टीम एबीएन, रांची। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्रीश्री मां काली मंदिर एवं शिव मंदिर समिति ट्रस्ट, साउथ रेलवे कॉलोनी, रांची की ओर से मंदिर परिसर में दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 9 से 12 वर्ष की बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ दही हांडी फोड़ने का प्रयास किया। कार्यक्रम में बच्चों के उत्साह को देखते हुए मंदिर परिसर में भक्तिमय एवं उत्सवपूर्ण माहौल बना रहा। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों के प्रति रुचि एवं सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी प्रतिभागी बच्चियों का उत्साहवर्धन किया तथा जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। समिति की ओर से कहा गया कि ऐसे आयोजन बच्चों को हमारी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें टीम भावना और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री श्री मां काली मंदिर एवं शिव मंदिर समिति ट्रस्ट, साउथ रेलवे कॉलोनी, रांची के अध्यक्ष राम कुमार सिंह, सचिव उज्ज्वल आनंद, कोषाध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता, मीडिया प्रभारी अनीश कुमार, संतोष कुमार सिंह, शशि मुखी, राजू राम, उमा शंकर तांती, प्रदीप साहा, राजेंद्र गोराई, जीतू मंडल, गौरचन्द्र, भीम शर्मा, आशुतोष राहुल एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जन्माष्टमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 1 लाख श्रद्धालुओं ने किये दर्शन टीम एबीएन, रांची। परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य तथा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में रांची के पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवाधाम के श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं मनोहारी ढंग से सजाया गया था। चारों ओर भक्ति और उत्सव का वातावरण बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। महोत्सव पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। वृंदावन से मंगाये गये जड़ित आभूषणों से सुसज्जित आकर्षक वस्त्र भगवान को धारण कराये गये। भव्य झूलन भी विशेष रूप से सजाया गया, जिसमें विभिन्न रंगों के आकर्षक एवं मनोहारी वस्त्रों में अनेक लड्डू गोपाल विराजमान रहे। झूलन की सुंदर सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। जन्माष्टमी के धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रात: 5:30 बजे मंगला आरती से हुआ। इसके बाद 9 बजे श्रृंगार आरती तथा 11 बजे भगवान को थाल भोग अर्पित किया गया। संध्या 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए भगवान के दर्शन प्रारंभ हुए तथा 6 बजे संध्या आरती संपन्न हुई। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधिवत पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।भगवान श्रीकृष्ण को जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विविध प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। फल, पेड़ा, माखन-मिश्री, पंजीरी, नारियल के लड्डू, बादाम की चक्की सहित 56 प्रकार के भोग भगवान को समर्पित किये गये। भोग के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय हो उठा। महोत्सव का विशेष आकर्षण कोलकाता से आई कलाकारों की टीम द्वारा प्रस्तुत श्रीकृष्ण जीवन एवं लीला आधारित नृत्य-नाटिका रही। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की भक्ति एवं भगवान के दिव्य चरित्र को नृत्य और अभिनय के माध्यम से अत्यंत मनोहारी ढंग से प्रस्तुत किया। रात्रि 7 बजे से भजन गायक मनीष सोनी एवं कोलकाता से आयी जागरण मंडली के कलाकारों ने भजन, संकीर्तन एवं कृष्ण लीला की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम मध्यरात्रि तक चला। भक्ति गीतों और कृष्ण लीला की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते रहे। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पावन क्षण पर विशेष आरती की गयी। मंदिर परिसर नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा। जन्मोत्सव के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धर्म, सत्य, प्रेम, करुणा, भक्ति और मानवता का संदेश देने वाला पावन पर्व है। मौके पर डुंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, विजय अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, अंजनी अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, सुनील पोद्दार, मनीष सोनी, नंदकिशोर चौधरी, मनीष जालान, दीपक चौधरी, नवल अग्रवाल, आलोक सिंह, दिलीप अग्रवाल, पवन पोद्दार, विद्या देवी अग्रवाल, शोभा जालान, संतोष देवी अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, सरिता अग्रवाल, ज्ञानचंद शर्मा, धीरज गुप्ता सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रामगढ़ में तीन मौतों से उठे सवाल एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र के पाली गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतकों में मां संगीता और उनके दो बेटे रामकिशुन व साहिल शामिल हैं। कुछ ही समय के अंतराल में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गयी हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सबसे पहले परिवार के एक बेटे की तबीयत खराब हुई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के दौरान मलेरिया और टाइफाइड होने की बात सामने आने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि चिकित्सकीय उपचार के साथ परिजनों ने बीमारी ठीक होने के लिए झाड़-फूंक का भी सहारा लिया। इसी दौरान परिवार के दूसरे सदस्यों की तबीयत भी बिगड़ती चली गयी। कुछ ही समय बाद दोनों बेटों की हालत गंभीर हो गयी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। एक के बाद एक दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजन इस सदमे से उबर भी नहीं पाये थे कि मां संगीता की तबीयत भी अचानक बेहद गंभीर हो गयी। संगीता की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें रामगढ़ के अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें रांची स्थित रिम्स लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, देर रात इलाज के दौरान संगीता ने भी दम तोड़ दिया। मां समेत दोनों बेटों की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में लोग मृतकों के घर पहुंचने लगे। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मनोरोगियों की सेवा का लिया संकल्प टीम एबीएन, रांची। रिनपास में संस्थान का 101वां फाउंडेशन डे समारोहपूर्वक मनाया गया। मौके पर संस्थान के कर्मचारियों और अधिकारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और संस्थान की गौरवशाली यात्रा को याद किया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि रिनपास पूर्व की तरह आगे भी मनोरोगियों को बेहतर चिकित्सा एवं मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। गौरतलब है कि रिनपास ने पिछले वर्ष अपने 100 वर्ष पूरे किये थे। इसी के साथ संस्थान ने अब 101वें वर्ष में प्रवेश किया है। एक सदी से अधिक समय से रिनपास मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड भाजपा ने छह प्रदेश मोर्चा के अध्यक्षों की घोषणा की है। पूरी जानकारी के पूरी लिस्ट देखें।
पेंशनरों में वित्त अधिनियम 2025 के वैलिडेशन कानून को लेकर आक्रोश, सांसद सुखदेव भगत को सौंपा ज्ञापन एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। झारखंड राज्य पेंशनर समाज, जिला शाखा- लोहरदगा का एक प्रतिनिधिमंडल मैना बगीचा नदिया उच्च विद्यालय के प्रांगण से एक जुलूस निकालकर लोकसभा सांसद सुखदेव भगत आवास पहुंचे और उन्हें ज्ञापन समर्पित कर माननीय प्रधानमंत्री, भारत सरकार, नयी दिल्ली से सुप्रीम कोर्ट के न्यायादेश के आलोक में पूर्व की भांति समानता बनाये रखते हुए (दिनांक 25 मार्च 2025) को कैबिनेट एवं लोकसभा से बिना बहस एवं मनमाने ढंग से पुराना पेंशनर एवं नया पेंशनर कह कर पेशनरों को गलत ढंग से बांटने का कानून पारित किये गये वैलीडेशन एक्ट, जिस के विरूद्ध कोई पेंशनर कोर्ट भी नहीं जा सकता है) को खत्म करने, माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम 2007, विधवा बहु को पेंशन में अधिमानता, परित्यक्ता एवं विधवा पुत्री को पेंशन में अधिकार, मंहगाई के मद्देनजर वेतन का आधा पेंशन हो जाने के कारण मंहगाई राहत सूचकांक निर्धारित करने, कार्मिक, लोक शिकायत, विधि और न्याय संबंधी विभागीय संसदीय समिति के 10 दिसंबर 2021 की 11वीं रिपोर्ट के अनुसार सेवानिवृत्ति के 65 वर्ष से 5%, 70 वर्ष से 10%, 75 वर्ष से 15% अतिरिक्त पेंशन लागू करने, 40% बेचे गये पेंशन की कटौती मात्र 10 वर्ष 8 महीना में हो जाने के कारण उसे सिर्फ 11 वर्ष तक कटौती करने, पेंशनरों को आयकर की कटौती से मुक्त करने, कोरोना काल के 18 महीना का लंबित डी ए का सूद सहित भुगतान, रेल यात्रा में पूर्व की भांति छूट, आठवां वेतन आयोग के टीओआर (टर्म्स आफ रेफरेंस) को खत्म करने और बाह्य (ओपी) एवं आंतरिक (आईपी) इलाज में कैशलेस सुविधा देने संबंधी अनुरोध के साथ ज्ञापन समर्पित किया गया। सांसद ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि हमारे पेंशनर समाज के बुजुर्गों ने अपना पूरा जीवन देश एवं राज्य की सेवा में दिया है। उनकी पेंशन उनका हक है भीख नहीं। वित्त अधिनियम 2025 के वैलिडेशन क्लोज को लेकर चिंता आप लोगों ने जो जतायी है वह गंभीर है इस मामले को मैं पूरी गंभीरता से लोकसभा में उठाऊंगा तथा प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पत्र प्रेषित करूंगा ताकि पेंशनर और उनके परिवारों को न्याय मिले। ज्ञापन समर्पण कार्यक्रम में महेश कुमार सिंह जिलासचिव सह महासचिव, चंद्रकांत सिंह राष्ट्रीय वा. चेयरमैन, मोहन मिंज, मो जफर आलम, किसुन दास, घुरती उरांव, जयगोविंद साहू, बीरसो उरांव, वरदानी वेक कच्छप, देवमुनि कुजूर, आशामनि लकड़ा, मंजू तिग्गा, जानकी देवी, तारामनी देवी, ज्योति नाग, मेझरन कुजूर, ज्योति नाग, जतरी उरांव आदि काफी संख्या में पेंशनर शामिल थे।
श्रीकृष्ण की झांकियों ने मोहा श्रद्धालुओं का मन एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कोयलांचल धनबाद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। धनसार स्थित श्रीश्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष सजावट और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इन आकर्षक झांकियों को देखने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में झांकियां देखने को लेकर खासा उत्साह दिखायी दिया। मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया, जहां लोगों ने खरीदारी के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। शाम होते-होते श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गयी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय नजदीक आने के साथ मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल और गहरा होता गया। आधी रात श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर मंदिर परिसर जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। भक्ति, आस्था और उल्लास से भरे इस आयोजन ने धनबाद में जन्माष्टमी के पर्व को खास बना दिया।
सड़क पर लेटकर किया जाम ट्रैफिक पुलिस पर वाहनों को जब्त करने में अनियमितता का आरोप, रोजी-रोटी प्रभावित होने की कही बात एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। थाना के गेट के सामने शुक्रवार को आॅटो और टोटो चालकों ने सड़क पर लेटकर विरोध प्रदर्शन किया। चालकों के सड़क पर उतरने से कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गयी और सड़क पर जाम की स्थिति बन गयी। प्रदर्शन कर रहे चालकों ने ट्रैफिक पुलिस पर अनियमितता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वाहन के सभी जरूरी कागजात होने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस द्वारा जबरन आॅटो-टोटो जब्त किये जा रहे हैं। चालकों का आरोप है कि वाहन जब्त करने के दौरान यह भी स्पष्ट नहीं किया जाता कि किस कागजात की कमी या किस नियम के उल्लंघन के कारण कार्रवाई की जा रही है। वहीं, कई मामलों में जुमार्ना प्रक्रिया पूरी किये बिना वाहनों को दो-तीन दिनों तक थाना में खड़ा रखने की शिकायत भी चालकों ने की। टोटो चालक अर्जुन दास ने बताया कि उन्होंने करीब आठ महीने पहले वाहन खरीदा है और उनके पास सभी कागजात मौजूद हैं। इसके बावजूद उनका वाहन जब्त कर लिया गया। उन्होंने कहा कि अगर कोई कागजात या नियम से संबंधित त्रुटि है तो नियमानुसार फाइन किया जाये, लेकिन वाहन को कई दिनों तक थाना में रखने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाता है। वहीं, आटो चालक बबलू कुमार साव ने कहा कि यातायात थाना जाने पर उन्हें बार-बार अगले दिन आने को कहा जाता है। उन्होंने कहा कि वे रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं और वाहनों के जब्त रहने से परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। चालकों ने मांग की कि उनकी समस्याओं पर तत्काल सुनवाई की जाये और यदि किसी वाहन में नियम संबंधी कमी है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाये। चालकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड सरकार, झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस और विधायक रागिनी सिंह को ट्वीट कर जोगता क्षेत्र में कथित अवैध लोहा कारोबार को लेकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने लिखा कि सिजुआ स्टेडियम के रास्ते ठेला के माध्यम से बड़े पैमाने पर चोरी का लोहा ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सीआईएसएफ ने कार्रवाई करते हुए कुछ लोहा पकड़ा, जबकि कुछ लोहा लेकर तस्कर भागने में सफल रहे। रत्नेश कुमार ने आरोप लगाया कि यह चोरी का लोहा सिजुआ नया श्याम बाजार स्थित जोगियापट्टी में चल रहे अवैध लोहा गोदामों में खपाया जाता है। उन्होंने जोगियापट्टी में संचालित लोहा गोदामों के लाइसेंस की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। धनबाद एसएसपी से भी आग्रह किया है कि जोगियापट्टी में चल रहे लोहा गोदाम की लाइंसेंस की जांच कराया जाये क्योंकि लोहा गोदाम अवैध ढंग से चलाया जा रहा है, जांच में सच्चाई सामने आ जायेगी।यही नहीं लोहा तस्कर थाना प्रभारी को गुमराह करके अवैध ढंग से लोहा गोदाम संचालित कर रहे है जिससे थाना प्रभारी की भी छवि धूमिल हो रहा है। इसलिए इसकी निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की कृपा करेंगे ताकि अवैध ढंग से चल रहे लोहा गोदाम पर भी रोक लग सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।
© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.