झारखंड

View All
Published / 2022-02-05 17:42:39
32 लाख नगद के साथ श्रीवास्तव गिरोह का संदीप गिरफ्तार

टीम एबीएन, रांची। झारखंड एटीएस की टीम में कुख्यात गैंगस्टर अमन श्रीवास्तव गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के खास सदस्य संदीप प्रसाद को धर दबोचा है। संदीप के पास से एटीएस ने 32 लाख नगद भी बरामद किया है। संदीप प्रसाद को रांची के रातू इलाके से गिरफ्तार किया गया है। झारखंड एटीएस को सूचना मिली थी कि अमन श्रीवास्तव गिरोह का सक्रिय सदस्य संदीप उर्फ अविनाश श्रीवास्तव गिरोह के द्वारा खौफ के बल पर कमाए गए पैसे को हवाला के जरिये अलग कारोबार में निवेश करता है। सूचना के आधार पर एटीएस की टीम में रविवार को संदीप के रातू स्थित घर पर छापेमारी की। मौके से एटीएस को 32 लाख रुपये मिले। संदीप के घर से रंगदारी की वसूली से संबंधित कई महत्वपूर्ण कागजात भी बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

Published / 2022-02-05 17:38:22
सावधान : CISF में दिला रहे थे नौकरी, अब खुद पहुंचे जेल...

टीम एबीएन, रांची। राजधानी में आर्मी और सीआईएसएफ में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। सीआईएसएफ में नौकरी का झांसा देकर कई लोगों को शिकार बनाया और एक करोड़ से ज्यादा की ठगी की। ऐसे ही दो आरोपियों को धुर्वा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। रांची के धुर्वा थाने की पुलिस ने गोड्डा जिले के रहने वाला प्रेम कुमार मंडल और बिहार के कैमूर के रहने वाले संतोष कुमार रजक को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से पुलिस ने सीआईएसएफ का फर्जी मुहर, वर्दी और बेरोजगार युवकों का शैक्षणिक प्रमाण पत्र और फर्जी दस्तावेज बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह पता चला है कि दोनों शातिर ठगों ने दो दर्जन से ज्यादा युवकों को ठगी का शिकार बना चुका है। एक करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी कर चुका है। धुर्वा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार ठग ने अपने गिरोह के कई सदस्यों का नाम बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उतराखंड के चम्पावत के रहने वाले सचिन सिंह ने आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कराया था। धुर्वा पुलिस ने शातिर ठगों को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया है। ठगों की तलाश करते हुए पुलिस ने पीड़ित युवक के साथ धुर्वा डीटी क्वाटर एरिया के फर्जी क्वारेंटाइन सेंटर पहुंची, जहां दूसरे राज्यों से आए युवाओं को रखा गया था। युवाओं ने पुलिस को बताया कि सीआइएसएफ में बहाली के लिए रांची आए थे। पुलिस ने इन युवाओं के जरिए ठगों को गिरफ्तार करने का जाल बिछाया। पुलिस के कहने पर एक युवक ने ठग को फोन किया और बताया कि उनका एक साथी गिर गया है और डॉक्टर के पास ले जाना जरूरी है। ठग ने उस युवक से कहा कि जिसका सिर फटा है, उसको वीडियो कॉल कर दिखाओ। फिर एक युवक को पट्टी बांधकर ठग को वीडियो कॉल पर दिखाया गया। इसके बाद ठग प्रेम पहुंचा तो सादे लिबास में मौजूद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार ठग की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी संतोष को गिरफ्तार किया। ठगों ने धुर्वा के डीटी क्वाटर एरिया में भाड़े पर एक कमरा ले रखा था। इस कमरे को ठग ने बेड और दवाइयां रखकर फर्जी क्वारेंटाइन सेंटर बना दिया था। जब धुर्वा पुलिस पीड़ित सचिन के साथ कोरंटाइन सेंटर पहुंची तो वहां पर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, उतरांचल समेत अन्य राज्यों के 14 बेरोजगार युवा नौकरी के लिए आए हुए थे। इन युवाओं को पुलिस अपने साथ थाने लायी और एक-एक युवक का बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

Published / 2022-02-05 17:13:59
दक्षिण अफ्रीका के माली से लौटे झारखंड के छह प्रवासी मजदूर

टीम एबीएन, रांची। दक्षिण अफ्रीका के माली में फंसे बगोदर के पांच समेत झारखंड के 33 मजदूरों में से छह की शनिवार को वतन वापसी हो गई। इनमें एक मजदूर बगोदर, दो डुमरी तथा तीन विष्णुगढ़ के हैं। वतन वापसी होते ही इन मजदूरों के चेहरे पर खुशी के आंसू छलक पड़े। शनिवार दोपहर छह मजदूरों का पहला जत्था दिल्ली से रांची हवाई अड्डा पहुंचा। वहां श्रम विभाग के अधिकारियों ने इन मजदूरों को गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। देर रात ये सभी मजदूर अपने-अपने घर पहुंचेंगे। छह फरवरी को माली के बामको से सात मजदूरों का दूसरा जत्था रवाना होगा। वतन वापसी हुए मजदूरों में तिरला बगोदर के दिलीप महतो, डुमरी प्रखंड के कल्हाबार के संतोष महतो, कसुमाकुरा के लोकनाथ महतो तथा हजारीबाग जिलांतर्गत विष्णुगढ प्रखंड के मडमो के छेदीलाल महतो, उच्चाघना के लालमनी महतो व इंद्रदेव ठाकुर शामिल हैं। सरकार से लगाई थी वतन वापसी की गुहार : 16 जनवरी को माली में गिरिडीह, हजारीबाग व बोकारो जिले के 33 मजदूर फंसे हुए थे। इन मजदूरों ने सोशल मीडिया के माध्यम से वीडीयो शेयर कर भारत व राज्य सरकार से वतन वापसी व बकाया मानदेय के भुगतान की गुहार लगाई थी। इसे लेकर झारखंड के मंत्री, विधायक तथा कोडरमा की सांसद सह केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने विदेश मंत्री से पहल करने की मांग की थी। विदेश मंत्रालय ने भारतीय दूतावास से संपर्क कर मजदूरों की समस्या दूर की।

Published / 2022-02-05 17:09:10
झारखंड में कोरोना : 18 जिलों में संक्रमण की दर अब शून्य

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कोरोना संक्रमण के मामले में अच्छी खबर है। राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति पिछले 21 दिनों से ढलान पर है। पिछले आठ दिनों से राज्य में पॉजिटिविटी रेट 2 प्रतिशत से नीचे मिल रही है। वहीं गुरुवार को तो यह 1 प्रतिशत से भी नीचे आ गयी। मंगलवार को राज्य में 1.18 प्रतिशत जबकि, बुधवार को 1.20 प्रतिशत पॉजिटिविटी मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पाया गया कि राज्य के 18 जिलों में संक्रमण का प्रतिशत 0 से 1 के बीच आ गया है। इन 18 जिलों में पॉजिटिविटी रेट 0.01 से 0.89 के बीच पाई गयी है जबकि, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, लातेहार, कोडरमा, रांची व पश्चिमी सिंहभूम की पॉजिटिविटी 1 प्रतिशत से ज्यादा पाई गयी है। जिसमें सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और लातेहार में पॉजिटिविटी रेट 3 से 4 प्रतिशत के बीच पाई गयी है। समीक्षा में पाया गया कि कोरोना के तीसरी लहर में 3 जनवरी से 15 जनवरी तक कुल 13 दिनों का पीक पीरियड रहा, जिसमें 8 जनवरी को पीक था। आठ जनवरी को राज्य में सर्वाधिक 6.98 प्रतिशत पॉजिटिविटी से सबसे ज्यादा 5081 मरीज मिले थे। कोडरमा में सर्वाधिक 42 फीसदी पॉजिटिविटी : तीसरी लहर में अब तक में सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट कोडरमा में पाई गयी है। 16 जनवरी को कोडरमा में 41.67 पॉजिटिविटी रेट मिली थी। जबकि, 15 जनवरी को बोकारो में 30.43, 8 जनवरी को रामगढ़ में 17.86, रांची में 13.92, 15 जनवरी को हजारीबाग में 14.63 पॉजिटिविटी रेट पाई गयी।

Published / 2022-02-05 16:58:30
निगम को 72 घंटों का अल्टीमेटम, मंगलवार से जबरन दुकानें खोलेंगे दुकानदार

टीम एबीएन, रांची। 9 दिनों से रोजी रोटी बन्द रहने से राजधानी के मोरहाबादी स्थित फुटपाथी दुकानदारों में आक्रोश है। दुकानदारों का सब्र अब जवाब देने लगा है। रांची नगर निगम द्वारा आवंटित जगहों पर शनिवार को भी कोई बातचीत नहीं हो सकी। स्टेडियम प्रबंधन भारतीय खेल प्राधिकरण एवं ओलंपिक एसोसिएशन दुकानदारों के दुकान लगाने के विरोध में अड़े रहे। निगम की तरफ से कोई सकारात्मक पहल नहीं दिखी। मोरहाबादी में दुकान बंद हुए 9 दिन हो चुके हैं दुकानदारों की रोजी-रोटी पर आफत बना हुआ है। रोज कमाने खाने वाले दुकानदार धरने पर बैठे हैं। दर-दर भटकने को मजबूर हैं। दिन भर धरना स्थल में सामाजिक संगठनों एवं मीडिया का आना जाना लगा रहा। रांची नगर निगम के ढुलमुल रवैये से परेशान फुटपाथ दुकानदारों ने घोषणा की है कि नगर निगम 72 घण्टों में दुकानदारों के लिए वैकल्पिक जगह की व्यवस्था करे अन्यथा भूखों मरने से अच्छा है कि सरकार की गोली खाकर मरें अथवा सरकार हमें जेल भेज दें। मोरहाबादी दुकानदार संघ के अध्यक्ष कुमार रोशन ने कहा कि अगले 72 घंटे धरना प्रदर्शन जारी रहेगा एवं उसके बाद रोजी-रोटी की खातिर दुकानदार अपनी दुकानें मंगलवार से खोलेंगे। रौशन ने कहा कि अब आंदोलन और उग्र होगा।

Published / 2022-02-05 15:32:16
रामदास साहू को जान से मारने की धमकी देनेवाला गिरफ्तार

टीम एबीएन, मेदिनीनगर/ मनातू, पलामू। प्रसिद्ध व्यवसायी सह सामाजिक- राजनीतिक नेता और होटल आरडीएस रमाडा के मालिक रामदास साहू को जान से मारने की धमकी मिली है। किलर को 50 लाख रुपया की सुपारी भी दी गई थी। जिसकी जानकारी खुद किलर ने रामदास साहू को फोन कर दी। रामदास साहू और खुद को किलर बताने वाले शख्स की बातचीत का आॅडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और फौरन ही फोन करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। है। गिरफ्तार युवक महफूज अंसारी मनातू थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है और वह रामदास साहू का पड़ोसी ही है। इधर, आॅडियो वायरल होने और पुलिस को जानकारी मिलने के बाद पुलिस एक्टिव हुई और 12 घण्टे में ही फोन करने वाले को अपनी गिरफ्त में ले लिया। कॉलर से सघन पूछताछ जारी : एसपी - जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि फोन पर धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक महफूज मनातू थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है. उसके धमकी देने के अंदाज से लगता है कि वह प्रोफेशनल अपराधी है। हालांकि युवक ने कहा कि उसने प्रेंक कॉल किया था। आॅडियो वायरल होने के बाद मामला आया प्रकाश में : इस सिलसिले में करीब 9 मिनट 18 सेकंड का एक आॅडियो वायरल हो रहा है। इस आॅडियो में एक सिरफिरे युवक ने रामदास साहू को उनके मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी देते हुए बताया कि उन्हें मारने के लिए 50 लाख की सुपारी मिली है। उसका तरीका है कि किसी की सुपारी ले तो उसे बता दें कि उसकी हत्या करने वाला हूं। यह भी कहा कि उसके (रामदास) पास सिक्यूरटी ज्यादा है, इसलिए उसे मारने में समय लग रहा है। अगर वह 50 लाख से 1 रूपया अधिक देगा तो उसकी हत्या कराने वाले का पूरा ब्यौरा उसे सौंप देगा। 3 फरवरी को मिली धमकी : रामदास - रामदास साहू ने बताया कि 3 फरवरी को फोन कर जान से मारने की धमकी दी गयी थी। उस समय वे रांची में थे। धमकी मिलने पर उन्होंने 4 फरवरी को इस सिलसिले में रांची के सिटी एसपी और पलामू एसपी को जानकारी दी थी। 5 फरवरी को रामदास साहू के भाई ने मनातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया था। क्रिकेट में विवाद के बाद किया फोन : मनातू थाना पुलिस के अनुसार पदमा निवासी महफूज अंसारी (19वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला क्रिकेट खेल से जुड़ा है। थाना क्षेत्र के डेवडीह के जंगल में पदमा के लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के ही दौरान दोनों टीमों के बीच कुछ मामले को लेकर बहस होने लगी। बात बात में एक पक्ष के युवकों ने महफूज को औकाता दिखाते हुए कहा कि उनके साथ रामदास साहू का समर्थन है, तुम्हारे पास किसका है. इससे वह आक्रोशित हो गया और उसने रामदास साहू को फोन पर धमकी दे डाली। आरोपी युवक महफूज और रामदास साहू का मनातू में घर अगल बगल है। पेशे से युवक मैकेनिक का कार्य करता है। दिल्ली में भी कुछ दिन रहा है।

Published / 2022-02-05 15:31:15
दुमका : पशु क्रूरता मामले में दो गिरफ्तार, 16 मवेशी बरामद

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में दुमका जिले के नगर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार को पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़े मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र में पूसारो पुल के पास शुक्रवार की सुबह से वाहनों की जांच शुरू की। इसी क्रम में पुलिस ने एक ट्रक पर गैर कानूनी तरीके से ले जाए जा रहे 16 मवेशी एवं दो बछड़े को बरामद किया। दुमका के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार ने बताया कि अवैध तरीके से ट्रक पर पशु को लाद कर पशु तस्करी करने के मामले में ट्रक चालक सहित दो अभियुक्त को गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। इनकी पहचान बिहार निवासी दरोगा यादव और बाल्मिकी यादव के नाम से हुई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Published / 2022-02-05 14:04:40
जयप्रकाश नगर बरियातू में खुला सेरेमिक ग्लोबल हॉस्पिटल में फिजियोथेरेपी एवं रिहैब सेंटर

रांची। शनिवार को सेरेमिक ग्लोबल हॉस्पिटल में फिजियोथेरेपी एवं रिहैब सेंटर का उद्घाटन कृष्णा नगर, जयप्रकाश नगर, बरियातू रोड, रांची में डॉ रजनीश बरियार की मां के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। डॉ रजनीश बरियार और डॉ प्रियंका बरियार 2012 में दिल्ली से यहां आए और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में अपने अथक और कठिन परिश्रम करने के बाद एक अपनी पहचान झारखंड में बनायी। उनका सपना था कि रांची में एक एडवांस फिजियोथैरेपी क्लिनिक एवं न्यूरो रिहैब रिहैबिलिटेशन को बहुत ही ज्यादा जरूरत है। आज उनके अथक प्रयास और उनकी मेहनत से रांची में एक बहुत बड़ी और एडवांस फिजियोथैरेपी यूनिट की शुरुआत हुई है, जो रांची के लिए बहुत बड़ी बात है। इसमें बच्चों के लिए एक अलग यूनिट है, जिसमें चाइल्ड न्यूरो रिहैब की सुविधा है जिसमें सीपी चाइल्ड आॅटिज्म एमआर आदि तरह के बच्चों को भी इलाज की जाएगी। यहां कार्डियो न्यूरो आॅर्थो सर्जरी सपोर्ट से संबंधित परेशानियों का आधुनिक मशीनों तथा एक्सपीरियंस प्रोजेक्ट के द्वारा इलाज किया जाएगा। इस समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री सुदेश महतो, गोमिया विधायक लंबोदर महतो, झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, बालमुकुंद सहाय और प्रदीप वर्मा उपस्थित हुए। हॉस्पिटल के निदेशक डॉ रजनीश कुमार एवं राहुल सिन्हा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा सभी को आश्वस्त किया कि यहां जितने भी मरीज आएंगे। उनकी इलाज सेवा भाव से ही की जाएगी। उद्घाटन समारोह में उपस्थित डॉ हेमलता भारती, आकांक्षा तथा ग्लोबल हॉस्पिटल परिवार के सभी सदस्य गण उपस्थित थे।

Page 1456 of 1653

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse