सिमरिया। आजसू कार्यकर्ताओं ने सिमरिया अनुमंडल क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति की मांग को लेकर सोमवार को 48 घंटे के लिए कोयला ढुलाई ठप कर दिया।जिसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने सिमरिया की डाड़ी चौक और टंडवा के थापा मोड़ के पास कोयला ढुलाई ठप कर दिया है। इस बीच दोनो स्थलों पर सड़कों के दोनों ओर कोल वाहनों कि लंबी कतार लग गई। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी मनोज कुमार चंद्र ने कहा की सिमरिया अनुमंडल क्षेत्र में बिजली की स्थिति बत से बतर हो गई है। क्षेत्र में 24 घंटे में महज 2 से तीन घंटे बिजली आपूर्ति कि जा रही है। जिसके कारण क्षेत्र के उपभोक्ता और ग्रामीण परेशान है। बिजली के अभाव में घरेलू बिजली उपकरण बेकार पड़ा हुआ है। स्कूली बच्चे लालटेन और मोमबत्ती के सहारे पढ़ने पर मजबूर है। इलेक्ट्रॉनिक दुकानें ठप पड़ गई है और विद्युत विभाग उपभोक्ताओं से प्रत्येक माह बिजली की राशि वसूली कर रही है।उन्होंने कहा बिजली नही तो कोयला नही के तर्ज पर 48 घंटे के लिए कोयला ढुलाई ठप करा दिए गया है। उन्होंने कहा की विद्युत विभाग सिमरिया अनुमंडल क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति नही करेगी तो चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर जिला उपाध्यक्ष संदीप कुमार साहू, प्रखंड अध्यक्ष रमन साहू, प्रखंड सचिव राजेंद्र ठाकुर, ओबीसी मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन साहू, प्रदीप राणा, वीरेंद्र कुशवाहा, श्याम सुंदर साहू, विजय साहू, नरेश राम, असिश कुमार साहू, प्रदीप राम, मो नसीर, भुनेश्वर कुमार वर्मा, सोहन पासवान, सेवा राम, सुगन साव, भीम साव सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
टंडवा (चतरा)। टंडवा प्रखंड में लगातार बिजली की दयनीय स्थिति से उपभोक्ता त्रस्त हैं। आजसू पार्टी के सिमरिया विधानसभा प्रभारी मनोज चन्द्र के नेतृत्व में पूर्व निर्धारित तिथि के अनुसार सोमवार को टंडवा के थापा मोड़ के पास प्रखंड कमेटी ने कुछ ही घंटे बिजली मांग को लेकर आंदोलन के दौरान कोल वाहनों की परिचालन ठप कर दिया गया था। तत्पश्चात स्थनीय प्रशासन ने आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर टंडवा थाना लाया गया, जहां कुछ घंटे बाद रिहा कर दिया गया। वहीं आंदोलनकारी आजसू के केंद्रीय सदस्य जागेश्वर दास ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से 24 घंटे में से बिजली की सुविधा 2 से 3 घंटे ही रह पाती है। जबकि टंडवा एवं सिमरिया अनुमंडल झारखंड में एक ऐसी जगह है जहां से भरपूर मात्रा में कोयला निकाल कर दूसरे जगह में बिजली उत्पादन को लेकर प्लांट को दिया जाता है। इसलिए आजसू पार्टी बिजली विभाग के पदाधिकारियों से मांग किया है कि टंडवा क्षेत्र में 24 घंटे में से 20 से 22 घंटा बिजली आपूर्ति हो। यदि नहीं हुआ तो यह आंदोलन काफी उग्र रूप ले सकती है।
चतरा। पुलिस ने नशे के सौदागरों के विरुद्ध एक बार फिर बड़ी कार्रवाई। एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 11 ब्राउन शुगर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही गिरफ्तार तस्करों के पास से 17 पुड़िया ब्राउन सुगर, तस्करी का 64 सौ रुपया नगद व विभिन्न कंपनियों का 6 मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है। गिरफ्तार सभी तस्कर शहर के विभिन्न इलाकों में गिरोह बनाकर नशा खुरानी गिरोह का संचालन कर रहे थे। एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान शहर के दीवानखाना बाजार टांड़ व बिंड मोहल्ला इलाके से पुलिस को यह कामयाबी हाथ लगी है। एसडीपीओ ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय नशा माफिया गैंग के सदस्य युवा पीढ़ी को नशे के आगोश में धकेलने के नियत से भ्रमणशील है। सूचना पर थाना प्रभारी लव कुमार व एएसआई शशिकांत ठाकुर समेत सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम का गठन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में करते हुए अभियान चलाने का निर्देश प्राप्त हुआ था। जिसके बाद तत्परता दिखाते हुए छापेमारी टीम ने सभी 11 तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री के साथ-साथ खुद उसका इस्तेमाल करते थे। एसडीपीओ ने बताया कि बृहद पैमाने पर तस्करों की गिरफ्तारी से नशे के सौदागरों को बड़ा झटका लगा है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर कहां से ब्राउन शुगर खरीदते थे इसकी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही गिरोह के मास्टरमाइंड व सप्लायर को भी सलाखों के पीछे धकेल दिया जायेगा।
टीम एबीएन, गुमला। जवाहर नवोदय विद्यालय घाघरा मसरिया में आज का दिन बेहद खास रहा। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जहां देशभर में आज से 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण आरम्भ हुआ। वहीं गुमला जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डॉ विश्वनाथ खिल्लर के अथक प्रयास से 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण जिले में सबसे पहले आरम्भ हुआ। विद्यालय में अध्ययनरत समस्त विद्यार्थियों को, जिनकी उम्र 15 साल से अधिक हो गई है, उन्हें आज कोरोना का "कोवैक्सीन" टीका लगाया गया। विद्यालय की 12वीं की छात्रा अक्सा परवीन, 15 से 18 वर्ष की आयु में "कोवक्सिन" का टीका लेने वाली जिले की पहली छात्रा रहीं। विद्यालय में सोमवार की सुबह 10 बजे से ही कोविड टीकाकरण अभियान प्रारम्भ कर दिया गया। टीकाकरण के मौके पर गुमला उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा जी ने विद्यालय के टीकाकरण केंद्र स्मार्ट कक्ष आदि का भी निरीक्षण किया तथा प्राचार्य विश्वनाथ खिल्लर जी के अनुरोध पर परिसर में "सोलर लाइट" की व्यवस्था करने का आश्वासन भी दिया। मौके पर जिले के सहायक उपायुक्त सुधीर गुप्ता जी, उप विभागीय अधिकारी रवि आनंद, घाघरा बीडीओ विष्णु कच्छप, सीओ धनंजय पाठक जी भी उपस्थित रहे। विद्यालय में टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में प्रखण्ड संसाधन केंद्र घाघरा के (साधन सेवी) सुमित कुमार डे, जितेंद्र सिंह और स्वास्थ्यकर्मी लोकेश्वर पांडे, कुमुदिनी बा, कौलेश्वरी देवी, प्रतिमा कुमारी, राजू ओरांव, सुजाता लकरा, मो आफताब अहमद तथा विद्यालय की स्टाफ नर्स कुमारी निशा टोप्पो आदि ने अपना विशेष योगदान दिया।
रांची। झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, रेस्टोरेंट आदि बंद करने की अनुशंसा की है। स्वास्थ विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव को पत्र लिखकर 15 जनवरी तक सभी पब्लिक पार्क, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्विमिंग पूल, जिम, इंडोर स्टेडियम आदि बंद करने की अनुशंसा की है। हाट, बाजार बंद करने की अनुशंसा नहीं की गई है, लेकिन इसमें शारीरिक दूरी के अनुपालन तथा नियमित निगरानी जरूरी बताया गया है। स्वास्थ विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने सभी धार्मिक स्थलों में प्रवेश निषेध करने तथा मेला आदि आयोजन पर रोक लगाने की अनुशंसा की है। स्वास्थ्य विभाग ने शादी समारोहों में 50 से अधिक लोगों के शामिल होने पर भी रोक लगाने की अनुशंसा की है। स्वास्थ विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने सभी कार्यालयों में 50 प्रतिशत उपस्थिति को लागू करने तथा अगले आदेश तक बायोमेट्रिक उपस्थिति बंद करने की अनुशंसा की है। यह भी कहा है कि मॉल को भी बंद करने की भी अनुशंसा की है, लेकिन यदि इसे खोलने की अनुमति दी जाती है तो इसमें प्रवेश उसी का होगा जिनका दो डोज का टीका लग चुका है। साथ ही क्षमता के अनुसार 25 प्रतिशत लोगों को ही वहां जाने की अनुमति होगी। अनुमति मिली तो लागू होंगी ये भी पाबंदियां : शादी समारोह तथा श्राद्धकर्म में 50 से अधिक लोगों के शामिल होने पर होगी रोक। मॉल तो खुलेंगे, लेकिन दो डोज का टीका लेनेवाले का ही वहां प्रवेश होगा। साथ ही क्षमता के अनुसार 25 प्रतिशत लोगों को ही वहां जाने की अनुमति होगी। तमाम रेस्टोरेंट बंद रहेंगे। आनलाइन डिलीवरी की छूट रहेगी। दूसरे राज्यों या देशों से किसी भी माध्यम से आने वाले लोगों के लिए आरटी पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य किया जाएगा जो अधिकतम 72 घंटे के भीतर की होगी। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर सभी लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य किया जाएगा। पाबंदियां लागू करने का बताया यह कारण : राज्य में कोरोना का संक्रमण काफी तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य संरचनाएं उतनी अच्छी नहीं हैं जिससे कोरोना के बेतहाशा संक्रमण से निपटा जा सके। पूर्व का अनुभव बताता है कि लाकडाउन स्ट्रेटजी तथा अन्य पाबंदियां लगाने से कोरोना का संक्रमण कम हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने की यह भी अनुशंसा : अनिवार्य वस्तुओं की श्रेणी आने वाली दुकानें एक दिन गैप कर खुलें तथा शाम 5 बजे तक ही खोलने की अनुमति मिले। दूसरे राज्यों या देश से किसी भी माध्यम से आने वाले लोगों के लिए आरटी पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य किया जाए, जो अधिकतम 72 घंटे के भीतर का हो। 15 जनवरी 2022 तक शाम छह बजे से नाईट कर्फ्यू लागू किया जाए। अनिवार्य वस्तुओं को छोड़कर सभी दुकानें रविवार को अनिवार्य रूप से बंद रखी जाएं। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर सभी लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य किया जाए।
रांची। झारखंड में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए हर तरह से अब सतर्कता बरती जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने जहां कई पाबंदियों को लागू करने की अनुशंसा कर दी है, वहीं अब झारखंड हाई कोर्ट ने भी 14 जनवरी 2022 तक वर्चुअल सुनवाई करने की बात कही है। हाई कोर्ट ने नोटिस जारी किया झारखंड हाई कोर्ट ने एक नोटिस जारी कर कहा है कि 14 जनवरी 2022 तक वर्चुअल सुनवाई होगी। कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए झारखंड हाई कोर्ट ने यह पहल की है। हाई कोर्ट की ओर से नोटिस में इस बात की सूचना दी गई है। मालूम हो कि इससे पहले झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की ओर से चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर वर्चुअल सुनवाई करने की मांग की गई थी। इस पत्र में कहा गया है कि कोरोन का संक्रमण एक बार तेजी से बढ़ रहा है। कई वकीलों ने सुरक्षा कारणों से ऑनलाइन सुनवाई करने की मांग की है। ऐसे में वकीलों और अन्य लोगों की सुरक्षा को देखते हुए तीन जनवरी से ऑनलाइन सुनवाई की जाए।मालूम हो कि झारखंड हाई कोर्ट शीतकालीन अवकाश के बाद तीन जनवरी को खुल रहा है। अवकाश के पहले तक झारखंड हाई कोर्ट में सप्ताह में तीन दिन ऑनलाइन और दो दिन फिजिकल सुनवाई चल रही थी।
एबीएन डेस्क। कोरोना टीकाकरण का इंतजार कर रहे झारखंड के 23.98 लाख किशोरों के लिए सोमवार को खास दिन होगा। सोमवार से पूरे झारखंड में 15 से 18 वर्ष आयु के इन किशोरों का टीकाकरण शुरू होगा। इन्हें भी कोवैक्सीन की वही डोज लगाई जाएगी, जो वयस्कों को लगाई जा रही थी। अलग से बनाए गए हैं केंद्र झारखंड में सोमवार से किशोरों के टीकाकरण के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। इनके लिए अलग से केंद्र बनाए गए हैं। अधिसंख्य केंद्र स्कूल और कालेजों में बनाए गए हैं। प्रतिदिन अलग-अलग स्कूल, कालेजों में टीकाकरण होगा। जिलों को विशेष परिस्थितियों में उन केंद्रों पर भी किशोरों के टीकाकरण की छूट दी गई है जहां वयस्कों का टीकाकरण हो रहा है। लेकिन किशोरों के टीकाकरण के लिए अलग टीम होगी तथा इनके लिए अलग लाइन भी होगी। रांची में पहले दिन सोमवार को पांच स्कूलों में किशोरों का टीकाकरण होगा। बता दें कि इस आयु के किशोरों का पंजीयन कोविन पोर्टल पर पहली जनवरी से ही शुरू हो गया है। इधर, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार ङ्क्षसह ने सोमवार से किशोरों के टीकाकरण को लेकर सभी उपायुक्तों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने सभी उपायुक्तों को जिला शिक्षा पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर किशोरों का टीकाकरण करने तथा दिशा-निर्देश के अनुपालन के अधीनस्थ पदाधिकारियों को निर्देश देने को कहा है। यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि किशोरों और वयस्कों की वैक्सीन हर हाल में अलग-अलग रखने की व्यवस्था हो।
टीम एबीएन, जमशेदपुर। झारखंड की टीम ने चंडीगढ़ में आयोजित अंडर 11 रोलर बास्केटबॉल में पांचवीं नेशनल रोलर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। झारखंड की टीम गोल्ड समेत पांच मेडल जीत कर जमशेदपुर लौटी। जहां उनका स्वागत किया गया। टीम के कोच ने बताया कि झारखंड में पहली बार एक छोटी बच्ची ने गोल्ड मेडल जीता है जो आगे इंटरनेशनल की तैयारी करेगी। चंडीगढ़ में अमीटीयर फेडरेशन ऑफ रोलर बास्केटबाल इंडिया के तत्वावधान में रोलर बास्केटबॉल एसोसिएशन ऑफ चंडीगढ़ द्वारा 5 नेशनल रोलर बास्केटबॉल चैम्पिनशिप में पहली बार झारखंड की टीम शामिल हुई और गोल्ड समेत पांच मेडल पर कब्जा जमाया है। टीम के वापस लौटने पर टाटानगर रेलवे स्टेशन में उनका भव्य स्वागत किया गया है। 6 से 11 वर्ष के बच्चों ने चंडीगढ़ में 10 राज्यों में झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि अब अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक की भी तैयारी की जाएगी। सिल्वर मेडल जीतने वाले अंशुमन पांडे ने बताया कि अब वो सभी अंतरराष्ट्रीय खेल के लिए तैयारी करेंगे और परिवार के साथ-साथ राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे। झारखंड में सबसे कम उम्र में गोल्ड मेडल और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली कृशवी गर्ग बताती हैं कि आज उनके पापा की वजह से वो इतना आगे तक आई हैं आगे और बेहतर कर अपने पापा और अपने शहर के साथ राज्य का नाम रोशन करना चाहती हैं। 30 दिसंबर को रेस प्रतियोगिता में झारखंड को दो मेडल, जिसमें एक गोल्ड और एक कांस्य पदक प्राप्त हुआ। रोलर स्पीड में सबसे कम उम्र की बच्ची कृशवी गर्ग ने गोल्ड मेडल जीतकर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। बच्चों के इस प्रदर्शन के पीछे रोलर स्केटिंग अकादमी के कोच पुनीत गुप्ता ने बताया कि एकेडमी को किसी तरह की सरकारी सहायता नहीं मिलने के बावजूद सड़क किनारे ही बच्चों को ट्रेंड कर आज उन्होंने बच्चों को इस मुकाम तक पहुंचाया, जहां से बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड राज्य का नाम रोशन किया है। झारखंड ईस्ट जोन की तरफ से अंडर 11 रोलर बास्केटबॉल की प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम की तरफ से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 26 दिसंबर 2021 को टीम चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। प्रतियोगिता में देश के 10 राज्यों ने भाग लिया था, जिसमें महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, झारखंड और हिमाचल प्रदेश शामिल रहीं। 29 दिसंबर 2021 को आखिरी मुकाबला महाराष्ट्र और झारखंड बीच हुआ। जिसमें झारखंड की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया और खेल के अंतिम कुछ क्षणों में महाराष्ट्र की तरफ से एक गोल कर दिया गया। जिसके कारण झारखंड टीम के अंशुमान पांडेय को सिल्वर मेडल मिला है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse