झारखंड

View All
Published / 2021-11-22 04:00:59
ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर में 8 लोग घायल, दो गम्भीर

गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र बेको मोड़ के मूर्गिया टोंगरी के पास सोमवार सुबह एक स्काॅर्पियो ने टैंकर को टक्कर मार दी, जिससे स्काॅर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।जबकि 7 अन्य लोग भी लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए डुमरी के मीना जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें एक की हालत गंभीर है।जानकारी के अनुसार यह हादसा बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड बेको मोड के मूर्गिया टोंगरी के पास हुआ।जहां पर एक ट्रेंकर धनबाद से बगोदर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बगोदर से धनबाद की ओर एक तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने विपरीत दिशा से आ रही टैंकर को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्काॅर्पियो में सामने बैठी सवारियां और ड्राइवर बीच में ही फंस गए। इस हादसे में स्काॅर्पियो चलाक गंभीर रूप से घायल हो गया।जबकि 7 लोग घायल हो गए।

Published / 2021-11-21 15:40:41
पलामू : चैनपुर थाने में सफाई के दौरान ब्लास्ट, मुंशी समेत पांच जख्मी

एबीएन डेस्क, पलामू। पलामू के चैनपुर थाने में रविवार को सफाई के दौरान विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में थाने के मुंशी समेत पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों में चार चौकीदार हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। घटनास्थल से पुरानी बोतल के टुकड़े मिले हैं। इसी में विस्फोट होना बताया जा रहा है। पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि रविवार को थाने में सफाई चल रही थी, इसी क्रम में ब्लास्ट हुआ है। यह ब्लास्ट बोतल या सुतली बम का है, इस बिंदु पर जांच की जा रही है।वरीय अधिकारियों को जांच के लिए भेजा गया है। आशंका जताई जा रही है सफाई के दौरान गर्म हो कर बोतल में विस्फोट हुआ। विस्फोट में चैनपुर थाने के मुंशी सुबोध कुमार, संतु मांझी, नंदू माझी, मंटू मांझी और फेकन मांझी जख्मी हो गए। सभी को तत्काल थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने इलाज के लिए MMCH में भर्ती कराया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टर की टीम सभी के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। घटनास्थल पर जांच के लिए एसपी चंदन कुमार सिन्हा और अभियान रिश्ते बृजेंद्र मिश्रा पहुंच गए हैं।

Published / 2021-11-21 15:35:57
जिप प्रधान शालिनी गुप्ता ने की हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग

कोडरमा। जिला परिषद प्रधान शालिनी गुप्ता ने कोडरमा और पारसनाथ स्टेशन पर हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में रेलवे मंत्रालय के साथ ही रेल मंत्री, रेलवे चेयरमैन और महाप्रबंधक को ट्वीट किया है। रविवार को इस ट्वीट में उन्होंने कहा कि 12307 और 12308 हावड़ा जोधपुर एक्सप्रेस का ठहराव 1 जून 2020 से ही झारखंड के कोडरमा जंक्शन और पारसनाथ स्टेशन पर नहीं हो रहा है। वहीं कोहरे के कारण 12987 और 12988 सियालदह अजमेर एक्सप्रेस का परिचालन 1 दिसम्बर 2021 से 28 फरवरी 2022 तक रद्द करने की घोषणा की गयी है। ऐसे में राजस्थान के जयपुर, कोटा, अजमेर और खाटूश्याम का सम्पर्क झारखंड के लोगों से कट जाएगा। जिप प्रधान शालिनी गुप्ता ने आग्रह किया है कि उक्त ट्रेनों का ठहराव पूर्व की भांति कोडरमा और पारसनाथ स्टेशन पर किया जाय। इसके साथ ही हजारीबाग रोड स्टेशन पर भी 12801 और 12802 पुरी नयी दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का ठहराव पूर्व की भांति शुरू किया जाय ताकि स्थानीय लोगों को दूर की यात्रा करने में सुविधा हो सके।

Published / 2021-11-21 12:07:56
कोडरमा सांसद और उपायुक्त ने किया मॉडल आंगनबाड़ी प्री नर्सरी स्कूल का उद्घाटन, अब गूंजेगी "किलकारी"

कोडरमा। अन्नपूर्णा देवी माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री व उपायुक्त आदित्य रंजन ने कोडरमा प्रखंड के लोचनपुर स्थित मॉडल आंगनबाड़ी प्री नर्सरी स्कूल (किलकारी) केंद्र का उद्घाटन किया। कोडरमा सांसद ने अपने संबोधन में कहा कि मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को सारी जानकारियां दी जाएगी। ताकि जब बच्चे स्कूल जाएंगे तो उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो। बच्चों के समुचित विकास के लिए केंद्र में खेलकूद की सामग्री उपलब्ध कराई गई है ताकि उन्हें खेल की जानकारी मिल सके और उनका शारीरिक विकास हो सके। बच्चों को चीजों के समझने के लिए दीवारों पर फल व फूल के नाम, एनिमल के नाम वर्णमाला इत्यादि प्रदर्शित की गई है।उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के खान-पान के साथ शारीरिक विकास का पूरा प्रयास जिला प्रशासन करेगा। कोडरमा प्रखंड कार्यालय समीप स्थित पार्क में सांसद व उपायुक्त ने ओपन जिम का फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही पार्क में योगा सेट निर्माण हेतु भूमि पूजन किया गया। ओपन जिम से नगर परिषद के शहर वासी व्यायाम औ योगा कर सकेंगे। सांसद और उपायुक्त ने पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने पुस्तकालय में मौजूद छात्र-छात्राओं से बातचीत की। उपायुक्त ने नगर प्रशासक झुमरी तिलैया नगर परिषद को निर्देशित करते हुए कहा कि पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के दृष्टिकोण से और अधिक पुस्तक व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे। अन्नपूर्णा देवी माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री व उपायुक्त आदित्य रंजन द्वारा कोडरमा कोर्ट परिसर के समीप स्थित मॉडल मुख्यमंत्री भात केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस क्रम में उन्होंने संचालक सिपरोज महिला मंडल द्वारा बनाये गये भोजन की जानकारी प्राप्त किया। इसके अतिरिक्तश्रीमती अन्नपूर्णा देवी माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री व उपायुक्त श्री आदित्य रंजन द्वारा कोडरमा प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित दीदी कैफे और मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र का भी जायजा लिया गया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्री लोकेश मिश्रा, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी सुभाष यादव, गोपनीय प्रभारी जयपाल सोय, प्रखंड विकास पदाधिकारी रोशमा डुंगडुंग, अंचलाधिकारी अनिल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बढ़ाई, सहायक जनसंपर्क अधिकारी अविनाश कुमार व विभिन्न क्षेत्रों से आए स्किल पर्सन मौजूद थे।

Published / 2021-11-21 11:56:28
कोडरमा : ग्रिजली महाविद्यालय में अभिभावक शिक्षक बैठक

कोडरमा। ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन झुमरी तिलैया कोडरमा में रविवार को बीएड एवं डीएलएड 2020-22 के प्रशिक्षुओं के अभिभावकों एवं शिक्षकों के मध्य सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक की गई, जिसमें सर्वप्रथम अभिभावकों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया एवं पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महाविद्यालय की गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। अभिभावकों एवं शिक्षकों के मध्य प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास एवं अन्य गतिविधियों के आयोजन हेतु विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी। कार्यक्रम का प्रारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन मनीष पासवान जबकि संचालन वागीश दुबे ने किया।

Published / 2021-11-21 11:44:09
कोडरमा : सड़क दुर्घटना में अधेड़ महिला की मौत, जमुआ-गिरिडीह मुख्य मार्ग जाम

कोडरमा। गिरिडीह जिला अंतर्गत जमुआ थाना क्षेत्र के घोरंजो गांव में सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने जमुआ-गिरिडीह मुख्य मार्ग को शव के साथ जाम कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका भीखनी देवी (जिले के सतगावां बासोडीह निवासी) अपने रिश्तेदार के यहां आई थी। सड़क पार करने के क्रम में एक एंबुलेंस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। समाचार भेजे जाने तक जमुआ थाना की पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई थी। लोग शव के साथ सड़क को जाम कर मुआवजे की मांग पर डटे थे। जाम की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। इसमें शादी- विवाह से लौट रहे और शादी-विवाह में जाने वालों के वाहन भी फंसे नजर आए।

Published / 2021-11-21 11:39:20
रांची की मेयर आशा लकड़ा पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भरोसा, मिली राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी

एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड की राजनीति में भाजपा की बेहद मुखर महिला आदिवासी नेता आशा लकड़ा को पार्टी में बड़ी जिम्मेवारी सौंपी गई है। रांची नगर निगम की मेयर आशा लकड़ा को भाजपा का राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी पत्र में जिन पांच नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेवारी सौंपी गई है, उसमें झारखंड से आशा लकड़ा का नाम भी शामिल है। भाजपा ने महाराष्ट्र के विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री, बिहार के ऋतुराज सिन्हा को राष्ट्रीय मंत्री, झारखंड की आशा लकड़ा को राष्ट्रीय मंत्री, पश्चिम बंगाल के भारती घोष और शहजाद पूनावाला को राष्ट्रीय प्रवक्ता तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया है। अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी पत्र में कहा गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देश पर राष्ट्रीय स्तर पर इन नेताओं की नियुक्ति की गई है और यह तत्काल प्रभाव से लागू है।

Published / 2021-11-21 11:35:16
दिवंगत राष्ट्रीय पहलवान मनीष कुमार को कुश्ती खिलाड़ियों ने दी श्रद्धांजलि

कोडरमा। विगत 16 नवंबर को झारखंड राज्य कुश्ती संघ के राष्ट्रीय पहलवान सह राष्ट्रीय रेफरी मनीष कुमार का निधन इलाज के दौरान रिम्स में हो गया था। मनीष कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक जीत चुके थे। साथ ही वे एक अच्छे राष्ट्रीय स्तर के रेफरी भी थे। साथ ही कई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में कार्य कर चुके थे। मनीष ने अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती में 3 पदक जीते थे। वे झारखंड पुलिस में कार्यरत और फिलहाल चंदवारा पुलिस लाइन कोडरमा में पोस्टेड थे। वे झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार के छोटे भाई थे। उनके निधन पर आज कोडरमा जिला कुश्ती संघ के सचिव आकाश सेठ की अगुवाई में महात्मा गांधी रोड स्थित कोडरमा जिला कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र में एक श्रद्धांजलि सभा की गई, जिसमें कोडरमा जिला कुश्ती संघ के सभी खिलाड़ी, सीडी बालिका उच्च विद्यालय की प्राचार्या रीना सिंह, सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर मानंजय कुमार शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र कुमार, सीआईएसएफ के जवान सालुंके गोकुल आसाराम, सुभाष कुमार, कुश्ती प्रशिक्षिका ईशा कुमारी, गोलू यादव, अतुल आनंद, निभा रानी, अनमोल कुमारी, रश्मि कुमारी, प्रदीप कुमार, विकास कुमार आदि शामिल हुए। उनके निधन पर 2 मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी। मौके पर कोडरमा जिला कुश्ती संघ के सचिव आकाश सेठ ने कहा, मनीष कुमार का हमलोगों के बीच मे से जाना झारखंड राज्य के साथ-साथ कोडरमा जिला के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है। वह कोडरमा जिला के खिलाड़ियों को समय-समय पर आकर कुश्ती के गुर सिखाते थे।

Page 1538 of 1609

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse