झारखंड

View All
Published / 2022-01-12 10:04:26
कोडरमा : सेक्रेड हार्ट स्कूल के वैक्सीनेशन कैंप में 54 किशोरों को लगी वैक्सीन

कोडरमा। सेक्रेड हार्ट स्कूल परिसर में बुधवार को कैंप लगाकर 15 से 18 वर्ष उम्र तक के बच्चों को वैक्सीन दी गयी। मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंकज कुमार और शोभा सिन्हा बच्चों का रजिस्ट्रेशन कर वैक्सिंग लगा रहे थे। वैक्सीनेशन कैंप के बारे में सैक्रेड हार्ट स्कूल मैनेजमेंट कमिटी का सेक्रेटरी प्रमोद कुमार और प्राचार्य नवीन कुमार ने कहा की वैश्विक महामारी कोरोना पर रोक के लिए और बच्चों की सुरक्षा के लिए यह बहुत जरूरी था। उन्होंने अन्य बच्चों से भी जिनकी उम्र 15 से 18 साल के बीच है वैक्सीन लेने की जरूरत बताई। कैंप में 53 बच्चों को कोरोना का टीका लगाया गया। बीच में डीपीएम विनीत कुमार और स्वास्थ्य कर्मी पवन कुमार ने इस कैंप का निरीक्षण भी किया। मौके पर सुभय कुमार, प्रवीण कुमार, किशोर कुणाल, राजन कुमार, दीपक सर्राफ, जेपी सिंह, सुनील सिंह, संजय तिवारी, शंकर कुमार, विशाल आनंद, फैयाज कैसर, सीमा जैन, कविता झा के अलावा राजू सिंह विशेष रूप से मौजूद थे। इन लोगों ने वैक्सीनेशन कैंप को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।जबकि वैक्सीन लेने वाले बच्चों में रितु कुमारी, श्रेया कुमारी, दीपांशी प्रिया, सोनाली कुमारी, उन्नति कुमारी, संध्या कुमारी, हर्षिता सिंह, अनुपम कुमारी, सृष्टि कुमारी, पूजा कुमारी, संध्या भारती, स्वीटी कुमारी, खुशी कुमारी, लक्की थापा, कल्याणी कुमारी, सृष्टि तिवारी, सौम्या मोदी, पल्लवी कुमारी, रिया कुमारी, रानी कुमारी, लवली कुमारी, श्रेया राज, आकृति राज, रश्मि किरण, सुमित कुमार, आलोक कुमार, राहुल कुमार, सावन पंडित, शुभम कुमार, आलोक कुमार, पीयूष कुमार, आलोक कुमार मोदी समेत अन्य बच्चों के नाम शामिल हैं।

Published / 2022-01-12 06:50:46
कोरोना लड़ाई में मोर्चा सम्भालने को तैयार हैं ट्रेंड प्रोफेशनल्स मेडिकल स्टूडेंट

एबीएन डेस्क। कोरोना से निबटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। पिछली बार की गलतियों से सबक लेते हुए इस बार बेहतर व्यवस्था की जा रही है। यही वजह है कि निजी आउटसोर्स एजेंसियों पर निर्भरता खत्म करते हुए कोरोना से निबटने के लिए पूरी तरह से ट्रेंड प्रोफेशनल्स की मदद ली जायेगी। इसके तहत स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अंतिम वर्ष के ट्रेंड स्टूडेंट्स की सेवाएं ली जायेंगी। इसमें अंतिम वर्ष के मेडिकल स्टूडेंट्स, एमबीबीएस डॉक्टर, इंटर्न मेडिकल स्टूडेंट्स, अंतिम वर्ष की बीएससी नर्सिंग, जीएनएम स्टूडेंट्स, आयुष-बीडीएस जैसे एलायड हेल्थ केयर प्रोफेशनल्स शामिल हैं। भारत सरकार के निर्देश के बाद सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी कोविड-19 रिस्पांस प्लान (इसीआरपी) का गठन किया गया है। इन्हें हेल्थ वर्कर्स फाइटिंग कोविड-19 इंश्योरेंस स्कीम का सुरक्षा कवर भी मिलेगा। इसके साथ ही 100 दिनों तक कोरोना महामारी से निबटने के अनुभव को आगे की नियुक्तियों में प्राथमिकता दी जायेगी। काम में इनकी प्रतिबद्धता बनी रहे, इसके लिए पद के अनुसार पीजी मेडिकल स्टूडेंट्स को एक शिफ्ट के लिए 3500, जबकि बीडीएस व आयुष स्वास्थ्य कर्मियों को 800 रुपये तक सरकारी प्रोत्साहन राशि भी दी जायेगी। कोविड के इलाज में आये दिन कर्मियों व मरीजों के बीच झंझट को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग ने यह फैसला किया है।

Published / 2022-01-12 05:49:31
कटर से काटा शटर और लाखों के जेवर लेकर फुर्र...

टीम एबीएन, रांची। राजधानी के डोरंडा इलाके में अपराधियों ने उत्पात मचा कर रखा हुआ है। आए दिन इस इलाके में कोई न कोई वारदात हो रहा है। अब डोरंडा थाना क्षेत्र के ही पत्थर रोड स्थित एक जेवर दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए जेवर दुकान के शटर को काटकर लाखों के गहने उड़ा लिए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी की मदद से चोरों की तलाश में जुटी है। डोरंडा थाना क्षेत्र के पत्थर रोड में स्थित न्यू सोनी ज्वेलर्स को मंगवार की रात चोरों ने अपना निशाना बनाया है। देर रात इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। चोरों ने जेवर दुकान के बाहर वाले शटर को गैस कटर से काट दिया है। उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। न्यू सोनी ज्वेलर्स के मालिक को सड़क से गुजरने वाले लोगों ने उनके दुकान का शटर काटा हुआ देख फोन किया। मालिक दौड़े-दौड़े पहुंचे और जब अंदर जाकर देखा तो लाखों के सोने और चांदी के गहने गायब थे। हालांकि गनीमत यही थी कि चोर अंदर रखी तिजोरी को तोड़ नहीं पाए। जेवर दुकान के मालिक ने बताया कि अभी चोरी किए गए गहनों का मिलान किया जा रहा है। उसके बाद यह पता चल पाएगा कि चोर कितने लाख के जेवर चुरा ले गए हैं। मामले की जानकारी डोरंडा थाना प्रभारी रमेश सिंह को फोन से दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि उनसे चोरों का कोई सुराग हासिल हो सके। गौरतलब है कि 10 जनवरी को डोरंडा इलाके में ही एक पुलिस वाले से ही अपराधियों ने बाइक लूट ली थी, वह अपराधी भी अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं।

Published / 2022-01-12 04:45:56
झारखण्ड में मनरेगा का हाल : कहीं काम नहीं, तो कहीं भुगतान नहीं, 54 करोड़ के घोटाले पर केन्द्र सरकार सख्त

एबीएन डेस्क। झारखंड में मनरेगा में 54 करोड़ रुपए का घोटाला सामने आया है। कुआं, तालाब और सड़क का निर्माण हुआ भी नहीं और उसकी राशि की निकासी कर ली गई। वहीं, कई जगहों पर काम हुआ, लेकिन वहां उसका भुगतान ही नहीं किया गया। इसका खुलासा मनरेगा के सोशल ऑडिट में हुआ है। सोशल ऑडिट के आधार पर ग्रामीण विकास विभाग ने कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके लिए राशि की वसूली की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इस घोटाले का असर केंद्र तक दिखने को मिल रहा है। केंद्र सरकार ने इस घोटाले की राशि वसूली नहीं होने तक मनरेगा की अगली किस्त की राशि देने से इनकार कर दिया है। मनरेगा से संबंधित योजनाओं की सोशल ऑडिट की रिपोर्ट पर कार्रवाई शुरू की गई है। 94 हजार चिन्हित मुद्दों पर जनसुनवाई का निर्देश ग्रामीण विकास विभाग के सचिव डॉ मनीष रंजन के निर्देश पर राज्य के 94,000 चिन्हित मुद्दों पर विभिन्न स्तरों पर जनसुनवाई करने और उसी अनुरूप कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसी आधार पर वित्तीय अनियमितता के 54 करोड़ राशि की भी वसूली की जाए। हालांकि अभी तक इसमें से दो प्रतिशत मामलों का निष्पादन हो चुका है, लेकिन इसकी गति बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। इन मामलों को अगले चरण की ग्राम सभा में समुदाय की जानकारी रखा जाएगा और इस पर कार्रवाई हो सकेगी। राज्य के सभी जिलों में कार्रवाई रिपोर्ट के लिए समीक्षा समिति की बैठके आयोजित की गयी है। कार्रवाई के अनुरूप साक्ष्यों का मिलान कर उसे नरेगा सॉफ्ट-ई में अपलोड भी किया जा रहा है, ताकि कार्य प्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे और लाभुक आसानी से देख सके कि किस मुद्दे पर क्या कार्रवाी की गयी है।

Published / 2022-01-12 03:54:31
एशिया कप : इंटर की छात्रा ने भारतीय फुटबॉल टीम में बनायी जगह

एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड के उग्रवाद प्रभावित जिला गुमला की फुटबॉल खिलाड़ी सुमति कुमारी का चयन एएफसी महिला एशिया कप के लिए भारतीय टीम में किया गया है। पिछले महीने कोच्चि में कैंप में शामिल 27 खिलाड़ियों में से 23 सदस्यों को टीम में चुना गया है। एएफसी महिला एशिया कप 20 जनवरी से छह फरवरी तक महाराष्ट्र के तीन स्थानों पर होगा। फॉरवर्ड पोजिशन से खेलनेवाली सुमति पिछले महीने ढाका में आयोजित अंडर-19 सैफ चैंपियनशिप में उपविजेता भारतीय टीम में शामिल थीं। इसके अलावा सुमति पिछले साल मार्च-अप्रैल में उज्बेकिस्तान में हुए फ्रेंडली फुटबॉल मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। गुमला जिला के भरनो प्रखंड के लोंडरा गांव की रहने वाली सुमति के पिता फिरू उरांव पेशे से किसान हैं। उनकी माता शनियारो देवी गृहिणी हैं। सुमति छह भाई-बहनों में सबसे छोटी है। बचपन से ही फुटबॉल के प्रति रुचि रखनेवाली सुमति ने गांव से अपने खेल की शुरुआत की। सुमति संत पात्रिक प्लस टू विद्यालय में इंटर आर्ट्स की छात्रा हैं। 2019 में भारतीय फुटबॉल टीम अंडर-15 में तीन गोल कर सुमति ने पहचान बनायी थी। इसके अलावा फीफा अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप के लिए वह भारतीय फुटबॉल टीम के संभावितों में शामिल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सुमति को बधाई दी है। गौरतलब है कि मोरहाबादी में मुख्यमंत्री के निर्देश पर सुमति को प्रशिक्षण के लिए घर से लाया गया था। सुमति गुमला की एक गरीब परिवार से आती है। मई 2020 से पूरी तरह से राज्य सरकार ही उसकी देखरेख कर रही है।

Published / 2022-01-12 03:49:34
तीसरी लहर : 30 से 44 साल के युवा हुए सबसे ज्यादा संक्रमित

एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड में तीसरी लहर में सबसे अधिक संक्रमित 30 से 44 आयु वर्ग के लोग हुए हैं, जबकि दूसरे नंबर पर 15 से 29 वर्ष के युवा प्रभावित होनेवालों में शामिल हैं। दोनों आयु वर्ग कामकाजी लोगों या छात्रों का है, जो अक्सर बाहर किसी न किसी काम से निकलते हैं। झारखंड में 25 दिसंबर 2021 से 10 जनवरी 2022 के बीच करीब 31467 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 30 से 44 आयु वर्ग के 34.75 प्रतिशत और 15 से 29 आयु वर्ग के 32.60 प्रतिशत संक्रमित मिल चुके हैं। 30 से 44 आयु वर्ग के 10935 संक्रमित हुए हैं, जबकि 15 से 29 आयु वर्ग के 10260 संक्रमित हुए हैं। राज्य में तीसरी लहर में अब तक मिले कुल संक्रमितों में 4.72 प्रतिशत बच्चे भी हैं। शून्य से 14 वर्ष आयु वर्ग के इन बच्चों की संख्या 1488 हैं, जो संक्रमित हुए हैं। तीसरी लहर में 45 से 59 आयु वर्ग के संक्रमितों की संख्या 6470 है, जो कुल संक्रमितों का 20.56% है। हालांकि इस बार 60 प्लस के लोग कम संक्रमित हुए हैं। इनकी संख्या 2314 है, जो कुल संक्रमितों का 7.35% है। मौत का आंकड़ा बुजुर्गों के लिए चिंताजनक है। 25 दिसंबर से 10 जनवरी तक कुल 27 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 21 बुजुर्ग हैं, जिनकी उम्र 60 या उससे ज्यादा थी।

Published / 2022-01-12 03:37:29
दारोगा आत्महत्या मामला : एसपी-डीटीओ के खिलाफ परिजनों ने की शिकायत, 16 घंटे जाम रहा एनएच

टीम एबीएन, पलामू। नावा बाजार के पूर्व थाना प्रभारी लालजी यादव की आत्महत्या मामले में परिजनों ने पलामू एसपी-डीटीओ समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ डीआईजी को आवेदन दिया है.। इसमें अन्य अधिकारियों पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। पूर्व थाना प्रभारी लालजी यादव ने थाना परिसर में अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद सैकड़ों नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 98 को जाम कर दिया था। ग्रामीण पलामू एसपी- डीटीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। परिजन रात 11 बजे के करीब नावा बाजार थाना पहुंचे थे। इस दौरान लालजी यादव की पत्नी, मां, बहन, पिता, ससुर, सास समेत कई रिश्तेदार भी पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप उन्होंने लगाए। परिजनों ने लालजी यादव के कमरे की एक-एक चीज का जायजा लिया। परिजन लालजी यादव का शव उठाने के दौरान भी नाराज हो गए। बाद में डीआईजी राजकुमार लकड़ा के हस्तक्षेप और लिखित आवेदन के बाद परिजनों ने शव को उठाने दिया। रात करीब 12:30 बजे शव उठाया जा सका। पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल भेजा गया। मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव का पंचनामा किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करवाई गई है। घटना के बाद नावाबाजार के इलाके के नाराज ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 98 को जाम कर दिया था। सैकड़ों ग्रामीण थाना से लेकर नेशनल हाईवे तक जमा थे और एसपी समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान अधिकारी और ग्रामीणों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई। रात एक बजे के करीब नेशनल हाईवे 98 पर परिचालन शुरू हुआ। इस जाम में सैकड़ों की संख्या में गाड़ियां फंसी हुई थी।

Published / 2022-01-12 03:30:02
कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों को फिर ऑनलाइन पढ़ाई कराएंगे शिक्षक

एबीएन डेस्क, रांची। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच सरकार ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए झारखंड में मिनी लॉकडाउन पहले ही लागू कर दिया गया है। इस कड़ी में अब कक्षा छह से 12 तक के स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है। अब स्कूल नहीं खुलेंगे, बल्कि शिक्षक बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई कराएंगे। इसको लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने SOP जारी किया है। झारखंड राज्य शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से सभी क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक, शिक्षा पदाधिकारी और शिक्षा विभाग से जुड़े पदाधिकारियों को एक निर्देश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि कक्षा 6 से 12 के विद्यालयों को एक बार फिर बंद किया गया है। इसके लिए ऑनलाइन पठन-पाठन हर हाल में सुनिश्चित करना है। इससे पहले 2020 में कोरोना काल के दौरान शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई थी। 2021 में कुछ हद तक लॉकडाउन में छूट मिली और धीरे-धीरे व्यवस्था सामान्य हुई। बताते चलें कि कोरोना काल के दौरान स्कूलों में ताले लटक रहे थे। कक्षा एक से बारहवीं तक की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यमों से हुई। व्हाट्सएप एप ग्रुप के माध्यम से कक्षा 1 से 12 वीं तक के विद्यार्थियों को पठन पाठन सामग्री उपलब्ध कराई गई। हालांकि वर्ष 2021 में लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद कक्षा 6 से 12 के विद्यालयों को खोल दिया गया था, लेकिन एक बार फिर 2022 में प्रवेश करते ही कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ ली है। इससे कक्षा 6 से 12 के विद्यालयों को एक बार फिर बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है।

Page 1497 of 1651

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse