रामगढ़। जिला के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित नदियों एवं तालाबों में लबालब पानी भरा है। हमेशा नदियों एवं तालाबों में नहाने वाले बच्चों को पानी का अंदेशा नहीं मिल पा रहा है। जिससे कि डूबने की घटना सामने आ रही है। आज रामगढ़ जिला के गोला थाना क्षेत्र के हूप्पू तोयर गांव के पास तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। उक्त गांव निवासी सुरेंद्र महतो का बेटा शैलेष कुमार (5 वर्ष) और निवारण महतो की पुत्री पूजा कुमारी (6 वर्ष) शामिल हैं। मृतकों के पिता चचेरे भाई हैं। दोनों परिवार का घर अगल बगल है। हादसे के शिकार दोनों बच्चे एक साथ ही रहते थे। दोनों में परिजन खेतों में धन रोपनी का काम कर रहे थे। इसी बीच दोनों बच्चे खेलते खेलते घर के समीपवर्ती तालाब में नहाने चले गए। तालाब गहरा और उसमें पानी भरा होने के कारण दोनों डूब गए। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के समय तालाब के मेढ़ पर एक ढाई वर्षीय बच्चा था। घंटों गुजर जाने के बाद भी जब दोनों घर नहीं आए तो परिजनों ने उन्हें खोजना शुरू किया। इसी दौरान तालाब के मेढ़ पर बच्चों का कपड़ा पड़ा मिला। लोगों ने मासूम बच्चे से पूछा तो उन्होंने तोतली जुबान में तालाब की ओर इशारा कर बताया कि दोनों डूब गए हैं। इसके बाद ग्रामीणों शवों को पानी से बाहर निकाला।ग्रामीणों ने बताया कि सुरेंद्र महतो का एक पुत्र व एक पुत्री है। घटना में उनके पुत्र की मौत हो गयी। जबकि निवारण महतो का तीन पुत्री है। हादसे में छोटी पुत्री की मौत हो गयी। घटना के बाद मृतकों के परिवार और पूरे गांव में कोहराम मच गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं इस घटना के बाद रामगढ़ की विधायक ममता देवी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण नदियों एवं तालाबों में लबालब पानी भरा हुआ है। अभिभावक बच्चों को नदियों एवं तालाबों में नहीं जाने दे। अन्यथा वर्तमान समय इस प्रकार की घटनाएं घट सकती है।
रांची। झारखंड प्रशासनिक सेवा के 12 अफसरों को इधर से उधर किया गया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। पिछले दिनों धनबाद में प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स पर लाठी बरसाने वाले धनबाद एसडीओ सुरेंद्र कुमार को हटा दिया गया है। उन्हें पर्यटन विभाग में अवर सचिव बनाया गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थापित राज कुमार गुप्ता को संयुक्त सचिव आईटी बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव दिलेश्वर महतो को परिवहन विभाग का संयुक्त सचिव बनाया गया है। कार्मिक विभाग के अवर सचिव राज महेश्वरम को गढ़वा का एसडीओ बनाया गया है। चतरा बीडीओ पुनम कुजूर को एसडीओ बरही बनाया गया है। गेल रांची में सक्षम प्राधिकार प्रेम कुमार तिवारी को एसडीओ धनबाद बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अवर सचिव राम नारायण सिंह को रंका एसडीओ बनाया गया है। कार्यपालक दंडाधिकारी गढ़वा इंद्रजीत सिंह को कार्मिक प्रशासनिक सुधार विभाग में योगदान देने का निर्देश। कार्यपालक दंडाधिकारी भूमि सुधार विभाग राकेश रंजन उरांव को सहायक निदेशक डॉ राम दयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान में पदस्थापित किया गया है। गढ़वा एसडीओ मोहम्मद जियाउल अंसारी को अवर सचिव कार्मिक प्रशासनिक सुधार विभाग में पदस्थापित किया गया है। बरही एसडीओ अनिल कुमार यादव को वित्त विभाग में अवर सचिव बनाया गया है। एसडीओ रंका राजेश कुमार लिंडा को अवर सचिव मंत्रिमंडल सचिवालय निगरानी के पद पर पदस्थापित किया गया है।
दुमका। 5 लाख रंगदारी को लेकर दो व्यक्ति का अपहरण करने वाला दो अपराधी अपहरणकर्ता को शिकारीपाड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें एक अब भी फरार है। उक्त जानकारी एसपी अम्बर लकड़ा ने प्रेसवार्ता कर दी है।
चाईबासा। चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाये गये दो-दो किलो के 5 केन आईईडी बम बरामद किया है। सीआरपीएफ बीडीडीएस टीम ने सभी बमों को डिफ्यूज कर दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए माओवादियों ने टोकलो थाना क्षेत्र के सुरबुरा झरझरा नया मार्केट के आसपास जंगल में आईईडी बम छुपाकर रखा है। सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। सीआरपीएफ 60 बटालियन और जिला पुलिस की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसमें टीम को सफलता भी मिली।
रांची। सोमवार को विश्व आदिवासी दिवस है। इस अवसर को यादगार बनाने के मकसद से राज्य सरकार किसानों को कई सौगात देगी। इसे लेकर कल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कृषि सचिव अबु बकर सिद्दिकी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन करेंगे। वहीं कृषि मंत्री बादल पत्रलेख मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में किसानों को केसीसी कार्ड और पशुधन दिया जायेगा। वहीं राज्य के सभी जिलों से किसान आयेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री दुमका और बोकारो के किसानों से वर्चुवल बात भी करेंगे। कुल 62,646 लाभुकों को मिलेगा पशुधन। सचिव के अनुसार वित्तीय वर्ष 2020-21 के दौरान 40 हजार लाभुकों के बीच 154 करोड़ रुपये के पशुधन वितरण की मंजूरी दी गई थी। वहीं चालू वित्तीय वर्ष 2021-22 में 147.71 करोड़ की लागत से 62,646 लाभुकों के बीच पशुधन वितरण का लक्ष्य है। लाभुकों को पशुधन के साथ उसका चारा, पानी के लिए बोरिंग और पशुओं को रखने के लिए शेड निर्माण की भी व्यवस्था की गयी है। सरकार किसान क्रेडिट कार्ड पर फोकस कर रही है। इससे जहां किसानों को कम ब्याज दर पर बैंकों से कार्यशील पूंजी मिलेगी, वहीं किसान ऊंचे ब्याज दर वाले साहूकारों के कर्ज के जाल में भी नहीं फंसेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अप्रैल से अभी तक किसानों से केसीसी के लिए 6,86,661 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1,39,434 आवेदन स्वीकृत किये जा चुके हैं। शेष की स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। कृषि सचिव ने बताया कि हजारीबाग बाजार समिति ने बेहतर कार्य का नमूना प्रस्तुत करते हुए पूरे देश में सातवां स्थान पाया है। यह राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम के दौरान हजारीबाग बाजार समिति को मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा। वेजफेड के माध्यम से सब्जी बिक्रेता सहकारी संघ को 50 पिकअप वैन दिलाने की पहल की गई है। इससे सब्जियों को खराब होने के पहले बाजार तक पहुंचाना संभव होगा।
रामगढ़। जिला के भुरकुंडा कोयलांचल में रविवार की सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर दो शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है। भुरकुंडा थाना क्षेत्र में एक शव रिवर साइड दामोदर नदी के किनारे मिला, वहीं दूसरा शव भदानीनगर ओपी क्षेत्र के कुर्से के समीप मिला है। दामोदर नदी के किनारे मिले शव की पहचान केरेडारी थाना के हेंदेगीर निवासी फोलटेन गंझू और कुर्से में रेलवे ट्रैक से बरामद शव की पहचान स्थानीय सुनील यादव के रूप में हुई है। दोनों शव मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार दामोदर नदी के रिवर साइड के सूर्य मंदिर के निकट आज सुबह लोगों ने एक व्यक्ति का शव देखा। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने शव की पहचान की। जानकारी के अनुसार हजारीबाग जिला के केरेडारी थाना क्षेत्र के हेंदेगीर बस्ती का रहनेवाला लगभग 41 वर्षीय पोल्टन गंझु पिता लावा गंझु का यह शव है। भुरकुंडा पुलिस ने इस बात की जानकारी मृतक के घरवालों को दे दी, जिसके बाद उसके घर वाले पहुंचकर पहचान किये। मृतक की पत्नी फूलो देवी ने बताया कि पोल्टन गंझु 6 अगस्त को जमीन के काम को लेकर एक अन्य व्यक्ति के साथ घर से निकले थे। इसके बाद वे घर नहीं लौटे थे। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की थी। आज सूचना मिलने पर वे लोग भुरकुंडा पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक के गले पर घाव के निशान देखे गए हैं। स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं भुरकुंडा कोयलांचल के भदानीनगर ओपी क्षेत्र के कुरसे में रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला है। बताया जाता है कि मृतक सुनील यादव सुबह शौच के लिए गया था। रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में लगी है। शव के पास से हवाई चप्पल और एक मोबाइल फोन भी मिला है। रेलवे पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
रांची। शनिवार को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रशासनिक कार्यालय में ट्रस्टी बोर्ड की समीक्षात्मक बैठक आदित्य कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई। जिसमें अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के क्रियाकलापों को सुचारू रूप से चलाने एवं संगठन के विस्तार पर चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के नए पुनर्गठन के बाद संगठन के विस्तार के लिए बिहार प्रदेश में संगठन के विस्तार हेतु अरविंद चंद्र पाठक को बिहार प्रभारी के रूप में मनोनीत किया गया। संगठन कोरोना काल में ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना जागरूकता अभियान से लोगों में कोरोना से बचाव एवं उसके उपचार के बारे में ग्रामीण जनता को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है तथा इस संकट की घड़ी में लोगों में आये नकारात्मक विचारों को भी सकारात्मक पहल से समझाने का प्रयास कर रहा है। इस बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रितेश कुमार, सलाहकार अक्षय कुमार मिश्रा, गया जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।
मेदिनीनगर। पलामू में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी और एक सहायक को गिरफ्तार किया है। दोनों को 20 हजार रुपया रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी की टीम ने ट्रैप किया है। शुक्रवार को पलामू समाहरणालय के ब्लॉक बी स्थित जिला कल्याण विभाग के कार्यालय से एसीबी की टीम ने कल्याण पदाधिकारी और सहायक मनोज कुमार को रंगे हाथ पकड़ा । वहीं गिरफ्तारी के बाद कल्याण पदाधिकारी सुभाष कुमार के घर पर भी छापेमारी की गयी, जहां से एसीबी की टीम ने दो लाख 83 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार के मेदिनीनगर में एसीबी कार्यालय लाया गया है, जहाँ आगे की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी करूणानंद राम ने बताया कि छतरपुर थाना क्षेत्र के डुन्डूर निवासी उमाशंकर बैगा ने धुमकुड़िया भवन निर्माण के लिए घुस मांगे जाने की शिकायत एसीबी से की थी। कल्याण विभाग के द्वारा आदिवासी कला संस्कृति के विकास के लिए धुमकुड़िया भवन का निर्माण कराया जाता है। डुन्डूर में धुमकुड़िया भवन बनवाने के लिए उमाशंकर प्रयासरत था। साढ़े बारह लाख की लागत से बनने वाले इस भवन के लिए उमाशंकर ने कल्याण पदाधिकारी सुभाष से सम्पर्क किया तो उन्होंने क्लर्क मनोज से बात करने के लिए कहा। क्लर्क ने 40 हजार रुपये घुस की डिमांड की। उमाशंकर ने 40 हजार देने में असमर्थता जाहिर की तो मामला 20 हजार में तय हुआ। इसके बाद उमाशंकर ने एसीबी को घुस मैनेज जाने की सूचना देते हुए शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने अपने सत्यापन में वादी द्वारा की गयी शिकायत को सही पाया। जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर वादी उमाशंकर बैगा को कैमिकल लगा रुपया देकर कल्याण पदाधिकारी को घुस की रकम देने भेजा गया । जैसे ही कल्याण पदाधिकारी ने घुस की रकम ली एसीबी की टीम ने उन्हें धर दबोचा और इस कार्य मे संलिप्त होने के आरोप में क्लर्क मनोज को भी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में कार्रवाई के लिए एसीबी के इंस्पेक्टर नागेश्वर रजक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार हुए जिला कल्याण पदाधिकारी सुभाष कुमार ने कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। पहले भी कई बार इस तरह की कोशिश की गयी है। मीडिया को दिए बयान में उन्होंने कहा कि उमाशंकर बैगा उनके कार्यलय में घुसकर पैसा फेंक कर भाग गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse