टीम एबीएन, रामगढ़। झारखंड की रामगढ़ जिला पुलिस ने बरकाकाना थाना क्षेत्र से गांजा के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ (पतरातू) वीरेंद्र चौधरी ने सोमवार को बताया कि सूचना के आधार पर बरकाकाना ओपी प्रभारी मंटू चौधरी घुटूवा पंच मंदिर पहुंचे। वहां पास में दो युवकों को काला बैग के साथ संदेहास्पद स्थिति में खड़ा देखा। युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। कुछ दूरी तक पीछा कर पुलिस ने युवकों को पकड़कर बैग की तलाशी ली। चौधरी ने बताया कि तलाशी के दौरान युवकों के पास से तीन किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए दोनों सगे भाई धर्मेंद्र यादव और राहुल यादव हैं जो हजारीबाग जिले के चरही के निवासी हैं। पूछताछ के बाद युवको जेल भेज दिया गया है।
एबीएन डेस्क। केरल के जेल में दुमका के तीन मजदूर बंद हैं। दुमका के इन तीन प्रवासी मजदूरों की रिहाई की मांग को लेकर परिजनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुहार लगाई है। ये सभी मजदूर केरल के एर्नाकुलम जेल में बंद हैं। उन्हें छुड़ाने के लिए जेल में बंद मजदूरों के परिजनों ने सीएम हेमंत सोरेन से गुहार लगाई है। इसको लेकर परिजनों ने सीएम के नाम आवेदन डीसी को सौंपा है। झारखंड के मजदूर केरल में फंसे हुए हैं। दुमका के तीन मजदूर केरल के जेल में बंद हैं। सोमवार को दुमका में मजदूर के परिजनों ने सीएम हेमंत सोरेन से उनकी रिहाई की मांग की है। इसको लेकर दुमका जिला से केरल काम करने गए तीन प्रवासी मजदूरों के परिजन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम उपायुक्त दुमका रविशंकर शुक्ला को आवेदन सौंपा। उनका कहना है कि उनके परिवार के सदस्य एक गारमेंट फैक्ट्री, काइटैक्स गारमेंट्स लिमिटेड कंपनी में काम करने केरल के एर्नाकुलम जिला गए हुए हैं। पिछले माह 25 दिसंबर की रात जहां ये प्रवासी मजदूर रहते हैं, वहां कुछ मजदूर नाच-गा रहे थे। इसी बीच उनकी झड़प स्थानीय लोगों से हो गयी। सुबह एर्नाकुलम जिला के कन्नाथुनाडू थाना की पुलिस ने 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिसमें दुमका के भी तीन प्रवासी मजदूर शामिल हैं। इनमें से दो सदर प्रखंड के जामकांदर गांव के प्रदीप मुर्मू और चंदन मरांडी हैं। इसके साथ ही जामा प्रखंड के सिमरा गांव के मार्टिन हांसदा भी शामिल है।
टीम एबीएन, गढ़वा। गढ़वा के बहेराटोली में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। नक्सलियों ने प्रतिरोध सप्ताह के दौरान सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए बूढ़ापहाड़ के इलाके में लैंडमाइंस लगाया था, जिसे बरामद करने के बाद विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया है। डीआईजी लकड़ा राजकुमार लकड़ा ने पूरी घटना की पुष्टि की है। घटना के बाद इलाके में अब भी सर्च अभियान जारी है।
कोडरमा। रांची के डोरंडा स्थित पलाश आॅडिटोरियम में आयोजित इमर्जिंग झारखंड 2022 कार्यक्रम में झुमरी तिलैया नगर परिषद को नगरीय प्रशासन निदेशालय नगर विकास एवं आवास विभाग झारखंड सरकार द्वारा क्रियान्वित दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्ट्रीट आत्मनिर्भर निधि एवं मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु राज्य भर के नगर परिषद की श्रेणी में झुमरी तिलैया नगर परिषद को वित्तीय वर्ष 2021-22 में सराहनीय कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया है। नगर परिषद के प्रशासक विनीत कुमार एवं सिटी मिशन मैनेजर नीलम कुमारी ने सोमवार को बताया कि कार्यक्रम के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री मिथिलेश ठाकुर के द्वारा राज्य भर में उपरोक्त श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। नगर प्रशासक विनीत कुमार ने बताया कि जनमानस से जुड़ी तमाम व्यवस्था को बेहतर तरीके से लोगों तक पहुंचाना ही नगर परिषद का उद्देश्य है। आगे और भी बेहतर प्रयास किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि जन सुविधा से जुड़े किसी भी तरह की परेशानी होने पर कोई भी आम नागरिक कार्यालय पहुंचकर उन्हें समस्या के विषय में अवगत करा सकते हैं ताकि उन समस्याओं को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह अचीवमेंट नगर परिषद क्षेत्र के आम लोगों के सहयोग के बिना पूरा नहीं किया जा सकता।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी रांची जोन एफ के विद्यालयों में आज से दो दिवसीय आनलाइन शिक्षक कार्यशाला शुरू हो गयी। डीएवी पब्लिक स्कूल्स जोन एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी एम के सिन्हा ने इस कार्यशाला का उद्घाटन दीप जलाकर किया। इस अवसर पर श्री सिन्हा ने कहा कि शिक्षक यहां जो भी सीखें उसे क्लास रूम में व्यवहार में लाएं ताकि विद्यार्थियों को सीखने में और सुगमता हो सके। प्राचार्य ने कहा कि डीएवी के प्रधान आर्यरत्न पद्मश्री पूनम सूरी की झारखंड के डीएवी विद्यालयों पर विशेष कृपा और अनुकंपा रही है। झारखंड जोन एफ के लिए होने वाले दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम की सफलता के लिए डीएवी पब्लिक स्कूल्स, वन, नई दिल्ली के निदेशक डॉ जेपी शूर ने शुभकामना संदेश भेजा है। अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि संस्थाएं अच्छा कार्य कर रही हैं लेकिन हमें और भी अच्छे कार्य करने हैं और भी सीखना है और सिखाना है। डॉ जेपी शूर के बारे में प्राचार्य ने कहा कि उनकी लगन, कर्मठता और काम के प्रति उनका लगाव देखते ही बनता है वे किसी भी समस्या का समाधान तुरंत कर देते हैं। वे समस्या निवारक, प्रोब्लम सोल्वर हैं। मुख्य अतिथि ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने अपने आनलाइन संबोधन में कहा कि डीएवी संस्थाएं राष्ट्र के विकास में अपना योगदान देती रही है। वे डीएवी संस्था से बहुत पहले से जुड़े रहे हैं। उन्होंने दो दिवसीय कार्यशाला के सफल आयोजन की कामना की। सभा को जोन के पूर्व निदेशक डा केसी श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। अपने आॅनलाइन संबोधन में उन्होंने भी दो दिवसीय कार्यशाला के लिए शुभकामनाएं प्रदान की। उल्लेखनीय है कि डीएवी विद्यालयों में सेंटर फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस,सीएई, के तहत इस वर्ष शिक्षकों को तीन दिनों की ट्रेनिंग जून महीने में कराई गई थी जबकि दो दिनों की ट्रेनिंग इस माह मास्टर ट्रेनरों द्वारा कराई जा रही है। सीएई की वर्तमान निर्देशिका डॉक्टर निशा निर्देशन में शिक्षकों को निरंतर प्रशिक्षित किया जा रहा है ।डीएवी ही ऐसा विद्यालय है जहां नए शिक्षकों को बढ़ने का मौका मिलता है तथा हर वर्ष डीएवीसीएई के तहत उन्हें ट्रेनिंग कराई जाती है। मौके पर डीएवी गांधी नगर के प्राचार्य एसके सिन्हा, डीएवी बारियातू के प्राचार्य वीके पांडेय और डीएवी नीरजा सहाय के प्राचार्य तरुण कुमार मिश्र भी मौजूद थे। सभी शिक्षकों ने अपने अपने विद्यालय से वेबिनार में भाग लिया। आज संस्कृत विषय में वर्ण, अधिगम मूल्यांकन, लिंग, विभक्ति, वचन, कारक, शब्द रूप, विशेषण विषय पर चर्चा हुई। वहीं हिंदी में कथा, संवाद, अच्छे शिक्षक के गुण, मूल्यांकन और कविता शिक्षण पर चर्चा हुई। सामाजिक विज्ञान विषय में सामाजिक विज्ञान पढ़ाने का सशक्त तरीका, ग्लोबल वार्मिंग, वर्ग में नाटक थिएटर की भूमिका, आॅनलाइन शिक्षण को और प्रभावी कैसे बनाएं और फ्लिप क्लासरूम टीचिंग जैसे विषयों पर चर्चा की गई। जबकि शारीरिक शिक्षा विषय में स्पोर्ट साइकोलॉजी, शारीरिक शिक्षकों की चुनौतियां, पर्सनैलिटी विकास वॉलीबॉल, योग और ध्यान विषय पर विशेषज्ञों ने प्रकाश डाला। कला और संगीत विषय में आर्ट इंटीग्रेशन, विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास में संगीत की भूमिका, क्राफ्ट मॉडलिंग, चित्रांकन विषय को आॅनलाइन पढ़ाने की सशक्त विधि और एक कैरियर के रूप में संगीत विषय पर चर्चा हुई। वाणिज्य विषय में संदिग्ध खातों का उपयोग, योजना, लाभ और हानि, इंटरप्रेनरशिप, डिवेंचर तथा रसायन विज्ञान विषय में बोर्डिंग बॉन्डिंग पर विशेष चर्चा हुई। इसी प्रकार अन्य विषयों में भी विषय विशेषज्ञों ने कई विषय पर प्रकाश डाले। इस कार्यशाला में डी ए वी जॉन एफ के लगभग 800 शिक्षक भाग ले रहे हैं। कल कार्यक्रम का दूसरा और अंतिम दिन है। उक्त जानकारी डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल, कडरू रांची के प्रेस प्रभारी आलोक इंद्रगुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
टीम एबीएन, कोडरमा। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिप प्रधान शालिनी गुप्ता ने सोमवार को विभिन्न वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान कॉमर्स कॉलेज झुमरी तिलैया पहुंची और छात्राओं का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बेटियां ही तो शक्ति का जीवंत प्रतीक और प्रेरणा की मूरत हैं। नई सोच, नया सवेरा के साथ बेटियां दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर कायमाबी की इबादत लिख रही हैं। होनहार बेटियां अपनी मेहनत से हर क्षेत्र में सफलता का झंडा का परचम लहरा रही हैं। लड़कियां विमान से लेकर रेल वाहन के साथ-साथ खेलकूद चिकित्सा उन्नत खेती में भी सशक्त हुई हैं। बालिकाएं अधिकार के मामले में भी सबसे आगे हैं। यही कारण है कि वैक्सीनेशन में कोडरमा जिला में बालिका और महिलाएं युवा और पुरूष से आगे चल रही हैं। कोडरमा जिला वैक्सीनेशन के मामले में पूरे राज्य में भी आगे है। जिला प्रशासन के द्वारा विद्यालयों के साथ-साथ कोचिगों में कैंप लगाकर 15 से 18 वर्ष के बच्चों को वैक्सीनेशन का कार्य करा रही है जो सराहनीय है। पहले बालिका ड्रॉप आउट हो जाती थी आज स्थिति बदली है। सामाजिक कुरीति बाल विवाह आज भी समाज के लिए अभिशाप है। कोडरमा सहित राज्य की बेटियां हर एक क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। देश में बालिकाओं के प्रति भेदभाव मिटाने एवं उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। बेटियां समाज में कितनी महत्वपूर्ण है इसे बयां नहीं किया जा सकता। किसी ने सच ही कहा है कि बेटियां न हो तो परिवार परिवार नहीं होता और समाज जंगल की तरह दिखायी देगा। बेटी होना हम सबके लिए गर्व की बात है। क्योंकि देश की आधी आबादी एक बेटी ही एक परिवार व समाज को बचाती है। यदि वह कलम उठा ले तो इतिहास को बदल सकती है और कलम उठा ले तो भविष्य को बदल सकती है। हमें ऐसा कार्य करना चाहिए जिससे हम दूसरों को भी सही दिशा दे सकें। अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने भी वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया और कोविड 19 को देखते हुए बचाव के लिए टीकाकरण अभियान में स्कूल कॉलेज कोचिंग के प्रबंधकों व संचालकों को साधुवाद दिया। मौके पर कॉमर्स कॉलेज का प्रचार्य सोहर यादव, प्रो अरविंद सिन्हा, प्रो अशोक स्वर्णकार, प्रो जुगल साव, प्रो सुरेश यादव प्रो आरपी राणा प्रो किशोरी साव प्रो जुगल साव, श्रुति कुमारी, अंजलि कुमारी, रेखा कुमारी, आरती कुमारी, स्वेता कुमारी, बासुदेव यादव, महेश दास, बिनोद राम, पप्पु ठाकुर आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कोडरमा। गणतंत्र दिवस समारोह में बच्चों के नो एंट्री विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम के दौरान रहेगी। कोविड-19 के वजह से 30 जनवरी तक ऑफलाइन पठन-पाठन बंद है। ऐसे में सरकारी व निजी विद्यालयों में गणतंत्र दिवस पर झंडोत्तोलन के दौरान विद्यालय के शिक्षक अभिभावक प्रबंधन समिति के सदस्य और कुछ उच्च वर्ग के छात्र ही शामिल हो सकेंगे। इधर सांस्कृतिक कार्यक्रम खेलकूद जैसे आयोजन भी स्थगित किए गए हैं। गणतंत्र दिवस की तैयारी कोडरमा जिले के विभिन्न इलाकों में चल रही है। इस वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को 23 जनवरी से ही नेताजी सुभाष चंद्र बोस को सम्मान देने के लिए शुरुआत की घोषणा की है। बताते चलें पहले 24 से 26 जनवरी तक दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित होता था। इस बार देशभक्ति की झलक 23 जनवरी से ही देखने को मिलेगी। किधर कोडरमा में एनसीसी के द्वारा दिल्ली परेड में कोई भी कैडेट शामिल नहीं हो रहा है। जिस का मलाल कैडेटों में है। बताते चलें कोडरमा एनसीसी से 2019 में मुकेश कुमार, गणेश कुमार स्मिता कुमारी, रिया भारती 2020 में देवी मंडप रोड निवासी प्रशांत तिवारी और दीपक कुमार ने परेड में शामिल होकर कोडरमा का भी नाम ऊंचा किया। इधर, 26 जनवरी को आयोजित होने वाले बागीतांड में एनसीसी भी शामिल होगा। इसके लिए जेजे कॉलेज में 10 जनवरी से इस ठंड के मौसम में भी कैडेट पूर्वाभ्यास में लगे हुए हैं। दाएं चल, बाय चल, पीछे मुड़, आगे बढ़ जैसी गूंज सुनाई पड़ रही है। यह कैडेट उत्साह से लबरेज है। जिसमे कोडरमा प्लस टू हाई स्कूल, जेजे कॉलेज, आरएलएसवाई कॉलेज, सीएच प्लस टू उच्च स्कूल के 50 कैडेट पूर्वाभ्यास में लगे हैं। पूर्वाभ्यास को कराने में प्रशिक्षक के रूप में एनसीसी 45 बटालियन के पदाधिकारी के अलावा कैडेट दीपक कुमार, अतुल कुमार, प्रिंस पांडे, अजय प्रताप, जितेंद्र कुमार, सूरज गुप्ता, कोमल कुमारी तथा तनु कुमारी मुख्य रूप से लगी है।
टीम एबीएन पलामू। पिछले 15 दिनों से झारखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा है। शनिवार शाम से पलामू में एक बार फिर मौसम खराब हो गया है। कई इलाकों में बारिश हुई है, जबकि कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। बेमौसम बारिश से कई किसानों की दलहन और सब्जी की फसल पर बुरा असर पड़ा है। पलामू के तरहसी, सतबरवा, पड़वा, हरिहरगंज, पांडू, हुसैनाबाद के इलाके में बेमौसम बारिश और कोहरे ने आलू, गोभी, टमाटर, बींस, बैगन की फसल को नुकसान पहुंचाया है। जिले के कई इलाकों के किसानों ने बताया कि दलहन में अरहर, चना, मसूर के पौधे बारिश के कारण खराब हो गए हैं। इससे पैदावार प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई है। हरिहरगंज के इलाके के किसान रामसूरत ने बताया कि बेमौसम बारिश से करीब तीन एकड़ में लगाई आलू और गोभी की फसल बर्बाद हो गई है। वहीं सतबरवा के इलाके में एक किसान की बींस और अन्य हरी सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने बताया कि कोविड 19 के काल में बेहद ही कम कीमत पर सब्जी बिकी थी। अब इस बार मौसम ने फसल को खराब कर दिया है। इससे उन्हें करीब 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इधर बिरसा कृषि अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक प्रमोद कुमार ने किसानों को सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसानों को सतर्क रहने की जरूरत है। जिन फसलों में जरूरत हो उसमें कीटनाशक का छिड़काव कर दें। उन्होंने बताया कि बदले मौसम के कारण फसल प्रभावित हुई है। बता दें कि पलामू में जनवरी में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक कम हो चुका है, जबकि कई इलाकों में लगातार कोहरा छाया हुआ है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse