झारखंड

View All
Published / 2022-01-02 04:15:54
झारखंड : नए साल के पहले दिन मिले 1000 से अधिक संक्रमित

रांची। झारखंड में नए साल के पहले दिन 1000 से अधिक कोरोना के नये मरीज मिले हैं। शनिवार को राज्‍य के 20 जिलों में नये मरीज मिले हैं। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के जारी आंकड़े में यह बात सामने आई है। कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर लोग सावधान और सतर्क रहें। कोविड के नियमों का पालन करें। मास्‍क लगाएं। झारखंड की राजधानी रांची में 495 नये मामले मिले। रिपोर्ट के अनुसार बोकारो में 43, देवघर में 20, धनबाद में 113, कोडरमा में 47, पूर्वी सिंहभूम में 123, हजारीबाग में 43 नये मामले मिले हैं। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के अनुसार शनिवार को 1007 नये मामले मिले हैं। शुक्रवार को 753 मामले मिले थे। इसी तरह गुरुवार को झारखंड में 482 नये मामले मिले थे। ऐसे बढ़े मामले : 01 जनवरी : 1007, 31 दिसंबर : 753, 30 दिसंबर : 482, 29 दिसंबर : 344, 28 दिसंबर : 155, 27 दिसंबर : 138, 26 दिसंबर : 60, 25 दिसंबर : 58, 24 दिसंबर : 55, 23 दिसंबर : 44, 22 दिसंबर : 51, 21 दिसंबर : 26.

Published / 2022-01-01 15:06:23
टाटा स्टीलकर्मियों का डीए 2.11 फीसदी बढ़ा

टीम एबीएन। टाटा स्टील के कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) में एक जनवरी से वृद्धि होगी। एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में 415.80 रुपये की मासिक वृद्धि हुई है, जबकि स्टील ग्रेड (ओल्ड ग्रेड) के कर्मचारियों के डीए में 2.11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस वृद्धि से इस ग्रेड के कर्मचारियों के वेतन में अधिकतम करीब 2000 रुपये मासिक की वृद्धि होगी। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी के वेतन के साथ फरवरी में मिलेगा।

Published / 2022-01-01 15:02:41
चतरा के तमासीन जलप्रपात में सेल्फी लेते वक्त पैर फिसलने से युवक डूबा

टीम एबीएन, चतरा। नए साल के मौके पर झारखंड के प्रसिद्ध तमासीन जलप्रपात में एक युवक को सेल्फी लेना महंगा पड़ गया। हजारीबाग का रहने वाला ये युवक अपने दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाने तमासीन जलप्रपात पहुंचा था। इसी दौरान जलप्रपात के पास सेल्फी लेते वक्त उसका पैर फिसल गया और वो गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद युवक की तलाश के लिए गोताखोर की टीम को बुलाया गया। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक युवक की तलाश जारी है।

Published / 2022-01-01 14:15:50
देवघर : जमीन विवाद में बमबाजी और मारपीट से गुस्साए लोगों ने 7 वाहन फूंके

टीम एबीएन, देवघर। देवघर-सुल्तानगंज मुख्य मार्ग पर झारखंड-बिहार की सीमा दर्दमारा बॉर्डर के समीप शुक्रवार को भू-विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, आगजनी व बमबाजी की घटना हुई है। आक्रोशित लोगों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हिंसक भीड़ ने पांच बाइक के अलावा दो ट्रैक्टरों में आग लगा दी। वहीं मालवाहक सवारी मिनी ट्रक व एक ट्रैक्टर समेत एक बाइक को क्षतिग्रस्त भी कर दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सीमावर्ती बिहार प्रांत के बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना के बिरनिया मौजा में कई सालों से लगभग 23 एकड़ जमीन का विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। शुक्रवार को बांका जिला के लगभग 50 से अधिक असामाजिक तत्वों ने आग्नेयास्त्र के बल पर विवादित जमीन पर सीमेंट के पीलर और कटिला तार से घोराबंदी शुरू करा दी गयी। उसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से विरोध शुरू कर दिया गया। इस दौरान असामाजिक तत्वों ने मालिकाना हक जताने वाले ग्रामीणों को रिवॉल्वर के बट से मारकर घायल कर बम से हमला किया। ग्रामीणों ने असामाजिक तत्वों पर ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। स्थिति को भांपते हुए असामाजिक तत्व झारखंड सीमा क्षेत्र में बाइकें छोड़कर भाग निकले। झारखंड-बिहार सीमा पर दर्दमारा बॉर्डर के समीप शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, आगजनी व बमबाजी से पूरा इलाका थर्रा उठा है।

Published / 2022-01-01 14:00:09
2021 में दुनियाभर के 45 संवाददाताओं-मीडियाकर्मियों की काम के दौरान मौत

टीम एबीएन, रांची। दुनिया के सबसे बड़े पत्रकार संगठन इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (IFJ) ने शुक्रवार को कहा कि दुनियाभर में पिछले एक साल में कुल 45 संवाददाता और मीडियाकर्मी अपना काम करते हुए मारे गये। संगठन ने सबसे पहले 1991 में काम करने के दौरान हादसों में मारे गये पत्रकारों की संख्या पर वार्षिक रिपोर्ट प्रकाशित करना शुरू किया था। तब से, 30 साल में यह पत्रकारों की मृत्यु के सबसे कम आंकड़ों में शामिल है। इससे पहले 2020 में 65 पत्रकार मारे गये थे। लेकिन आईएफजे ने कहा कि 2021 के आंकड़े इस प्रवृत्ति की पुष्टि करते हैं कि मीडियाकर्मी अक्सर भ्रष्टाचार उजागर करने, अपने समुदायों, शहरों एवं देशों में अधिकारों के दुरुपयोग के मामलों और अपराधों का खुलासा करने के दौरान मारे जाते हैं। IFJ के महासचिव एंथनी बेलांगर ने कहा, इस साल हिंसा में इन 45 पत्रकारों की मृत्यु हमें दुनियाभर में पत्रकारों की भयावह शहादत की याद दिलाती है कि जो जनहित में सेवा करते हुए देनी पड़ती है और हम इस सर्वोच्च बलिदान को देने वाले इन पत्रकारों और हजारों अन्य के ऋणी रहेंगे। संगठन ने कहा कि दुनियाभर में 1991 से 2,721 पत्रकार मारे गये हैं।

Published / 2022-01-01 13:56:17
रांची के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने दी नववर्ष की शुभकामनाएं

रांची। रांची के आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने नए वर्ष का मिस्सा माईनर बेसिलिका उलहातू में सुबह 7 बजे किया और स्थानीय विश्वासियों और झारखंड की उन्नति के लिए विशेष प्रार्थना की। दूसरी ओर रांची के सहायक बिशप थेयोदोर नए वर्ष का मिस्सा डलटनगंज धर्मप्रांत के महुआडांड़ पल्ली में संपन्न किया। बिशप थेयोदोर ने सभी विश्वासियों को उनके विश्वास के लिए धन्यवाद किया। अपने प्रवचन में सबको नये साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर इस नये वर्ष में हम सबको आशीर्वाद दे और सुरक्षित रखे। हमारा जीवन और सुंदर तब ही बनेगा जब हम प्रभु का अनुकरण करेगें। प्रभु का अनुकरण करने का अर्थ है अपने विश्वास में मजबूत होना, सबको प्यार करना, सबकी सेवा करना। महुआड़ाड के पल्ली पुरोहित फा सुरेश, फा जोस, फा साईमन, फा सुशील टोप्पो तथा अन्य एसजे पुरोहित मिसा में सह अनुष्ठाता थे। पवित्र मिस्सा के बाद छोटा स्वागत कार्यक्रम किया गया। बिशप ने गरीब और लाचार वृद्धों के बीच कंबल और गरीबों, छोटे बच्चों के बीच नये कपड़े बांटकर नये वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाइयां दी।

Published / 2022-01-01 13:49:22
मिसिर गाेन्दा सरना पूजा स्थल में आदिवासियों ने किया पूजा-भजन

टीम एबीएन, रांची। मिसिर गाेन्दा सरना पूजा स्थल में आदिवासियों ने पूजा-भजन किया। मौके पर सर्वप्रथम माैजा के प्रमुख पहान बिरसा पहान के सुपुत्र रामलाल पहान ने सरना पूजा स्थल में धूप-धूवन, टीका-सिन्दुर, जल व अरवा चावल लेकर पूजा अर्पित किया। चाला धर्मेश सिगबाेंगा (भागवन) से पहान ने माैजा व पूरे समाज के लाेगों के लिए सुख, शांति, शक्ति, सम्पत्ति, स्वरूप, सादगी, सफलता, समृद्धि, संस्कार और स्वास्थ्य की कामना की। मौके पर काेइली उरांव, बसन्ती कुजूर, बसन्ती टोप्पो, लक्ष्मी टाेप्पो, चैती मुण्डा, फूलाे उरांव, भानु उरांव, राहुल लिण्डा, साेनी लिण्डा, डैजी लिण्डा, प्रेम टोप्पो, सहिल उरांव, सोनु कुजूर, शाेभा कच्छप, झेले उरांव, रोहित मुण्डा, सुषमा कुजूर, प्रदीप लकड़ा व सैकड़ों लोग उपस्थित थे। उक्त जानकारी मिसिर गोन्दा सरना विकास समिति के अध्यक्ष प्रदीप लकड़ा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2022-01-01 13:18:18
झारखण्ड : कल पांच स्कूलों में होगा किशोरों का टीकाकरण

टीम एबीएन, रांची। किशोरों के लिए सोमवार से शुरू होने वाले टीकाकरण के लिए रांची जिला प्रशासन की तैयारी जोरों पर है। सोमवार को शहर के पांच और मंगलवार को तीन स्कूलों में टीकाकरण होगा। टीकाकरण को लेकर शनिवार को जिला प्रशासन ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों और उप प्राचार्यों के साथ बैठक की और तकनीकी जानकारी दी गयी। जिला स्तरीय वैक्सीनेशन सेल ने सभी बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में विभिन्न स्कूल के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल को 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के कोविड-19 टीकाकरण की शुरुआत को लेकर अपर समाहर्त्ता (नक्सल) ने विस्तृत जानकारी दी। डीआरएसीएचओ शशि भूषण खलखो और डॉक्टर अनूब ने सभी को टीकाकरण से संबंधित तकनीकी पहलुओं के बारे में जानकारी दी। सभी को यथाशीघ्र स्कूलों में 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

Page 1521 of 1653

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse