झारखंड

View All
Published / 2022-01-11 12:22:36
जेल में पार्टी : जांच के बाद बोले एसडीओ- डीसी को सौंपेंगे रिपोर्ट, दोषी कर्मियों पर होगी कार्रवाई

गुमला। गुमला मंडल कारा में बंद गैंगस्टर सुजीत कुमार सिन्हा के अपने गुर्गों के साथ जेल की चहारदीवारी के भीतर एक जनवरी को पार्टी मनाने का मामला जिले में सुर्खियों में है। सुजीत जेल के भीतर बाहर के सभी ऐशो आराम भोग रहा है। पार्टी मनाने की तस्वीर जिले में वायरल हो गई। जहां अपने गुर्गों के साथ सुजीत पार्टी कर रहा है और महंगे शराब पी रहा है। साथ ही उसके सामने दो हजार व पांच सौ रुपए की गड्डी भी है। उक्त मामले को लेकर मंगलवार को एसडीओ रवि आनंद, डीएसपी प्राण रंजन व थाना प्रभारी मनोज कुमार ने मंडल कारा में जांच की। जांच में कई बातें सामने आयी हैं। एसडीओ ने बताया कि उनके नेतृत्व में मंडल कारा में जांच की गई। इस दौरान गैंगस्टर सुजीत कुमार सिन्हा से पूछताछ की गयी, तो उसने पार्टी मनाने की बात कबूल की है। वहीं इस संबंध में कैदियों ने भी पार्टी मनाने की बात कही। एसडीओ ने कहा कि जांच रिपोर्ट वे उपायुक्त गुमला को आज शाम सौंप देंगे। एसडीओ ने बताया कि जेल के भीतर सामग्री पहुंचाने की जांच भी हुई, लेकिन किसी ने अपराध नहीं कबूला। लेकिन यह एक गंभीर मामला है। दोषी जेल कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। इधर मंडल कारा में गैंगस्टर के पार्टी मनाने का मामला पूरे जिले में सुर्खियों में है और जेल मेनुएल की धज्जियां उड़ाने की बात लोग कर रहे हैं। जेल में बंद गैंगस्टर जेल से ही अपना गिरोह भी चला रहा है और अंदर बैठकर बाहर के व्यापारियों व ठेकेदारों से लेवी की रकम भी भयादोहन कर वसूल रहा है। जेल में पार्टी तो मनाया गया, लेकिन नोटों की गड्डी भी कैसे वहां पहुंच गई, यह जांच का विषय है। जबकि जेल के भीतर आने-जाने वालों और सामानों की बारीकी से जांच होती है। फिर नोटों की गड्डी व शराब के बोतल के जेल के भीतर चला जाना कई सवाल खडेÞ कर रहे हैं। यह बात तो साफ हो गई है कि बिना किसी जेल कर्मी के मिलीभगत जेल के भीतर शराब की बोतल जाना मुनासिब नहीं लगता है। वहीं रुपये का बंडल कई सवालों को जन्म दे रहा है। नोटों का बंडल कैदियों में बांटने की बात गैंगस्टर ने कही : इधर, यह जानकारी मिली है कि गैंगस्टर सुजीत सिन्हा ने बताया है कि नोटों का बंडल वे जेल में बंद कैदियों के बीच बांट चुके हैं। लेकिन कैदियों ने पैसे मिलने से इंकार किया है। प्रशासन जेल में पहुंचे नोटों की गड्डियों की तलाश में भी जुटी हुई है। आखिर वह पैसा कहां गया।

Published / 2022-01-11 12:21:35
घाघरा : डीटीओ की अगुवाई में थाना के सामने चेकिंग लगाकर टैक्स डिफॉल्टरों पर शिकंजा

गुमला। जिला परिवहन पदाधिकारी गुमला विजय सिंह बिरूवा की अगुवाई और सड़क सुरक्षा टीम ने घाघरा थाना के सामने टेंपो, ट्रक, समेत अन्य वाहनों का टैक्स डिफॉल्टर एवं कागजात की जांच की। इस क्रम में वाहन से संबंधित टैक्स के कागजात नहीं प्रस्तुत करने पर वाहनों को सीज किया गया। जब्त 07 वाहनों में 04 टेंपो, 02 जेसीबी और 01 बस शामिला है। यह जांच अभियान दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चला।

Published / 2022-01-11 12:20:37
औचक निरीक्षण कर गुमला उपायुक्त ने जानी सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय की हकीकत

गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय गुमला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में पणन पदाधिकारी का कार्यालय बंद पाया गया व पणन पदाधिकारी भी अनुपस्थित पाए गए। उपायुक्त ने कार्यालय में उपस्थित कर्मियों को मास्क का उचित उपयोग करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान राशनकार्ड संबंधी समस्याओं का निष्पादन कराने आई महिलाओं ने उपायुक्त के समक्ष प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी/पणन पदाधिकारी का कार्यालय बंद रहने तथा उनके समस्याओं का निष्पादन नहीं किए जाने की गुहार लगाई। लक्ष्मणनगर निवासी आशा देवी ने बताया कि विगत कुछ दिनों पहले भी वे कार्यालय आई थीं, किंतु कार्यालय में पणन पदाधिकारी अनुपस्थित थे। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी मंजू कुमारी जिसका विवाह हो चुका है, का नाम राशन कार्ड से हटवाना है। एक अन्य फरियादी सदर प्रखंड के डुमरटोली निवासी मधु मेरीना लकड़ा ने पारिवारिक राशन कार्ड के क्रम संख्या 02 में उनका नाम मधु मेरीना लकड़ा के स्थान पर मधु मेरीना कुजूर दर्ज है, क्रम संख्या 04 में उनकी पुत्री प्रियंका कुजूर के स्थान पर प्रियंका स्मृति कुजूर, क्रम संख्या 05 में आइव कुजूर के स्थान पर आइवी कुजूर, क्रम संख्या 06 में शेनी कुजूर के स्थान पर शाइनी मेघा कुजूर, क्रम संख्या 07 में किती कुजूर के स्थान पर कीर्ति श्रद्धा कुजूर, क्रम संख्या 08 में प्रज्ञा कुजूर के स्थान पर प्रज्ञा साक्षी कुजूर तथा क्रम संख्या 09 में उनके पुत्र निकट कुजूर के स्थान पर प्रणय निकेत कुजूर दर्ज कराने की गुहार लगाई। इसके साथ ही अन्य फरियादियों ने भी आवेदन समर्पित कर अपनी-अपनी समस्याओं के निष्पादन की गुहार लगाई। जिसपर उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को कार्यालय परिसर में उपस्थित सभी फरियादियों से आवेदन प्राप्त करते हुए उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पणन पदाधिकारी के विलंब से कार्यालय परिसर में आने, फरियादियों की समस्याओं का समय पर निष्पादन नहीं करने तथा कार्यालय में अनुपस्थित रहने पर फटकार लगाते हुए अपने कार्य पद्धति में सुधार करने तथा समय पर फरियादियों की समस्याओं का निराकरण करने, उन्हें अनावश्यक कार्यालय का चक्कर न लगवाने अन्यथा सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा सहित जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी, अंचलाधिकारी कुशलमय केनेथ मुण्डू, पणन पदाधिकारी सहित कार्यालय के अन्य कर्मीगण, फरियादी व अन्य उपस्थित थे।

Published / 2022-01-11 12:18:47
सिमडेगा घटना के खिलाफ टंडवा में भाजपा का प्रदर्शन

टंडवा (चतरा)। भारतीय जनता पार्टी ने टंडवा प्रखंड मुख्यालय में हेमंत सरकार के विरुद्ध भाजपा टंडवा मंडल अध्यक्ष गोविंद तिवारी के नेतृत्व में सिमडेगा के दलित युवक संजू प्रधान को जिंदा जलाने के कारण भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रखंड मुख्यालय परिसर में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन कार्यक्रम किया गया। जिसमें उपस्थित भाजपा नेताओं ने सरकार के क्रियाकलापों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। भाजपा के वरिष्ठ नेता कामेश्वर पांडेय ने कहा कि झारखंड के हेमंत सरकार के कार्यकाल में अपराधियों और उग्रवादियों का मनोबल बहुत बढ़ गया है। जिसका दुष्परिणाम झारखंड की जनता को भुगतना पड़ रहा है। मंडल अध्यक्ष गोविंद तिवारी ने कहा कि यह सरकार ठगबंधन की सरकार है। इस सरकार की कथनी और करनी में बहुत फर्क है। झारखंड की जनता रात में क्या दिन में भी सुरक्षित नहीं है। झारखंड सरकार संजू प्रधान के परिवार को एक सरकारी नौकरी तथा 10 लाख का मुआवजा एवं दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई नहीं करती है तो भारतीय जनता पार्टी सड़क पर उतरते हुए आर्थिक नाकेबंदी करेगी। प्रदेश ओबीसी कार्य समिति सदस्य सुनील चौरसिया ने कहा कि यह सरकार सबसे निकम्मी सरकार है, जिसके कार्यकाल में अपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोविंद तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता कामेश्वर पांडेय, सुनील चौरसिया, विजय पांडेय, विधायक प्रतिनिधि आम्रपाली चंद्रगुप्त महेश वर्मा, विधायक प्रतिनिधि स्वास्थ्य ललित साहू, विधायक प्रतिनिधि खाद आपूर्ति जगदीश महतो, विधायक प्रतिनिधि मनोज उरांव, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बबलू गुप्ता, फूलचंद साहू, अजय सिंह, रामेश्वर विश्वकर्मा, रंजीत गुप्ता सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Published / 2022-01-11 12:16:34
जमीन के बदले दो भू- रैयतों को मिली नौकरी

टंडवा (चतरा)। आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र के महाप्रबंधक एसके सिंह ने आम्रपाली परियोजना क्षेत्र के होन्हे ग्राम के दो भू रैयतों को सीसीएल में स्थायी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा। इनमें से एक श्रुति कुमारी पिता संजय कुमार और रीता कुमारी पति उमेश कुमार यादव हैं। दोनों की पोस्टिंग आम्रपाली परियोजना में ही की गई है। एस के सिंह ने बताया कि आम्रपाली परियोजना के 104 भू रैयतों को सीसीएल में स्थाई नौकरी दी जा चुकी है और लगभग 60 भू रैयतों की नौकरी की फाइल प्रक्रिया में है और उन सबका जल्द ही निपटारा कर दिया जायेगा।

Published / 2022-01-11 12:14:45
पुलिस की नजरों में इनामी नक्सली है दैनिक मजदूर, जांच की मांग

बेरमो /गोमिया। साधारण व्यक्ति बिरसा मांझी (43) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। नक्सली संगठन से उसका कोई सांठ-गांठ नहीं है। पुलिस उसे इनामी नक्सली घोषित कर रखी है। उसे सरेंडर करने का आदेश जारी हो चुका है। बिरसा नक्सली नहीं है, इसे साबित करने के लिए वह परेशान है। जब से उसे इनामी नक्सली घोषित किया गया है तब से वह डर गया है। उक्त फरियाद झारखंड जनाधिकार महासभा से मिलकर बोकारो जिला के जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र के चोरपनिया ग्राम निवासी बिरसा मांझी ने की। महासभा से उसने कहा कि वह नक्सली नहीं है। इसे साबित करने में उसका सहयोग किया जाए। उसकी बातों को संज्ञान में लेते हुए महासभा ने बोकारो एसपी को पत्र सौंप बिरसा पर इनामी नक्सली होने के पुलिस के आरोप को गलत बताया है। पत्र में कहा गया है कि बिरसा की स्थिति दयनीय है। वह एक आम ग्रामीण है। उसका माओवादी संगठन से कोई संबंध नहीं है। दिसंबर 2021 में जगेश्वर बिहार थाना ने उसे एक लाख का इनामी नक्सली घोषित कर सरेडंर करने का आदेश दिया था। बिरसा को पुलिस के इनामी नक्सली घोषित किए जाने के बाद उसके पिता रामेश्वर मांझी ने थाना जाकर पुलिस से गुहार लगाई थी कि नक्सली संगठन से उसके बेटे का कोई संबंध नहीं है, उसका बेटा निर्दोष है। इनामी नक्सली करार दिए जाने के बाद से वह डरा-सहमा है। इनामी नक्सली करार दिए जाने के बाद से डरा-सहमा है बिरसा ने अपने पत्र में ये भी कहा है कि वह और उसका परिवार मजदूरी कर पेट पाल रहा है। काफी जद्दोजहद कर परिवार की जिंदगी चल रही है। बिरसा का बेटा ईंट भट्ठा में मजदूरी करता है। तीन-चार वर्ष पूर्व उसके घर की कुर्की-जब्ती भी की गई थी। बिरसा को आजतक यह नहीं पता कि किस आरोप में ऐसी कार्रवाई हुई। इससे पूर्व उसे नोटिस भी नहीं मिली। महासभा ने पत्र के माध्यम से एसपी से इस मामले की जांच कर बिरसा को आरोप मुक्त करने की अपील की है। पत्र में महासभा के दिनेश कुमार मुर्मू, आलोक कुजूर, फादर टोनी, बीरालाल मुर्मू, सुखराम हांसदा, हीरालाल टुडू, अमिताभ किस्कू, रोहित ठाकुर के हस्ताक्षर भी हैं।

Published / 2022-01-11 12:13:32
जरीडीह : हाथियों ने मचाया तांडव, कई घरों के दीवार तोड़े

बेरमो /जरीडीह। पश्चिमी पंचायत के सोतारटांड़ में हाथियों के झुंड ने बीती रात लगभग 1 से 2 बजे जमकर तांडव मचाया। इस दौरान उन्होंने कई घरों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के झुंड ने वासुदेव सिंह, विनोद सिंह के घर की दीवार तोड़ दिया। इसके अलावा चरण सिंह और दुर्गा सिंह का दरवाजा तोड़ दिया। एक महिला शांति देवी को हाथी ने घायल कर दिया तथा एक दरवाजे के बाहर खड़ी विनोद साहू की बोलेरो को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी पर समाजसेवी सह झामुमो नेता अनिल अग्रवाल, मुखिया करुणा देवी, प्रमुख गिरजा देवी, झामुमो नेता शंभु सोनी, दामोदर गुप्ता सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उच्च अधिकारियों से क्षतिपूर्ति की मांग की। घटना की सूचना पर वन आरक्षी पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच मामले की जानकारी ली।

Published / 2022-01-11 08:31:23
एचइसी कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, मिलेगा एक माह का वेतन

टीम एबीएन, रांची। एचइसी कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो चुकी है। पिछले 40 दिनों से राज्य के सबसे बड़े कारखाना एचइसी में कर्मचारी हड़ताल पर थे। सभी यूनियन के नेताओं ने मजदूरों के साथ प्रबंधन के संग मिलकर एक वार्ता की, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि एक महीने का वेतन मिलने के बाद फिलहाल सभी मजदूर काम शुरू करेंगे। लेकिन यदि जल्द से जल्द बकाया वेतन नहीं मिलता है आने वाले समय में फिर से विद्रोह शुरू कर दिया जाएगा।

Page 1499 of 1651

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse