टीम एबीएन, रांची। रांची रिवोल्ट जनमंच एवं मैदान बचाओ संघर्ष समिति ने मोरहाबादी मैदान से अतिक्रमण हटाने के जिला प्रशासन के निर्णय को उचित बताया है। अतिक्रमण हटाओ अभियान को संगठन ने मॉर्निंग वाकर्स, खिलाड़ी, महिलाओं और बच्चों के हित में बताया है। संगठन की कार्यकारिणी की शनिवार को हुई ऑनलाइन बैठक में कहा गया कि यह निर्णय स्वागत योग्य है। हालांकि वहां पूर्व से दुकान लगाकर परिवार की जीविका चलाने वालों के पुनर्वास की भी व्यवस्था होनी चाहिए। संयोजक डॉ प्रणव कुमार बब्बू ने बताया कि जहां-तहां दुकान लगाने की वजह से मैदान धीरे-धीरे संकरा होता जा रहा है। इससे वहां सैर-सपाटे के लिए आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ रही थी। उन्होंने रांची जिला पुलिस एवं प्रशासन से मैदान में एक भी पेड़ नहीं काटने की व्यवस्था, फिर से अतिक्रमण नहीं होने को लेकर स्थायी व्यवस्था और नियमित रूप से पुलिस गश्त की मांग की है। बैठक में विजय दत्त पिंटू, सुजाता भगत, डॉ रीना भारती, विमलदीप नाग, संतोष दीपक, संतोष लाल, उपेंद्र कुमार बबलू, आलोक सिंह परमार, अंजू बरवा, जयदीप सहाय, सूरज सिन्हा, सुनील टोप्पो, दीपक कुमार और अन्य शामिल थे।
टीम एबीएन, हजारीबाग। देश के प्रतिष्ठित संत कोलंबस कॉलेज के प्राचार्य ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति पर जातिसूचक शब्द कहने और अपमानित करने का आरोप लगाते हुए एसटीएससी थाने में आवेदन दिया है। इसमें प्राचार्य ने कुलपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि प्राचार्य सुशील कुमार टोप्पो वित्तीय अनियमितता के मामले की जांच के सिलसिले में कुलपति से मिलने गए थे। बता दें कि संत कोलंबस कॉलेज देश के प्रतिष्ठित कॉलेजों में शामिल है। संत कोलंबस कॉलेज के प्राचार्य सुशील कुमार टोप्पो ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ मुकुल नारायण देव के खिलाफ एसटीएससी थाने में शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि कुलपति ने उन्हें जाति सूचक शब्द कहे और असंसदीय भाषा का प्रयोग कर अपमानित किया। प्राचार्य का कहना है कि शनिवार सुबह 11:30 बजे जब मैं कुलपति डॉ मुकुल नारायण देव से कॉलेज के काम को लेकर मुलाकात करने के लिए गया तो उन्होंने बेइज्जत किया और चैंबर से बाहर निकलने को कहा। इस दौरान कुलपति ने उन्हें जाति सूचक शब्द भी कहे। कोलंबस कॉलेज के प्राचार्य का कहना है कि उस दौरान कई छात्र भी कुलपति कार्यालय के बाहर थे और उन्होंने भी मुझे अपमानित होते हुए देखा। इस घटना से मैं काफी आहत हूं। वहीं इस पूरे मामले पर एसटी एससी के थाना प्रभारी मनीष कुमार का कहना है कि आवेदन मिला है। इस आवेदन पर जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि कुछ दिन पूर्व ही संत कोलंबस कॉलेज के प्राचार्य पर वित्तीय अनियमितता का आरोप भी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने लगाया था। इस मामले को लेकर जांच भी चल रही है जो अब तक पूरी नहीं हुई है। इस बात की भी जानकारी लेने के लिए संत कोलंबस कॉलेज के प्राचार्य सुशील कुमार टोप्पो कुलपति के पास गए थे।
टीम एबीएन, रांची। शनिवार को भारतीय किसान संघ झारखंड प्रांत की कार्यसमिति की बैठक रुका रोड के युटुब ग्राम स्थित शाश्वत इंस्टिट्यूट ऑफ B.Ed कॉलेज में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष जय सिंह एवं भारतीय एग्रो इकोनॉमिक्स रिसर्च सेंटर के प्रांत संयोजक अनिल शर्मा ने की। बैठक में प्रांत के अंतर्गत विभिन्न जिलों में चलाए जा रहे सदस्यता कार्यक्रम की स्थिति पर चर्चा हुई एवं भोपाल में 25, 26 और 27 फरवरी को भारतीय किसान संघ के होने वाले राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में भाग लेने के लिए विभिन्न जिला एवं प्रांत इकाइयों के लोगों से चर्चा की गई। साथ ही भारत सरकार द्वारा झारखंड में किसानों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्य सरकार द्वारा बिजली की समस्या को लेकर किसानों को अचानक बड़े राशि में बिजली बिल का भेजना एवं बिजली विभाग द्वारा किसानों को प्रताड़ित किये जाने पर सबों ने दुख जताया। इससे किसानों में भारी आक्रोश है। इस विषय को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल बिजली विभाग के सचिव से पूर्व में भी मिलकर ज्ञापन दिया था, जिस पर अभी तक उचित कार्रवाई नहीं हुई। निर्णय लिया गया कि पुनः राज्य सरकार इस पर विचार करे, नहीं तो भारतीय किसान संघ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री प्रकाश नारायण तिवारी, प्रशांत खाखा, मन धीरन महतो, मनोज साहू, प्रकाश नारायण, छत्रधारी महतो, दीपक उरांव, नकुल मुंडा, वीरेंद्र साहू, घूरन महतो, दिनेश सिंह, विजय कुमार एवं विभिन्न जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में विशेष रुप से जिलों के प्रभारियों की भी घोषणा की गई जिसमें जय कुमार सिंह लातेहार पलामू गढ़वा, मनधीरन महतो खूंटी, मनोज साहू गुमला, प्रकाश नारायण हजारीबाग चतरा गिरिडीह, दीपक उरांव लोहरदगा, छत्रधारी महतो रांची, वीरेंद्र अग्रवाल रामगढ़ और सत्यजीत को बोकारो का प्रभारी बनाया गया है। अन्य जिलों के भी प्रांत के पदाधिकारी प्रवास करेंगे और संगठन का काम प्रांत के पदाधिकारी करेंगे।
टीम एबीएन रांची। झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में इंटरनेट सेवा ठप हो गई है। इससे मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। जानकारी के अनुसार सुबह 7 बजे से ही अस्पताल का इंटरनेट ठप था। इसकी वजह से ओपीडी और इमरजेंसी सहित किसी भी विभाग के लिए पर्ची नहीं कट रही है। इससे मरीज बहुत ज्यादा परेशान रहे। पर्ची काउंटर के बाहर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। मरीजों की भीड़ और हंगामे को देखते हुए काउंटर से हाथ से लिखकर पर्ची दी जाने लगी।कंप्यूटराइज्ड बिलिंग नहीं हो सकी। कंप्यूटर बिलिंग ना होने की वजह से सभी तरह की जांच प्रभावित रही। किसी भी तरह की जांच नहीं हो रही थी।
टीम एबीएन, पलामू। झारखंड के पलामू जिले में आज सुबह पुलिस ने 35 लाख रुपये मूल्य की बेशकीमती "खैर" की लकड़ी ट्रक सहित जब्त कर लिया और इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया; जबकि तीन लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस के एक शीर्ष अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि लगभग 16 टन खैर लदी ट्रक को मेदिनीनगर ग्रामीण थाना क्षेत्र के सिंगरा गांव के समीप एक झाड़ी से बरामद किया गया। उन्होंने बताया, जंगलों से खैर की लकड़ी का दोहन निषिद्ध है, इसके व्यापारिक धंधे में उपयोग पर प्रतिबंध है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की अचानक छापामारी में भानु प्रताप सिंह उर्फ पन्ना सिंह नामक आरोपी को मौके पर पकड़ा गया जबकि उसके तीन अन्य सहयोगी गफूर, उमर खां और गुनमू मियां फरार हो गया। पुलिस ने खैर की लकड़ी, ट्रक और दो मोबाइल फोन जब्त किये हैं और मामले की जांच की जा रही है।
टीम एबीएन, रांची। शनिवार दिनांक 29/01/2022 को योगदा सत्संग महाविद्यालय के सांस्कृतिक क्लब (पहचान) ने गुरुनानक होम फॉर हैंडिकैप्ड चिल्ड्रन में बच्चों एवं बड़ों के बीच पैकेटबंद खाने-पीने की चीजे और पुराने कपड़ों का वितरण किया। कपड़े और खाने के पैकेट पाकर बच्चे बड़े ही उत्साहित हुए और संस्थान के संचालक ने भी इस तरह के कार्यों को सराहा। इन सभी चीजों का संग्रह महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने ही किया था। महाविद्यालय के सचिव, शासी निकाय श्री अश्विनी सक्सेना के द्वारा वितरण सामग्री के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया| साथ ही विद्यार्थियों में जन भागीदारी और सामाजिक कार्यों के प्रति रुझान की प्रशंसा की और भविष्य में इस तरह के कार्यों को करते रहने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित भी किए। मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ श्याम पांडेय, प्रोफ़ेसर अभिषेक विश्वकर्मा, पहचान के समन्वयक प्रोफ़ेसर बिपुल कुमार दुबे, पहचान के संस्थापक किशन राज, अध्यक्ष धीरज कुमार, उप सचिव कृष्णा, अभिनव सरकार, शिवांगी सिंह, राजा राम एवं पहचान के अन्य सदस्य मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। रातू इलाके में दो अलग-अलग स्थानों पर अपराधियों ने दो एटीएम से 55 लाख उड़ा लिए। रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया के हाजी चौक स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से अपराधियों ने 30 लाख गायब कर दिए। वहीं मखमन्द्रो बाजार स्थित पेटीएम के एटीएम से 24.94 लाख। अपराधियों ने पहले तो पैसे गायब किए और फिर दोनों एटीएम को आग के हवाले कर दिया गया। रातू इलाके में सनसनी : जिस इलाके में इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया गया है, उस इलाके में अक्सर हाईवे पेट्रोल की गस्ती करते रहती है। इसके बावजूद इस घटना को अंजाम दिया गया। एक तो अपराधियों ने पैसे उड़ाये हैं वहीं दूसरा बड़ा दुस्साहस दिखाते हुए दोनों एटीएम मशीन को भी जला डाला। अपराधियों ने जिन दो एटीएम को अपना निशाना बनाया है उनमें से किसी में भी गार्ड की तैनाती नहीं थी।
टीम एबीएन, धनबाद। टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र के कर्णपुरा में एक केन बम बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया है। रांची से बम निरोधक दस्ता बुलाकर बम को डिफ्यूज कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने शक के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है जिससे पूछताछ चल रही है। खबर के मुताबिक गिरिडीह में पकड़े गए नक्सली की निशानदेही पर केन बम बरामद किया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse