानकारी भी प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में सिविल सर्जन ने बताया कि उक्त योजनांतर्गत जिलांतर्गत लगभग 12338 लाभार्थियों को लाभ दिलाया गया है। जिसपर उपायुक्त ने जिले में लगभग 01 लाख 70 हजार राशनकार्डधारियों के आधार पर अधिक से अधिक राशनकार्डधारियों का आयुष्मान कार्ड बनवाते हुए उन्हें योजना से लाभान्वित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अबतक कितने आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा कितने लाभुकों को योजना का लाभ दिलाया गया, इसकी जानकारी प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा सहित उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, सिविल सर्जन डॉ.राजू कच्छप, एलडीएम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, श्रम अधीक्षक एतवारी महतो, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेंद्र केशरी, नगर प्रबंधक हिमांशु मिश्रा, कार्यपालक अभियंता विशेष प्रमंडल/ आरईओ, नीति आयोग के आशीष व अन्य उपस्थित थे।

Published / 2022-01-08 12:57:55
गुमला उपायुक्त ने की ईवीएम वेयर हाउस की त्रैमासिक जांच

गुमला। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने आज ईवीएम वेयर हाउस की त्रैमासिक जांच एवं आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने भवन अन्तर्गत कमरों का अवलोकन किया। साथ ही इस दौरान उन्होंने ईवीएम संग्रहित सील कमरे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कमरों, छत एवं परिसर आदि के वस्तु स्थिति से अवगत होते हुए विधि-व्यवस्था का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में ईवीएम मशीन के रख-रखाव, अग्निशामक सुरक्षा तंत्र सहित परिसर की सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी बिंदुओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने लोकतंत्र में ईवीएम की विश्वसनीयता में किसी भी प्रकार का संदेह न रहे, इस निमित्त वेयर हाउस जहां ईवीएम रखी जाती है, समय-समय पर उसकी रख-रखाव और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जांचोपरांत प्रतिवेदन निर्वाचन कार्यालय ने सीओ कार्यालय में समर्पित कर दिया। ईवीएम वेयर हाउस के निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मीगण उपस्थित थे।

Published / 2022-01-08 12:56:33
मजदूरों की छंटनी बर्दाश्त नहीं करेगा झारखंड जेनरल कामगार यूनियन तथा अखिल भारतीय क्रांतिकारी आदिवासी महासभा

घाघरा। झारखंड जेनरल कामगार यूनियन तथा अखिल भारतीय क्रांतिकारी आदिवासी महासभा की संयुक्त बैठक घाघरा प्रखंड के सलगी गांव के लशटॉड में शनिवार को आयोजित की गई। जिसमें विगत कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ साथ आगामी कार्यक्रमों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए यूनियन के जिलाध्यक्ष सनिया उरांव ने कहा कि भैसबथान बॉक्साइट माइंस चालू करना होगा लेकिन माइंस में मजदूरों का छंटनी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिंडालको प्रबंधन मजदूरों की आवाज दबाने में लगी है जो नहीं होने दिया जाएगा। हिंडालको प्रबंधन मजदूरों की आवाज दबाने का कुत्सित प्रयास में सफल नहीं होगा। प्रबंधन के हर हथकंडे से हम वाकिफ हैं और हमारा संघर्ष जारी रहेगा जमीन के सवाल पर बोलते हुए जिला सचिव सुरेश प्रसाद यादव ने कहा कि मजदूर हित में राज्य में समता जजमेंट लागू करें तथा गांव में भू स्वामियों के जमीन बिक्री पर रोक लगे। कोशतकार किसानों को जमीन पर कानूनी अधिकार मिले। बैठक संचालन अनिल उरांव ने किया। बैठक में रविंदर उरांव, रामकेश्वर महतो, तेंबू उरांव, सुदर्शन उरांव, हरिश्चंद्र उरांव, बंधु महली, किसुन असुर सहित कई लोग थे।

Published / 2022-01-08 12:55:35
कोडरमा : क्षेत्रीय गणित प्रतियोगिता में कैलाश राय स्कूल के छात्र को पहला स्थान

कोडरमा। विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र के तत्वाधान में आयोजित कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर में आॅनलाइन क्षेत्रीय वैदिक गणित प्रतियोगिता संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ विद्या विकास समिति के हजारीबाग विभाग के विभाग सह प्रमुख तुलसी प्रसाद ठाकुर, वैदिक गणित सह प्रांत प्रमुख राजीव रंजन तथा विद्यालय के प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू और भामाशाह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरही के प्रधानाचार्य रजनीश पांडेय के द्वारा किया गया। अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू ने कराया। इस मौके पर विद्या भारती के क्षेत्रीय सचिव नकुल कुमार शर्मा जी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रतियोगिताओं से भैया बहनों में निखार आता है तथा उनमें स्पर्धा की भावना जगती है। प्रतियोगिता में बिहार तथा झारखंड प्रांत के कुल 6 विद्यालय के भाई-बहन भाग लिए। जिसमें प्रथम स्थान झारखंड प्रांत के विद्या विकास समिति द्वारा संचालित कैलाश राय सरस्वती विद्या मंदिर के भैया लकी वर्मा, कृष्णकांत कुमार तथा रौशन कुमार रहा वहीं द्वितीय स्थान दक्षिण बिहार प्रांत के भैया-बहनो ने तथा तृतीय स्थान दक्षिण बिहार प्रांत के ही भैया बहनो ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में स्कोरर के रूप में संजय कुमार महतो तथा नीरज कुमार थे जबकि समय पालक के रूप में दीपक कुमार विश्वकर्मा थे साथ ही विद्यालय के आचार्य मनोज कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, वीरेंद्र प्रसाद, विपिन कुमार डे ,डॉ. धीरेंद्र कुमार सिंह, रामानुज पाण्डेय, पवन कुमार शर्मा आदि का योगदान रहा।

Published / 2022-01-08 12:54:44
समाहरणालय परिसर में उपायुक्त ने लिया सौंदर्यीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य का जायजा

कोडरमा। समाहरणालय परिसर के सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कई निर्माण कार्य किये जा रहे हैं। समाहरणालय परिसर में पार्क का निर्माण, पेवर ब्लॉक का कार्य, दीवार एवं रेलिंग का रंग-रोगन, पौधारोपण इत्यादि कार्य किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त आदित्य रंजन द्वारा समाहरणालय परिसर सौंदर्यीकरण एवं सुदृढ़ीकरण हेतु किये जा रहे कार्यों का जायजा लिया गया। उपायुक्त द्वारा पार्क निर्माण, पेवर ब्लॉक एवं दीवार व रेलिंग का रंग-रोगन को लेकर जायजा लेते हुए कई दिशा-निर्देश दिये गये। उपायुक्त ने नजारत उप समाहर्ता को निर्देशित करते हुए कहा कि पार्क निर्माण हेतु सभी कार्य एवं पार्क में पेवर ब्लॉक लगाने की प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूर्ण करें। साथ ही समाहरणाय के बाउंड्री व बाउंड्री में लगे रेलिंग का रंग-रोगन करने का निर्देश दिया गया। साथ ही साथ उपायुक्त ने रजिस्ट्री आॅफिस के निर्माण कार्य का भी जायजा लिये। नगर प्रशासक नगर पंचायत कोडरमा को समाहरणालय परिसर को नियमित रुप से साफ-सफाई करने का निर्देश दिये। साथ ही श्री देवेंद्र कुमार (आईआरपीएस) डिप्टी सेकेट्री, डीबीटी मिशन ने जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय परिसर के सौंदर्यकरण एवं सुदृढ़ीकरण हेतु किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा किये। मौके पर नजारत उप समाहर्ता श्री जयपाल सोय, नगर प्रशासक जितेंद्र कुमार जैसल व अन्य मौजूद थे।

Published / 2022-01-08 12:53:43
अमलो चेक पोस्ट के समीप सड़क दुर्घटना में चार घायल, दो रेफर

बेरमो। बेरमो थाना क्षेत्र के अंतर्गत फुसरो- नावाडीह मुख्य पथ के अमलो चेक पोस्ट के समीप गैस लोड ट्रेलर पीछे से आॅटो को जोरदार टक्कर मारा। जिसमें सेंट्रल कॉलोनी निवासी आॅटो में सवार चार घायल हो गए।स्थानीय लोगों ने चारों को केंद्रीय अस्पताल ढोरी लाया। डॉक्टर के द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार किया। घायल होने वाले में सुनील सिंह और पत्नी विभा देवी सहित दामोदर कुमार, प्रवीण बेगम शामिल है। बेहतर इलाज के लिए सुनील सिंह और उनकी पत्नी विभा देवी को बोकारो रेफर कर दिया गया। मौके पर नप उपाध्यक्ष छेदी नोनीया, गणेश मुल्लाह, संतोष ओझा, श्री राम चौहान, विनोद चौहान, चंदन कुमार, संतोष सिंह, संजीत विश्वकर्मा आदि उपस्थित थे।

Published / 2022-01-08 12:49:26
चतरा : चोरी की बाइक के साथ पांच गिरफ्तार

चतरा। जिले में सक्रिय चोर गिरोह के खिलाफ सदर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। गुप्त सूचना मिली थी की सदर कांड संख्या-07/021 में चोरी गई मोटरसाइकिल सरवन प्रजापति उर्फ कारू जो कि बरैनी का रहने वाला है उसके घर मे रखा है। जिस पर त्वरित कार्यवाई करते हुए एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया और मिली सूचना के आधार पर घर से टीवीएस अपाची (जेएच 13 एफ 8023) के साथ सरवन उर्फ कारू को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके दिए गए ब्यान के आधार पर अन्य विभिन्न कांडों में शामिल अन्य चार अभियुक्त आशीष कुमार प्रजापति,अनूप कुमार साव, चंदन कुमार यादव,मिथलेश कुमार यादव जो बरैनी के रहने वाले है हीरो होंडा और हीरो स्पलेंडर प्रो बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया ये सभी जानकारी प्रेस कॉन्फेंस के माध्यम से दी गयी। इस छापामारी टीम में पुनि सह थाना प्रभारी (सदर) लव कुमार के साथ प्रकाश सेठ, शशिकांत ठाकुर, विनय कुशवाहा, कार्तिक सिंह मुंडा के साथ सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।

Published / 2022-01-08 08:42:56
चिकित्सक हुए कोरोना संक्रमित, जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दो दिन बंद

एबीएन डेस्क। जमशेदपुर के जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी समेत लगभग डॉक्टर और कर्मचारी पॉजिटिव हो गए हैं। इससे रविवार और सोमवार को स्वास्थ्य केंद्र बिल्कुल बंद रहेगा। सिविल सर्जन डॉ एके लाल के आदेश पर केंद्र को सैनिटाइज कराने के साथ बंदी का नोटिस लगा दिया गया। इससे महिलाओं की प्रसव कार्य, ओपीडी जांच समेत बच्चों का टीकाकरण भी प्रभावित होगा। दरअसल, जुगसलाई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों की कोरोना जांच रिपोर्ट तीन दिनों से लगातार पॉजिटिव आ रही थी। शनिवार सुबह भी डॉक्टर और कर्मचारियों की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य केंद्र को बंद करने का आदेश दिया है। ताकि जांच और इलाज के लिए आने वाली महिलाओं और बच्चों समेत अन्य मरीजों को संक्रमण से बचाया जा सके।

Page 1507 of 1651

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse