झारखंड

View All
Published / 2022-01-04 13:02:12
सीएसपी संचालक लूटकांड का उद्भेदन, नाबालिग समेत सात गिरफ्तार

टीम एबीएन, चतरा। सीएसपी संचालक से लूटकांड के मामले में सिमरिया पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लूटकांड के महज चार दिनों के अंदर घटना में शामिल सभी लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। सभी अपराधी सिमरिया, सदर व लावालौंग समेत लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र से गिरफ्तारी की गई है। अपराधियों के पास से लूट का 96 हजार रुपये नकद, चार हजार का बिल, लूट में प्रयुक्त तीन बाइक, लूट का दो मोबाईल व लुटेरों के पास से विभिन्न कंपनियों का सात मोबाईल फोन जप्त किया गया है। एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने की कार्रवाई। थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत सशस्त्र बल के अधिकारी व जवान शामिल थे। विगत 29 दिसंबर को लुटेरों ने दिया था लूट कांड का अंजाम एक लाख नकद व दो मोबाईल लूट कर फरार हो गए थे। सिमरिया थाना क्षेत्र के कुट्टी आरसेल सड़क पर सीएसपी संचालक लोकेश कुमार व संतोष यादव से हुई थी लूट। एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा है कि सभी अभियुक्त लूट कांड कर फरार चल रहे थे। लूट कांड में शामिल अभियुक्त शंकर कुमार किसुन पुर चतरा, सत्यम कुमार उर्फ टेनी किसुनपुर चतरा, छोटू कुमार यादव किसुनपुर चतरा, संदीप कुमार धंगरटोली चतरा, लालू कुमार दाकादिरी थाना बालूमाथ, जकेन्द्र गंझू उर्फ हरेंद्र गंझू गोठाई सिमरिया थाना, तथा एक नाबालिक का नाम शामिल है।

Published / 2022-01-04 13:01:15
तमासीन हादसा : एनडीआरएफ की टीम की कोशिश बेकार, चौथे दिन भी नहीं मिला युवक का शव

कान्हाचट्टी। हजारीबाग के सुल्ताना निवासी तफज्जुल अंसारी विगत 1 जनवरी को तमासीन जलप्रपात के गहरी खाई में गिरने के कारण मौत हो गई थी, जिसको लेकर चतरा जिला प्रशासन गंभीरता से मामले को समझते हुए नेशनल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। लेकिन दिन भर कड़ी मशक्कत के बावजूद सफलता हाथ नहीं लगी और युवक का शव बरामद नहीं हो पाया है। तमासीन जलप्रपात में युवक के परिजनों के अलावा तमासीन जलप्रपात की कमेटी मेंबर भी मौजूद रहे एवं चतरा के वरीय पदाधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।

Published / 2022-01-04 13:00:17
एचइसकर्मियों की हड़ताल जारी

रांची। वेतन भुगतान की मांग को लेकर एचईसीकर्मियों ने मंगलवार को भी उत्पादन ठप रखा। कामगार प्लांट पहुंचे ओर नारेबाजी करने लगे। कमगारों का सात माह से वेतन बकाया है। एक मुश्त भुगतान की मांग को लेकर कामगार आंदोलन कर रहे हैं। कामगारों ने प्रबंधन की काम पर लौटने की अपील भी ठुकरा दिया है। प्रबंधन कामगारों को एक माह का वेतन देने का आश्वासन दे रहा है। दूसरे प्रतिष्ठानों से राशि मिलने के बाद अन्य बकाया भुगतान करने की बात कही जा रही है। उधर एचईसी कामगारों की मांगों के समर्थन में विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दल भी उतर आए हैं। एचईसी को बचाने के लिए छह जनवरी को राजभवन मार्च की घोषणा भी की गयी है।

Published / 2022-01-04 12:56:40
गुमो में स्टेडियम और पार्क के लिए शीघ्र बनेगा डीपीआर

कोडरमा। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में नगर परिषद् झुमरी तिलैया अंतर्गत योजना चयन समिति की बैठक हुई। बैठक में विधायक डॉ नीरा यादव शामिल हुई। बैठक में सर्वप्रथम योजना चयन समिति की पूर्व बैठक में लिये गये निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा किया गया। बैठक में नगर प्रशासक द्वारा बताया गया कि झुमरी तिलैया शहर के विभिन्न चौक-चौरहों पर यातायात सुगमीकरण हेतु आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाईटिंग की व्यवस्था किया गया है, डिवाईडर का रंगरोगन का कार्य किया गया है। उपायुक्त ने नगर प्रशासक को निर्देश देते हुए कहा कि यातायात सुगमीकरण हेतु डिवाइडर लगाने हेतु समीक्षा कर मुख्य स्थानों पर डिवाईडर लगाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नगर परिषद् मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने को लेकर स्थल चिन्हित करते हुए प्रस्ताव उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही गुणवत्तायुक्त सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त श्री रंजन ने गुमो में पार्क निर्माण एवं खेल मैदान के निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार करने का निर्देश नगर प्रशासक को दिया। ब्लॉक मैदान परिसर के पास ओपन जिम एवं योग शेड निर्माण कार्य के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए योग शेड निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। भेडिंग जोन को लेकर गांधी स्कूल के पास चिन्हित स्थल पर भेडिंग जोन सहित स्ट्रीट भेंडर्स एवं उनके अपेक्षित उपभोक्ताओं हेतु मूलभूत सुविधाएं यथा पार्किंग स्थल, हरित स्थल, पेयजल की व्यवस्था, फेंसिंग इत्यादि के निर्माण हेतु डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही आमजनों के हित को ध्यान में रखते हुए गोवर्द्धन तालाब के पास भेडिंग जोन बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही तालाब का सौंदर्यकरण एवं इंनडोर स्टेडियम व पार्क के निर्माण को लेकर कई दिशा-निर्देश दिये। अशोका होटल के पीछ बाजार का जीर्णोद्धार करने की बात कही। मार्केट कांप्लेक्स व पुस्तकाल निर्माण को लेकर स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मौजूदा स्थान में चल रहे पुस्तकाल भवन में एक रिडिंग हॉल बनाने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने नगर प्रशासक को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन योजनाओं का चयन किया जा रहा है, उन योजनाओं का डीपीआर जल्द से जल्द तैयार कर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। नगर परिषद् झुमरी तिलैया अंतर्गत सभी छठ घाटों का जीर्णोद्धार करने एवं घाटों में महिलाओं के लिए चेजिंग रुम बनाने हेतु प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त द्वारा नगर प्रशासक को निर्देश दिये कि झलपो तालाब, भास्कर तालाब, मोरियावां तालाब, इंदरावा तालाब औ? नवादा तालाब का सौंदर्यकरण करने को लेकर प्रस्ताव तैयार करना सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त नाला निर्माण, सड़क निर्माण इत्यादि बिंदुओं पर चर्चा की गयी। उपायुक्त ने नगर प्रशासक को निर्देश दिये कि पार्यावरण के दृष्टिकोण से पूरे नगर परिषद् क्षेत्र में पौधारोपण करना सुनिश्चित करें। मौके पर माननीय विधायक डॉ नीरा यादव, उप विकास आयुक्त लोकेश मिश्रा, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, नगर प्रशासक श्री विनित कुमार व अन्य मौजूद थे।

Published / 2022-01-04 12:55:37
जागरूकता ही डायबिटीज से बचाव है : डॉ पवन

कोडरमा। रोटरी क्लब आॅफ कोडरमा और इनरव्हील क्लब आॅफ कोडरमा के द्वारा रोटरी भवन के सभागार में स्वस्थ जीवन शैली जीने के लिए डायबिटीज जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में रांची से आए मधुमेह विशेषज्ञ डॉक्टर विनय कुमार ढाढणिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने वहां पर आए मधुमेह रोगियों की जांच की और उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। डॉ विनय कुमार ने कहा कि आज देश में कोविड और डायबिटीज सुनामी की तरह चल रहा है। पूर्व के पोलियो बीमारी की तरह देश में डायबिटीज की बीमारी भी बढ़ती जा रही है। पहले बड़ी उम्र के लोगों को डायबिटीज की बीमारी होती थी, परंतु आजकल छोटी उम्र के लोगों, बच्चों को भी यह बीमारी हो रही है। इस पर कंट्रोल करना जरूरी है। डायबिटीज से धीरे-धीरे कई परेशानी होती है। जागरूकता की कमी के कारण डायबिटीज पेशेंट को करोना के समय ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा है। गलत खानपान और जागरूकता के अभाव में डायबिटीज होने पर मरीज की किडनी,आंख खराब हो जाते हैं। हृदय रोग और कैंसर जैसे रोग भी लग जा रहे हैं। परंतु मरीज को बहुत बाद में इस रोग का मरीज को पता चलता है कि उन्हें डायबिटीज है। शारीरिक मेहनत नहीं करने से भी डायबिटीज होती है। बार-बार पेशाब का होना, हमेशा थकान महसूस करना, घाव का ठीक नहीं होना, शरीर का ज्यादा वजनी होना, मानसिक परेशानी, और फैमिली हिस्ट्री, डायबिटीज के कारण है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही बचाव है। रांची से आए टेक्निशियन महेंद्र कुमार ने जांच शिविर में अपना सहयोग दिया। अध्यक्ष रितु सेठ ने स्वागत संबोधन किया। मुख्य अतिथि और मंच पर बैठे सभी लोगों ने दीप प्रज्वलन किया। कार्यक्रम के पीडी रोटेरियन महेश दारूका ने मुख्य अतिथि को बूके देकर स्वागत किया। रोटरी आई हॉस्पिटल की डॉक्टर संगीता प्रसाद को भी बूके देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्व. दुर्गा प्रसाद दारूका रोटरी पूर्व अध्यक्ष की पुण्य स्मृति में किया गया। मंच संचालन इनरव्हील आईपीपी दीपाली भदानी ने किया। मुख्य अतिथि का परिचय रोटेरियन अजय अग्रवाल ने दिया। इनरव्हील की अध्यक्ष माला दारुका ने भी संबोधन दिया। रोटेरियन महेश दारूका ने मोमेंटो देकर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया। धन्यवाद ज्ञापन रोटरी सचिव नवीन जैन ने किया और कहा कि आने वाले दिनों में रोटरी कोडरमा इस तरह के स्वास्थ्य शिविर का और अधिक से अधिक आयोजन करेगी। मौके पर पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सुरेश जैन, कैलाश चौधरी,जयकुमार गंगवाल ,कुमार पुजारा,, रोटेरियन कमल सेठी, सुरेश शेट्टी, पवन दारूका, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष विश्वनाथ दारूका,धर्मेंद्र प्रसाद, अश्विनी राजगढ़िया, संदीप सिन्हा, रोहित कुमार, अमर कुमार, विकास सेठ, नवीन आर्य, इनरव्हील की सचिव आशा गुप्ता, आरती आर्य, संतोष चौधरी अमरजीत कौर, रितु तर्वे,कंचन भदानी, वीणा भदानी, सुधीर कुमार आदि मौजूद थे।

Published / 2022-01-04 12:31:16
गुमला : डीटीओ और सड़क सुरक्षा टीम ने चलाया जागरूकता सह वाहन चेकिंग अभियान

गुमला। उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी विजय सिंह बिरूआ की अगुवाई में पटेल चैक, बस स्टैंड में मास्क चेकिंग जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वाहन संचालकों एवं यात्रियों को बताया गया कि वर्तमान में एक बार फिर कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए हम सभी को अत्यंत सजग व सावधान रहने की आवश्यकता है। इसके लिए आवश्यक है कि चालक/संचालक एवं पैसेंजर सभी लोग साफ-सफाई, मास्क, सेनेटाईजर एवं सामाजिक दूरी का अनिवार्य रूप से पालन करें एवं दूसरों को भी ऐसा करने हेतु प्रेरित करें। इससे हम कोरोना वायरस से स्वयं एवं अपने परिवार का बचाव कर सकते हैं। हमारी थोड़ी सी भी लापरवाही हमारे लिए व हमारे समाज के लिए घातक सिद्ध हो सकता है। इसलिए लोगों को जागरूक करने व मास्क पहनकर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है ताकि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क पहने घर से बाहर न निकलें एवं इसकी अहमियत को समझें। इसमें सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है। साथ ही कहा गया कि वर्तमान में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, ऐसे में हम सभी को एक बार फिर से सावधानी एवं सतर्कता बरतने की जरूरत है। लोगों को कोविड के बढ़ते मामलों एवं दुष्प्रभाव से अवगत कराया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी, गुमला विजय सिंह बिरूवा की अगुवाई एवं सड़क सुरक्षा के टीम द्वारा रायडीह थाना के सामने ट्रक, पिकअप, टेंपो, कार एवं मोटर साइकिल वाहनों का कागजात, सीट बेल्ट एवं मास्क का जांच किया गया। इस क्रम में वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात नहीं प्रस्तुत करने पर 06 टेंपो वाहनों को जब्त किया गया एवं 03 बाइक को जप्त किया गया। जिसमें 25 वाहनों से 27,000 रुपए वसूली की गई। यह जांच अभियान दोपहर 12:00 बजे से शाम 03:00 बजे तक चलाया गया। वाहन जांच अभियान में मुख्य रुप से रोड सेफ्टी मैनेजर कुमार प्रभास, आईटी असिस्टेंट मंटू रवानी एवं रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट प्रणय कांसी शामिल थे।

Published / 2022-01-04 12:30:07
गुमला-लोहरदगा को जोड़ने वाला नवडीहा पुल के सारे सरिये निकले बाहर, कई जगह बना गड्ढा

गुमला। कहा जाता है कि जान है तो जहान है... लेकिन घाघरा प्रखंड के नवडीहा पुल की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि एक दिन न तो जान रहेगी और न ही जहान बचेगा। पुल की स्थिति इतना दयनीय है कि पुल की ढलाई में लगा सारा सरिया बाहर निकल गया है। जगह-जगह पुल का सरिया बाहर निकलने से गड्ढे बन गये हैं। भगवान भरोसे ही पुल भारी भरकम वाहनों का बोझ संभाल रहा है। स्थिति तो यह है कि कंक्रीट पर पुल टिका हुआ है और कभी भी ध्वस्त हो सकता है। पुल की स्थिति देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि एक दिन यह जीवन लीलने वाला राक्षस साबित हो सकता है। जिसपर शायद न तो पथ निर्माण विभाग का ध्यान जा रहा है और न ही प्रशासन की। जबकि लगातार इस पुल के उपर से सैकडों वाहनों का आना जाना लगा है। पुल के हर चार कदम पर ढ़लाई के दौरान लगाये गये सरिया बाहर आ गया है और कई स्थानों से तो सरिया गायब है। वहां गड्ढा बन गया है। पुल पर अत्याधिक दबाव पड़ने पर उसके बैठ जाने की आशंका स्थानीय लोग जता रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन पुल की इस दूरदर्शा पर संज्ञान भी नहीं ले रही है। शायद जीवन जाने के बाद प्रशासन जागेगी। वहीं दूसरी ओर पुल के बैठ जाने पर गुमला-लोहरदगा मार्ग बंद हो जाएगा। क्योंकि यह पुल सीधे दो जिलों को आपस में जोड़ती है। वहीं पुल पर बना गड्ढा दुर्घटना को भी आमंत्रित कर रहा है। देखने से शायद पुल कंडम घोषित हो सकता है। जिसे इंजिनियरों द्वारा जांच करने की आवश्यकता है।

Published / 2022-01-04 12:29:16
कोविड अनुरूप व्यवहार का अनुपालन करें लोग : डॉ नीरा यादव

कोडरमा। बिरसा सांस्कृतिक भवन में जिला प्रशासन के सौजन्य से एक दिवसीय दिव्यांग कर्मशाला/कैंप का आयोजन किया गया। माननीय विधायक डॉ नीरा यादव, उपायुक्त आदित्य रंजन, जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता व जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कर्मशाला का शुभांरभ किया। विधायक डॉ नीरा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड से बचाव एवं रोकथाम के लिए कोविड जांच का कार्य किया जा रहा है और सदर अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मियों द्वारा बेहतर कार्य किये जा रहे हैं, जो धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कोडरमा जिला में बोर्डर एरिया होने के कारण अतिरिक्त दो स्थानों पर जांच कैंप लगाने की बात कही। माननी? विधायक ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि कोविड अनुरुप व्यवहार का अनुपालन करें। मास्क पहने व सामाजिक दूरी का अनुपालन करें। बहुत जरुरी होने पर ही घर से बाहर निकले। उपायुक्त आदित्य रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की योजना, सरकार आपके द्वार एक अच्छी योजना रही, जिसमें कैंप लगाकर आमजनों की समस्याओं का निदान किया गया। प्रशासन खुद आपके पास पहुंच कर आपकी समस्याओं का निदान किया। कैंप के माध्यम से कई दिव्यांग लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिया गया। उन्होंने कहा कि कैंप के माध्यम से चिकित्सकों के टीम के द्वारा जांच करते हुए आॅन द स्पॉट दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्गत किया जा रहा है, जो प्रसंशनीय है। जिला समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी व कर्मी के साथ-साथ चिकित्सकों को बधाई देते हुए उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के कैंप का आयोजन कर दिव्यांगों को प्रमाण पत्र निर्गत करना अपने आप में बड़ी बात है। इससे दिव्यांगजन सरकार की कई योजनाओं से जुड़ कर लाभांवित होंगे। जिला परिषद् अध्यक्ष श्रीमति शालिनी गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह से संवेदनशील होकर हर तबके के बारे में सोच रहा है और आज उसी का नतीजा है कि हमारे विकलांग जनों को कहीं भटकने की जरूरत नहीं पड़ रही है। एक जगह पर सुनियोजित तरीके से आपको सर्टिफिकेट मिल रहा है। आपको किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसको ध्यान में रखा गया है। जिला प्रशासन आपके प्रति संवेदनशील होकर कार्य कर रही है। सर्टिफिकेट के अलावा छात्रवृत्ति, पेंशन इत्यादि भी देने का कार्य किया जा रहा है, इसके अलावा सरकार के विभिन्न योजनाओं का लाभ पूरा उठाएं, हम आपका सहयोग करने में साथ देंगे। माननीय विधायक डॉ नीरा यादव, उपायुक्त आदित्य रंजन, जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ डीपी सक्सेना, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने दिव्यांगजनों के बीच दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरण किया। कैंप के माध्यम से कुल 10 दिव्यांगजनों का प्रमाण पत्र आॅन द स्पॉट बनाया गया। साथ ही मानसिक रूप से ग्रासित, कान व मुंह से संबंधित करीब 20 दिव्यांगों को रांची रेफर किया गया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ डीपी सक्सेना, उपाधीक्षक डॉ अमरेंद्र, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ मनोज, जिला कुष्ठ निवारक पदाधिकारी डॉ रमण व अन्य मौजूद थे।

Page 1516 of 1652

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse