टीम एबीएन, गुमला। झारखंड नवनिर्माण दल (जेएनडी) जिला समिति गुमला ने जननायक शहीद महेंद्र सिंह के शहादत दिवस पर आजादी के 75 साल बाद भी रेल लाइन से वंचित गुमला को रेल लाइन से जोड़ने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय के पटेल चौक से पहले चरण में 9 जून 2022 तक चलने वाले हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत हो गयी है। कोरोना गाइडलाइन के तहत दल ने हस्ताक्षर अभियान शुरू करने के पूर्व शहीद कामरेड महेंद्र सिंह को 1 मिनट का मौन रख भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा झारखंड नवनिर्माण दल के केंद्रीय संयोजक विजय सिंह ने पहला हस्ताक्षर कर अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि रेल लाइन से गुमला को जोड़ने का काम जब तक शुरू नहीं होगा, तब तक जन सहयोग से चलने वाला यह आंदोलन बंद नहीं होगा। श्री सिंह ने कहा कि गुमला वासियों के वोट से जीतने वाले यहां के निकम्मे सांसद व विधायक और केंद्र सरकारों की उपेक्षापूर्ण नीति के कारण आजादी के 75 साल बाद भी गुमलावासियों को रेल नसीब नहीं हुआ। श्री सिंह ने कामरेड महेंद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि झारखंडियों की आवाज व रचनात्मक कार्य के लिए कामरेड महेंद्र जी जाने जाते थे।।उनके शहादत दिवस के मौके पर हस्ताक्षर अभियान के रूप में शुरू रेल लाइन के लिए यह पहल गांव से निकलकर रांची होते झारखंड नवनिर्माण दल के नेतृत्व में दिल्ली तक निर्णायक आंदोलन के लिए पहुंचेगा। गुमला को रेल लाइन से जोड़ने का इस अभियान में जिलेवासियों से हर तरह का सहयोग करने की अपील भी श्री सिंह ने की है। हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम में बीरबल भगत, शंकर उरांव, श्रवण उरांव, सोमरा खड़िया, अर्जुन खड़िया, धर्मपाल उरांव, परमेश्वर उरांव, बादल सिंह, रसोईया संयोजिका संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सह प्रतिज्ञा महिला समिति की वरिष्ठ नेत्री देवकी देवी, रायमुनि देवी, सुलेखा देवी, रेनू देवी, पुष्पा देवी, रेशमा बीबी, रुकमणी कुमारी, बिरसमनी देवी, जतरो देवी, मंजरी देवी, शोभा देवी, दुआरी उरांव के अलावे काफी संख्या में झारखंड नवनिर्माण दल के कार्यकर्ता सोशल डिस्टेंसिंग के तहत मौजूद थे।
एबीएन डेस्क, कोडरमा। भारत निर्वाचन आयोग ने देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही झारखंड के भाजपा के नेता अलर्ट मोड पर आ चुके हैं। यहां के नेताओं को भाजपा ने यूपी चुनाव की जिम्मेवारी सौंपी है। इन राज्यों में चुनाव होने हैं। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में चुनाव होने हैं। इसमें कोडरमा सांसद सह केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी के अलावे चतरा सांसद सुनील सिंह, धनबाद के वरीय नेता गणेश मिश्रा आदि का भी नाम शामिल है। मालूम हो कि भाजपा की केंद्रीय कमेटी ने पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी को सितंबर माह में ही उत्तर प्रदेश के कानपुर से बुलंद खंड के कई विधानसभा क्षेत्रों का प्रभारी नियुक्त किया गया। लगातार 5 महीने से उत्तर प्रदेश के कानपुर से बुलंद खंड के 14 जिलों के अंतर्गत 52 विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री ने बैठक की है और लगातार बैठकों का दौर जारी है ।मालूम हो कि चुनाव की घोषणा होते ही सांसद ने चुनाव तारीखों का स्वागत करते हुए कहा कि यूपी में फिर से योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारी बहुमत से सरकार बनेगी। बताते चलें कि भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी को कन्नौज, इटावा कानपुर देहात, कानपुर नगर, झांसी, जालौन, चित्रकूट, महोबा, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, औरैया आदि जिलों के 52 विधानसभा में इनका दायित्व दिया गया है और वर्तमान समय में पन्ना प्रमुख तक की बैठक सांसद कर चुकी है।आने वाले दिनों में इन विधानसभा चुनाव का दारोमदार इन पर टिका हुआ है। पहला चरण का चुनाव 10 फरवरी और अंतिम चरण का चुनाव 7 मार्च को संपन्न होगा चुनाव को लेकर उत्तरी छोटानागपुर के वरीय नेताओं को चुनाव प्रचार में भेजा जाएगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण की तेज रफ्तार के बीच चिंता वाली खबर यह है कि राज्य में 15 जनवरी को 7 लोगों की मौत कोरोना से हो गई। शनिवार को राहत की खबर यह रही कि राज्य में जितने नए केस मिले उससे ज्यादा ठीक भी हुए। झारखंड में शनिवार 15 जनवरी को 57,017 सैंपल की जांच में 3258 नए केस मिले हैं। वहीं 3351 संक्रमित कोरोना से मुक्त हुए। फिलहाल झारखंड में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 33089 है। राज्य के सभी 24 जिलों में कोरोना के नए मामले मिले हैं। 15 जनवरी 2022 को जहां- जहां नए केस मिले हैं, उसमें सबसे ज्यादा 1002 केस रांची में मिले हैं। रांची सहित 7 जिले राज्य में ऐसे हैं, जहां 100 से ज्यादा नए संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को रांची में जहां सबसे ज्यादा 1002 नए संक्रमित मिले हैं। वहीं बोकारो में 119, चतरा में 25, देवघर में 118, धनबाद में 68, जमशेदपुर में 751, गिरिडीह में 17, गोड्डा में 104, गुमला में 48, हजारीबाग में 331, जामताड़ा में 19, खूंटी में 53, कोडरमा में 39, लातेहार में 25, लोहरदगा में 28, पलामू में 107, पाकुड़ में 18, रामगढ़ में 57, सिमडेगा में 21, पश्चिमी सिंहभूम 99, दुमका में 93, गढ़वा में 25, साहिबगंज में 78 और सरायकेला में 13 कोरोना संक्रमित मिले हैं। राज्य में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 33089 है। झारखंड में कोरोना से 15 जनवरी 2022 को 7 मौत हुई है। जिसमें बोकारो में 01, धनबाद में 01, जमशेदपुर में 02, हजारीबाग में 01, रामगढ़ में 01 और रांची में 01 मौत हुई है। राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 5199 हो गयी है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना का कहर टूट पड़ा है। कोरोना संक्रमण का आंकड़ा नित नए रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर है। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद को आइसोलेशन में कर लिया है। राज्य भर के समर्थक उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआ कर रहे हैं। इधर, मुख्यमंत्री आवास में कोरोना बम फूट गया है।15 जनवरी को लिए गए 61 सैंपल में से 28 पॉजिटिव आए हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। बता दें कि तबीयत बिगड़ने पर 14 जनवरी को राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन का मुख्यमंत्री आवास पर सैंपल लिया गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्होंने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। शनिवार को चिकित्सकों की देखरेख में वे अपने आवास में ही थे। इसके अलावा शिबू सोरेन के साथ, छह अन्य लोग भी संक्रमित पाए गए हैं।।सबको आइसोलेशन में भेज दिया गया है। झारखंड के आदिवासी समुदाय और राजनीतिक जगत में गुरुजी के नाम से मशहूर राज्यसभा सांसद शिबू सोरेने को दूसरी बार कोरोना हुआ है। इससे पहले 22 अगस्त 2020 को भी गुरुजी संक्रमित हो गए थे। तब उनकी स्थिति क्रिटिकल होने से उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब एक महीने तक इलाज के बाद स्वस्थ होने पर झामुमो सुप्रीमो डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे। इस वक्त उनकी पत्नी रूपी सोरेन भी संक्रमित हुई थीं। झारखंड में संक्रमितों की संख्या इन दिनों तेजी से बढ़ रही है। 14 जनवरी को झारखंड में कोरोना के 3749 नए केस मिले थे, राजधानी रांची में तो संक्रमितों की संख्या एक हजार पार कर गई थी। इस दिन यहां 1355 नए केस मिले थे, जबकि 13 जनवरी को झारखंड में कोरोना के करीब 4 हजार केस मिले थे। पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का अधिकारिक आवास मोराबादी में है, जहां अभी रिनोवेशन का काम चल रहा है। इसलिए पिछले कुछ महीनों से पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन अपने बेटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास पर ही रह रहे हैं। 14 जनवरी को शिबू सोरेन के साथ 07 अन्य लोगों का सैंपल कोरोना जांच के लिए लिया गया था। इनमें शिबू सोरेन के साथ छह अन्य सैंपल में कोरोना का संक्रमण मिला।
एबीएन डेस्क। झारखंड में जिन स्थलों पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत परियोजनाओं पर काम जारी है, वहां केवल 25 प्रतिशत कर्मचारी पाए गए। सरकारी लेखा परीक्षा रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट में ऐसे मामलों का भी जिक्र किया गया है कि कुछ ऐेसे लोगों को स्थलों पर काम करते पाया गया, जिनके नाम हाजिरी रजिस्टर (मस्टर रोल) में नहीं थे।रिपोर्ट में कहा गया है, समवर्ती सामाजिक लेखा परीक्षा के दौरान जारी कुल हाजिरी रजिस्टर के अनुसार, कार्यस्थलों पर 1,59,608 कर्मचारी होने चाहिए थे, लेकिन केवल 40,629 (25.45 प्रतिशत) कर्मचारी कार्यस्थलों पर काम करते हुए वास्तव में पाए गए। झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग की समवर्ती सामाजिक लेखा परीक्षा रिपोर्ट 2021-2022 में कहा गया है कि हाजिरी रजिस्टर में 1,787 लोगों के नाम नहीं पाए गए, लेकिन वे कार्यस्थलों पर काम कर रहे थे।
टीम एबीएन, रांची। बुढ़मू-ठाकुरगांव मुख्य मार्ग में रांजीटोला के पास शनिवार की शाम सड़क दुर्घटना में रातू थाना क्षेत्र के काटमकुली निवासी विकास कुमार गंझू, राहुल मुंडा, दीपक मुंडा और थाना क्षेत्र के लोथमाना निवासी जून मुंडा घायल हो गए। बताया जाता है कि विकास, राहुल और दीपक बाइक से अपने घर काटमकुली जा रहे थे। उधर, जून मुंडा ठाकुरगांव से बाइक से अपने घर जा रहा था। दुर्घटना में जून मुंडा और दीपक मुंडा का पैर टूट गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को सीएचसी बुढ़मू लेकर आयी, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चारों को रिम्स रेफर कर दिया गया।
टीम एबीएन, जमशेदपुर।टीएमएच में पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण दर में करीब एक प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले सप्ताह संक्रमण दर 46.84 प्रतिशत थी, जो इस सप्ताह बढ़कर 47.63 प्रतिशत हो गयी। इस सप्ताह 15 कोरोना मरीजों की मौत हुई, जो पिछले सप्ताह चार थी। हालांकि, मृतकों में सिर्फ एक मरीज ही विशुद्ध रूप से कोरोना पीड़ित था। शेष कैंसर, किडनी, हार्ट जैसे किसी न किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। यह बातें टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज के सलाहकार डॉ राजन चौधरी ने शुक्रवार को ऑनलाइन प्रेसवार्ता में कहीं। इस दौरान जीएम डॉ सुधीर राय, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन की हेड रूना राजीव कुमार भी जुड़े हुए थे। उन्होंने शहर में ओमीक्रोन वेरिएंट के पाये जाने के सवाल पर कहा कि 28 दिसंबर को ही आईसीएमआर ने घोषणा कर दी थी कि देश में तीसरा वेब आ गया है, जो ओमीक्रोन वेरिएंट है। डॉ. राजन ने एक आंकड़े के आधार पर बताया जा रहा है कि इस माह की 25-26 तारीख को कोरोना पीक पर होगा और फरवरी के प्रथम सप्ताह से इसमें तेजी से गिरावट आयेगी। अभी टीएमएच में एक चार माह का, एक 11 साल और एक साढ़े 14 साल का बच्चा भर्ती है, जो कोरोना संक्रमित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह दिल में चार छेद वाला एक कोरोना संक्रमित बच्चा भर्ती हुआ था, जिसका इलाज के दौरान निधन हो गया था।
टीम एबीएन, रांची।झारखंड में कोरोना की तीसरी लहर को देख भारतीय जनता पार्टी ने कोविड केयर हेल्पलाइन जारी किया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा संचालित इस कोविड केयर हेल्पलाइन की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने शनिवार को किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा द्वारा संचालित कोविड केयर हेल्पलाइन के बारे में जानकारी देते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि यह जिला एवं प्रदेश स्तर पर हेल्पलाइन काम करेगा। ऐसे काम करेगा कोविड केयर हेल्पलाइन नंबर: भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा संचालित कोविड-19 हेल्पलाइन नंबर 9304545774, 7979927822, 8882633122 पर कोरोना से संक्रमित लोग या परिवार के सदस्य कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कॉल करने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य दवाई से लेकर राहत सामग्री तक पहुंचाने का काम करेंगे। इसके अलावे डॉक्टरों द्वारा आॅनलाइन चिकित्सीय सलाह भी मुहैया कराई जायेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा पिछले 2 लहर में किये गये सहायता कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के हरेक कार्यकर्ता सेवा ही संगठन की नीति पर चल रहे हैं जिसका परिणाम है कि बड़ी संख्या में लोगों को सहायता मिली थी। इस बार भी कोरोना महामारी पैर पसार रहा है इस परिस्थिति से निपटने के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं ने तैयारी कर ली है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse