झारखंड

View All
Published / 2022-02-04 17:16:10
रांची : बारिश के साथ कई इलाकों में ओलावृष्टि

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। राजधानी रांची में गुरुवार शाम से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। वहीं, कई इलाकों में सुबह से ही रुक रुक कर बारिश हो रही है। देर शाम को कई क्षेत्रो में तेज गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर झारखंड के लगभग सभी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई है। राज्य के संताल परगना इलाके में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश साहिबगंज जिला के राजमहल में 80.0 मिमी दर्ज हुआ। बारिश के साथ कई जिलों में ओले भी गिरे। इसके अलावा बोरियो में 64.0 मिमी, मसानजोर में 63.2, मोहारों में 59.2, नंदाडीह में 38.6, सिकटिया में 37.4, कोलेबिरा में 37.0, अमलापाड़ा में 36.0 और रांची में हल्की बारिश हुई। इसके अलावा जामताड़ा, गोड्डा, हजारीबाग, लातेहार, जमशेदपुर, चाईबासा, लोहरदगा, रामगढ़, सरायकेला खरसावां, झुमरी तिलैया समेत राज्य के अन्य इलाकों में अच्छी बारिश हुई। मौसम केंद्र के वैज्ञानिक के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ से बने साइक्लोनिक सरकुलेशन का असर सरस्वती पूजा के मौके पर 5 फरवरी को कम हो जाएगा। सुबह में कोहरा और धुंध की स्थिति बनेगी। सूर्योदय के बाद मौसम शुष्क और धूप खिली रहेगी। इस दौरान राज्य के कुछ इलाकों में आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे।

Published / 2022-02-04 17:08:20
तोपचांची से 10-10 किलो के दो आईईडी बम बरामद

टीम एबीएन, धनबाद। तोपचांची थाना क्षेत्र के गणेशपुर बस्ती से कुछ दूर आगे मधुकट्टा के कच्ची रास्ते से करीब 300 मीटर पर 10-10 किलो का दो आईईडी बम बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार तोपचांची थाना प्रभारी सुरेश मुंडा और 154 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सर्च अभियान चलाकर 10-10 किलो का दो आईईडी बम बरामद किया गया। बम बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया गया है। धनबाद में आईईडी बम बरामद होने के बाद पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।

Published / 2022-02-04 15:38:52
कोरोना इफेक्ट : मां शारदे की भक्ति में कम दिख रहा उल्लास, मूर्तिकार कर रहे प्रतिमा खरीदारों का इंतजार...

टीम एबीएन, रांची। शनिवार को देश भर में मनाया जायेगा। मगर रांची में इस साल पहले जैसा उत्साह नहीं है, न मूर्तियों की बुकिंग में तेजी आई है और न पूजन सामग्री की बिक्री या कोई और ही तैयारी नजर आ रही है। इससे यहां अच्छे कारोबार की उम्मीद में मूर्तियां बनाने में जुटे कलाकारों को मूर्ति खरीदारों का इंतजार है। 5 फरवरी को वसंत पंचमी 2022 के लिए मूर्तियां तैयार किए कलाकारों और दूसरे जगहों से मूर्तियां मंगाकर बिक्री से अच्छी आमदनी कमाने के सपने संजोए व्यवसायी सभी को उनकी पूंजी फंसने का डर सता रहा है। बता दें कि राज्य में मूर्ति कलाकारों की स्थिति पहले भी कुछ खास अच्छी नहीं थी लेकिन वर्ष 2020 के मार्च में कोरोना के झारखंड में दस्तक देने के साथ ही मूर्ति कलाकारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार से लोगों को बचाने के लिए लॉकडाउन लगा दिया। वर्ष 2020 और 2021 में लगा लॉकडाउन पूरी तरह से हट नहीं पाया है। इससे मूर्ति कलाकारों की आमदनी बुरी तरह प्रभावित की है। वसंत पंचमी पर रांची में मूर्ति बनाने वाले कलाकार रंजीत प्रजापति का कहना है कि ज्यादातर स्कूल कॉलेज और कोचिंग संस्थान बंद हैं, इससे माता सरस्वती की प्रतिमा की डिमांड कम है। कोरोना के चलते हम पहले ही कम प्रतिमा बनाने वाले थे, मगर जो प्रतिमा बनाई है उसके भी 35 से 40% कम बिकने की आशंका है। रंजीत का कहना है कि अब पूजा के दो दिन बचे हैं, लेकिन बुकिंग नहीं आ रही है। इससे आमदनी फंसने की आशंका है।

Published / 2022-02-04 14:17:24
विश्व कैंसर दिवस पर कोडरमा सदर अस्पताल में हुई कैंसर स्क्रीनिंग

कोडरमा। विश्व कैंसर दिवस पर आज सदर अस्पताल कोडरमा में मरीजों के कैंसर का स्क्रीनिंग किया गया,जिनमे मुंह का कैंसर एवं महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर का स्क्रीनिंग किया गया। आज से शुरू हुए यह स्क्रीनिंग कैम्प एक सप्ताह तक सदर अस्पताल के ओ पी डी में चलेगा। आज डेंटल ओ पी डी में कुल 30 लोगों का मुंह के कैंसर का स्क्रीनिंग किया गया, जिनमें से एक व्यक्ति में मुंह के कैंसर का लक्षण पाया गया। उन्हें तत्काल ही वरीय दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शरद कुमार द्वारा बेहतर इलाज के लिए टी एम एच जमशेदपुर अथवा मुम्बई जाने की सलाह दी गई। वहीं महिला ओ पी डी में कॉलकोस्कोपी मशीन द्वारा पांच महिलाओं का सर्वाइकल कैंसर का स्क्रीनिंग डॉ चेलना जैन द्वारा किया गया। आज कैंसर स्क्रीनिंग के लिए दंत विभाग में डॉ शरद कुमार, डॉ नीतू सिंह, दंत सहायक अनु कुमारी एवं डेंटल हैजिनिस्ट जितेंद्र कुमार मिश्र मौजूद थे वही महिला ओपीडी में डॉ चेलना जैन के अलावा स्टाफ नर्स प्रदीप कुमार, करिश्मा कुमारी एवं एएनएम पुष्पा कुमारी मौजूद थी।वरीय दंत चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शरद कुमार द्वारा लोगों को मुंह में होने वाले कैंसर के ये प्रमुख लक्षण बताया गया। मुंह में सफेद या लाल दाग या घाव, मुंह में किसी भी जगह त्वचा का कड़ा हो जाना,ऐसे घाव जो एक माह तक भी ठीक नही हो, मसालेदार खाना खाने में परेशानी होना, मुंह खोलने में कठिनाई होना, जीभ की बाहर निकालने में कठिनाई होना, आवाज में परिवर्तन (नाक से बोलना), अत्यधिक लार का निकलना, चबाने या निगलने में कठिनाई होना, इनमें से कोई भी लक्षण किन्ही को भी हो तो वे तुरंत मुंह एवं दंत रोग विशेषज्ञ से परामर्श ले और समय रहते अपना इलाज करवाएं। शुरुआत के लक्षणों के बाद तुरंत इसका उपचार शरू कर देने से आप कैंसर जैसे बीमारियों से बच सकते है परंतु अगर इसे नजरंदाज किया गया तो यह जानलेवा भी हो सकता है।

Published / 2022-02-04 13:57:11
राष्ट्रीय स्तर पर वृहद कैंसर वैक्सीनेशन की जरूरत : डॉ अनिल

टीम एबीएन, कोडरमा। इनरव्हील क्लब आॅफ कोडरमा के तत्वावधान में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शहर के रोटरी भवन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में कोडरमा चिकित्सा प्रभारी डॉ अनिल कुमार एवं जयनगर चिकित्सा प्रभारी डॉ नम्रता प्रिया उपस्थित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत क्लब की कविता दारूका, कंचन भदानी एवं सरिता विजय ने इनरव्हील प्रार्थना गायन कर किया। अतिथियों एवं सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अध्यक्ष माला दारुका के द्वारा स्वागत भाषण के पश्चात ज्योति झा ने बुके देकर अतिथियों को सम्मानित किया। मौके पर डॉ अनिल कुमार ने देश में बढ़ रहे कैंसर मरीजों की संख्या पर चिंता जताते हुए कैंसर के प्रकारों की विवेचना करते हुए कहा कि कैंसर के नाम से ही लोगों के जहन में सिहरन पैदा हो जाती है। महिलाओ में होने वाली ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारी की प्रतिशत चौकाने वाली है। आने वाले समय में इस की विभीषिका देश में काफी बढ़ेगी। ऐसे में सरकार स्तर से कोरोना मुहिम की तर्ज पर देश में राष्ट्रीय कैंसर वैक्सीनेशन अभियान चलाने की सख्त जरूरत है, ताकि आने वाले समय में कैंसर से हमारा देश लगभग मुक्त हो सकता है। वहीं अपने संबोधन में डॉ नम्रता प्रिया ने कहा कि महिलाओ में होने वाले कैंसर अलग है वही पुरुषों के लिए शराब, पान, जर्दा, खैनी, गुटका आदि का अत्यधिक सेवन से कैंसर जैसे रोगों को बढ़ावा मिलता है और परिवार में एक व्यक्ति को कैंसर होने के बाद पूरा परिवार बिखरने पर मजबूर हो जाता है। पर आज देश इतनी तरक्की कर गया है कि कैंसर जैसी बीमारियों से लोग अब बिना डरे उसका डटकर सामना करते हुए सामान्य जिंदगी जी रहे हैं जो अन्य लोगों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है। इस बीमारी में सतर्कता ही सबसे बड़ा उपचार है। कार्यक्रम से पूर्व हाथों में तख्ती लिए रोटरी भवन से वीर कुंवर सिंह चौक तक कैंसर जागरूकता रैली निकाली गई। प्रभावी नारों जैसे तंबाकू से नाता तोड़ो स्वस्थ जीवन से नाता जोड़ो, लक्षणों की पहचान समय-समय पर जांच से कैंसर से हो बचाव, कैंसर को हराना है हारना नहीं सभी को समझाना है, घबराना नहीं कैंसर के प्रति जागरूकता एवं बचाब ही बेहतर इलाज है। आदि नारों से लोगों को जागरूक करने के दौरान उन्हें पंपलेट बांटकर कैंसर के दहसत को कम करने का प्रयास किया गया मौका था। मंच संचालन हीना मोहन एवं मंजू कंधवे के द्वारा कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की गई, तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामपुरिया ज्योति झा कविता दारूका नीलम भदानी, अनुपमा भदानी, रिधिमा अग्रवाल, कंचन भदानी, नीलम वैशाखियार, ज्योति पुजारा, प्रीति सहाय, शोभा देवी, रोटेरियन कैलाश चौधरी, कुमार पुजारा, महेश दारूका आदि उपस्थित हुए।

Published / 2022-02-04 12:00:36
पत्रकार समेत चार लोगों की मौत मामले में मुआवजा को लेकर पत्रकारों ने सड़क जाम कर दिया धरना

टीम एबीएन, सिमरिया। थाना क्षेत्र के सिमरिया से बगरा मुख्य पथ के बन्हे पुल समीप में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दैनिक अखबार के पत्रकार समेत चार का मौत मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में स्थानीय पत्रकारों ने मृतक के आश्रितों को आर्थिक मुआवजा और नौकरी की मांग को ले सिमरिया-रांची और सिमरिया-हजारीबाग मेन रोड एनएच 100 को शुक्रवार शव के साथ जाम कर दिया है। गुस्साये पत्रकार व परिजनों तथा समाजसेवियों व राजनीतिक दलों ने मृतक पत्रकार के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये का मुआवजा व परिवार के सदस्य को एक सरकारी नोकरी व बच्चों के शिक्षा दीक्षा का उचित व्यवस्था करने की मांग को लेकर कोयला वाहनों का परिचालन ठप कर दिया और अपनी मांगों को लेकर अडिग थे। सिमरिया अनुमंडल मुख्यालय के सुभाष चौक पर पत्रकारों के इस जाम को विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का साथ मिलने लगा है। सड़क जाम कर विरोध : इतना ही नहीं व्यवसायियों ने भी अपनी-अपनी दुकानें बंद रख जाम को समर्थन दिया है। सड़क जाम होने से एनएच पर कोल ट्रांसपोर्टिंग और वाहनों का परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है। जिससे सीसीएल की आम्रपाली, मगध और अन्य कोल परियोजनाओं से कोयले की ढुलाई प्रभावित हो गई है। हालांकि करीब दस घंटे बीत जाने के बाद भी सीसीएल और जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी बातचीत के लिए नहीं पहुंचा है। जबकि पुलिस लोगों को समझा बुझाकर शांत कराने के प्रयास में जुटी है। गुरुवार देर शाम हुई दुर्घटना : गुरुवार की देर शाम सड़क दुर्घटना में दैनिक अखबार के पत्रकार शशिभूषण सिंह समेत चार लोगों की दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में कोल वाहनों के चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई थी। आक्रोशित लोग मुआवजे के साथ-साथ कोल ट्रांसपोर्टिंग को ले कॉमर्सियल सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं। श्रम मंत्री और विधायक ने जताया शोक : वहीं सड़क दुर्घटना में पत्रकार की दर्दनाक मौत मामले को लेकर श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता और सिमरिया विधायक किसुन दास ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर पत्रकार के निधन पर शोक जताया है।वहीं शशि सिंह की मौत को लेकर चतरा में पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति बताया है। दोनों नेताओं ने दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही है। श्रम मंत्री ने पीड़ित परिवार से आज मुलाकात करने की भी बात कही है।

Published / 2022-02-04 11:19:28
उग्रवादी घटना से सांसत में हैं बुढ़मू के लोग

टीम एबीएन, बुढ़मू। राजधानी रांची से सटे बुढ़मू प्रखंड में उग्रवादियों की धमक से बुढ़मू वासियों की जान सांसत में है। एक बार फिर क्षेत्र के लोग दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं। चार बड़े वाहनों को जलाकर अपराधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। बुढ़मू थाना क्षेत्र के साडम गांव में तालाब जीर्णोद्धार कार्य मे लगे तीन हाइवा क्रमशः BR- 02GA-6213,JH02Z- 9211 एवं JH 02Y 6045 एवं एक जेसीबी पोकलेन को आग लगा अपनी उपस्थिति दर्ज कर दी है।सूत्रों की माने तो उक्त घटना को अंजाम टीपीसी के उग्रवादियों ने दिया है। शनिवार की रात्रि लगभग 10 बजे के बीच करीब 10 की सांख्य में आये हथियारबंद उग्रवादियों ने पहले वहां काम कर रहे वर्करों के साथ मारपीट की और वाहन में आग लगा चलते बने। उक्त घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गया है। बार-बार मिल रही थी धमकी : ठेकेदार मनोज गुप्ता ने बताया कि लेवि को लेकर टीएसपीसी उग्रवादी संगठन के जोनल कमांडर दिनेश जी के द्वारा मेरे मुंशी को बार-बार धमकी आ रही थी की काम बंद करो। जबतक लेवि नहीं दी जाती है, अन्यथा अंजाम भुगतने को तैयार रहो।उन्होंने कहा कि मैंने एक प्रोजेक्ट में काम को लेकर अपना पेपर डाला था। जिसे हटाने को लेकर भी दबाव बनाया जा रहा था। उसी का परिणाम है कि देर रात मेरे कार्य क्षेत्र में लगे वाहनों को आज के हवाले कर दिया गया है। अभी तक किसी भी उग्रवादी संगठन ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं प्रशासन पूरे घटनाक्रम को बारीकी से जांच रही है।

Published / 2022-02-04 11:06:59
एचईसी : दो महीने में 50 युवा इंजीनियरों ने छोड़ी नौकरी

टीम एबीएन, रांची। कार्यशील पूंजी की कमी से जूझ रहे हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) को एक और संकट से गुजरना पड़ रहा है। एचईसी के अनिश्चित भविष्य के देखते हुए यहां के युवा इंजीनियर नौकरी छोड़ रहे हैं। वे दूसरे प्रतिष्ठानों में योगदान दे रहे हैं। दिसंबर-जनवरी के बीच अब तक 50 से अधिक युवा इंजीनियर एचईसी छोड़ चुके हैं। कुछ और छोड़ने वाले हैं। एचईसी में वेतन पुनरीक्षण कई सालों से लंबित है। दूसरी सुविधाएं भी बंद है। सात माह से वेतन नहीं मिलने और केंद्र सरकार के एचईसी को फिलहाल कोई वित्तीय मदद नहीं देने की घोषणा के बाद इंजीनियरों के इस्तीफा देने की रफ्तार में इजाफा हुआ है। पहले से ही इंजीनियरों और कामगारों की कमी से प्रबंधन के सामने योग्य इंजीनियरों की नियुक्ति करना चुनौती बन गई है। वित्त निदेशक ने एचईसी में अगले आदेश तक किसी भी प्रकार की नियुक्ति नहीं करने का आदेश जारी कर दिया है। इसके बाद से एचईसी में नियुक्ति बंद है। ऐसे में नए कार्यादेश मिलने के बाद डिजाइन और निर्माण में एचईसी को परेशानी हो सकती है।कर्मचारियों की कमी पूरी करने के लिए पहले से ही एचईसी कुछ सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा ले रहा है। लेकिन अब इनकी संख्या भी कम ही रह गयी है। ऐसे में प्रबंधन को एक नयी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। एचईसी में काम करने वाले कई कर्मचारियों ने बैंक से पर्सनल और दूसरे कार्य के लिए लोन लिया है। उन्हें इसकी ईएमआई एक निश्चित तिथि को देनी पड़ती है। लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से वह ईएमआई जमा नहीं कर पा रहे हैं और उनका ब्याज बढ़ता जा रहा है। एचईसीकर्मियों को लेन देने का गारंटर एचईसी बना है। हर माह की दस तारीख तक वेतन भुगतान करने की शर्त पर बैंकों ने कर्मचारियों को लोन दिया है। उधर, कामगारों का कहना है कि प्रबंधन समय पर वेतन नहीं दे रहा है इस कारण ब्याज और फाइन का भुगतान भी प्रबंधन ही करे।

Page 1458 of 1653

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse