गुमला। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज भरनो प्रखंड के सुपा, बसिया प्रखंड के तेतरा तथा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में पंचायतस्तरीय/ निकाय स्तरीय शिविर लगाया गया। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज भरनो प्रखंड के सुपा, बसिया प्रखंड के तेतरा तथा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में पंचायतस्तरीय/ निकाय स्तरीय शिविर लगाकर सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ योग्य लाभुकों से योजना संबंधित आवेदन प्राप्त करते हुए उनका त्वरित निष्पादन किया गया। आज आयोजित पंचायतस्तरीय शिविरों में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मनरेगा के जॉब कार्ड हेतु आवेदन प्राप्त करने तथा प्रवासी श्रमिकों के लिए प्राथमिकता के आधार पर जॉब कार्ड बनाने का निर्देश दिया गया। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत हड़िया बिक्री के रोजगार में संलग्न महिलाओं की पहचान कर उन्हें वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराया गया। शिविर में श्रम विभाग द्वारा असंगठित क्षेत्र के कामगारों का ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन सुनिश्चित कराया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को पोषण से संबंधित जानकारियां दी गई। सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच कंबल वितरण किया गया। सोना-सोबरन धोती/लुंगी-साड़ी योजना के तहत लाभुकों के बीच वस्त्र वितरण किया गया। इसके साथ ही शिविर में चिकित्सा अनुदान योजनांतर्गत आवेदकों से आवेदन पत्र प्राप्त किए गए। बसिया प्रखंड के तेतरा पंचायत में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में लाभुकों के बीच सरकार के जनकल्याणकारी य़ोजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें कोरोना का टीका लगवाने हेतु प्रेरित भी किया गया। शिविर में लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओ के लाभांश का वितरण किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर 34 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। वहीं भरनो प्रखंड के सुपा पंचायत में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में पंचायतवासियों से जाति/ आय/ आवासीय/ वनाधिकार पट्टा/ राशन कार्ड/ पेंशन/ केसीसी आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं के त्वरित निष्पादन का कार्य किया गया।नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में आयोजित पंचायतस्तरीय शिविर में सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद ने सहभागिता कर लोगों को सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य रूप से जन्म/ मृत्यु प्रमाण पत्र, होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स, वार्डों की साफ-सफाई, ट्रेड लाईसेंस, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायतों, स्वयं सहायता समूहों का क्रेडिट लिंकेज, ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित कामगारों का निबंधन आदि कार्यों/ शिकायतों का निष्पादन किया गया।
गुमला। गुमला उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में जिला योजना/ विशेष केंद्रीय सहायता योजना/ आकांक्षी जिला योजना/ डीएमएफटी/ अनाबद्ध निधि तथा पर्यटन मद अंतर्गत स्वीकृत एवं कार्यान्वित योजनाओं के प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आईटीडीए भवन के सभागार में की गई। बैठक में श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन अंतर्गत सदर प्रखंड के तेलगांव एवं करौंदी पंचायतों में स्वीकृत एवं कार्यान्वित योजनाओं की समीक्षा की गई। करौंदी एवं तेलगांव पंचायतों में जेएसएलपीएस द्वारा दीदी कैंटीन के संचालन हेतु स्वयं सहायता समूह की 10 महिलाओं का चयन कर उन्हें कैंटीन शुरू करने हेतु 01 लाख की राशि उपलब्ध कराया जाना था। जिसमें से अबतक 04 महिलाओं का चयन किया जा चुका है तथा इन महिलाओं ने दीदी कैंटीन की शुरूआत भी कर दी है। इसपर उपायुक्त ने उक्त योजना के अतिरिक्त फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को भी कैंटीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में तेलगांव पंचायत के कोनाटोली में एनआरईपी द्वारा हेरिटेज विलेज एवं पर्यटन के विकास का कार्य वन भूमि होने के कारण स्थगित है। इसपर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को अगले दो दिनों के अंदर वन विभाग के साथ समन्वय स्थापत करते हुए एनओसी प्राप्त करने अन्यथा उक्त कार्य वन विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया। विकास भारती द्वारा भारतीय लोक कल्याण संस्थान, रांची द्वारा तेलगांव पंचायत में 86 स्वयं सहायता समूह परिवारों को ब्रॉयलर फार्मिंग से जोड़ने की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि संस्थान द्वारा अबतक कार्य पूर्ण नहीं किया गया है। इसपर उपायुक्त ने निर्धारित समयावधि के अंदर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया तथा कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बरते जाने पर संस्थान को ब्लैकलिस्ट करने का सख्त निर्देश दिया। वहीं संस्थान द्वारा तेलगांव पंचायत में चेकडैम फ्रंट पार्क निर्माण का कार्य भी अपूर्ण पाया गया। इसपर उप विकास आयुक्त ने 31 जनवरी 2022 तक सभी अपूर्ण कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया। व्रीता वेंचर्स के कार्यों की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि करौंदी एवं तेलगांव पंचायतों में स्मार्ट कक्षाओं में शैक्षिक उपकरणों एवं तकनीकों से लैस मॉडल विद्यालयों के अधिष्ठापन का कार्य 60 प्रतिशत पूर्ण किया गया है। उपायुक्त ने शेष कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने का निर्देश दिया। वहीं उप विकास आयुक्त ने समय पर स्मार्ट कक्षाओं को अधिष्ठापित कर वीडियो प्रलेखन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही करौंदी एवं तेलगांव पंचायतों के स्वास्थ्य सब सेंटर एवं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में आपूर्ति किए गए चिकित्सीय संसाधनों तथा मरम्मत कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।बैठक में जिला खनिज फाउण्डेशन ट्रस्ट मद अंतर्गत स्वीकृत पथ निर्माण योजनाओं की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में कामडारा प्रखंड के कोनसा पंचायत स्थित ग्राम मिलगाटोली में मुरूमकेला महुगांव के पथ से मिलगाटोली स्कूल तक पीसीसी पथ निर्माण का कार्य अपूर्ण पाया गया। शेष ढलाई कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। वहीं चैनपुर प्रखंड के जनावल नवाटोली के बलवीर कुजूर के घर से सरना स्थल तक पीसीसी पथ निर्माण का कार्य 80 प्रतिशत पूर्ण पाया गया। उपायुक्त ने शेष कार्य भी ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही मिनि वॉटर सप्लाई योजनांतर्गत 01 एचपी डीसी सोलर मोटर पंप अधिष्ठापना की समीक्षा के दौरान पाया गया कि 60 योजनाओं में से 20 योजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इसपर उपायुक्त ने पूर्ण/ अपूर्ण कार्यों का आंकलन करते हुए अगले तीन दिनों में स्थल निरीक्षण एवं जांच करते हुए योजनाओं की प्रगति प्रतिवेदित करने का निर्देश कोन रियल इन्फ्रा एजेन्सी को दिया तथा एमके सेल्स द्वारा 20 में से 10 योजनाएं पूर्ण करने पर शेष 10 योजनाओं को 15 जनवरी 2022 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा शिक्षा विभाग द्वारा जिले के 11 विद्यालयों में 11 एकाई गैस चूल्हे, कक्षाओं में बेंच-डेस्क, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में डाइनिंग टेबल, 10 अदद अल्मीराह एवं खेल सामग्री की आवश्यकता बताई गई। जिसे बैठक में सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेंद्र पाण्डेय, प्रभारी पदाधिकारी जिला विकास शाखा मोनिका रानी टूटी, जिला उद्यान पदाधिकारी नरेश कुमार चौधरी, सहायक योजना पदाधिकारी विभूति नारायण सिंह, सहायक खनन पदाधिकारी रामनाथ राय, डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी, जिला अभियंता जिला परिषद, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई/ विशेष प्रमंडल, सहायक अभियंता पीएचईडी, आरएस इंटरप्राईजेज रांची/ कोन रियल इन्फ्रा रांची/ एमके सेल्स रांची के प्रतिनिधि, विकास भारती के प्रतिनिधि, अभिसरण विशेषज्ञ गीता देवी, एडीपीओ पीयुष गुप्ता, कार्यालय अधीक्षक शशि कुमार मिश्रा व अन्य उपस्थित थे।
कोडरमा। झारखंड पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के आह्वान पर कोडरमा में राज्यव्यापी हड़ताल का असर 12 घंटे तक देखने को मिला। चार सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल बुलाई गई थी। सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक नो परचेज नो सेल की तर्ज पर पेट्रोल पंप कार्य करता रहा। वहीं झारखंड सरकार का आदेश बेअसर रहा। सरकार ने बंद को अवैध घोषित कर दिया था। पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अधिकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। जिले के झुमरी तिलैया, कोडरमा, सतगावां, जयनगर, डोमचांच, मरकच्चो और चंदवारा के 70 पेट्रोल पंप में लगभग ढाई लाख लीटर डीजल-पेट्रोल की बिक्री प्रभावित हुई और इसमें ढाई करोड़ का व्यवसाय भी बाधित रहा। जबकि कोडरमा जिला से 50 लाख रुपये का राजस्व सरकार को प्राप्त नहीं हो सका। कोडरमा डीलर पेट्रोलिएम एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सोमानी, सचिव दीपक छाबड़ा के अलावा कोषाध्यक्ष सुभाष मोदी, ओमप्रकाश सिंह, आनंद सामंतो, प्रदीप भदानी, भोला वच्चन देव, अमित अग्रवाल, संतोष यादव, मथुरा साव, दीपक अग्रवाल, विपीन मोदी के पेट्रोल पंप बंद रहे। एसोसिएशसन के पदाधिकारियों ने बताया कि डीजल-पेट्रोल में झारखंड में 22 प्रतिश्त वैट लगाया गया है जिसे 17 प्रतिशत करने की मांग की गई है। वहीं पड़ोसी राज्य बिहार-बंगाल में वैट कम होने की वजह से झारखंड की बसें और ट्रक डीजल-पेट्रोल की खरीदारी वहीं से कर रहे हैं। कोडरमा के बॉर्डर एरिया रजौली से लोग पेट्रोल-डीजल चार से पांच रुपए प्रति लीटर कम में खरीदकर ला रहे हैं। इसको इस ओर गंभीरता पूर्वक विचार करने की जरुरत है। वहीं सरकारी बकाया राशि का भुगतान शीघ्र करने तथा भविष्य में सरकार के विभिन्न कार्यालयों में संचालित वाहनों में डीजल-पेट्रोल भराने के 15 दिनों के अंदर भुगतान करने तथा बायो डीजल के नाम पर नकली डीजल की बिक्री पर अविलंब रोक लगाने, पर्याव्रारण असंतुलन ओर गरीब जनता को इससे राहत दिलाने की मांग शामिल है। इधर, हड़ताल को लेकर एसोसिएशन ने इमरजेंसी सेवा के लिए पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था अलग से कर रखा था। पेट्रोल पंपों के बंद होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। पेट्रोल-डीजल के लिए लोग इधर-उधर घूमते देखे गये।
कोडरमा। राज्य योजना अंतर्गत वर्ष 2021 हेतु प्रारंभिक विद्यालय के तीन शिक्षक एवं माध्यमिक विद्यालय के दो शिक्षकों को पुरस्कृत करने हेतु जिला चयन समिति द्वार चयन किया गया। जिला चयन समिति द्वारा चयनित शिक्षकों को उपायुक्त आदित्य रंजन ने मेडल व शॉल देकर पुरस्कृत किया। जिला स्तरीय शिक्षक पुरस्कार 2021 के तहत प्रारंभिक विद्यालय अंतर्गत अश्विनी कुमार तिवारी आदर्श मध्य विद्यालय, उमेश कुमार सिन्हा राजकीयकृत आदर्श मध्य विद्यालय डोमचांच अनुराधा कुमारी सिन्हा आदर्श मध्य विद्यालय डोमचांच और माध्यमिक विद्यालय अंतर्गत ओम प्रकाश सिन्हा परियोजना बालिका उच्च विद्यालय कोडरमा व सुनील कुमार सिन्हा सीडी बालिका उच्च विद्यालय, झुमरी तिलैया को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त प्रारंभिक विद्यालय के शिक्षकों को 10 हजार एवं माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को 15 हजार की पुरस्कार राशि भी दिया। उपायुक्त ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए आगे और भी बेहतर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने में आपलोगों का योगदान अहम होता है। इसी तरह से बेहतर कार्य करें और बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करें ताकि उनके बेहतर भविष्य बन सके। मौके पर उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, स्थापना उप समाहर्ता पारस यादव, जिला शिक्षा पदाधिकारी अलका जायसवाल व अन्य मौजूद थे।
रांची। झारखंड के कई जिले शीतलहर की चपेट में हैं। बावजूद स्कूल सुबह 8 बजे से ही संचालित हो रहे हैं। स्कूल पहुंचने के लिए कई विद्यार्थियों को सुबह 7 बजे ही घर से निकलना पड़ रहा है। इसे लेकर उनकी परेशानी बढ़ गई है। अभिभावकों ने छात्र-छात्राओं को हाड़ कंपाती ठंड से बचाने की गुहार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो और उपायुक्त छवि रंजन से लगाई है। उनका कहना है कि शिक्षा विभाग की अदूरदर्शिता के कारण बच्चों के जान खतरे में पड़ गयी है। राज्य में पड़ रही कड़ाके की ठंड से स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं काफी प्रभावित हो रहे हैं। हवा चलने से ठंड के साथ कनकनी बढ़ गई है। कई जिलों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। तापमान कम होने का कारण बढ़ी ठंड से छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने काफी परेशानी हो रही है। आने वाले दिनों में तापमान और गिरने की उम्मीद जताई जा रही है। मध्य विद्यालय के कक्षा 6 से 8 तक प्रात: 8 बजे से पूर्वाह्न 12 बजे तक कक्षाएं चल रही है। स्कूल पहुंचने के लिए छात्र-छात्राओं को सुबह 7 बजे घर से निकलना पड़ता है। उस समय सर्द हवा और हाड़ कंपाने वाली कनकनी से बच्चों को गुजरना पड़ रहा है। इस समय स्कूल के कमरे और ठंडी हो जाती है। पठन पाठन करने वाले बच्चे पढ़ाई के दौरान ठंड से ठिठुर रहे हैं। ठंड बढ़ने के कारण छात्र-छात्राओं का जीवन खतरे में पड़ गया है। अभिभावकों ने कहा कि स्थिति के मद्देनजर छात्र-छात्राओं को ठंड से बचाने के लिए समुचित कदम उठाये जाने की जरूरत है। अभिभावकों ने सीएम, शिक्षा मंत्री और उपायुक्त से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
रांची। सोमवार को आदिवासी मूलवासी सामाजिक संगठनों का संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में स्थानीय एवं नियोजन नीति तथा अन्य ज्वलंत मसलों को लेकर राजभवन के समक्ष महाधरना का कार्यक्रम हुआ।राज्यपाल को ज्ञापन समर्पण के पूर्व डाक्टर करमा उरांव ने निम्नलिखित प्रस्ताव रखे जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया-:1) स्थानीय एवं नियोजन नीति तुरन्त परिभाषित की जाये जिसमें 1932 खतियान या अंतिम सर्वे रिकार्ड प्रमुख आधार रखी जाये।अन्य शर्तों में राज्य की मुख्य भाषा, संस्कृति ,जीवनशैली एवं परम्पराओं की जानकारी भी प्रमुख शर्तो में हो। 2) भ्रष्टाचार मुक्त राज्य की स्थापना की जाये।राज्य बनने के साथ ही राज्य में शासन एवं प्रशासनिक तंत्र में भ्रष्टाचार का उद्योग प्रखंड से लेकर राज्य सचिवालय तक व्याप्त रही है, जो आज भी कायम है और इस व्यवस्था को रोकी जाये। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का उद्योग चरम पर है। 3) स्थानीय और नियोजन नीति अविलंब परिभाषित की जाये और राज्य में रिक्त पड़े विभिन्न संवरगीय पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया विधि सम्मत शुरू की जाये। 4) जेपीएससी की वर्तमान संयुक्त परीक्षा में भारी अनियमितता बरती गई है जिसके लिए पूरी तरह से अध्यक्ष जिम्मेवार हैं उसे पद से हटने के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री अध्यक्ष जेपीएससी को सलाह दें और परीक्षा अविलम्ब रद्द की जाये। 5) राज्य में विस्थापन और पुनरस्थापन आयोग का गठन, माॅब लीन्चिंग के लिए कड़े कानून बनाये जाये। मछुआरा एवं अन्य सीमांतक जातियों के आर्थिक विकास और नीति बनाई जाये। 6) राज्यपाल भारत सरकार से अनुरोध करे की ऐसे आईएएस/ आईपीएस पदाधिकारियों की पदस्थापना करे जिन्हें भाषा, संस्कृति और अन्य परिस्थितियों की जानकारी हो। 7) राज्य में उद्योग नीति ऐसी बने जिसमें यहां के उद्योगपति, व्यवसायी एवं अन्य कारोबारियों को आर्थिक सहायता एवं अन्य सुरक्षा उनके संवर्धन, संरक्षण की दिशा में गारंटी मिले जिसे यहां के उद्यमियों को आगे बढ़ने का मौका मिले। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने अपनी सहभागिता दिखाई और अपनी भावनाओं से अवगत कराये। सभा के माध्यम से डाक्टर करमा उरांव जी ने निर्मित ज्ञापन के प्रत्येक बिन्दु को विषयवार पढ़ा और उपस्थित सदस्यों ने अपनी सहमति जताई। डॉ करमा उरांव ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार की आवश्यकता पर बल दिया और झारखंड के सभी जनप्रतिनिधि अपनी सम्पति की घोषणा करे इससे संबंधित प्रस्तावना पारित किया। उपस्थित सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि ने अपने वक्तव्य में आदिवासी मूलवासी को नजरअंदाज कर सत्तासीन सरकार को चेतावनी दी की सुधर जाओ वरना गद्दी छोड़ो।डॉ करमा उरांव जी ने सभी आये हुए विभिन्न संगठनों के जनप्रतिनिधि को भारी संख्या में उपस्थिति पर साधुवाद और धन्यवाद दिया और आनेवाले समय और आगे की लड़ाई के लिये एकजुटता बनाये रखने की अपील की। मंच का संचालन संगठन के सक्रिय सदस्य अंतु तिर्की ने किया और धन्यवाद ज्ञापन बलकू उरांव ने किया। आज इस महाधरना के कार्यक्रम में अंतू तिर्की, प्रेम शाही मुंडा, राजू महतो, आजम अहमद, फूलचंद तिर्की, शिवा कच्छप, लोहरमेन उरांव, बहुरा उरांव, माधो कच्छप, विभय नाथ शाहदेव, प्रवीण देवघरिया, रमजान कुरैशी, उत्तम लाल, चरण केवट, धर्म दयाल साहू, बहुरा एक्का, डॉ मुजफ्फर हुसैन, गीता लकड़ा, निरंजना हेरेंज टोप्पो, शिव प्रसाद साहू, प्रेम चन्द्र मुर्मू, एस अली, बलकु उरांव, सुनिल सिंह, सुबोध दांगी, सुशांत मुखर्जी, अभय भुटकुंवर, रामपोदो महतो, देवसहाय मुंडा, संजय तिर्की, गोविन्द बेदिया, चामु बेक, शिव शंकर महतो, रिंकू खान, प्रवीण सहाय, सुभाष, अनिल दयाल, शैलेशवर दयाल, अरविन्द देवघरिया, इजराइल खालिद, कृष्णा मुंडा, सोनू तिर्की, सूर्या तिर्की, हरीश मुंडा, इसरार आलम, प्रणव कुमार बब्बू विशेष रूप से घाटशिला से चलकर आये झारखंड आंदोलनकारी सुर्य सिंह बेसरा एवं अन्य उपस्थित लोगों ने अपने बहुमूल्य विचार व्यक्त किये। उक्त महाधरना में 50 से अधिक विभिन्न संगठनों के लोगों ने भाग लिया। यह भी निर्णय लिया गया कि 12 मार्च 2022 को उक्त मांगों के अतिरिक्त झारखंड के अन्य मसलों को लेकर राज्य की राजधानी रांची में एक विशाल रैली के आयोजन की घोषणा की। 15 जनवरी 2022 को सामाजिक संगठनों की प्रतिनिधि सभा और 12 मार्च 2022 को आदिवासी मूलवासी की महारैली की घोषणा की गई।
रांची। रांची पुलिस को उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। रांची एसएसपी सुरेंद्र झा को गुप्त सूचना मिली कि टीपीसी उग्रवादी लेवी वसूल कर बाइक से जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसएसपी की क्यूआरटी ने कार्रवाई करते हुए छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने बताया कि खलारी बुड़मू, चान्हो, मांडर, ठाकुर गांव क्षेत्र में आतंक का पर्याय बने टीपीसी उग्रवादी खलील उर्फ राहुल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल छापेमारी कर रही है और भारी मात्रा में हथियार जब्त की है। खलील उर्फ राहुल संतोष लोहरा हत्याकांड के बाद 21 जून 2020 से वांटेड था। टीपीसी उग्रवादी खलील उर्फ राहुल गंझू ने 2020 को माओवादी मोहन यादव की हत्याकांड ,चान्हो थाना क्षेत्र के हर्रा गांव में रामपाल सिंह के घर मे पोस्टरबाजी व गोली चलाने के मामले में पुलिस उसे तलाश कर रही थी। गिरफ्तार उग्रवादियों से पुलिस गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है और उग्रवादी से अधिक से अधिक जानकारी हासिल जुटाने का प्रयास कर रही है। हालांकि पुलिस के वरीय पदाधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। पुलिस के वरीय पदाधिकारी ने बताया कि यदि माओवादी या उग्रवादी गिरफ्तार हुए हैं तो जल्द ही प्रेसवार्ता कर जानकारी दी जाएगी।
एबीएन डेस्क, रांची। उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं के चलते झारखंड शीतलहर की चपेट में है। यहां कई जिलों में पारा पांच डिग्री तक लुढ़क गया। राज्य के आधा दर्जन से अधिक जिलों में न्यूतनतम तापमान पांच डिग्री पर पहुंच गया। शनिवार को कांके में पारा चार डिग्री पर रहा। वहीं मैकलुस्कीगंज में यह तीन डिग्री पर रहा। इसके अलावा गुमला, लोहरदगा में भी पारा दो डिग्री पर रहा। रांची शहर का तापमान भी आठ से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटे में तपामान तीन से चार डिग्री तक गिरेगा। मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी से उत्तर दिशा से सर्द हवा का बहाव तेज होने से राज्य के आधा दर्जन से अधिक जिलों में में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे चला गया। बताया गया कि अगले 24 घंटे के दौरान झारखंड के उत्तरी और मध्य भाग में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेसि और दक्षिणी भाग के पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में पारा तीन से चार डिग्री सेसि नीचे जा सकता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse