टीम एबीएन, रांची। रिम्स के ऑनकोलॉजी विभाग के पास बने एसी प्लांट में फ्यूज चेंज करने के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिसमें साजिद अंसारी नाम के एक कर्मचारी बुरी तरह जख्मी हो गया। मिली जानकारी के अनुसार जख्मी कर्मचारी साजिद अंसारी के हाथ और चेहरे बुरी तरह से झुलस गए हैं। फिलहाल उसे रिम्स के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ शीतल मलवा की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
टीम एबीएन, कोडरमा। आज मनरेगा दिवस के पावन अवसर पर मनरेगा अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए उप विकास आयुक्त कोडरमा लोकेश मिश्रा और प्रखंड विकास पदाधिकारी कोडरमा श्रीमती रोशमा डुंगडुंग को सम्मानित किया गया। माननीय ग्रामीण विकास मंत्री झारखंड सरकार श्री आलमगीर आलम द्वारा मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के सचिव डॉ मनीष रंजन, मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी और राज्य के अन्य उत्कृष्ट कार्य करने हेतु चयनित जिले के उप विकास आयुक्त एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद रहे।
टीम एबीएन, गुमला। मनरेगा योजना के सफल क्रियान्वयन का गुमला जिला को प्रतिफल मिला है। मनरेगा दिवस के अवसर पर गुमला जिले को उत्कृष्ट कार्य करने पर राज्य में सम्मानित किया गया। ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा आज प्रोजेक्ट भवन रांची में आयोजित कार्यक्रम में संसदीय कार्य ग्रामीण विकास मंत्री झारखंड सरकार, आलमगीर आलम, ग्रामीण विकास सचिव डॉ.मनीष रंजन एवं मनरेगा आयुक्त राजेश्वरी बी के द्वारा मनरेगा में उत्कृष्ट कार्य किए जाने पर उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने के बाद उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि उपायुक्त के नेतृत्व में मनरेगा का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण में गुमला का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। विदित हो कि सामाजिक अंकेक्षण के तहत गुमला जिले में 49 प्रतिशत राशि की वसूली की गई है, जिसको लेकर उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी को सम्मानित किया गया है। मनरेगा के सफल क्रियान्वयन तथा मनरेगा योजनांतर्गत गुमला जिला द्वारा उत्कृष्ट कार्य किए जाने पर जिला प्रशासन ने उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी को अनेकों शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं।
टीम एबीएन, रांची। प्राचार्य विनोद पांडेय ने अपने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा संन्यासी मुक्तरथ जी को न केवल एक संन्यासी के रूप में बल्कि एक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से हमलोगों को देखना चाहिए। आचार्य मुक्तरथ व्यक्ति के व्यावहारिक बीमारी का पता करते हैं और उनका समाधान करते हैं। मानसिक बिमारियों का लक्षण तो व्यवहार से ही परिलक्षित होता है। इनके सहयोग से हम अपने छात्रों को काफी आगे बढ़ा सकते हैं। हमें हर दिन अपने प्रति सजग होना चाहिये जो हमें योग सिखाता है। स्वामी मुक्तरथ जी को सम्मानित करते मुझे बहुत गौरव हो रहा है कि मैं समाज के उन व्यक्ति को सम्मानित कर रहा हूँ जिनका सामाजिक उत्थान और देश के विकाश में महत्वपूर्ण योगदान है। योग और अध्यात्म ही हमें सामाजिक और नैतिक बना सकता है। आचार्य मुक्तरथ ने शिक्षकों का आवाहन करते हुए कहा कि हम शिक्षक ही बच्चों की छुपी प्रतिभा को पहचान सकते हैं और उस अनुरूप उनके जीवन चरित्र का निर्माण कर सकते हैं। वर्तमान समय में जिस हिसाब से एंजाइटी और डिप्रेशन बढ़ रहा है उसे योग ही रोक सकता है।आन्तरिक प्रतिभा को उजागर करने और विकसित करने में योग बहुत कारगर है। 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस पर डीएवी हेहल के प्राचार्य एमके सिन्हा भी स्वामी मुक्तरथ को सम्मानित कर चुके हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड पुलिस मुख्यालय में राज्य के डीजीपी नीरज सिन्हा के द्वारा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों, आईजी, रेंज डीआईजी और वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ आपराधिक कांडों की समीक्षा की जा रही है। झारखंड के अलग अलग जिलों के मोस्ट वांटेड अपराधियों, गैंग्स को लेकर डीजीपी पुलिस अधीक्षकों से जानकारी ले रहे हैं। मीटिंग में एडीजी और आईजी रैंक के अधिकारी मौजूद हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक वीसी के जरिए मीटिंग से जुड़े हैं। डीजीपी की समीक्षा बैठक के पहले सभी जिलों के एसपी ने अपने-अपने जिलों में घटित बड़े आपराधिक कांडों, उनके अनुसंधान की पूरी जानकारी पुलिस मुख्यालय को भेजी है। वीसी के दौरान इन विषयों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। अलग अलग जिलों में किस किस तरह के अपराध हुए हैं। साथ ही इन अपराधों में किन-किन की संलिप्तता रही है। इसे लेकर भी जिलों के एसपी से रिपोर्ट ली जा रही है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा का 43 वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार को दुमका में मनाया जा रहा है। इसके लिए जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन और सीएम हेमंत सोरेने एक फरवरी मंगलवार को ही दुमका दौरे पर पहुंच गए थे। दुमका के गांधी मैदान में स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत हो गई है। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पार्टी का झंडा फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत कराई। इस दौरान सीएम और गुरुजी ने कहा कि कोरोना की वजह से कार्यक्रम संक्षिप्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। मंच पर विधायक बसंत सोरेन, विधायक सीता सोरेन, विधायक नलिन सोरेन के साथ पार्टी के नेता सुप्रियो भट्टाचार्य और विनोद पांडे मौजूद हैं।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एक बार फिर रांची पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, Narcotics Control Bureau, NCB की टीम के ने रांची-खूंटी बॉर्डर पर छापेमारी में 300 किलो गांजा बरामद किया है। नशे की यह खेप ओडिशा भेजी जा रही थी, जिसकी जानकारी मिलने पर रांची के तुपुदाना पुलिस और एनसीबी के अधिकारियों ने एक साथ मिलकर छापेमारी की, जहां उन्होंने गांजा के साथ एक तस्कर को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। बरामद गांजे की कीमत बाजार में 60 लाख बताई जा रही है। दरअसल, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, Narcotics Control Bureau, NCB को यह सूचना मिली थी कि ओडिशा से आने वाले लौह अयस्क से भरे ट्रक में गांजा छुपाकर रांची लाया जा रहा है। जिसके बाद ओडिशा से आने वाले हर रास्ते पर वाहन चेकिंग अभियान लगाया गया था, लेकिन गांजा तस्कर इतने शातिर थे कि उन्होंने कई जगहों पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, Narcotics Control Bureau, NCB की टीम को चकमा दे दिया और रांची तक पहुंच गए। भारी मात्रा में गांजा ले जाए जाने की सूचना रांची के तुपुदाना पुलिस को भी मिली थी। जिसके बाद तुपुदाना ओपी प्रभारी कन्हैया सिंह अपनी टीम के साथ लगातार वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। शक के आधार पर एक ट्रक को पुलिस वालों ने रोका और जब उसकी जांच की गहनता से गई तब इस छापेमारी में 300 किलो गांजा बरामद हुआ।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा आज अपना 43वां स्थापना दिवस मना रहा है। दुमका के गांधी मैदान में आयोजित होने वाले 43 वें झामुमो स्थापना दिवस समारोह की तैयारी पूरी हो गई है। समारोह स्थल गांधी मैदान और पूरा शहर झामुमो के होर्डिंग्स और झंडों से पट गया है। समारोह को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,झामुमो सुप्रीमो सह राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन,झामुमो विधायक बसंत सोरेन और नलिन सोरेन सहित कई नेता संबोधित करेंगे। झामुमो स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन मंगलवार की शाम दुमका पहुंचे। दुमका के झामुमो विधायक बसंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो कार्यकर्ताओं ने हवाई अड्डा पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन का स्वागत किया। दोनों नेता हवाई अड्डा से खिजुरिया स्थित अपने आवास पर पहुंचे। गलवार को खिजुरिया स्थित आवास पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आमजनों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना। बड़ी संख्या में लोग आवेदन के साथ मुख्यमंत्री से मिलने आये थे। समस्याओं ने निष्पादन के लिए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आपकी सरकार है। आपकी समस्याओं को दूर करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं यहां के लोगों को ध्यान में रख कर बनायी जा रही है। इस दौरान विधायक बसंत सोरेन और स्टीफन मरांडी भी मौजूद थे। रात करीब 9.45 बजे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दुमका गांधी मैदान पहुंच कर झामुमो स्थापना दिवस की तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे भारत देश में झामुमो ही एक ऐसी पार्टी है जिसकी रैली दिन में शुरु होती है और कड़ाके की ठंड में रात भर चलती रही थी। उन्होंने कहा स्थापना दिवस समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह की झलक दिख रही है पर वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रख कर हम उत्साह को नहीं दिखा सकेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse