झारखंड

View All
Published / 2022-01-02 14:51:37
नववर्ष 2022 : पिकनिक स्पॉटों पर पहले रविवार को उमड़ी भीड़

टीम एबीएन, रांची। फन कैसल पार्क रातू में साल 2022 के दूसरे दिन रविवार को सैलानियों की भीड़ उमड़ी। ठंड के बावजूद नए साल के पहले रविवार का बड़े शानदार तरीके से लुत्फ उठाया। युवक-युवतियां और बच्चों ने पार्क में खूब मस्ती की। पारिवारिक पार्क के रूप में विख्यात फन कैसल में जमकर हंसी-ठिठोली की। पार्क कैंटीन में बने लजीज व्यंजन का स्वाद भी सैलानियों ने चखा। पर्यटकों ने पार्क में लगे राइड्स ड्रैगन कॉस्टर, स्काई ट्रेन, गो-कार्टिंग, मैजिकल टनल, स्ट्राइकिंग कार, हाराकिरी, कैटरपिलर, मोटर और पैडल वोटिंग का भरपूर लुत्फ उठाया। सभी राइड्सों पर लंबी-लंबी भीड़ देखी गई। पार्क निदेशक नीतेशनाथ शाहदेव ने पर्यटकों को नववर्ष की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। दूसरी ओर कमड़े मंदिर में भी पर्यटकों की खूब भीड़ देखी गई। वहीं ठेले-खोमचे वालों की बिक्री जमकर हुई। प्रशासन द्वारा सभी चौक-चौराहों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

Published / 2022-01-02 14:43:47
झारखंड : ठंड से मिलेगी राहत, छह जनवरी से छाएंगे बादल

रांची। झारखंड में उत्तर पश्चिमी और उत्तर दिशा से आ रही बफीर्ली हवा की वजह से रविवार को भी ठंड से आमजन को राहत नहीं मिली। राज्य में न्यूनतम तापमान में एक से चार डिग्री सेसि की गिरावट की वजह से ठंड का असर अभी ज्यादा है। रांची, बोकारो थर्मल, देवघर और हजारीबाग जिला में न्यूनतम तापमान दस डिग्री सेसि से नीचे चल रहा है। वहीं, चाईबासा और जमशेदुपर का पारा दस और 11 डिग्री सेसि के बीच में है। राज्य में रांची में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को राज्य के मध्य और उत्तर पूर्वी भाग में ठंड का प्रभाव ज्यादा रहेगा। इसमें रांची, खूंटी, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और देवघर जिला का तापमान नौ से दस डिग्री सेसि के बीच रहेगा। राज्य के शेष जिला का तापमान 11 से 12 डिग्री सेसि रहेगा। हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के बाद से झारखंड की ओर आ रही हवा में तीखापन से लोग दिन में भी ठंड महसूस करते रहे। आसमान साफ रहने और दिन में खिली धूप के बावजूद लोगों ने ठंड से बचाव के लिए गरम कपड़े का सहारा लिया। शाम होते ही ठंड और बढ़ गई। इससे किसी काम के सिलसिले में घरों से बाहर निकले लोगों ने कनकनी महसूस की। देर शाम के बाद घरों में लोगों ने ठंड से राहत के लिए हीटर और अलाव का सहारा लिया। मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले तीन से चार दिन तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान में बदलाव नहीं होने की वजह से दिन और रात में ठंड की स्थिति कायम रहेगी।

Published / 2022-01-02 14:27:51
पलामू : वनभोज के दौरान नदी में नहाने गए युवक की मौत

टीम एबीएन, पलामू। झारखंड में पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र में भीम चूल्हा वनभोज का आनंद लेने गये एक युवक की कोयल नदी में नहाने के दौरान डूब कर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ऊंटारी थाना क्षेत्र के भदूमा गांव से युवकों का एक दल वनभोज के लिए भीम चूल्हा आया था, जिसमें रणधीर कुमार (23) नहाने के लिए समीप की कोयल नदी में गया और गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया। एसडीपीओ पूज्य प्रकाश ने बताया कि युवक के शव को बरामद कर लिया गया है और उसे अत्यंत परीक्षण के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेजा है।

Published / 2022-01-02 13:16:36
घाघरा : प्रखण्ड के विभिन्न जगहों पर प्रखण्ड प्रशासन ने वाहनों को रोक लोगों को वैक्सीन लगवाया

टीम एबीएन, गुमला। घाघरा प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न मार्गों पर प्रखण्ड प्रशासन ने रविवार को वाहनों को रोक बिना वैक्सीन लिए लोगों को वैक्सीन लगवाया।इस क्रम में बीडीओ विष्णु देव कच्छप, प्रभारी थानेदार सूरज रजक के अलावे पदाधिकारियों ने मोटरसाइकिल टेंपो सहित कई वाहनों को रोक रोक कर कोरोना टीका का सर्टिफिकेट चेक किया। सही नहीं मिलने पर तत्काल लोगों को वैक्सीन दिलाई। इस दौरान 70 लोगों ने वैक्सीन लिया। इस संबंध में बीडीओ ने बताया कि कोरोना वैक्सीनेशन में तेजी लाने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रत्येक दिन अब टेंपो-बाइक सहित विभिन्न वाहनों में चलने वाले लोगों से कोरोना डोज का सर्टिफिकेट जांच किया जाएगा। नहीं होने पर तत्काल वैक्सीन दिलाई जाएगी। यह प्रक्रिया लगातार पांच दिनों तक चलेगी, जिसके बाद से वैक्सीन नहीं लिए हुए लोगों से चालान भी काटते हुए वैक्सीन दिलाई जाएगी। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया है कि सभी लोग वैक्सीन लें। कोरोना फिर से तेजी पकड़ रहा है। आप वैक्सीन लेकर अपने परिवार से लेकर गांव को कोरोना से मुक्त रखें। मौके पर बीडीओ विष्णु देव कच्छप, थानेदार सूरज रजक, उपप्रमुख कृष्णा कुमार लोहरा, एसआई प्रवीण महतो, राजस्व उप निरीक्षक सुशील टोप्पो सहित कई लोग मौजूद थे।

Published / 2022-01-02 09:52:57
जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनाया "नदी महोत्सव कार्यक्रम"

टीम एबीएन, गुमला। जवाहर नवोदय विद्यालय गुमला (झारखंड) प्रखण्ड घाघरा स्थित मसरिया बांध में आज दिनांक 2 जनवरी 2022 दिन रविवार को "नदी महोत्सव कार्यक्रम" के अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय के सभी बच्चों को विद्यालय के प्राचार्य डॉ विश्वनाथ खिल्लर के निर्देशानुसार बच्चों को पीछे स्थित मसरिया बांध पर भ्रमण कराया गया। जिसमें बच्चों को नदी की उपयोगिता के साथ-साथ जल के महत्व, जल संचय तथा भविष्य में होने वाले जल संकट के बारे में उन्हें भलीभांति अवगत कराया गया। इसके साथ ही बच्चों ने प्रकृति की गोद में स्थित भव्य मसारिया पहाड़ और आए हुए विदेशी साइबेरियन पक्षियों का भी निरीक्षण किया तथा अन्य पर्यटकों के साथ प्रकृति की सुंदरता का भी आनंद लिया। मौके पर मसरिया बांध स्थित श्री हनुमान जी के मंदिर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूजन, गंगा आरती, साफ-सफाई और भजन गायन कार्यक्रम भी किया। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य के साथ समस्त छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Published / 2022-01-02 07:57:32
किसानों के सम्मान से मोदी सरकार ने की वर्ष की शुरुआत : दीपक प्रकाश

रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने राज्य के लाखों किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करते हुए शनिवार को कहा कि मोदी सरकार ने किसानों के सम्मान से वर्ष का शुभारंभ किया है। प्रकाश ने राज्य की जनता को 2022 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष की शुरुआत किसानों की सेवा से की है जो उनके गांव, गरीब, किसान को समर्पित नीतियों को दर्शाता है। उन्होंने कहा, आज केंद्र सरकार ने 20 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा पीएम किसान सम्मान की राशि किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी है। यह इस योजना की दसवीं क़िश्त है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष तीन किश्तों में 6000 रुपये किसानों के खाते में केंद्र सरकार भेजती है जो किसानों का बहुत बड़ा सहारा बन रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह राशि बिना बिचौलियों के सीधे किसानों के खाते में जा रही है जिससे किसान अपनी छोटी छोटी आवश्यकताओं के लिए कर्जे का मोहताज नहीं रहा। झारखंड से राज्य सभा सांसद प्रकाश ने कहा कि इस राज्य में भी लगभग 15 लाख किसान इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज किसानों ने अपनी कड़ी मेहनत से अन्न के उत्पादन में लगातार वृद्धि करके देश और राज्य को अनाज के मामले में आत्म निर्भर बना दिया है। श्री प्रकाश ने कहा कि आजादी के 75वें वर्ष में सभी क्षेत्रों में आत्म निर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रधानमंत्री मोदी ने जो आह्वान किया है उसे पूरा करने में झारखंडवासी बढ़चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

Published / 2022-01-02 07:53:09
कोरोना : IIT-ISM धनबाद ने छात्रों के कैंपस से बाहर जाने पर लगाई रोक

टीम एबीएन, धनबाद। कोयलांचल में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। शुक्रवार को जहां जिले में 61 मरीज पाए गए थे, वहीं शनिवार साल के पहले ही दिन 113 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए। इसके बाद देश के जाने-माने शिक्षण संस्थान आईआईटी-आईएसएम धनबाद ने फिलहाल छात्रों को संस्थान में आने पर रोक लगा दी गई है। वहीं संस्थान में पहुंच चुके छात्रों का कैंपस से बाहर निकलना भी बंद कर दिया गया है। गौरतलब है कि लगातार कई दिनों से जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को लगभग दोगुना संक्रमित मरीज जिले में पाए गए हैं, जिसने जिला प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भी नींद उड़ा रखी है। कोरोना की आशंकित तीसरी लहर को देखते हुए देश के जाने-माने शिक्षण संस्थान आईआईटी-आईएसएम ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। IIT-ISM Dhanbad ने परिसर में रिपोर्ट नहीं करने वाले बीटेक सेकंड ईयर के छात्रों को अब संस्थान में आने पर रोक लगा दी है। प्रबंधन ने ऐसे सभी छात्रों को शनिवार को ईमेल भेजकर अपनी यात्रा को स्थगित करने के लिए कहा है। साथ ही परिसर में मौजूद सभी छात्रों के कैंपस से बाहर निकलने पर भी पाबंदी लगा दी है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देख यह कदम उठाया गया है। परिसर में रहने वाले शिक्षकों व शिक्षकेतर कर्मियों के लिए भी नए सिरे से आईआईटी आईएसएम ने कोविड-19 गाइडलाइन जारी की है। सत्र 2020-24 में बीटेक और इंटीग्रेटेड कोर्स में कुल 1009 विद्यार्थी नामांकित है। इनमें 927 बीटेक 4 ईयर प्रोग्राम और 82 इंटीग्रेटेड कोर्स के विद्यार्थी हैं। इनमें लगभग 95% से अधिक छात्र-छात्राएं परिसर आ चुके हैं। कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए प्रबंधन ने परिसर में पहुंचते ही इन सभी छात्र छात्राओं को 7 दिनों के लिए इनके हॉस्टल में क्वारंटाइन कर दिया है।

Published / 2022-01-02 07:47:29
झामुमो : एक ऐसा दल, जिसमें कप्तान है पर टीम नहीं...महाधिवेशन के एक पखवाड़े बाद भी नहीं चुने जा सके पदाधिकारी

रांची। झामुमो का 18 दिसंबर 2021 को रांची में 12वां महाधिवेशन हुआ था, जिसमें शिबू सोरेन को फिर एक बार पार्टी का केंद्रीय अध्यक्ष और हेमंत सोरेन को कार्यकारी अध्यक्ष चुन लिया गया था। इस महाधिवेशन में कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नाम तय करने की जवाबदेही सर्वसम्मति से कार्यकारी अध्यक्ष को सौंपी गई थी। महाधिवेशन में संशोधन के बाद केंद्रीय उपाध्यक्ष, केंद्रीय महासचिव सहित कई पदों की संख्या घटा देने का बाद भी JMM नेतृत्व अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि किसे संगठन में कौन सी जिम्मेवारी दी जाए। जेएमएम के निवर्तमान केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि पार्टी नेताओं ने महाधिवेशन में संगठन तैयार करने और पदाधिकारियों के नाम की घोषणा करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को सौंपी गई थी। संगठन को मजबूत बनाने के लिए पदाधिकारियों के चयन में थोड़ी देरी होती है। लेकिन उम्मीद है बहुत जल्द पार्टी के पदाधिकारियों के नाम की घोषणा हो जाएगी। जेएमएम के वरीय नेता और निवर्तमान केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा कि एक सप्ताह में पार्टी के केंद्रीय कार्यकारिणी के नए पदाधिकारियों के नाम की घोषणा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य की सत्ता का बागडोर भी संभाल रहे हैं और सरकार के दो साल पूरे होने पर कार्यक्रम में व्यस्तता थी, इसलिए कुछ देरी हुई है। लेकिन उम्मीद है कि एक सप्ताह के अंदर पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन और कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष, केंद्रीय महासचिव, केंद्रीय कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों के नाम की घोषणा कर देंगे।

Page 1520 of 1653

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse