कोडरमा। भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) की बैठक महावीर मुहल्ला में जिलाध्यक्ष परमेश्वर यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला सचिव सुरेंद्र राम ने जिला मे युवाओं की स्थिति और संगठन को मजबूत करने संबन्धी रिपोर्ट पेश किया जिसे बाद में सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में उपस्थित डीवाईएफआई के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि केन्द्र की भाजपानीत मोदी सरकार के द्वारा देश की नवरत्न कंपनियों बैंक, बीमा, रेलवे, कोयला, स्टील, पेट्रोलियम, हवाई अड्डा आदि को निजीकरण के नाम पर बेच रही है और देश को अडानी अम्बानी जैसे पूंजीपतियों के हांथों में गिरवी रखने की साजिश कर रही है, जिसके कारण सरकारी नौकरी खत्म हो रही है। मोदी सरकार ने वादा किया था कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, लेकिन आज करोड़ों युवा बेरोजगारी का दंश झेल रहा है। यहां तक कि डीप्रेशन के कारण आत्महत्या तक कर रहे हैं। वहीं झारखंड की हेमन्त सरकार भी युवाओं को भ्रम में रख रही है, विभिन्न विभागों की योजना कर्मियों सहिया, पोषण सखी, जल सहिया आदि को आठ महीने से मानदेय नहीं मिल रहा है। इसलिए रोजगार के सवाल पर और निजीकरण के खिलाफ युवाओं को आगे आना होगा। बैठक में एक हजार युवा युवतियों को डीवाईएफआई का सदस्य बनाने, 10 फरवरी तक यूनिट व अंचल सम्मेलन करने तथा 13 फरवरी को कोडरमा में डीवाईएफआई का जिला सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष परमेश्वर यादव, जिला सचिव सुरेंद्र राम, सुरेन्द्र यादव, शम्भु कुमार, शिवशंकर कुमार, मुकेश यादव आदि मौजूद थे।
एबीएन डेस्क, रांची। राजधानी रांची में गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार हो रही है। ताजा मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने जिले के ओरमांझी इलाके में बड़ा एक्शन लेते हुए 309 किलो गांजा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में बिहार के दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार तस्करों से एनसीबी पूछताछ कर रही है। रांची में एनसीबी ने पहली बार इतने बड़े पैमाने पर गांजा बरामद किया है।
कोडरमा। जवाहर नवोदय विद्यालय कोडरमा में वर्ग छह के प्रवेश परीक्षा, 2020 में कुछ विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक के द्वारा छात्र छात्राओं का फर्जी नामांकन कर फॉर्म भरवाया गया था। परीक्षा में चयनित होने के उपरान्त उनके द्वारा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी का फर्जी हस्ताक्षर कर नामांकन हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय, पूतो, कोडरमा को उपलब्ध कराया गया। मामले के संज्ञान में आने के बाद उपायुक्त ने पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया था। जांचोपरांत टीसी एवं हस्ताक्षर फर्जी पाया गया। अब जांच समिति द्वारा 5 प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की अनुशंसा की गई है। विधि सम्बत कार्रवाई करने के पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण की भी मांग की गई है। दोषी पाये गये प्रभारी प्रधानाध्यापक उ प्रावि, बेलखारा, चंदवारा के ब्रहमदेव राम, उ प्रावि, गुड्डुटांड, चंदवारा के बालबोध पाण्डेय, उ प्रावि, सिकन्द्री, चंदवारा के सिकन्दर भुइयां, नव प्रावि झराही, चंदवारा के पप्पू कुमार और उ प्रावि कझियाडीह, चंदवारा के पवन कुमार। जवाहर नवोदय विद्यालय, पूतो कोडरमा में वर्ग छह के प्रवेश परीक्षा 2021 में संस्कार इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, लोहासीकर, कोडरमा पर भी सवाल उठे हैं। अपेक्षित अवधि में मान्यता नहीं रहने के बावजूद इस विद्यालय से छात्र-छात्राओं का फॉर्म भराया गया था और इस विद्यालय से 9 छात्र-छात्राओं का चयन भी हुआ है। पर अपेक्षित अवधि में मान्यता नहीं रहने के कारण इन बच्चों का नामांकन जवाहर नवोदय विद्यालय, पूतो कोडरमा नहीं हो पाया है।
रांची। झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन शून्यकाल प्रश्न के माध्यम से रामगढ़ विधायक ममता देवी ने रामगढ़ जिला में विज्ञापन संख्या 01/2018 के सफल अभ्यर्थियों को अभी तक प्रशिक्षण में नहीं भेजने के मुद्दे को सदन में उठाया। साथ ही उन्हें जल्द ही प्रशिक्षण पर भेजे जाने की मांग सदन से की। गृह रक्षा वाहिनी को बुनियादी प्रशिक्षण में पिछले 4 वर्षों से अब तक विलंब किया जा रहा है। जिससे बहुत से सफल अभ्यर्थियों के उम्र की समय सीमा समाप्त हो रही है जिसके कारण सभी सफल अभ्यर्थी व उनके परिजन काफी निराश हताश हैं जिसके लेकर पूर्व में भी विधायक ममता देवी कई माननीय मंत्रियों मुख्यमंत्री सहित झारखंड के डीजीपी तथा होमगार्ड डीजी से भी मिलकर इस समस्या से अवगत कराया था। पूर्व में सभी सफल अभ्यर्थियों ने विधायक से अवगत कराया था कि नियुक्ति प्रक्रिया में उनका शारीरिक जांच में विलंब हो रहा है। जिस पर विधायक महोदय ने पहल कर यह प्रक्रिया पूरी करवाई थीं। बीते कुछ दिन पूर्व ही सभी सफल अभ्यर्थी गणों ने रामगढ़ विधायक से आग्रह किया था। शारीरिक जांच होने के बावजूद उन्हें प्रशिक्षण में नहीं भेजा जा रहा है, जिसे लेकर आज विधायक महोदय आने माननीय सदन के माध्यम से सभी सफल अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण में भेजने की मांग की।
कोडरमा। उपायुक्त आदित्य रंजन के दिशा निर्देश पर आगामी मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा हर शनिवार को सभी सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों का टेस्ट लिया जाएगा। इसी क्रम में दिनांक- 18 दिसम्बर को कुछ चयनित विद्यालयों में दशवीं व बारहवीं के छात्र- छात्राओं का टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। जिससे विद्यालय के सभी शिक्षकों व बच्चों को टेस्ट का पैटर्न समझने में आसानी होगी व अन्य विद्यालयों में भी इसकी शुरूआत आसानी से किया जा सकेगा। उपायुक्त महोदय द्वारा इस कार्यक्रम को Project RAIL (Regular Assessment for Improved Learning) नाम दिया गया है। हर सप्ताह के अंत मे टेस्ट लेने के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए उपायुक्त महोदय ने बताया कि टेस्ट होने से सबसे पहले तो सभी विद्यालयों में एक यूनिफॉर्म सिलेबस चलेगा और समय रहते पूरे सिलेबस को हर विद्यालय में पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही साथ कोरोना के वजह से जो बच्चों का लर्निंग आउटकम का पता नहीं चल पा रहा था वह भी नियमित रूप से टेस्ट होने पर समझ आएगा और बच्चों का परफॉर्मेंस रजिस्टर तैयार किया जा सकेगा। जिससे आगे होने वाले PTM में बच्चों के प्रोग्रेस को उनके पेरेंट्स के सामने अच्छे से बताया जा सकेगा। साथ ही साथ बच्चे टेस्ट होने के कारण रिवीजन भी चालू कर देंगे। इससे बच्चों का एग्जाम के प्रति डर भी कम होगा और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी सह पीएमयू अध्यक्ष ने भी इस कार्यक्रम को काफी सराहनीय पहल बताया और कहा कि हर हफ्ते टेस्ट होने से विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति में काफी बढ़ोतरी होगी और सभी शिक्षक भी अपने विषय को समय रहते पूर्ण और सही ढंग से बच्चों को पढ़ाएंगे। साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालयों में टेस्ट की पूरी जिम्मेदारी पीएमयू सदस्य विशाल कुमार, आरती सिन्हा, धनपाल व आशिता आराध्या को दी गयी है। विद्यालय में सुचारू व सही ढंग से टेस्ट करवाना, रिजल्ट तैयार व घोसित करवाना एवं अन्य विद्यालयों में भी इस कार्यक्रम को रेप्लिकेट करवाना इन्हीं की जिम्मेदारी होगी। वहीं परियोजना बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश सिन्हा ने इसे जिला प्रशासन की एक यूनिक पहल बताया और कहा कि सभी शिक्षक इस कार्यक्रम को सफल बनाने में बढ़चढ़ कर योगदान देंगे। और हर सप्ताह के अंत मे टेस्ट को लेकर बच्चों के साथ साथ शिक्षकगण भी उत्साहित एवं तैयार है। 18 दिसंबर को परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, कोडरमा, हाई स्कूल, कोडरमा, सीएच प्लस टू उच्च विद्यालय, झुमरीतिलैया, सी डी बालिका उच्च विद्यालय, झुमरीतिलैया, यूएमएस बेहराडीह, डोमचांच, रामोममो प्लस टू उच्च विद्यालय, चंदवारा में टेस्ट का आयोजन होगा। विदित हो कि उपायुक्त महोदय के विजन को हकीकत करने में पूरी पीएमयू टीम लगी हुई है। आये दिन मॉडल स्कूल हेतु चयनित विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जैसे कि कार्ड मेकिंग कॉम्पिटिशन, ड्रॉइंग, रंगोली, पोस्टर मेकिंग, स्पीच,डिबेट क्लब के गठन, हेल्थी कुकिंग कॉम्पिटिशन, विज्ञान प्रदर्शनी व अन्य। साथ ही साथ बच्चों को पदाधिकारियों द्वारा भी पढ़ाया जा रहा है, जिससे बच्चों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
गढ़वा। गढ़वा के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। गढ़वा में मेडिकल कॉलेज खुलने वाला है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख एल मांडविया ने सांसद विष्णु दयाल राम के अनुरोध पर उन्हें गढ़वा में मेडिकल कॉलेज खोले जाने का भरोसा दिया है। सांसद विष्णु दयाल राम ने इसकी जानकारी देते हुये बताया कि उन्होंने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित निर्माण भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख एल मांडविया से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि पलामू संसदीय क्षेत्र अंतर्गत गढ़वा जिला देश के 115 आकांक्षी जिलों में से एक है जहां चिकित्सीय सुविधा का घोर अभाव है। साधारण सी बीमारी के इलाज के लिए भी करीब 180 किलोमीटर दूर रांची जाना पड़ता है। प्रधानमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री जी की यह मंशा है कि देश के गरीबों एवं ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को सस्ती और अच्छी स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध हो सके, ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए। उनकी यह भी मंशा है कि प्रत्येक जिला मुख्यालय में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज होना चाहिए। लेकिन गढ़वा जिला में कोई भी मेडिकल कॉलेज नहीं है। सांसद ने बताया कि उपरोक्त मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि नए मेडिकल कॉलेज की दूसरी सूची बन रही है उसमें गढ़वा मेडिकल कॉलेज को प्राथमिकता दी जाएगी। सांसद ने उम्मीद जतायी है कि गढ़वा जिले में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति जल्द होगी।
चाईबासा। नक्सल प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान प्रतिबंधित संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट आॅफ इंडिया (पीएलएफआई) के एक वरिष्ठ सदस्य को मार गिराया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि पीएलएफआई के क्षेत्रीय कमांडर मंगरा लुगुन पर 2 लाख रू का इनाम घोषित था। गुप्त सूचना के आधार पर जिले की सशस्त्र पुलिस और सीआरपीएफ ने बृहस्पतिवार तड़के रीदा जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया और इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा बलों की जवाबी गोलीबारी में लुगुन की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसका शव बरामद कर लिया गया है जबकि जंगल में अभी भी तलाशी अभियान जारी है।
रांची। भाजपा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है लेकिन ठंड से बेबस गरीब के लिए हेमंत सरकार को अलाव और कंबल की तनिक भी चिंता नहीं है। दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में पारा 6 डिग्री और इससे नीचे पहुंच गया है लेकिन हेमंत सरकार मदमस्त हांथी की चाल चल रही है। इस सरकार को गरीब, गरीबी और गरीबों के दर्द से कोई लेना देना नहीं। उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि दिसंबर महीने तक ठंड अपने चरम पर रहता है। ठंड से बचाव के लिए अलाव और कंबल की चिंता सरकार को पूर्व से करना चाहिए था। इस निकम्मी सरकार को प्रदेश के विकास के साथ साथ लोगों की जान से भी लेना देना नहीं। वहीं भाजपा सांसद ने कहा कि हेमंत सरकार विकास कार्य में बेशर्म और लोगों को राहत देने में बेरहम सरकार साबित हुई है। उन्होंने हेमंत सरकार यथाशीघ्र गरीबों के लिए कंबल और अलाव की व्यवस्था शीघ्र करने की मांग की। उन्होंने हेमंत सरकार द्वारा मगही, भोजपुरी, अंगिका, मैथिली जैसी भाषाओं को नियुक्ति नियमावली से बाहर किए जाने पर कहा कि कांग्रेस भाषा के सवाल पर जनता को दिग्भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे से कांग्रेस लुका छिपी का खेल खेल रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse