कोडरमा। इंडियन डिफेंश एकेडमी झुमरी तिलैया के तत्वाधान में शनिवार की देर शाम सीएच +2 उवि के समीप से मोमबती जुलुस निकाला गया जो कि पूर्णिमा टॉकिज गली होते हुए झंडा चौक पहुंचा। जहां कि कन्नूर में प्लेन क्रैश में सीडीएस सहित शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए झंडा चैक पहुंचकर श्रद्धांजलि दी गई। इंडियन डिफेंश एकेडमी के प्रशिक्षक सुभाष यादव एवं सोनु कुमार ने कहा कि देहरादून के कन्नूर में बुधवार दोपहर को हुए हेलीकाप्टर हादसे में उत्तराखंड का सूरज डूब गया। भारतीय वायुसेना के एमआई-17 वी फाइव हेलीकाप्टर में सवार चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और जवानों की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही वायुसेना ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी तो हर शख्स स्तब्ध रह गया। श्रद्धांजलि सभा में सीडीएस विपीन रावत अमर रहें, जब तक सुरज चॉद रहेगा सीडीएस विपीन रावत का नाम रहेगा, जैसे नारों से कार्याक्रम स्थल गुंजता रहा। इस अवसर पर हवाई दुर्घटना में शहीद हुए सैन्य प्रमुख विपिन रावत, अन्य सैन्य अधिकारी व जवान के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर राहुल कुमार, गौतम कुमार बंगोली दादा, जीवन कुमार, सुरज कुमार, विवेक कुमार, दिपक कुमार, आशीष यादव, पिंटु कुमार, राहुल यादव, राजु कुमार सुधाकर यादव, राहुल पांडेय, संदीप मोदी, आदि शामिल थे।
लोहरदगा। लोहरदगा पेशरार प्रखंड के सीरम पंचायत के सेमराटांड निवासी सगीर अंसारी और साजदा सदफ खातून के पुत्र लेफ्टिनेंट मो तौसीफ इकबाल ने 11 दिसंबर को इंडियन मिलिट्री अकेडमी देहरादून से पासिंग आउट कर जिले को गौरवान्वित किया। तौसीफ के पिता सगीर अंसारी उत्क्रमित हाई स्कूल चितरी डांडू में सरकारी शिक्षक हैं। माता साजदा सदफ खातून गृहणी हैं। उनका परिवार वर्तमान में शहर के वार्ड नं 11 इस्लामनगर में रहता है। तौसीफ की प्राम्भिक शिक्षा उत्क्रमित मिडिल स्कूल सीरम मांची से पूरी हुई। वर्ष 2015 में मैट्रिक परीक्षा सैनिक स्कूल तिलैया, वर्ष 2017 में आईएससी की परीक्षा भी उन्होंने सैनिक स्कूल तिलैया से पास की। बीएससी कंप्यूटर साइंस नेशनल डिफेंस अकैडमी खड़गवासला से 2020 में उतीर्ण हुए। तौसीफ का लक्ष्य देश सेवा करना है। उन्होंने कहा कि परिश्रम, लगन और निष्ठा से हर मंजिल प्राप्त किया जा सकता है।
लोहरदगा। बैठक में सर्वप्रथम दिनांक 16.11.2021 से जिले में आयोजित हो रहे आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में आये आवेदन व उसके निष्पादन पर चर्चा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अब तक कुल 19,691 आवेदन आमजनों द्वारा दिये गये जिसमें 12193 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। अन्य लंबित आवेदनों को भी निष्पादित करने का निर्देश उपायुक्त ने सभी बीडीओ को दिया। उपायुक्त ने कहा कि आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में किसी भी समस्या से संबंधित आवेदन को लिया जाय और उसका निष्पादन किया जाय। पेयजल, सड़क आदि की योजनाएं ग्राम सभा से पारित करा ली जायें। सभी प्रखण्ड कार्यालयों में दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित कैंप अवश्य लगाया जाय। प्रत्येक अंचल में हाल सर्वे में भूमि संबंधी गड़बड़ी के आवेदन अधिक से अधिक संख्या में लिये जायें। मनरेगा अंतर्गत जो भी काम मांग रहे हैं उन्हें मनरेगा अंतर्गत सात दिनों के भीतर काम उपलब्ध कराया जाय। कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लोहरदगा को निदेश दिया गया कि जितने आवेदन चापाकल खराब से संबंधित आये हैं उन सभी की मरम्मती करा ली जाय। नगर पर्षद क्षेत्र में भी आवेदन आये हैं उन्हें भी ठीक कराया जाय। मुख्यमंत्री पशुधन योजना में लक्ष्य के अनुरूप अब तक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ जिसे पूरा करें। 50 प्रतिशत अनुदान पर पशुधन विकास की योजना के विरूद्ध लक्ष्य पूर्ण करें। कल्याण विभाग की ओर से संचालित पशुधन वितरण योजना का लक्ष्य पूर्ण करने का निदेश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया गया। समाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक को निदेश दिया गया कि आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा कंबल की मांग हर कार्यक्रम में अधिक संख्या में की जा रही है, इसके लिए अतिरिक्त कंबल की मांग विभाग से करें। जिला कृषि पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिन किसानों ने भी केसीसी ऋण लिया है उन्हें मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना का लाभ अवश्य दें। इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त करें। जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिन गरीब परिवार को खाद्यान्न के लिए राशन कार्ड की आवश्यकता है उन्हें राशन कार्ड के लिए आवेदन अवश्य प्राप्त करें। साथ ही जिनका नाम राशन कार्ड में अब तक नहीं जोड़ा जा सका वैसे सदस्यों का भी नाम उस कार्ड में जुड़वायें। सभी कार्यक्रम में ई-श्रम पोर्टल पर श्रम कार्ड के लिए असंगठित कामगारों का निबंधन अवश्य करायें। उपायुक्त द्वारा बैठक में मनरेगा अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें मानवदिवस सृजन, टीबीबी, दीदीबाड़ी, आंगनबाड़ी, फील्ड बंड, कुआं आदि शामिल थीं। उपायुक्त द्वारा सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप सुधार लाने के निदेश दिये। साथ ही जो रोजगारसेवक, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव लगातार काम नहीं कर रहें, कार्य में सुधार नहीं है, वैसे लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई हेतु प्रस्ताव देने का निदेश उप विकास आयुक्त को दिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की गई और जिन प्रखण्डों में आवास की संख्या लक्ष्य के अनुरूप कम पूर्ण हुई है उसमें सुधार लाने के निदेश दिये गये। आज की बैठक में उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा, अनुमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण केरकेट्टा, नगर पर्षद कार्यपालक अभियंता देवेंद्र कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनुराधा कुमारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी नारायण राम, जिला कृषि पदाधिकारी शिव कुमार राम, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा योजना के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के जिला समन्वयक केके गुप्ता, मनरेगा परियोजना पदाधिकारी सुधीर मुर्मू समेत अन्य उपस्थित थे।
कुडू/चिरी। कुडू प्रखंड के चिरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आॅक्सीजन प्लांट अधिष्ठापन के लिए तैयार किये जा रहे आधारभूत संरचना का आज उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त द्वारा संरचना निर्माण में तेजी लाने, बेहतर क्वालिटी के मैटरियल इस्तेमाल करने, स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मौजूद झाड़ियों को साफ कराने व मिट्टी भर कर जमीन को समतल करने, फूल व पौधे लगाने का निदेश दिया गया। जिला योजना पदाधिकारी को स्वास्थ्य केंद्र के प्रवेश द्वार से मुख्य द्वार तक पीसीसी पथ और आक्सीजन प्लांट से भवन तक पेवर ब्लॉक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई हेतु निदेश दिये गये। आक्सीजन प्लांट का उद्घाटन इसी माह किया जायेगा। मौके पर जिला योजना पदाधिकारी अरूण सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विवेक मधुर, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सरोजनी केरकेट्टा व अन्य मौजूद थे।
मेदिनीनगर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को बनारस में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और इधर पलामू के सभी शिवालयों में भी बाबा काशी विश्वनाथ के जयघोष की गूंज सुनाई देगी। इसकी तैयारी भाजपा की पलामू जिला इकाई व्यापक पैमाने पर कर रही है। शनिवार को भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। भाजपा जिला अध्यक्ष विजयानंद पाठक ने कहा कि दिव्य काशी भव्य काशी कार्यक्रम के तहत वहां के भक्तिमय नजारा से पलामूवासी भी रूबरू होंगे। पीएम मोदी जैसे ही कोरिडोर का उद्घाटन करेंगे, पलामू जिले में स्थित शिवालय भी बम भोले व बाबा विश्वनाथ के जयकारों से गूंज उठेंगे। यह आत्मीय अनुभव वैसा ही होगा जैसा कि काशीवासी अंतकरण से करेंगे। इस ऐतिहासिक दृश्य को पूरे जिले में प्रोजेक्टर के माध्यम से जीवंत प्रसारण किया जायेगा। उसी दिन संबंधित मंदिर के पुजारी को भी सम्मानित किया जायेगा। मुख्य कार्यक्रम गायत्री मंदिर रोड स्थित शिवशक्ति धाम में आयोजित होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, डिप्टी मेयर मंगल सिंह, उदय शुक्ला, लोकेश सिंह आदि उपस्थित थे। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन के आगमन पर भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने कहा कि पलामूवासियों को एक बार फिर से मुख्यमंत्री ने ठग ने का काम किया है । श्री सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों को आॅक्सीजन, वेंटिलेटर, राशन व दवा देने का काम किया है। फिर भी सीएम यह कहते हैं कि उन्होंने भीख मांग कर काम चलाया। यदि कोरोना काल में भीख मांगकर काम चलाया है तो उसका व्यौरा सार्वजनिक करें। भाजपा नेता ने नियोजन नीति में भाषा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल खड़ा किए और कहा कि हिंदी, भोजपुरी, मगही और अंगिका को शामिल नहीं करने तक आंदोलन चलता रहेगा। पलामू भाजपा का जिलास्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र 24 दिसंबर से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण पूर्णत: आवासीय होगा। उक्त जानकारी भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भाजपा नगर मंडल व रामगढ़ मंडल का प्रशिक्षण चल रहा है और यह 16 दिसंबर तक चलेगा।
दुमका। आपसी सुलह-समझौता से राष्ट्रीय लोक अदालत में 1164 वादों का निपटारा करते हुए 2 करोड़ 84 लाख, 40 हजार, 657 रुपए का वसूली हुई। लोक अदालत का शुभारंभ द्वीप प्रज्ज्वलित कर प्रधान जज सह प्राधिकार अध्यक्ष पियूष कुमार ने किया। मौके पर प्रधान जज पियूष कुमार ने कहा कि लोगों को सुलभ और नि:शुल्क न्याय देने के लिए झालसा, रांची और नालसा, दिल्ली के निदेर्शानुसार आयोजित होती है। लोक अदालत में छोटे मोटे दीवानी मामले, बैंक लोन, पारिवारिक वाद, मृत्यु बीमा का लाभ, सामाजिक पेंशन योजना समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाता है। प्रधान जज ने अदालत के उद्देश्यों को बताते हुए कहा कि लंबे समय से चल रहे वादों का आसानी से आपसी-सुलह समझौता से निपटारा करना है। जिससे लोगो को सस्ता और सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में हुए निपटारा किए गए वादों का हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील किया जा सकता है। लोक अदालत में हुए वादों का निष्पादन अंतिम होता है। इस अवसर पर प्रधान जज पियूष कुमार, प्राधिकार सदस्य एसपी अम्बर लकड़ा, एसडीएम महेश्वर महतो एवं जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने विभिन्न गठित बेंचों में जाकर लोगों की समस्या सुन बेंच में उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निष्पादन का निर्देश दिया। इस अवसर पर प्राधिकार सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि कुल गठित आठ बेंचों में 1164 वादों का निपटारा करते हुए 2,84,40, 657 रुपए की वसूली हुई। बेंच एक में प्रधान न्यायाधीश कुटंब न्यायालय देवेंद्र कुमार पाठक, अधिवक्ता मो शमशाद अंसारी एवं अनिता कुमारी ने कुल 18 वादों का निष्पादन किया। बेंच दो में डीजे वन रमेशचंद्र, अधिवक्ता नित्यानंद और मिलू रजक ने 45 वादों का आपसी सुलह के आधार पर निपटारा करते हुए 95,06,708 रुपए की वसूली की। बेंच तीन में डीजे टू आर के मिश्र, अधिवक्ता प्रशांत कुमार एवं प्रीति कुमारी ने 50 वादों का निपटारा करते हुए 97,92,246 रुपए की वसूली की। बेंच चार में सीजेएम धर्मेंद्र कुमार सिंह, अधिवक्ता विक्रमादित्य पांडेय एवं किरण तिवारी ने 195 वादों का निपटारा करते हुए 19,66,339 रुपए का वसूली हुई। बेंच पांच में एसीजेएम एसपी ठाकुर, अधिवक्ता विद्यापति झा एवं शर्मिला सिंह ने 289 वादों का निपटारा करते हुए 62,69,950 रुपए का वसूली की। बेंच छह में जेएम वन विजय कुमार यादव, अधिवक्ता राकेश चंद्र लाल मरांडी एवं वीणा सिंह के बेंच ने 389 वादों का निपटारा करते हुए 3,48,900 रुपए का वसूली हुई। बेंच सात में जेएम ऋतिका सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी मो आसफ अली और रानी कुमारी ने 168 वादों का निपटारा करते हुए 37,041 रुपए का वसूली हुई। बेंच आठ में स्थायी लोक अदालत अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, सदस्य घनश्याम प्रसाद साह एवं नीता कुमारी ने 10 वादों में आपसी सुलह-समझौता कर 5,19,473 रुपए की वसूली की।
चतरा। झारखंड में चतरा जिले के चर्चित छात्रवृत्ति घोटाला मामले के आरोपी नाजिर काशी प्रसाद को जिला पुलिस ने पलामू जिले से गिरफ्तार कर लिया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि वर्ष 2018 के दौरान चतरा जिले के चर्चित छात्रवृत्ति घोटाले में करीब नौ करोड़ 33 लाख रुपए का गबन हुआ था। मामले को लेकर सदर थाना कांड संख्या 165/18 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। अविनाश कुमार ने बताया कि मामले के अनुसंधान के क्रम में मिले साक्ष्यों के आधार पर जिला पुलिस ने पलामू पुलिस के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
कोडरमा। सरकार के द्वारा आंगबाड़ी केंद्रों को संचालित करने का आदेश निर्गत किया गया है जबकि स्थानीय प्रशासन के द्वारा निजी स्कूलों में प्रारंभिक र्आर प्राथमिक कक्षा के संचालन पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसके तहत गुरुवार को जिले के तीन निजी स्कूलों पर कार्रवाई करते हुए उसे सील क रने का निर्देश कोडरमाएसडीओ द्वारा दिया गया है। जबकि जिले जिले में दर्जनों आंगन बाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं जहां छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते दिख रहे हैं। इस मामले में प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन ने झारखंड सरकार द्वारा निर्गत पत्रांक संख्या1717 के विभागीय आदेशानुसार 5/म.स./आं.से. कोविड-19808/2020-2181, दिनांक 23 नवंबर 2021गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग झारखंड के आदेश ज्ञापांक 434/सीएस आरइएस-30 अक्टूबर 2021 तथा उपायुक्त कार्यालय कोडरमा समाज कल्याण शाखा ज्ञापांक 837/स.क., दिनांक 25 नवंबर 2021 हवाला दिया है और कहा है कि जिस प्रकार से 27 नवंबर से ही आंगनबाड़ी केंद्रों को खोलने हेतु आदेश दिया गया है और साथ ही राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए एसओपी के आधार पर कोविड-19 को पूरा करते हुए जिला के सभी प्रखंडों में निर्धारित किए गए समयानुसार पूर्वाहन 9:30 बजे से अपराहन 1 बजे तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का नामांकन एवं पठन-पाठन सुचारू रूप से कराया जा रहा है, उसी प्रकार प्राइवेट स्कूलों में पूर्व प्राथमिक ओर प्राथमिक कक्षाओं को संचालित करने का आदेश देने की मांग की है। एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शमायल अहमद के निदेर्शानुसार एवं प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे के निदेर्शानुसार सूबे के सभी जिलों में जिला अध्यक्ष के साथ उड़नदस्ता टीम बनाकर गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा है। पासावा कोडरमा की टीम भी जिले के सभी स्कूलों सैनेटाइज, मास्क,सैनिटाइजर इत्यादि उपलब्ध करने के साथ-साथ विद्यालय प्रांगण की सफाई पेयजल की उचित व्यवस्था पर निगरानी रखने की बात कही है।वहीं पूर्व प्राथमिक निजी विद्यालय चलाने वाले संचालकों ने कहा है कि इस आयु के बच्चे का नामांकन एवं पढ़ाई लिखाई आंगनबाड़ी केंद्र प्री नर्सरी मॉडल स्कूल में हो सकती है तो पूर्व प्राथमिक या प्ले स्कूलों में क्यों नहीं। एसोसिएशन ने राज्य सरकार एवं जिला उपायुक्त से आग्रह करते हुए कहा है कि निजी एवं सरकारी स्कूल देश के नौनिहाल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर देश निमार्ता बनाने का काम करती है। ऐसे में निजी विद्यालयों के साथ सौतेला व्यवहार न अपनाया जाए। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ बीएनपी वर्णवाल और सचिव तौफिक हुसैन ने अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा कुछ निजी विद्यालयों पर किए गए कार्रवाई की निंदा करते हुए विभाग की दोहरी नीति को विचारणीय बताया। उन्होंने कहा है कि जिस प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 वर्ष से 6 वर्ष की आयु के बच्चे पढ़ने आ रहे हैं उसी प्रकार निजी स्कूलों को भी आदेश मिले।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse