सेन्हा (लोहरदगा)। सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु चौपाल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की सूचना आ रही है। जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ शनिवार शाम अतिनक्सल प्रभावित क्षेत्र का है। सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु चौपाल में शनिवार देर शाम पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ होने की बात सामने आ रही है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों ओर से कई राउंड गोलीबारी होने की बात कही जा रही है। पुलिस को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस नक्सलियों की धरपकड़ में सर्च अभियान चला रही है। हालांकि सर्च अभियान अभी भी जारी है। बता दें कि नक्सलियों की सूचना पर अभियान चलाया गया था। जानकारी के मुताबिक पुलिस के वरीय अधिकारी को सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी संगठन के नक्सली सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुन्दरू चौपाल में जुटे हुए हैं। माओवादी के हार्डकोर नक्सली रविंद्र गंझू का भी इस दस्ते में होने की संभावना जतायी जा रही है। जिसके बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इसी दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चली हैं। समाचार भेजे जाने तक घटने में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिल रही है।
रांची। केंद्र सरकार पूरे देश में ढांचागत बदलाव को लेकर एक तरह से अभियान चला रही है। इसी कड़ी में झारखंड में दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण कराए जाएंगे। यह भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत होगा। पहला ओडिशा के संबलपुर से रांची तक एक्सप्रेसवे बनेगा। इसकी कुल लंबाई 146.2 किलोमीटर है। दूसरा छत्तीसगढ़ के रायपुर से गुमला-रांची होते हुए धनबाद तक सड़क बनाने की योजना है। इसके तहत ओरमांझी से गोला होते हुए बोकारो तक की एक्सप्रेसवे बनाने की योजना है। इसकी लंबाई करीब 700 किलोमीटर होगी। इसके अतिरिक्त एक रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे भी है, जो बिहार से चलकर झारखंड में प्रवेश कर पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक जाएगा। भारत सरकार द्वारा जारी जानकारी के हवाले से प्रकाशित विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार झारखंड की कनेक्टिविटी को नया आयाम देने वाली ये सड़क परियोजनाएं ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के रूप में तैयार होंगी। इसके तहत फोर लेन सड़कें बनेंगी, जो खेतों-खलिहानों से गुजरेंगी। इस सड़क में कम से कम घुमावदार मोड़ होंगे।संबलपुर से रांची तक की ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट की लंबाई 146.2 किलोमीटर है। यह एक्सप्रेसवे ओड़िशा के लिट्टीबेड़ा में यह सड़क शुरू होगी, जो झारखंड के खूंटी जिला होते हुए रांची के आउटर रिंग रोड में आकर मिलेगी। सड़क में घुमाव कम हो इसके लिए खेतों से होते हुए नई सड़क निकाली जाएगी। इस सड़क को फोर और छह लेन बनाने की योजना है।
कोडरमा। इंडियन डिफेंश एकेडमी झुमरी तिलैया के तत्वाधान में शनिवार की देर शाम सीएच +2 उवि के समीप से मोमबती जुलुस निकाला गया जो कि पूर्णिमा टॉकिज गली होते हुए झंडा चौक पहुंचा। जहां कि कन्नूर में प्लेन क्रैश में सीडीएस सहित शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए झंडा चैक पहुंचकर श्रद्धांजलि दी गई। इंडियन डिफेंश एकेडमी के प्रशिक्षक सुभाष यादव एवं सोनु कुमार ने कहा कि देहरादून के कन्नूर में बुधवार दोपहर को हुए हेलीकाप्टर हादसे में उत्तराखंड का सूरज डूब गया। भारतीय वायुसेना के एमआई-17 वी फाइव हेलीकाप्टर में सवार चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और जवानों की इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही वायुसेना ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी तो हर शख्स स्तब्ध रह गया। श्रद्धांजलि सभा में सीडीएस विपीन रावत अमर रहें, जब तक सुरज चॉद रहेगा सीडीएस विपीन रावत का नाम रहेगा, जैसे नारों से कार्याक्रम स्थल गुंजता रहा। इस अवसर पर हवाई दुर्घटना में शहीद हुए सैन्य प्रमुख विपिन रावत, अन्य सैन्य अधिकारी व जवान के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर राहुल कुमार, गौतम कुमार बंगोली दादा, जीवन कुमार, सुरज कुमार, विवेक कुमार, दिपक कुमार, आशीष यादव, पिंटु कुमार, राहुल यादव, राजु कुमार सुधाकर यादव, राहुल पांडेय, संदीप मोदी, आदि शामिल थे।
लोहरदगा। लोहरदगा पेशरार प्रखंड के सीरम पंचायत के सेमराटांड निवासी सगीर अंसारी और साजदा सदफ खातून के पुत्र लेफ्टिनेंट मो तौसीफ इकबाल ने 11 दिसंबर को इंडियन मिलिट्री अकेडमी देहरादून से पासिंग आउट कर जिले को गौरवान्वित किया। तौसीफ के पिता सगीर अंसारी उत्क्रमित हाई स्कूल चितरी डांडू में सरकारी शिक्षक हैं। माता साजदा सदफ खातून गृहणी हैं। उनका परिवार वर्तमान में शहर के वार्ड नं 11 इस्लामनगर में रहता है। तौसीफ की प्राम्भिक शिक्षा उत्क्रमित मिडिल स्कूल सीरम मांची से पूरी हुई। वर्ष 2015 में मैट्रिक परीक्षा सैनिक स्कूल तिलैया, वर्ष 2017 में आईएससी की परीक्षा भी उन्होंने सैनिक स्कूल तिलैया से पास की। बीएससी कंप्यूटर साइंस नेशनल डिफेंस अकैडमी खड़गवासला से 2020 में उतीर्ण हुए। तौसीफ का लक्ष्य देश सेवा करना है। उन्होंने कहा कि परिश्रम, लगन और निष्ठा से हर मंजिल प्राप्त किया जा सकता है।
लोहरदगा। बैठक में सर्वप्रथम दिनांक 16.11.2021 से जिले में आयोजित हो रहे आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में आये आवेदन व उसके निष्पादन पर चर्चा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अब तक कुल 19,691 आवेदन आमजनों द्वारा दिये गये जिसमें 12193 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। अन्य लंबित आवेदनों को भी निष्पादित करने का निर्देश उपायुक्त ने सभी बीडीओ को दिया। उपायुक्त ने कहा कि आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में किसी भी समस्या से संबंधित आवेदन को लिया जाय और उसका निष्पादन किया जाय। पेयजल, सड़क आदि की योजनाएं ग्राम सभा से पारित करा ली जायें। सभी प्रखण्ड कार्यालयों में दिव्यांगता प्रमाण पत्र से संबंधित कैंप अवश्य लगाया जाय। प्रत्येक अंचल में हाल सर्वे में भूमि संबंधी गड़बड़ी के आवेदन अधिक से अधिक संख्या में लिये जायें। मनरेगा अंतर्गत जो भी काम मांग रहे हैं उन्हें मनरेगा अंतर्गत सात दिनों के भीतर काम उपलब्ध कराया जाय। कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, लोहरदगा को निदेश दिया गया कि जितने आवेदन चापाकल खराब से संबंधित आये हैं उन सभी की मरम्मती करा ली जाय। नगर पर्षद क्षेत्र में भी आवेदन आये हैं उन्हें भी ठीक कराया जाय। मुख्यमंत्री पशुधन योजना में लक्ष्य के अनुरूप अब तक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ जिसे पूरा करें। 50 प्रतिशत अनुदान पर पशुधन विकास की योजना के विरूद्ध लक्ष्य पूर्ण करें। कल्याण विभाग की ओर से संचालित पशुधन वितरण योजना का लक्ष्य पूर्ण करने का निदेश जिला कल्याण पदाधिकारी को दिया गया। समाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक को निदेश दिया गया कि आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा कंबल की मांग हर कार्यक्रम में अधिक संख्या में की जा रही है, इसके लिए अतिरिक्त कंबल की मांग विभाग से करें। जिला कृषि पदाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिन किसानों ने भी केसीसी ऋण लिया है उन्हें मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना का लाभ अवश्य दें। इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त करें। जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिन गरीब परिवार को खाद्यान्न के लिए राशन कार्ड की आवश्यकता है उन्हें राशन कार्ड के लिए आवेदन अवश्य प्राप्त करें। साथ ही जिनका नाम राशन कार्ड में अब तक नहीं जोड़ा जा सका वैसे सदस्यों का भी नाम उस कार्ड में जुड़वायें। सभी कार्यक्रम में ई-श्रम पोर्टल पर श्रम कार्ड के लिए असंगठित कामगारों का निबंधन अवश्य करायें। उपायुक्त द्वारा बैठक में मनरेगा अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें मानवदिवस सृजन, टीबीबी, दीदीबाड़ी, आंगनबाड़ी, फील्ड बंड, कुआं आदि शामिल थीं। उपायुक्त द्वारा सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप सुधार लाने के निदेश दिये। साथ ही जो रोजगारसेवक, कनीय अभियंता, पंचायत सचिव लगातार काम नहीं कर रहें, कार्य में सुधार नहीं है, वैसे लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई हेतु प्रस्ताव देने का निदेश उप विकास आयुक्त को दिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा की गई और जिन प्रखण्डों में आवास की संख्या लक्ष्य के अनुरूप कम पूर्ण हुई है उसमें सुधार लाने के निदेश दिये गये। आज की बैठक में उप विकास आयुक्त अखौरी शशांक सिन्हा, अनुमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण केरकेट्टा, नगर पर्षद कार्यपालक अभियंता देवेंद्र कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनुराधा कुमारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी नारायण राम, जिला कृषि पदाधिकारी शिव कुमार राम, सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सभी प्रखण्ड कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा योजना के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के जिला समन्वयक केके गुप्ता, मनरेगा परियोजना पदाधिकारी सुधीर मुर्मू समेत अन्य उपस्थित थे।
कुडू/चिरी। कुडू प्रखंड के चिरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आॅक्सीजन प्लांट अधिष्ठापन के लिए तैयार किये जा रहे आधारभूत संरचना का आज उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त द्वारा संरचना निर्माण में तेजी लाने, बेहतर क्वालिटी के मैटरियल इस्तेमाल करने, स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मौजूद झाड़ियों को साफ कराने व मिट्टी भर कर जमीन को समतल करने, फूल व पौधे लगाने का निदेश दिया गया। जिला योजना पदाधिकारी को स्वास्थ्य केंद्र के प्रवेश द्वार से मुख्य द्वार तक पीसीसी पथ और आक्सीजन प्लांट से भवन तक पेवर ब्लॉक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई हेतु निदेश दिये गये। आक्सीजन प्लांट का उद्घाटन इसी माह किया जायेगा। मौके पर जिला योजना पदाधिकारी अरूण सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ विवेक मधुर, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक सरोजनी केरकेट्टा व अन्य मौजूद थे।
मेदिनीनगर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 दिसंबर को बनारस में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और इधर पलामू के सभी शिवालयों में भी बाबा काशी विश्वनाथ के जयघोष की गूंज सुनाई देगी। इसकी तैयारी भाजपा की पलामू जिला इकाई व्यापक पैमाने पर कर रही है। शनिवार को भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। भाजपा जिला अध्यक्ष विजयानंद पाठक ने कहा कि दिव्य काशी भव्य काशी कार्यक्रम के तहत वहां के भक्तिमय नजारा से पलामूवासी भी रूबरू होंगे। पीएम मोदी जैसे ही कोरिडोर का उद्घाटन करेंगे, पलामू जिले में स्थित शिवालय भी बम भोले व बाबा विश्वनाथ के जयकारों से गूंज उठेंगे। यह आत्मीय अनुभव वैसा ही होगा जैसा कि काशीवासी अंतकरण से करेंगे। इस ऐतिहासिक दृश्य को पूरे जिले में प्रोजेक्टर के माध्यम से जीवंत प्रसारण किया जायेगा। उसी दिन संबंधित मंदिर के पुजारी को भी सम्मानित किया जायेगा। मुख्य कार्यक्रम गायत्री मंदिर रोड स्थित शिवशक्ति धाम में आयोजित होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह, डिप्टी मेयर मंगल सिंह, उदय शुक्ला, लोकेश सिंह आदि उपस्थित थे। आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन के आगमन पर भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने कहा कि पलामूवासियों को एक बार फिर से मुख्यमंत्री ने ठग ने का काम किया है । श्री सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों को आॅक्सीजन, वेंटिलेटर, राशन व दवा देने का काम किया है। फिर भी सीएम यह कहते हैं कि उन्होंने भीख मांग कर काम चलाया। यदि कोरोना काल में भीख मांगकर काम चलाया है तो उसका व्यौरा सार्वजनिक करें। भाजपा नेता ने नियोजन नीति में भाषा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल खड़ा किए और कहा कि हिंदी, भोजपुरी, मगही और अंगिका को शामिल नहीं करने तक आंदोलन चलता रहेगा। पलामू भाजपा का जिलास्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र 24 दिसंबर से शुरू होगा। यह प्रशिक्षण पूर्णत: आवासीय होगा। उक्त जानकारी भाजपा के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भाजपा नगर मंडल व रामगढ़ मंडल का प्रशिक्षण चल रहा है और यह 16 दिसंबर तक चलेगा।
दुमका। आपसी सुलह-समझौता से राष्ट्रीय लोक अदालत में 1164 वादों का निपटारा करते हुए 2 करोड़ 84 लाख, 40 हजार, 657 रुपए का वसूली हुई। लोक अदालत का शुभारंभ द्वीप प्रज्ज्वलित कर प्रधान जज सह प्राधिकार अध्यक्ष पियूष कुमार ने किया। मौके पर प्रधान जज पियूष कुमार ने कहा कि लोगों को सुलभ और नि:शुल्क न्याय देने के लिए झालसा, रांची और नालसा, दिल्ली के निदेर्शानुसार आयोजित होती है। लोक अदालत में छोटे मोटे दीवानी मामले, बैंक लोन, पारिवारिक वाद, मृत्यु बीमा का लाभ, सामाजिक पेंशन योजना समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाता है। प्रधान जज ने अदालत के उद्देश्यों को बताते हुए कहा कि लंबे समय से चल रहे वादों का आसानी से आपसी-सुलह समझौता से निपटारा करना है। जिससे लोगो को सस्ता और सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में हुए निपटारा किए गए वादों का हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील किया जा सकता है। लोक अदालत में हुए वादों का निष्पादन अंतिम होता है। इस अवसर पर प्रधान जज पियूष कुमार, प्राधिकार सदस्य एसपी अम्बर लकड़ा, एसडीएम महेश्वर महतो एवं जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने विभिन्न गठित बेंचों में जाकर लोगों की समस्या सुन बेंच में उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निष्पादन का निर्देश दिया। इस अवसर पर प्राधिकार सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि कुल गठित आठ बेंचों में 1164 वादों का निपटारा करते हुए 2,84,40, 657 रुपए की वसूली हुई। बेंच एक में प्रधान न्यायाधीश कुटंब न्यायालय देवेंद्र कुमार पाठक, अधिवक्ता मो शमशाद अंसारी एवं अनिता कुमारी ने कुल 18 वादों का निष्पादन किया। बेंच दो में डीजे वन रमेशचंद्र, अधिवक्ता नित्यानंद और मिलू रजक ने 45 वादों का आपसी सुलह के आधार पर निपटारा करते हुए 95,06,708 रुपए की वसूली की। बेंच तीन में डीजे टू आर के मिश्र, अधिवक्ता प्रशांत कुमार एवं प्रीति कुमारी ने 50 वादों का निपटारा करते हुए 97,92,246 रुपए की वसूली की। बेंच चार में सीजेएम धर्मेंद्र कुमार सिंह, अधिवक्ता विक्रमादित्य पांडेय एवं किरण तिवारी ने 195 वादों का निपटारा करते हुए 19,66,339 रुपए का वसूली हुई। बेंच पांच में एसीजेएम एसपी ठाकुर, अधिवक्ता विद्यापति झा एवं शर्मिला सिंह ने 289 वादों का निपटारा करते हुए 62,69,950 रुपए का वसूली की। बेंच छह में जेएम वन विजय कुमार यादव, अधिवक्ता राकेश चंद्र लाल मरांडी एवं वीणा सिंह के बेंच ने 389 वादों का निपटारा करते हुए 3,48,900 रुपए का वसूली हुई। बेंच सात में जेएम ऋतिका सिंह, कार्यपालक दंडाधिकारी मो आसफ अली और रानी कुमारी ने 168 वादों का निपटारा करते हुए 37,041 रुपए का वसूली हुई। बेंच आठ में स्थायी लोक अदालत अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, सदस्य घनश्याम प्रसाद साह एवं नीता कुमारी ने 10 वादों में आपसी सुलह-समझौता कर 5,19,473 रुपए की वसूली की।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse