झारखंड

View All
Published / 2021-12-29 15:56:46
चाईबासा : नक्सलियों ने वन विभाग के मुंशी को मुखबिर बताकर मार दी गोली

टीम एबीएन, चाईबासा। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों ने वन विभाग में मुंशी के पद पर कार्यरत 25 वर्षीय बोयराम लुगुन की पुलिस मुखबिरी के आरोप में मंगलवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी।पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने बताया कि घटनास्थल पर नक्सलियों ने जेसीबी मशीन पर भी डीजल छिड़कर आग लगा दी। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने मृतक के शव के पास अपना पर्चा छोड़ा है जिसमें पुलिस मुखबिरी के आरोप में हत्या करने की बात कही गयी है। एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिली है लेकिन अभी जांच जारी है। उल्लेखनीय है कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के अंदर नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में यह दूसरी हत्या की है। अभी 21 दिसम्बर की रात नक्सलियों ने पुलिस मुखबीर करार देते हुए प्रेम सुरीन नामक एक ग्रामीण की हत्या कर दी थी।

Published / 2021-12-29 15:52:26
धनबाद : फर्जी कॉल और SMS के जरिए लोगों को शिकार बनाने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

टीम एबीएन, धनबाद। पुलिस ने दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों अपराधियों का नाम इजरायल अंसारी और माजिद अंसारी हैं और जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाला हैं। पुलिस ने दोनों अपराधियों के पास से 5 लाख 50 हजार रुपये के साथ साथ मोबाइल और कई बैंकों के एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों अपराधी फर्जी कॉल और एसएमएस के जरिए लोगों को अपना शिकार बनाते थे और पलक झपकते ही बैंक एकाउंट में रखे पैसे गायब कर देते थे। बाघमारा एसडीपीओ निशा मुर्मू ने बताया कि कतरास स्थित राहुल चौक पर एटीएम के समीप दो संदिग्ध युवक दिखा तो पेट्रोलिंग टीम ने दोनों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान सवाल का जवाब नहीं दिया। इसके बाद युवक के बैग की तलाशी की गई, जिसमें 5 लाख 50 हजार रुपए मिले। एसडीपीओ ने बताया कि दोनों युवक ने पैसे की भी जानकारी नहीं दी। इसके बाद दोनों युवक को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों के पास से कई एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद किया गया है। मोबाइल में यूपीआई के माध्यम से रुपये ट्रांसफर करने के कई एप मिले हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई कर रही है। एसडीओपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधी पेशेवर साइबर अपराधी हैं। दोनों मिलकर फर्जी कॉल और एसएमएस के जरिए लोगों से ठगी करता है। उन्होंने कहा कि कतरास थाना में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

Published / 2021-12-29 15:39:07
पावर ग्रिड का रांची में हुआ ऑनलाइन उद्घाटन और बुढ़मू में धरना-प्रदर्शन

एबीएन डेस्क, रांची। बुढ़मू प्रखंड के बेड़वारी गांव स्थित पावर ग्रिड का बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल रमेश बैस ने ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस दौरान पावर ग्रिड में विधायक समरीलाल ने शिलापट्ट का अनावरण किया। विधायक ने कहा कि जल्द ही सिदरौल पावर सबस्टेशन को बेड़वारी पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा। बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि सिदरौल पावर सबस्टेशन में खराब ट्रांसफार्मर जल्द बदले जाएंगे, जिससे बुढ़मू प्रखंड में बिजली की आपूर्ति निर्बाध तरीके से हो। मौके पर बीडीओ नम्रता जोशी, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार साहू, उत्पल शाहदेव, मनोज वाजपेयी, संजय पटेल, प्रवेश कुमार साहू और कमल मोदी आदि मौजूद थे। उधर, बुढ़मू में ऑनलाइन उद्घाटन के दौरान हेमंत सोरेन हाय-हाय के नारों के साथ आजसू नेत्री पार्वती देवी, सुमन पाहन, रामजीत गंझू, जगजीवन महतो और सत्यनारायण मुंडा सहित अन्य लोग पावर ग्रिड के सामने अपनी मांग के समर्थन में धरना पर बैठे। उन्होंने बिजली विभाग से मांग की है कि पावर ग्रिड के सामने एक पावर सबस्टेशन बनाया जाए, ग्रिड से सिदरौल पावर सबस्टेशन को जोड़ा जाए, योग्यता के आधार पर स्थानीय लोगों को पावर ग्रिड में रखा जाए और ग्रिड के पोषक क्षेत्र के उपभोक्ताओं को कम दर पर बिजली मुहैया कराई जाए। पार्वती देवी ने कहा कि पावर ग्रिड में बिजली की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है और हेमंत सरकार ने कागजी उपलब्धि दिखाने के लिए पावर ग्रिड का उद्घाटन कर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रिड निर्माण में पांच साल का समय लगा और यह दो वर्ष से बनकर तैयार है, परंतु अभी तक पतरातू थर्मल से इसको जोड़ा नहीं जा सका, इसलिए जब तक यहां से पावर सब स्टेशन में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होती है तबतक आंदोलन जारी रहेगा। आजसू कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान विभागीय पदाधिकारियों ने लिखित आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। वहीं 30 से 40 दिन के अंदर पावर ग्रिड से बिजली आपूर्ति भी शुरू कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त किया गया।

Published / 2021-12-29 15:35:46
दुमका : ऑटो और ट्रक की टक्कर में दो महिलाओं की मौत

एबीएन डेस्क, दुमका। सानजोर थाना क्षेत्र के दरबारपुर गांव से शादी संपन्न कर लौट रहे लोगों से भरे ऑटो और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हुई है। इस घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई हैं। वहीं एक बच्ची समेत चार लोग घायल हुए हैं। मुफस्सिल थाना के झोपा गांव से बुधवार की सुबह एक ऑटो पर 14 लोग सवार होकर दरबारपुर गांव शादी में शामिल होने गए थे। शाम को शादी संपन्न होने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मसानजोर थाना क्षेत्र की ओर से जा रही एक ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में ऑटो पर सवार दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। वहीं एक बच्ची समेत चार लोग घायल हुए हैं। दोनों महिला का नाम बाहामुनी मुर्मू और अंजलि सोरेन है। घटना में घायल लोगों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लाया गया है। बताया जा रहा है कि घायल तीन वर्षीय बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Published / 2021-12-29 15:19:05
गोड्डा : 7000 लीटर शराब से भरा कंटेनर बरामद, 3 गिरफ्तार

गोड्डा। झारखंड में गोड्डा जिले के पौडैयाहाट से शराब से भरा हुआ कन्टेनर बरामद किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि गुप्त सूचना मिली कि पौडैयाहाट से शराब से भरा हुआ कन्टेनर जिले के ही पथरगामा जा रहा है। गोड्डा के पास कन्टेनर को रोकने पर सभी भागने लगे पुलिस ने दौड़ा कर वाहन चालक अमीर खान, सह चालक सनीव अली जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) और रंजीत कुमार केरवार (पथरगामा) को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों ने बताया कि वाहन से करीब हजार कार्टन (7500 लीटर) अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Published / 2021-12-29 15:16:14
अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर न फोड़े हेमंत सरकार : बिरंची नारायण

एबीएन डेस्क, रांची। झारखंड विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने राज्य में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के 522 अनुबंधित कर्मियों की सेवा विस्तार की मांग की है। नारायण ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए अन्य एजेंसियों को बलि का बकरा बनाना बंद करे। इन कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। ऐसे नीतिगत फैसले के लिए यूनिसेफ या अन्य एजेंसियों पर दोषारोपण करके अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना ठीक नहीं। नारायण ने कहा कि आंदोलनरत स्वच्छता कर्मियों के अनुसार झारखंड में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 1118 पद सृजित हैं। इनके विरूद्ध वर्तमान में मात्र 522 अनुबंधित कर्मी कार्यरत हैं। छत्तीसगढ़, बिहार, असम जैसे राज्यों में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के सभी कर्मियों को सेवा विस्तार दिया गया है। परंतु झारखंड में उल्टा हटाया जा रहा है। रोजगार देने के बदले बेरोजगार करना उचित नहीं है। नारायण ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों को एक्सटेंशन देने का नीतिगत फैसला राज्य सरकार को करना है। इस पर सरकार तत्काल निर्णय लेकर सबको सेवा विस्तार दे। इन स्वच्छता कर्मियों ने राज्य में पेयजल और स्वच्छता के क्षेत्र में अच्छा काम किया है। इनके अनुभव का लाभ उठाते हुए इनकी सेवा का सम्मान देना राज्य हित में होगा।

Published / 2021-12-29 15:12:19
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ सुधीर सेठ के निधन पर सिख समाज में शोक की लहर

कोडरमा। जिले के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ सुधीर सेठ के आकस्मिक निधन पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान अवतार सिंह कोषाध्यक्ष हरभजन सिंह खालसा और गुरुद्वारा के सचिव यशपाल सिंह गोल्डन ने गहरा शोक व्यक्त किया है तथा कहा की उनके निधन से सिख समाज के लोग काफी मर्माहत हैं। डॉक्टर सुधीर सेठ ने लंबे समय तक बच्चों के इलाज के क्षेत्र में सेवा प्रदान की है जिसके लिए वह हमेशा याद किए जायेंगे। जिले के लिए चिकित्सा क्षेत्र में यह अपूरणीय क्षति है भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और ईश्वर से हम सभी प्रार्थना करते हैं की इस विकट परिस्थिति में उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी को सहने की शक्ति प्रदान करें। उनके निधन पर सिख समाज के वरिष्ठ कंवलजीत सिंह सलूजा, कीर्तन सिंह, सुभाष चंद्र आर्य, नरेंद्र सिंह सलूजा, बलवीर सिंह भाटिया, हरीश होरा, नरेंद्र सिंह लांबा, सविंदर सिंह लांबा, कुलदीप सिंह सविंदर सिंह, गुरु नानक भवन के प्रधान गुरमीत सिंह सलूजा, रविंद्र सिंह, सरबजीत सिंह, मनजीत सिंह, शशि सलूजा, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के पूर्व सचिव हरजीत सिंह सलूजा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश लाल सलूजा, गुरचरण सिंह समेत कई लोगों ने गहरी शोक संवेदना प्रकट किया।

Published / 2021-12-29 15:08:14
कोडरमा : सरकार के दो साल पूरे होने पर हुए कई कार्यक्रम

कोडरमा। वर्तमान झारखंड सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज कोडरमा के बिरसा सांस्कृतिक भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा व अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार के द्वारा बेहतर कार्य किये जा रहे हैं। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रथम लहर में मजदूरो को सुरक्षित घर वापसी कराना और साऱी सुविधाएं प्रदान करना, अन्य राज्यों को झारखंड राज्य से ऑक्सीजन की कमी को पूरा करना, अपने-आप में बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है। राज्य सरकार के द्वारा गरीबों के लिए लगातार कई योजनाओं की शुरुआत की जा रही है और उन्हें योजना से लाभांवित किया जा रहा है। सरकार राज्य के निचले तबके के लोगों के लिए बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा प्रयास है कि राज्य सरकार की योजनाओं से जिलेवासियों को अच्छादित किया जा सके। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को लेकर उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि मास्क पहने व सामाजिक दूरी का अनुपालन करें और जिन्होंने अभीतक वैक्सीन नहीं लिया है वे जल्द से जल्द कोविड का टीका ले। उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार के द्वार शुरू की गयी आपके अधिकारी आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में कोडरमा जिला मामले निस्पादन करने में राज्य में दूसरा पर स्थान है। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान शिविरों के माध्यम से करीब 37507 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 34697 यानि 92.51 प्रतिशत आवेदनों का निस्पादन किया जा चुका है, शेष आवेदनों के निस्पादन की प्रक्रिया की जा रही है। उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि सभी विभागों द्वारा सरकार की योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को पूर्ण किया गया। स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सदर अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति की गयी। उपायुक्त महोदय के पहल से स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र व सरकारी अस्पतालों में शौचालय, पीने की पानी की व्यवस्था की जा रही है। जिला परिषद् के द्वारा पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। स्वास्थ्य उप केंद्र को एचडब्लूसी के रुप में विकसित किया जा रहा है। उपायुक्त महोदय द्वारा पर्यटन स्थलों को विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही सरकारी स्कूलों को मॉडल स्कूल विकसित किया जा रहा है। प्रखंड प्रमुख डोमचांच श्री सत्यनारायण यादव ने अपने संबोधन कहा कि सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का सीधा लाभ गरीबों को मिल रहा है औऱ आपकी सरकार आपके समस्याओं के समाधान करने में लगे हैं। उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार द्वारा जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला पंचायत कार्यालय व जिला समाज कल्याण कार्यालय में चयनित नवनियुक्त कर्मियों के बीच नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार व प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण यादव ने परिसंपत्तियों का वितरण किया। शहिदा प्रवीण व मसोमत कलावती देवी को विधवा पेंशन, मो शमशुल अंसारी के दिव्यांग पेंशन और भोला यादव व महादेश यादव को वृद्धा पेंशन की स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत लाभुक मधु देवी, हातिक वर्मा, सुमन लाल मेहता व किशोर कुमार को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। जिला उद्योग केंद्र ने प्रधानमंत्री स्वरोजगार सृजन योजना के तहत लाभुक मुसाफिर कुमार, प्रकाश दास, गुड़िया कुमारी को स्वीकृति पत्र प्रदान की। मुनिया खातून, याशोदा देवी व भारत लाल पांडेय को किसान क्रेडिट कार्ड दिया गया। मत्स्य संपदा योजना के तहत लाभुक सरयू महतो को मोटर साइकिल, रामदेव पासी व सैयद खातुन को तीन पहिया वाहन प्रदान किया गया। माधुरी देवी और सुकरी देवी को फूलो झानो योजना तहत शॉल व प्रशस्ति पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत लाभुक सहिदा खातून व राधा देवी को दो गाय योजना का लाभ दिया गया। श्रम विभाग के तहत मासूम कुमारी को मेधावी छात्र योजना, सजिया खातून को मातृत्व प्रसुविधा योजना औऱ इस्लाम अंसारी को निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना का लाभ दिया गया। इसके अतिरिक्त नगर पंचायत कोडरमा और नगर परिषद् झुमरी तिलैया के संचालित विभिन्न योजनाओं की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। एक सौ छियासठ करोड़ दस लाख अड़तालीस हजार आठ सौ एकतीस रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया गया। उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने करीब 1,66,10,48,831.00 (एक सौ छियासठ करोड़ दस लाख अड़तालीस हजार आठ सौ एकतीस रुपये) की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इसमें विशेष प्रमंडल राशि 257629312.00 रुपये, भवन प्रमंडल राशि 26085000.00 रुपये, पथ प्रमंडल राशि 103585600.00 रुपये, आरईओ राशि 24699000.00 रुपये, लघु सिंचाई प्रमंडल कोडरमा राशि 2799300.00 रुपये, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल राशि 997398024.00 रुपये, विद्युत प्रमंडल राशि 120000000.00 रुपये, नगर परिषद् झुमरी तिलैया राशि 72620500.00 रुपये, नगर पंचायत कोडरमा राशि 56232086.00 रुपये यानि कुल 1,66,10,48,831.00 रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया गया। उद्घाटन व शिलान्यास अंतर्गत कोडरमा जिला के मरकच्चो प्रखंड अंतर्गत पपलो से चौबे (हजारीबाग) ग्रामीण पथ में स्थित बराकर नदी पर सतघरा घाट के पास पुल का निर्माण, चंदवारा प्रखंड के ग्राम पुतो में मंडिरया नदी के समीप छठ घाट का निर्माण, कोडरमा जिला के सतगावां प्रखंड में बीडीओ सह सीओ आवास का नवनिर्माण कार्य, पर्यवेक्षीय आवास नवनिर्माण कार्य, तृतीय वर्ग कर्मचारी आवास निर्माण कार्य एवं प्रखंड परिसर का विकास एवं विविध कार्य, नावाडीह आहार का जीर्णोधार, पथलडीहा ग्रामीण पाईप जलापूर्ति योजना, मसमोहना ग्रामीण जलापूर्ति योजना, सैनिक स्कूल तिलैया के कैंपस रोड पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण/ पुननिर्माण कार्य, पीसीसी सड़क निर्माण, पेवर ब्लॉक, नाली निर्माण समेत कई छोटी-बड़ी योजनाएं शामिल है। जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय कार्यक्रम का ऑनलाइन सीधा प्रसारण किया गया। उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, एसडीएम, प्रखंड प्रमुख समेत जिला के पदाधिकारी एवं जिले के विभिन्न प्रखंड से आये लाभुक, सहिया, दीदियों ने माननीय मुख्यमंत्री महोदय का अभिभाषण को सुने। जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सुभाष यादव, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, नगर प्रशासक जितेंद्र कुमार जैसल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक, प्रखंड प्रमुख सत्यनारायण यादव, सहायक जनसंपर्क अधिकारी अविनाश मेहता समेत लाभुकगण व दीदियां मौजूद थे।

Page 1526 of 1653

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse