टीम एबीएन, रांची। आज वैलेंटाइन वीक की शुरुआत हो गई है। हर कोई इसे अपने खास तरीके खास अंदाज के साथ मना रहा है। कहीं गुलाब के फूल हैं तो कहीं प्यार का इजहार तो कहीं एक-दूसरे के साथ इस पल को खास बना लेने की जद्दोजहद। इन सबके बीच झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के लिए ये दिन एक अलग ही महत्व रखता है। यही वह मुकम्मल दिन है, जब उन्हें अपने जीवन भर का साथ मिला था। असल में आज से 16 साल पहले सात फरवरी को ही झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन के साथ विवाह के बंधन में बंधे थे। शादी के 16 साल पूरे होने पर दंपती को चारों ओर से शुभकामनाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और जामा से विधायक सीता सोरेन ने भी ट्वीट करके दंपती को शुभकामनाएं दी हैं। सीता सोरेन ने अपने ट्वीट में कहा है “झारखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी एवं हमारी छोटी बहन कल्पना सोरेन को वैवाहिक वर्षगांठ के 16 वर्ष पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई व मंगल कामनाओं के साथ असीम शुभकामनाएं"। सादगी भरे व्यक्तित्व की धनी हैं कल्पना : झारखण्ड के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार में जन्मे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन की अरेंज मैरेज हुई थी। ओडिशा के मयूरभंज की रहने वाली कल्पना से हेमंत सोरेन की शादी 7 फरवरी 2006 में हुई थी। कल्पना का परिवार अभी भी मयूरभंज में ही रहता है। राजनीतिक तौर पर बेहद सक्रिय परिवार में रहकर भी कल्पना राजनीतिक तौर पर सक्रिय नहीं हैं। हालांकि, सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी की वजह से वो लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्व पुर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने हजारीबाग जिले के बरही में विसर्जन जुलूस देखने जा रहे रूपेश कुमार की हत्या की कड़ी भर्त्सना की है। दास ने सोमवार को कहा कि सच में हेमंत है तो हिम्मत है। नहीं तो हमारी सरकार में किसी की हिमाकत नहीं होती थी, ऐसी घटना की। हेमंत सरकार में जिहादी मानसिकता वाले लोगों का मनोबल काफी बढ़ गया है। सरकार फिर भी शिथिल पड़ी है। दास ने सरकार से अपराधियों की तत्काल गिरफ्तार और मृतक के परिजनों को मुआवजा व सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
टीम एबीएन, रांची। तीन, चार और 5 फरवरी तक मौसम खराब रहने के बाद झारखंड में ठंड बढ़ गई है। राजस्थान से आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। फिलहाल, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। ठंडी हवा के कारण लोगों के दिनचर्या पर भी असर पड़ा है। रांची मौसम केंद्र की ओर से जानकारी दी गई है कि फिलहाल लोगों को अभी ऐसी ही स्थिति का सामना करना पड़ेगा। हालांकि 2 दिनों बाद एक बार फिर से बादल छाए रहने का अनुमान है। 3, 4 और 5 फरवरी को झारखंड के मौसम में बदलाव हुआ था। इस दौरान ओलावृष्टि और बारिश भी हुई थी। रांची समेत कई जिलों में इसका असर हुआ। अब मौसम साफ होते ही अब ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे है। दो-तीन दिनों तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। वहीं, 9 फरवरी से मौसम में एक बार फिर बदलाव होगा और बादल छाए रहेंगे। 10 फरवरी को राज्य के उत्तरी और मध्य भाग में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना भी मौसम वैज्ञानिकों ने जताई है। रांची मौसम केंद्र ने 10 फरवरी के बाद बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम केंद्र ने बताया है कि 11 फरवरी से मौसम एक बार फिर साफ होगा और फिर ठंड भी बढ़ेगी। राजधानी रांची के कांके में सबसे अधिक ठंड का असर है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल ठंड बरकरार रहेगी रांची, जमशेदपुर, धनबाद समेत राज्य के विभिन्न जिलों में इस ठंड का असर देखने को मिलेगा।
रांची। राजधानी के सेटेलाईट कॉलोनी, रांची में मां सरस्वती की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान लोगों ने नम आंखों से विद्या की देवी मां शारदे को भावपूर्ण विदाई दी। मौके पर दलित सेना की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष (महिला विंग) इंद्रा कुमारी ने गाइडलाइन के मुताबिक लोगों से रहने की अपील की। विसर्जन के दौरान महिलाओं ने एक दूसरे को सिंदूर लगाकर माता के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेशमा जी ने किया। जिसमें गुड़िया, शिशु, इंदु, विभा आदि महिलाओं ने उनका भरपूर सहयोग किया। मौके पर इंद्रा कुमारी ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर अफसोस जताया। कहा कि हमारे बीच सुरों की देवी नहीं रहीं। उनका जाना अपूरणीय क्षति है, जिसे पूरा करना असंभव है। भारत रत्न लता मंगेशकर राष्ट्र की आवाज थी।
टीम एबीएन, हजारीबाग/रांची। झारखंड के हजारीबाग जिले में दो समुदायों के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प में एक किशोर की मौत हो जाने के बाद कई हिस्सों में तनाव फैल गया। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन छोटे ने बताया कि बरही थानाक्षेत्र के करियाडपुर गांव में रविवार शाम को कथित हमले में रूपेश कुमार पांडे (17) की मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संघर्ष में कथित संलिप्तता को लेकिर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी पुरानी रंजिश को लेकर यह संघर्ष हुआ और उसमें कोई सांप्रदायिक कोण नहीं है। उन्होंने पीटीआई- भाषा से कहा, एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गयी और अन्य की इस संघर्ष में जान चली गयी। दोनों दो भिन्न समुदाय से थे। छोटे ने बताया कि सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिला होने के नाते क्षेत्र और उसके आसपास अफवाह फैलाने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं रोक दी गयी हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन देने का प्रयास किया कि करियापुर गांव में स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस घटना को रविवार के देवी सरस्वती के मूर्ति विसर्जन से जोड़कर देखने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन विसर्जन के लिए जुलूस निकलने से 30 घंटे पहले यह संघर्ष हुआ था, इसलिए इन दोनों घटनाओं में कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मृतक व्यक्ति के परिवार की ओर से अबतक कोई शिकायत नहीं दर्ज करायी गयी है लेकिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है
टीम एबीएन, लोहरदगा। जिला में सोमवार को बड़ा रेल हादसा टला गया। एक ट्रक चालक की लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है। इस घटना की वजह से कुछ देर के लिए लाइन बाधित हुई। जिसे दुरुस्त कर लिया गया है। घटना के तुरंत बाद इलेक्शन स्पेशल ट्रेन वहां से गुजरी। अगर ट्रेन के गुजरने के समय यह घटना होती तो कुछ भी हो सकता था। लोहरदगा में रेलवे फाटक को तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ दिया। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि रांची-लोहरदगा-टोरी रेल लाइन में लोहरदगा जिला के सदर थाना क्षेत्र के किस्को रोड स्थित रेलवे फाटक संख्या आरटी-44 को एक तेज रफ्तार ट्रक ने उड़ा दिया। जिसकी वजह से रेलवे फाटक और लीवर दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। ट्रक को आरपीएफ की टीम ने कब्जे में ले लिया है। वहीं ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। इस घटना के तुरंत बाद वहां से इलेक्शन स्पेशल ट्रेन गुजरी थी। अगर ट्रेन के गुजरने के समय यह घटना होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। देखने वाली बात यह भी है कि रेलवे फाटक के आसपास घनी आबादी है और रेलवे फाटक बंद रहने के दौरान वहां पर बड़ी संख्या में सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की कतार लगी रहती है। ट्रक चालक की यह लापरवाही खतरनाक हो सकती थी ना सिर्फ बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, बल्कि आसपास के लोगों की जान पर भी बन सकती थी। फिलहाल लाइन को क्लीयर करा दिया गया है। रेलवे फाटक को तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ दिया, इस घटना की जांच की जा रही है।
टीम एबीएन, रांची/पलामू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देखा गया सपना हर गरीबों का घर हो अपना शायद मेदनीनगर निगम क्षेत्र में चरितार्थ होना संभव नहीं लगता। मेदनीनगर निगम क्षेत्र की जनता में काफी चर्चा है कि एक प्रधानमंत्री आवास लेने में लगभग "75000 तक पार्षद एवं पदाधिकारियों के बीच बंदरबांट हो रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना माननीय प्रधानमंत्री ने जिन गरीब लाभुकों के लिए लाया है, उन लाभुकों के पास आवास निर्माण के लिए 10-20 हजार भी नहीं होता। फिर भी वह अपने सपने को साकार करने के लिए पदाधिकारियों को खुश कैसे रखें। यह तो समझा जा सकता जन प्रतिनिधि वोट की राजनीति में सही गलत कर सभी लाभुकों की अनुशंसा करने पर आश्चर्य इस बात का है कि सरकार ने जांच हेतु रखे कॉन्ट्रैक्ट कर्मी, सिटी मैनेजर एवं अन्य नियुक्त टीम (जो जियो टैगिंग स्थल पर जाकर करते हैं) जिनका कार्य स्थल और निर्माण का निरीक्षण करना, फोटो खींचना और कार्यालय को रिपोर्ट करना है। लेकिन वहीं कॉन्ट्रैक्ट कर्मी एक मोटी रकम लेकर सब कुछ देखते हुए पूर्व के बने मकान में हल्का फुल्का मरम्मत करवाते या फिर पूर्व के बने मकान के ऊपर निर्माण कराकर पार्षदों की मिलीभगत से एक मोटी रकम लाभुक से प्राप्त कर आंख बंद कर ले रहे हैं। कई लोग तो ऐसे हैं जिनके कई आवास पूर्व के हैं जिनसे एक मोटी रकम लेकर प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिया जा रहा है। आश्चर्य इस बात का है कि निगम के कई पार्षद जो कई मकान के मालिक हैं वह भी अपने, अपने बीवी, अपने बच्चे, अपने कई रिश्तेदारों के नाम से प्रधानमंत्री आवास का लाभ ले रहे हैं जो जांच का विषय है। ऐसे पार्षदों को शायद पता नहीं पकड़े जाने पर उन्हें जेल जाने के साथ-साथ चुनाव लड़ने के काबिल भी नहीं रहेंगे। लोगों में चर्चा है कि आखिर आयुक्त एवं सहायक आयुक्त जिनके जांचोपरांत सरकार को प्रधानमंत्री आवास का फाइल भेजा जाता। वह सरकार को अनुशंसा करने से पूर्व स्वयं रैंडम जांच क्यों नहीं करते। इस महत्वाकांक्षी योजना का वार्डवार कैंप क्यों नहीं लगाया जाता? दोनों पदाधिकारी आखिर मौन क्यों हैं? अगर स्वयं आयुक्त एवं सहायक आयुक्त रेंडम 50 मकानों की जांच कर लें, तो पोल खुल जाएगा और कई कर्मियों के बर्खास्त होने की नौबत आ सकती है। सिर्फ चैनपुर शाहपुर निगम क्षेत्र में मिले आवास का सर्वेक्षण करा लिया जाए तो 50% वैसे लोग निकलेंगे, जिनके पास पूर्व में आवास है या फिर एक पुराने आवास के ऊपर मरम्मत करके पैसा निकाला जा रहा है। यही हाल कमोबेश सभी वार्डों में है। अब देखना यह है कि माननीय प्रधानमंत्री का सपना ऐसे बिचौलियों एवं पदाधिकारियों के होते कैसे पूरा हो पाएगा। लोगों में चर्चा है कि कुछ लोग उच्च न्यायालय में मेदिनीनगर निगम क्षेत्र में मिले प्रधानमंत्री आवास लाभुकों की उच्च स्तरीय जांच के लिए पीआईएल करने की तैयारी कर रहे, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए और अगर ऐसा हुआ तो इसमें कई संबंधित निगम के कर्मी, संबंधित पदाधिकारी और गलत अनुशंसा करने वाले पार्षद को जेल तक जाना पड़ सकता। लोग यह भी बताते हैं कि सरकार द्वारा कॉन्ट्रैक्ट कर्मी के रहते यह बंदरबांट कभी खत्म नहीं होगा, क्योंकि वह कॉन्ट्रैक्ट कर्मी भी एक मोटी रकम नगर विकास विभाग में देकर लाभुकों से पैसा उगाही करने आए हैं।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल, कडरू रांची में आज दिवंगता सुर सम्राज्ञी लता मंगेशकर को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर दिवंगता गायिका के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया है। मौके पर उपस्थित प्राचार्य सह डीएवी झारखंड जोन एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि लता मंगेशकर ने भारतीय संगीत और भारतीय संस्कार दोनों का हमेशा ख्याल रखा। वह सच्चे अर्थों में भारतीय थीं। वह लंबे अरसे तक याद की जाती रहेंगी। उन्होंने अपने स्वर के माध्यम से जो पहचान कायम की है वह सदियों सदियों तक अमर रहेंगी। मौके पर प्राचार्य एम के सिन्हा, पशुपति नाथ झा, डॉ अनवर सादात, एके झा, संजय मेहरा और अशोक कुमार सिंह समेत सीनियर और जूनियर वर्ग के अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं भी मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse